आजमगढ़ महाराजगंज मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आकर 12 वर्षीय बालक की मौत
घर के सामने साइकिल चला रहा था मृतक , परिजनों ने चालक व अवैध खनन कारोबारियों पर कार्रवाई की मांग की
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के महाराजगंज कोतवाली क्षेत्र के यूसुफपुर (रूपयनपुर) गांव में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय बालक की मौत हो गई। मिट्टी लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से बालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। जानकारी के अनुसार आदित्य निषाद (12) अपने घर के सामने सड़क किनारे साइकिल चला रहा था। इसी दौरान मिट्टी लादकर जा रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि बालक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। मृतक की मां अपने बेटे का शव देखकर बेसुध हो गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से मिट्टी खनन और ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉलियों का संचालन धड़ल्ले से किया जा रहा है, लेकिन प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। उनका कहना है कि यदि समय रहते ऐसे वाहनों पर अंकुश लगाया गया होता तो यह हादसा टाला जा सकता था। परिजनों और ग्रामीणों के अनुसार गांव से गुजरने वाले मार्ग से प्रतिदिन मिट्टी का खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से परिवहन किया जाता है। आरोप है कि चालक तेज रफ्तार में वाहन चलाते हैं, कई बार मोबाइल या हेडफोन का इस्तेमाल भी करते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि कई बार इस संबंध में वाहन चालकों और मालिकों को चेतावनी दी गई, लेकिन इसका कोई असर नहीं हुआ।
ग्रामीणों का आरोप है कि दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली रूपयनपुर निवासी योगेंद्र यादव पुत्र कल्पू यादव की है, जिसे उनका पुत्र सत्यम यादव चला रहा था। बताया गया कि वाहन पर पंजीकरण संख्या भी अंकित नहीं थी। ग्रामीणों ने बताया कि आदित्य दो भाइयों में बड़ा था। उसके पिता का तीन वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। परिवार का भरण-पोषण उसकी मां ही करती है। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मृतक की मां की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं परिजनों ने दोषी चालक, वाहन मालिक तथा अवैध खनन से जुड़े लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और आर्थिक सहायता की मांग की है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

No comments:
Post a Comment