Thursday, 12 March 2026

आजमगढ़ फूलपुर नाबालिग से दुष्कर्म मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार 8 मार्च को बहला-फुसलाकर एकांत स्थान पर ले जाकर किया गया था दुष्कर्म, विरोध करने पर दी गई थी धमकी


 आजमगढ़ फूलपुर नाबालिग से दुष्कर्म मामले में 3 आरोपी गिरफ्तार



8 मार्च को बहला-फुसलाकर एकांत स्थान पर ले जाकर किया गया था दुष्कर्म, विरोध करने पर दी गई थी धमकी



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत फूलपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपितों को दबोचकर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। 


पुलिस के अनुसार 11 मार्च 2026 को थाना फूलपुर पर एक प्रार्थना पत्र प्राप्त हुआ था, जिसमें बताया गया कि 8 मार्च 2026 को थाना क्षेत्र की एक नाबालिग बालिका को कुछ युवकों ने बहला-फुसलाकर एकांत स्थान पर ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, घटना के बारे में किसी को बताने पर पीड़िता को धमकी भी दी गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना फूलपुर में मुकदमा संख्या 90/2026 संबंधित धारा के तहत चार नामजद आरोपितों — शिवम पुत्र सुनील, नीरज पुत्र सुबाष, विशाल पुत्र लल्लू और इन्द्रसेन उर्फ सेन कोटेदार पुत्र योगेन्द्र, निवासी ग्राम खानपुर चितरावल, थाना फूलपुर — के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मुकदमा दर्ज होने के बाद थानाध्यक्ष सच्चिदानंद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार आरोपितों की तलाश में दबिश दे रही थी।


 इसी क्रम में 12 मार्च 2026 की रात करीब 1:05 बजे पुलिस टीम ने टेऊगा पावर लोहिया मैदान के पास नोना बस्ती जाने वाले मार्ग के मोड़, ग्राम टेऊगा से तीन वांछित आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपितों में शिवम भारती (21 वर्ष), नीरज कुमार (करीब 20 वर्ष) और विशाल (करीब 18 वर्ष) शामिल हैं, जो सभी ग्राम खानपुर चितरावल, थाना फूलपुर के निवासी हैं। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है, जबकि मामले में अन्य विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार आरोपित नीरज कुमार और विशाल के खिलाफ पूर्व में भी अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की विवेचना जारी है और फरार अन्य आरोपित की तलाश के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। इस गिरफ्तारी में थानाध्यक्ष सच्चिदानंद यादव के साथ कांस्टेबल शिवराम सरोज, कांस्टेबल विनोद यादव और महिला कांस्टेबल किरण पाल शामिल रहीं।

No comments:

Post a Comment