Sunday, 21 September 2025

अयोध्या सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 11 महिलाओं सहित 14 गिरफ्तार, 5 फरार राणी सती गेस्ट हाउस में चल रहा था देह व्यापार, 1.62 लाख रुपये बरामद


 अयोध्या सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 11 महिलाओं सहित 14 गिरफ्तार, 5 फरार



राणी सती गेस्ट हाउस में चल रहा था देह व्यापार, 1.62 लाख रुपये बरामद



उत्तर प्रदेश, अयोध्या के फतेहगंज, खीर गली स्थित राणी सती गेस्ट हाउस में पिछले एक साल से अवैध रूप से सेक्स रैकेट संचालित हो रहा था। गोरखपुर, बिहार और दिल्ली से लाई गईं 11 महिलाएं इस काले कारोबार में लिप्त थीं। गेस्ट हाउस के संचालक गणेश अग्रवाल और उनके दो सहयोगी पप्पू व मयाराम इस धंधे को चला रहे थे।


शुक्रवार देर रात सीओ सिटी शैलेंद्र सिंह के नेतृत्व में महिला थानाध्यक्ष आशा शुक्ला और नगर कोतवाली पुलिस ने छापा मारकर 11 महिलाओं समेत 14 लोगों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान पांच लोग भाग निकले, जिनकी तलाश जारी है। मौके से 1.62 लाख रुपये बरामद हुए। एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया कि गेस्ट हाउस को सील करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और सभी आरोपियों का चालान किया जा रहा है। महिलाओं के परिजनों को सूचित कर जांच तेज कर दी गई है।

आजमगढ़ कप्तानगंज युवक ने फांसी लगा कर दी जान शराब के नशे में पहुंचा था घर पत्नी से की थी मारपीट


 आजमगढ़ कप्तानगंज युवक ने फांसी लगा कर दी जान



शराब के नशे में पहुंचा था घर पत्नी से की थी मारपीट


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के विस्टारा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 41 वर्षीय विजयी प्रसाद निषाद ने फंदे से लटककर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। बताया जा रहा है कि विजयी शराब के नशे का आदी था और आए दिन नशे में अपनी पत्नी के साथ मारपीट और गाली-गलौज करता था।


पुलिस के अनुसार, बीती रात विजयी ने फिर से शराब पीकर घर पहुंचकर अपनी पत्नी के साथ मारपीट की और गाली-गलौज शुरू कर दी। तंग आकर पत्नी घर छोड़कर पास के मंदिर में रात गुजारने चली गई। परिजनों ने सोचा कि सुबह नशा उतरने पर वह घर लौट आएंगे। लेकिन सुबह जब परिवार वाले घर पहुंचे तो विजयी का शव दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटका मिला। इस घटना से पूरे गांव में सनसनी फैल गई।



स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। विजयी प्रसाद निषाद मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के कारणों का पता लगाने में जुट गई है।

Saturday, 20 September 2025

आजमगढ़ मार्टिनगंज ब्लॉक प्रमुख पर हमले के मामले में आया नया मोड़ न मिले चोट के निशान न लगी किसी को गोली फिर भी 7 के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस ने कही यह बात


 आजमगढ़ मार्टिनगंज ब्लॉक प्रमुख पर हमले के मामले में आया नया मोड़

न मिले चोट के निशान न लगी किसी को गोली


फिर भी 7 के खिलाफ मुकदमा दर्ज, पुलिस ने कही यह बात



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के मार्टीनगंज ब्लॉक प्रमुख यशवंत शर्मा ने बीती रात थाना दीदारगंज के सुरहन स्थित कन्या पाठशाला के पास सात लोगों पर मारपीट और फायरिंग का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि यह हमला चुनावी रंजिश के चलते हुआ। यशवंत शर्मा ने बताया कि हमलावरों ने पिस्टल की बट से उन पर हमला किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ब्लॉक प्रमुख को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।


पुलिस ने प्रारंभिक जांच में फायरिंग के आरोपों की पुष्टि नहीं की और ब्लॉक प्रमुख के शरीर पर किसी भी तरह के चोट के निशान नहीं पाए गए। चिकित्सकों ने उनकी स्थिति सामान्य बताई। क्षेत्राधिकारी फूलपुर ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और यशवंत शर्मा की तहरीर के आधार पर सात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। एएसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच सहित मामले की गहन पड़ताल की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।


https://youtu.be/B1WcXh2Fxps?si=JDvN088payD8Tif8

आजमगढ़ कमान संभालते ही जिले के नए कप्तान ने स्पष्ट किया अपना रुख शोहदों और पेशेवर अपराधियों पर रहेगी पुलिस की विशेष नजर एनकाउंटर स्पेशलिस्ट ने अपनी पहली प्रेस वार्ता में कहा तैयार की जाएगी इन लोगों की सूची, फिर...


 आजमगढ़ कमान संभालते ही जिले के नए कप्तान ने स्पष्ट किया अपना रुख



शोहदों और पेशेवर अपराधियों पर रहेगी पुलिस की विशेष नजर


एनकाउंटर स्पेशलिस्ट ने अपनी पहली प्रेस वार्ता में कहा तैयार की जाएगी इन लोगों की सूची, फिर...



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के नवागत पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. अनिल कुमार ने कप्तान की कमान संभालने के बाद अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि शोहदों और पेशेवर अपराधियों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। अपराध की घटनाओं को अंजाम देने वाले अपराधियों की सूची तैयार की जाएगी और उन पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि हत्या, लूट, छिनैती और महिला संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।


एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के रूप में पहचाने जाने वाले एसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। असामाजिक तत्वों और संगठित अपराधियों पर सख्ती से निपटा जाएगा। उन्होंने बताया कि आजमगढ़ पुलिस के पास अनुभवी और कुशल अधिकारी मौजूद हैं, जिनकी क्षमता का उपयोग कर अपराध नियंत्रण और जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी। जनसुनवाई में आने वाले मामलों का हर हाल में निस्तारण कराया जाएगा, खासकर जमीन संबंधी शिकायतों को राजस्व विभाग के सहयोग से हल किया जाएगा। एसपी ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को निर्देश दिए कि वे जनता के साथ संवेदनशीलता और ईमानदारी से पेश आएं।


नवरात्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी ने कहा कि पूजा समितियों से बातचीत कर आग लगने और करंट जैसे हादसों को रोकने के लिए कदम उठाए जाएंगे। महिलाओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो टीम को सक्रिय किया जाएगा, जिसमें महिला और पुरुष पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में तैनात होंगे। इसके साथ ही साइबर अपराध पर अंकुश लगाने और इंटेलिजेंस को मजबूत करने के लिए विशेष टीमें सक्रिय रहेंगी। एसपी ने जोर देकर कहा कि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

आजमगढ़ कप्तानगंज भीड़ ने लाठी-डंडों से पीटकर बुजुर्ग की हत्या की, बेटा घायल मोबाइल छीनने के विवाद में गुस्साई भीड़ ने की बेरहम पिटाई, मुकदमा दर्ज गांव में तनाव के बीच भारी पुलिस बल तैनात


 आजमगढ़ कप्तानगंज भीड़ ने लाठी-डंडों से पीटकर बुजुर्ग की हत्या की, बेटा घायल


मोबाइल छीनने के विवाद में गुस्साई भीड़ ने की बेरहम पिटाई, मुकदमा दर्ज


गांव में तनाव के बीच भारी पुलिस बल तैनात



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के कादीपुर हरकेश गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां लाठी-डंडों से पीटकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान कन्हैया राजभर (62) के रूप में हुई है। घटना उस समय हुई जब कन्हैया का बेटा बबलू राजभर (40) गांव में अपने घर लौट रहा था। 


पुलिस के अनुसार, रास्ते में बबलू ने गांव की एक लड़की का मोबाइल छीन लिया, जो वहां किसी से फोन पर बात कर रही थी। बबलू ने लड़की को फोन पर बात करने से भी मना किया। इस पर लड़की ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिसके बाद गांव के कुछ लोग और लड़की के परिजन मौके पर इकट्ठा हो गए। गुस्साए लोगों ने बबलू के साथ मारपीट शुरू कर दी। सूचना मिलने पर बबलू का पिता कन्हैया राजभर मौके पर पहुंचा और अपने बेटे को बचाने की कोशिश की। लेकिन, भीड़ ने कन्हैया पर भी हमला कर दिया और लाठी-डंडों से उनकी बेरहमी से पिटाई की। गंभीर रूप से घायल कन्हैया को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई। इस हमले में बबलू भी घायल हुआ है और उसका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही कप्तानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। गांव में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।


 कन्हैया की पत्नी कौशल्या ने पांच आरोपियों के खिलाफ कप्तानगंज थाने में मुकदमा दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश में छानबीन शुरू कर दी है। गांव वालों के अनुसार, कन्हैया और उनका बेटा बबलू ट्रक चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। कन्हैया की दो बेटियां हैं, जिनका विवाह हो चुका है। इस घटना ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी है और पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Friday, 19 September 2025

आजमगढ़ फूलपुर समीक्षा बैठक में राजस्व वसूली और उपभोक्ता समस्याओं के निस्तारण पर जोर मुख्य अभियंता और अधीक्षण अभियंता ने राजस्व वसूली, विद्युत स्टेशन संचालन, आपूर्ति व्यवस्था और ट्रांसफार्मरों की स्थिति की भी ली विस्तृत जानकारी


 आजमगढ़ फूलपुर समीक्षा बैठक में राजस्व वसूली और उपभोक्ता समस्याओं के निस्तारण पर जोर



मुख्य अभियंता और अधीक्षण अभियंता ने राजस्व वसूली, विद्युत स्टेशन संचालन, आपूर्ति व्यवस्था और ट्रांसफार्मरों की स्थिति की भी ली विस्तृत जानकारी




उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में विद्युत वितरण खंड फूलपुर सर्किल के सभी अभियंताओं, उपखंड अधिकारियों और लिपिकों की समीक्षा बैठक फूलपुर ब्लॉक के क्षेत्र पंचायत सभागार में संपन्न हुई। बैठक में मुख्य अभियंता रामबाबू और अधीक्षण अभियंता दिग्विजय की उपस्थिति में राजस्व वसूली को बढ़ाने और उपभोक्ताओं की समस्याओं के त्वरित समाधान पर विशेष ध्यान दिया गया।


बैठक में मुख्य अभियंता और अधीक्षण अभियंता ने खंडवार बकाया राजस्व वसूली, विद्युत स्टेशन संचालन, आपूर्ति व्यवस्था और ट्रांसफार्मरों की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। प्रत्येक फीडर और उपभोक्ता लोड की समीक्षा के साथ-साथ शासन के निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए गए।


मुख्य अभियंता ने राजस्व वसूली में तेजी लाने, विद्युत आपूर्ति की निरंतरता बनाए रखने, विभागीय कार्यों की गुणवत्ता की समय-समय पर जांच करने और उपभोक्ताओं की शिकायतों का समयबद्ध व न्यायसंगत समाधान करने पर जोर दिया। इसके अलावा, ट्रांसफार्मरों के लोड और रखरखाव की नियमित जांच, त्रुटियों का समय से सुधार और विद्युत चोरी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।


बैठक में अधीक्षण अभियंता दिग्विजय ने मुख्य अभियंता रामबाबू को गुलदस्ता भेंट किया। समीक्षा बैठक रात 8 बजे तक चली। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता केके वर्मा, राधेश्याम यादव, उपखंड अधिकारी भूपसिंह, गिरीश सिंह, अवधेश सिंह यादव, महेश गुप्ता, संदीप चंद्र, अवर अभियंता मनीष कुमार, देवेंद्र सिंह, ओपी गौतम, धीरज पटेल, मो. यासीन, सुनील तिवारी, दीपेश गुप्ता, लालजी यादव, आलमगीर अंसारी, मोहम्मद आतिफ सहित अन्य अभियंता उपस्थित रहे।

आजमगढ़ ऑपरेशन क्लीन के तहत 6.88 करोड़ रुपये के 2694.651 किग्रा मादक पदार्थ किए गए नष्ट डीआईजी सुनील कुमार सिंह के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों का बड़े पैमाने पर किया विनष्टीकरण


 आजमगढ़ ऑपरेशन क्लीन के तहत 6.88 करोड़ रुपये के 2694.651 किग्रा मादक पदार्थ किए गए नष्ट



डीआईजी सुनील कुमार सिंह के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों का बड़े पैमाने पर किया विनष्टीकरण



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में ऑपरेशन क्लीन" अभियान के अंतर्गत आजमगढ़ पुलिस ने डीआईजी सुनील कुमार सिंह के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों का बड़े पैमाने पर विनष्टीकरण किया। इस कार्रवाई में उच्च स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी द्वारा 1637.950 किग्रा अवैध गांजा और जिला स्तरीय ड्रग डिस्पोजल कमेटी द्वारा 1056.701 किग्रा हीरोइन, स्मैक, डायजापाम व अन्य मादक पदार्थ, कुल 2694.651 किग्रा नष्ट किया गया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत 6 करोड़ 88 लाख 20 हजार 275 रुपये है।



विनष्टीकरण की प्रक्रिया न्यायालय के आदेश के अनुपालन में मेसर्स सिलिकॉन बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड, भादो, माहुल, मार्टीनगंज (थाना दीदारगंज, आजमगढ़) में स्थित इंसीनिरेटर/बॉयलर के माध्यम से की गई। इस दौरान ज्येष्ठ अभियोजन अधिकारी आजमगढ़, क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरनपाल सिंह, निरीक्षक चन्द्रभूषण पाण्डेय (प्रभारी डीसीआरबी), और आरक्षी मुकेश कुमार गिरी (डीसीआरबी) की टीम मौजूद रही। प्रक्रिया की पारदर्शिता के लिए मौके पर फोटो और वीडियोग्राफी भी की गई।