Monday, 23 February 2026

आजमगढ़ कोतवाली ग्राम प्रधान सहित 3 को पुलिस ने किया गिरफ्तार ब्लड सेंटर में घुसकर चिकित्साधिकारी से अभद्रता व धमकी देने का मामला


 आजमगढ़ कोतवाली ग्राम प्रधान सहित 3 को पुलिस ने किया गिरफ्तार



ब्लड सेंटर में घुसकर चिकित्साधिकारी से अभद्रता व धमकी देने का मामला



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में मण्डलीय जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड सेंटर में प्रभारी चिकित्साधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार और धमकी देने के मामले में कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार 21 फरवरी 2026 की सुबह करीब 9 बजे तीन व्यक्ति ब्लड सेंटर में प्रभारी अधिकारी अनिल कुमार मौर्य के कक्ष में घुस गए और उनके साथ विवाद, अभद्रता व धमकी दी। घटना की पुष्टि ब्लड सेंटर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से हुई। प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 67/2026 संबंधित धारा के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।


 इसके बाद उपनिरीक्षक अखिलेश नारायण सिंह, हेड कांस्टेबल अजब नारायण सिंह और कांस्टेबल अभय पासवान की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 23 फरवरी 2026 को शाम 3:45 बजे सदर अस्पताल परिसर से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अंगद यादव, ग्राम प्रधान (34) निवासी पगरा थाना कोतवाली, वीरा यादव (43) निवासी कोढ़वा थाना जहानागंज तथा यशवंत सिंह (50) निवासी उकरौड़ा थाना कोतवाली शामिल हैं। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। जनपद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न करने अथवा सरकारी सेवकों से दुर्व्यवहार करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

No comments:

Post a Comment