Wednesday, 20 March 2024

आजमगढ़ बिलरियागंज पुलिस मुठभेड़ में टापटेन हिस्ट्रीशीटर व डी-87 गैंग के मुखिया को लगी गोली तमंचा कारतूस व एक मोटर साइकिल बरामद, एक अन्य साथी भी गिरफ्तार


 आजमगढ़ बिलरियागंज पुलिस मुठभेड़ में टापटेन हिस्ट्रीशीटर व डी-87 गैंग के मुखिया को लगी गोली


तमंचा कारतूस व एक मोटर साइकिल बरामद, एक अन्य साथी भी गिरफ्तार



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जनपद के बिलरियागंज थाना पुलिस की बुधवार की भोर में अपराधियों से मूठभेड़ हो गई। इस घटना में डी-87 गैंग का मुखिया जहां पुलिस की गोली से घायल हो गया वहीं दूसरा आरोपी भी गिरफ्तार कर लिया गया। घायल अपराधी शातिर गोतस्कर है। पुलिस ने उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। मौके से पुलिस ने एक बाइक, तमंचा कारतूस व अपराधियों के पास से 850 रुपये नकद बरामद किया है। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि बिलरियागंज पुलिस बुधवार की भोर में नसीरपुर मोड़ पर वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि शातिर अपराधी व गोतस्कर मोहम्मदपुर की तरफ से नसीरपुर की तरफ आने वाला है। 


इस सूचना पर पुलिस टीम ने नसीरपुर मोहम्मदपुर रोड पर बिलरियागंज मोड़ के पास घेराबंदी कर बदमाशों के आने का इंतजार कर रही थी। कुछ ही देर में एक बाइक सवार दो बदमाश आते हुए दिखाई दिए। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी तो दूसरे को पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। घायल बदमाश की पहचान डी-87 गैंग के मुखिया नौशाद निवासी मोहम्मदपुर थाना बिलरियागंज जनपद आजमगढ़ के रूप में की गई। उसे तत्काल जिला अस्पताल इलाज के लिए भेज दिया। 


वहीं पकड़े गए बदमाश ने अपना नाम शहनवाज निवासी नसीरुपुर थाना बिलरियागंज जनपद आजमगढ़ बताया। इनके पास से पुलिस ने बाइक, तमंचा-कारतूस व 850 रुपये नकद बरामद किया है। एएसपी चिराग जैन ने बताया कि पुलिस की गोली से घायल नौशाद डी-87 गैंग का लीडर है और उस पर 15 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। इतना ही नहीं वह थाने का टापटेन हिस्ट्रीशीटर अपराधी है।

प्रयागराज भाभी से झगड़ा होने पर बुआ ने 2 भतीजों की कर दी हत्या परिवार में मचा कोहराम


 प्रयागराज भाभी से झगड़ा होने पर बुआ ने 2 भतीजों की कर दी हत्या


परिवार में मचा कोहराम


उत्तर प्रदेश प्रयागराज मेजा थाना क्षेत्र के हरगढ़ गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। भाभी से झगड़ा होने पर आक्रोशित होकर महिला ने अपने भाई के दो बेटों को मौत के घाट उतार दिया। महिला मानसिक रूप से बीमार बताई जा रही है। उसने दोनों बच्चों के सिर पर पटरे से प्रहार कर दिया। जिससे दोनों लहूलुहान हो गए। अस्पताल में दोनों की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। 


घटना मंगलवार देर शाम की बताई जा रही है। बच्चों की मौत अस्पताल में देर रात हुई। संजय पुत्र शंकर भारतीय गांव हरगढ़ थाना मेजा के हरगढ़ गांव निवासी संजय के दो बच्चों लकी (5) और अभि (3) वर्ष को मौत के घाट उतार दिया गया। संजय की बहन पूजा (35) ने घटना को अंजाम दिया। पूजा करीब 10 वर्ष से मानसिक रूप से बीमार है। अपनी भाभी पार्वती से झगड़ा होने पर वह आपा खो बैठी और अपने दोनों भतीजों को पटरी से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जानकारी पाकर परिजन प्रयागराज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां पर इलाज के दौरान दोनों बच्चों की मौत हो गई। परिजन मृतक बच्चों को लेकर वापस घर आए। बच्चों के पिता संजय मुंबई में मजदूरी करने गया था। जानकारी पाकर वापस घर आ रहे हैं।

बदायूं 2 भाइयों की हत्या का मुख्य आरोपी साजिद मुठभेड़ में ढेर इंस्पेक्टर को लगी गोली, आईसीयू में कराया गया भर्ती


 बदायूं 2 भाइयों की हत्या का मुख्य आरोपी साजिद मुठभेड़ में ढेर



इंस्पेक्टर को लगी गोली, आईसीयू में कराया गया भर्ती



उत्तर प्रदेश बदायूं की मंडी समिति पुलिस चौकी से लगभग 500 मीटर दूर बाबा कॉलोनी में मंगलवार शाम लगभग साढ़े छह बजे ठेकेदार विनोद ठाकुर के दो बेटों आयुष (13) और अहान (6) की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। उनके मकान के सामने हेयर सैलून चलाने वाले साजिद ने अपने दो साथियों के साथ वारदात को अंजाम दिया। वारदात के तीन घंटे के बाद पुलिस ने मौके से करीब दो किमी दूर घेराबंदी कर आरोपी साजिद को मुठभेड़ में मार गिराया। मुठभेड़ में इंस्पेक्टर गौरव विश्नोई भी घायल हुए हैं।


 साजिद ने बड़ी ही बेरहमी से दोनों बच्चों का कत्ल किया। उसके हाथ बच्चों के खून से सने हुए थे। उसके पूरे शरीर पर खून ही खून लगा था। पुलिस के मुताबिक हत्यारोपी साजिद उनके घर से निकलकर भागा था। जब थाना पुलिस मौके पर पहुंची तो लोगों ने बताया कि हत्यारोपी खून से सना हुआ घर से बाहर निकलकर भागा हुआ है। इससे पुलिस उसके पीछे लग गई। इंस्पेक्टर गौरव बिश्नोई और एसओजी टीम उसे खोजती हुई शेखूपुर के जंगल में पहुंच गई। पुलिस के मुताबिक पहले आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिससे पुलिस को फायरिंग करनी पड़ी। इसमें हत्यारोपी साजिद मारा गया। तो वहीं इंस्पेक्टर गौरव बिश्नोई को भी गोली लग गई। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालत गंभीर होने पर इंस्पेक्टर को आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया है। जहां उनका उपचार चल रहा है।


 आईजी डॉ. राकेश कुमार का कहना है कि हत्यारोपी घर से निकलकर भागा था। पुलिस उसका पीछा कर रही थी। पहले उसने गोली चलाई, फिर पुलिस ने फायरिंग की। इसमें आरोपी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। घटना के तीन घंटे के भीतर आरोपी मुठभेड़ में ढेर हो गया। उसे दो गोलियां लगी हैं।

Tuesday, 19 March 2024

लखनऊ 2 लाख रूपया घूस लेते डिप्टी कमिश्नर गिरफ्तार 20 लाख के जीएसटी रिफंड के बदले मांगे थे रुपये


 लखनऊ 2 लाख रूपया घूस लेते डिप्टी कमिश्नर गिरफ्तार


20 लाख के जीएसटी रिफंड के बदले मांगे थे रुपये



उत्तर प्रदेश लखनऊ विजिलेंस ने राज्य कर विभाग के डिप्टी कमिश्नर धनेंद्र कुमार पांडेय को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए मंगलवार को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। वह एक कंपनी से 20 लाख रुपये का जीएसटी रिफंड देने के बदले दो लाख रुपये मांग रहे थे। कंपनी ने इसकी शिकायत विजिलेंस की हेल्पलाइन पर की, जिसके बाद डिप्टी कमिश्नर को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथों दबोच लिया गया। मिली जानकारी के मुताबिक विजिलेंस की टीम उससे विभूति खंड थाने में पूछताछ कर रही है। उन्हें बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा। बता दें कि विजिलेंस की हेल्पलाइन 9454401866 पर एक्सपोर्ट का काम करने वाली कंपनी आर्डेम डाटा सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि ने शिकायत की थी कि राज्य कर के डिप्टी कमिश्नर धनेंद्र कुमार पांडेय उनकी कंपनी का जीएसटी रिफंड स्वीकृत करने के बदले दो लाख रुपये रिश्वत मांग रहे हैं। 


विजिलेंस के एसपी डॉ. अरविंद चतुर्वेदी ने शिकायतकर्ता को कार्यालय बुलाकर पूछताछ की तो उसने बताया कि केंद्र सरकार ने वस्तुओं और सेवाओं के निर्यात को बढ़ावा देने के लिए निर्यातकों को जीएसटी में विशेष छूट का प्राविधान किया है। यदि कोई फर्म निर्यात करने के प्रयोजन से विभिन्न वस्तुओं एवं सेवाओं के क्रय पर विभिन्न दरों से जीएसटी का भुगतान करती है, तो वह फर्म अपने ऐसे खर्चों पर दिए गये जीएसटी का रिफंड क्लेम कर सकती है। शिकायतकर्ता ने बताया कि उनकी कंपनी पिछले कई वर्षों से अमेरिका की कंपनी द्वारा उपलब्ध कराए गये स्कैन्ड डाटा शीट्स को एक डैशबोर्ड में डिजिटल फार्म में तैयार कर वापस भेजती है।


 शिकायत सही पाए जाने पर एसपी डॉ. अरविंद चतुर्वेदी ने अपनी टीम को डिप्टी कमिश्नर को ट्रैप करने भेजा। टीम ने शिकायतकर्ता को शाम चार बजे दो लाख रुपये देकर भेजा, जिस पर केमिकल लगा था। जैसे ही डिप्टी कमिश्नर ने रिश्वत की रकम अपने हाथ में ली, उसे दबोच लिया गया। डिप्टी कमिश्नर के खिलाफ विजिलेंस के लखनऊ सेक्टर में मुकदमा दर्ज किया गया है।

आजमगढ़ अहरौला रात के अंधेरे में नव निर्मित मकान को किया धरासायी, पुलिस पर आरोप अहरौला थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस ने साफ तौर पर किया इंकार


 आजमगढ़ अहरौला रात के अंधेरे में नव निर्मित मकान को किया धरासायी, पुलिस पर आरोप


अहरौला थाना क्षेत्र का मामला, पुलिस ने साफ तौर पर किया इंकार



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ अहरौला थाना क्षेत्र के पीठापुर गांव में बने पक्के मकान को रविवार की देर रात जेसीबी मशीन से गिरा दिया गया। ग्रामीण व मकान मालिक का आरोप है कि पुलिस की मौजूदगी में मकान को गिरवाया गया है। इधर, पुलिस ने मौके पर अपनी मौजूदगी से साफ इन्कार किया है। हालांकि इस मामले में पीड़ितों ने थाने पर कोई सूचना नहीं दी है।


 ग्राम प्रधान का यह जरूर कहना है कि एसपी को मामले से अवगत कराया गया है। अब्दुल अजीज का गांव के बाहर मकान बना है। रात को मकान पर परिवार का कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। अजीज की पत्नी तबीजन ने बताया कि भारी पुलिस बल वर्दी व सादे कपड़े में पहुंचे और अपनी निगरानी में मकान को गिरवाने लगे तो हो हल्ला होने पर अगल-बगल के लोग जमा हो गए और विरोध करते हुए उन्हें खदेड़ दिया। आरोप लगाया कि मकान में मौजूद सामान भी गायब था। उधर, ग्राम प्रधान विलास ने कहा कि यदि पशु तस्करी या कुछ मामलों में लोग वांछित थे तो नोटिस आती। मकान ध्वस्त करने की जानकारी मकान मालिक को नहीं दी गई। थानाध्यक्ष अहरौला सुनील कुमार दुबे ने बताया कि ऐसी किसी घटना की जानकारी हमें नहीं है। थाने पर इस बाबत कोई सूचना नहीं दी गई है।

आजमगढ़ सेवानिवृत्त फार्मासिस्ट एचएन सिंह गिरफ्तार दवा घोटाले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने की कार्रवाई


 आजमगढ़ सेवानिवृत्त फार्मासिस्ट एचएन सिंह गिरफ्तार


दवा घोटाले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने की कार्रवाई



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ शहर कोतवाली पुलिस ने हीरा पट्टी निवासी सेवानिवृत फार्मासिस्ट ह्दय नरायण सिंह को पहाड़पुर से कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उन पर कई वर्षों पूर्व फार्मासिस्ट पद पर तैनात रहते हुए दवा घोटाले का आरोप था। पुलिस ने कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की है।

आजमगढ़ देवगांव होटल के कमरों में आपत्तिजनक स्थिति में मिले 5 जोड़े, 6 पर केस देह व्यापार की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर दबोचा


 आजमगढ़ देवगांव होटल के कमरों में आपत्तिजनक स्थिति में मिले 5 जोड़े, 6 पर केस


देह व्यापार की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर दबोचा



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ देवगांव कोतवाली के टिकरगाढ़ स्थित एक होटल से सोमवार को पुलिस ने छापेमारी कर पांच जोड़ो को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा। पांचों जोड़ो को थाने लाकर पुलिस पूछताछ में जुटी रही। वहीं, छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। देवगांव कोतवाली प्रभारी विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली कि लालगंज कस्बा के टीकरगाढ़ स्थित एक होटल में पांच जोड़े नवयुवक व युवती मौजूद है। संभवतः देह व्यापार होटल के कमरे में चल रहा है। इस सूचना पर पुलिस टीम दिन में लगभग 2 बजे दबिश देने पहुंच गई। पुलिस के पहुंचते ही होटल में हड़कंप मच गया।


 होटल से पुलिस ने पांच जोड़ो को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा। पुलिस टीम सभी को हिरासत में ले कर देवगांव कोतवाली लाई। जहां पूछताछ की कवायद चलती रही वहीं, परिजनों को भी सूचना दे दी गई। इसके साथ ही छह के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है। अभी जांच-पड़ताल जारी है। जिसके चलते पुलिस ने नामजद किए गए लोगो के नाम का खुलासा नहीं किया है।