Thursday, 12 March 2026

आजमगढ़ जीयनपुर 25 हजार का इनामी गैंगस्टर अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार हत्या के मुकदमे में था वांछित, पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बक्खोपुर मार्ग से दबोचा


 आजमगढ़ जीयनपुर 25 हजार का इनामी गैंगस्टर अवैध तमंचे के साथ गिरफ्तार



हत्या के मुकदमे में था वांछित, पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बक्खोपुर मार्ग से दबोचा



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के जीयनपुर थाना क्षेत्र में हत्या के मुकदमे में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी गैंगस्टर को पुलिस ने अवैध तमंचा और कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार 29 मार्च 2025 को शिवकुमारी पत्नी स्व. श्याम कुंवर चौहान निवासी भरौली थाना जीयनपुर ने तहरीर देकर बताया था कि 28 मार्च को उनका पुत्र अश्वनी चौहान गांव के ही रामचन्द्र उर्फ मैकू यादव और गौरव सिंह के साथ दावत खाने जीयनपुर गया था। दावत के बाद घर लौटते समय जमीन नरहन गांव के पास सड़क किनारे उसका शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला, जिसके शरीर पर चोट के निशान थे। मामले में हत्या की आशंका जताते हुए थाना जीयनपुर में मुकदमा दर्ज कराया गया था। विवेचना के दौरान इस मामले में कई अन्य आरोपियों के नाम सामने आए और कुल नौ आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र न्यायालय में भेजा गया।


 मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई। इसी क्रम में बुधवार देर रात पुलिस टीम नरईपुर बाजार में संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि गैंगस्टर एक्ट में वांछित और 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी आकाश यादव बागखालिस बाजार से बक्खोपुर मार्ग की ओर खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बक्खोपुर मार्ग से आकाश यादव पुत्र रामसमुझ यादव निवासी दाउदपुर थाना  जीयनपुर को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से .315 बोर का एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस संबंध में थाना जीयनपुर में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक जाफर खां समेत कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।

No comments:

Post a Comment