Sunday, 8 November 2026

आजमगढ़ सिधारी, छात्रा आत्महत्या मामले में आरोपी शिक्षक गिरफ्तार फीस और अन्य बातों को लेकर 14 वर्षीय छात्रा को अपमानित करने का आरोप, विषाक्त पदार्थ का सेवन करने से हुई थी मौत


 आजमगढ़ सिधारी, छात्रा आत्महत्या मामले में आरोपी शिक्षक गिरफ्तार


फीस और अन्य बातों को लेकर 14 वर्षीय छात्रा को अपमानित करने का आरोप, विषाक्त पदार्थ का सेवन करने से हुई थी मौत



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के सिधारी थाना क्षेत्र में फीस एवं अन्य बातों को लेकर 14 वर्षीय नाबालिग छात्रा को कथित रूप से अपमानित किए जाने और उसके बाद विषाक्त पदार्थ का सेवन कर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार शिक्षक की पहचान रिंकू कुमार (39) पुत्र केदार राम निवासी बैठौली, थाना सिधारी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, माँ जगेश्वरी देवी इंटर कॉलेज, शाहगढ़ के प्रधानाचार्य अखिलेश यादव एवं कक्षा अध्यापक रिंकू कुमार के विरुद्ध शिकायत प्राप्त हुई थी।


 आरोप है कि फीस एवं अन्य बातों को लेकर दोनों द्वारा छात्रा को आए दिन अपमानित किया जाता था। इससे क्षुब्ध होकर छात्रा ने विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस संबंध में 8 नवंबर 2026 को प्राप्त प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना सिधारी में मु0अ0सं0-448/2026 संबंधित धारा के तहत पंजीकृत किया गया। मामले में कार्रवाई करते हुए उपनिरीक्षक बालेन्द्र कुमार यादव ने पुलिस टीम के साथ दौलतपुर तमसा नदी पुल के पास से आरोपी शिक्षक रिंकू कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे 8 नवंबर 2026 को शाम करीब 4:05 बजे गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक बालेन्द्र कुमार यादव, कांस्टेबल गौरव जायसवाल, अवधेश कुमार गुप्ता एवं शनि कुमार शामिल रहे।

No comments:

Post a Comment