Saturday, 2 July 2022

लखनऊ ओमप्रकाश राजभर, कृष्णा, पल्लवी पटेल सहित कई नेता गिरफ्तार


 लखनऊ ओमप्रकाश राजभर, कृष्णा, पल्लवी पटेल सहित कई नेता गिरफ्तार




उत्तर प्रदेश लखनऊ अपना दल के संस्थापक सोनेलाल पटेल की जयंती पर कार्यक्रम की परमिशन को लेकर लखनऊ में छिड़े घमासान के बीच अपना दल कमेरावादी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल, विधायक पल्लवी पटेल, सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर, महान दल के नेता केशव देव मौर्य और शरद यादव की बेटी सुभाषिनी यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।



जानकारी के अनुसार ये नेता इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान जाने पर अड़े थे। काफी देर तक समझाने-बुझाने के बाद भी जब नेता अपनी मांग से पीछे नहीं हटे तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। उन्हें पुलिस लाइन ले जाया गया है। लखनऊ के विभूति खंड स्थित होटल हयात पर बड़ी संख्या में अपना दल कमेरावादी के कार्यकर्ता भी मौजूद हैं। पुलिस उन्हें समझाने बुझाने का प्रयास कर रही है।




इसके ठीक पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कृष्णा पटेल ने अपनी बेटी और केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल के प्रति गुस्से का इजहार करते हुए कहा कि उनकी गलती माफ करने लायक नहीं है। ऐसे मेरे संस्कार नहीं हैं। यह लड़ाई अब घर की नहीं वर्चस्व की हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के बाद से परेशान किया जा रहा है।



विधायक पल्लवी पटेल ने भी इस मुद्दे पर अपने गुस्से का इजहार किया। पल्लवी ने कहा कि हमे हमारे नेता सोनेलाल पटेल जी की जयंती मनाने की इजाजत नहीं मिली। तीन-तीन लोकेशन को रद्द कर दिया गया। पूछने पर अधिकारी बताते हैं कि ऊपर से ऑर्डर है।



 गृह विभाग तो मुख्घ्मंमत्री जी के पास है। क्या यह उनका आदेश था या नीचे किसी अधिकारी का। क्या भाजपा के शीर्ष नेता को हराने की वजह से ऐसा किया गया। आखिर हमें इजाजत न देने का आधार क्या है?



सिराथू विधानसभा क्षेत्र से विधायक पल्लवी पटेल ने आरोप लगाया कि पिछले विधानसभा चुनाव का उनसे बदला लिया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि किस आधार पर कार्यक्रम स्थल नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि मैं उसी जगह पर कार्यक्रम करुंगी। सोनेलाल पटेल जी की जयंती मनाने से हमे कोई रोक नहीं सकता। हमने मरकरी हॉल के लिए पैसा जमा किया था।

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ही पुलिस ने वहां बसें और गाड़ियां बुला ली थीं। कृष्णा, पल्लवी पटेल, ओमप्रकाश राजभर, केशव देव मौर्य, सुभाषिनी यादव सहित अन्य नेता जैसे ही होटल से बाहर निकले पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद पल्लवी वहां धरने पर बैठ गईं। वह इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान जाने पर अड़ी थीं। अधिकारियों ने नेताओं को वहां न जाने के लिए समझाने का प्रयास किया लेकिन जब वे नहीं माने तो हिरासत में ले लिया।

लखनऊ भावुक हुए सीएम योगी आदित्यनाथ, छलक पड़े आंसू


 लखनऊ भावुक हुए सीएम योगी आदित्यनाथ, छलक पड़े आंसू




उत्तर प्रदेश लखनऊ कहा जाता है कि जो लोग अक्सर रो देते हैं वो दिल से बड़े भावुक होते हैं। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ भी स्वभाव से बड़े भावुक इंसान हैं। अक्सर देखा जाता है कि सीएम योगी किसी के दुख-तकलीफ को देखकर वो भावुक हो जाते हैं। हाल ही में सीएम योगी एक बार फिर भावुक हो गए और उनकी आंखें छलक पड़ी।




 दरअसल सीएम योगी स्वतंत्रता सेनानियों को समर्पित एक कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। इस दौरान लोक गायिका मालिनी अवस्थी ने ऐसा भक्ति गीत सुनाया कि सीएम योगी आदित्यनाथ की आंखें छलक पड़ी।



जानकारी के मुताबिक लखनऊ में मुक्ति गाथा कार्यक्रम का आयोजन किया गया था जिसमें सीएम समेत कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी पहुंचे थे। इस दौरान मंच से मालिनी अवस्थी ने स्वतंत्रता सेनानियों को याद करते हुए एक गीत गाया। भाव विभोर कर देने वाले संगीत के साथ जब मालिनी अवस्थी के सुर मिले तो सीएम योगी खुद को रोक नहीं पाए और उनकी आंखें छलक गई। इस दौरान सीएम योगी ने कहा कि ये हमारा सौभाग्य है कि हम आजादी के अमृत महोत्सव के साल में है और ये साल चौरी-चौरा आंदोलन का शताब्दी काल है। उन्होंने कहा कि अगर हमारे जीवन में क्रांतिकारी नहीं आते तो हमें आजादी मिलने में नाकों चने चबाने पड़ते।

मऊ में 2 सगी नाबालिग बहनों से गैंगरेप पुलिस ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार


 मऊ में 2 सगी नाबालिग बहनों से गैंगरेप


पुलिस ने 5 आरोपियों को किया गिरफ्तार





उत्तर प्रदेश में मऊ में दो सगी बहनों के साथ सामूहिक दुराचार के मामले में पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। 



पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि घोसी कोतवाली क्षेत्र के नदवासराय पुलिस चौकी क्षेत्र के एक गांव निवासिनी दो नाबालिग सगी बहनों संग सामूहिक दुराचार के मामले में पीड़िता की तहरीर पर पांच लोगों के विरुद्ध नामजद मुकदमा पंजीकृत किया गया और बलुआ पोखरा के पास से आज सुबह पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। 



पुलिस सूत्रों ने आगे बताया कि  घोसी कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासिनी दो नाबालिग सगी बहनें 30 जून की रात में आठ बजे के आस पास गांव के दक्षिण सिवान में शौच करने के लिए गई थी कि पहले से घात लगाये बैठे गांव के ही पांच लोगों ने दोनों को बाजरे के खेत में ले जाकर बलात्कार किया और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी।




 इस संबंध में घोसी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक नागेश उपाध्याय ने पांच लोगों के विरुद्ध नामजद मुकदमा पंजीकृत करते हुए विशाल, अरुण, सुदीन, जितेश एवं चंद्रकांत को बलुआ पोखरा से शनिवार को गिरफ्तार कर न्यायालय को चालान कर दिया।

मथुरा सिपाही ने सिपाही को पीटकर फांसी पर लटकाया


 मथुरा सिपाही ने सिपाही को पीटकर फांसी पर लटकाया





मथुरा यूपी पुलिस के एक सिपाही को कथित तौर पर बुरी तरह से पीटने और फिर उसे फांसी पर लटकाने के आरोपी दूसरे सिपाही को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शिरिश चंद्र ने कहा कि मृतक सिपाही आशीष (25) के पिता रवींद्र सिंह की शिकायत पर नौझील पुलिस थाना में आरोपी कांस्टेबल रोहित के खिलाफ आईपीसी और एससी/एसटी कानून की धाराओं के तहत शुक्रवार को मामला दर्ज किया गया।




जानकारी के अनुसार उन्होंने बताया कि दोनों सिपाही एक ही कमरे में रहते थे और बृहस्पतिवार की रात दोनों ने शराब पी थी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद यह घटना हुई। पूछताछ में आरोपी रोहित ने अपना जुर्म कबूल लिया।




 पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जब आशीष ने आरोपी के खिलाफ अनुसूचित जाति-जनजाति (एससी-एसटी) कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की धमकी दी तो आरोपी रोहित ने लाठी से उसकी पिटाई शुरू कर दी। उन्होंने बताया कि इसके बाद आरोपी ने उसे छत के पंखे से लटका दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मृत्यु का कारण फांसी बताया गया है। रोहित को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। 



मेरठ का निवासी आशीष 28 मई, 2021 से नौझील पुलिस थाना में तैनात था। वह 2020 में पुलिस मे शामिल हुआ था। वह नौझील कस्बे के रतिया बाजार मोहल्ला में रोहित के साथ किराए के मकान में रहता था।

आजमगढ़ आकाशीय बिजली की चपेट में आये एक दर्जन मजदूर खेत में धान की रोपाई करते समय हुई घटना, सभी अस्पताल में भर्ती


 आजमगढ़ आकाशीय बिजली की चपेट में आये एक दर्जन मजदूर


खेत में धान की रोपाई करते समय हुई घटना, सभी अस्पताल में भर्ती




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ मार्टीनगंज ब्लाक के ग्राम पंचायत आम गांव में शनिवार की सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक दर्जन मजदूर झुलस गये। घटना के समय सभी मजदूर खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। 



बारिश होने पर सभी एक पेड़ के नीचे खड़ा हो गये। तभी यह हादसा हुआ। सभी घायल मजदूरों का सीएचसी मार्टीनगंज में इलाज चल रहा।



जानकारी के अनुसार मार्टिनगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत आम गांव में जितेंद्र कश्यप के खेत में बगल के गांव इमादपुर के दर्जनभर से अधिक मजदूर धान की रोपाई कर रहे थे। इस दौरान बरसात शुरू हो गयी। पानी से बचने के लिए सभी एक बरगद के पेड़ के नीचे इकट्ठा हो गए। तभी एकाएक आकाशीय बिजली गिरने से सभी झुलस गये। 



घटना की जानकारी होने पर गांव के लोग इन्हे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मार्टिनगंज में भर्ती कराए। जहां सभी का इलाज चल रहा।

आजमगढ़ पीओएस मशीन से अब होगी जुर्माना राशि की वसूली ई- चालान जमा करने के लिए यातायात पुलिस ने दी सहूलियत


 आजमगढ़ पीओएस मशीन से अब होगी जुर्माना राशि की वसूली


ई- चालान जमा करने के लिए यातायात पुलिस ने दी सहूलियत





उत्तर प्रदेश आजमगढ़ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों के विरुद्ध ई चालान की कार्रवाई में जुर्माना राशि जमा करने के लिए अब भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी। सरकार ने जुर्माना राशि जमा करने के लिए यातायात विभाग को क्रेडिट कार्ड, एटीएम कार्ड, डेबिट कार्ड आदि के माध्यम से तत्काल जुर्माना जमा करने के लिए पीओएस (प्वाइंट आफ सेल) चालान मशीन अथवा स्वाइप मशीन उपलब्ध करा दिया है।




वाहन संचालकों को उपलब्ध कराई जाने वाली इस सरकारी सुविधा के संबंध में यातायात विभाग के उप निरीक्षक संतोष कुमार सिंह ने बताया कि आमजन को सरल सुविधा प्रदान करने के लिए सरकार की यह बहुत ही उत्तम योजना है। इसकी वजह से वाहन मालिक अथवा चालकों को अब भागदौड़ नहीं करनी पड़ेगी। जुर्माना राशि जमा करने के लिए लोगों को क्रेडिट कार्ड एटीएम कार्ड या फिर डेबिट कार्ड की मदद से पीओएस मशीन द्वारा या आम भाषा में स्वाइप मशीन द्वारा तत्काल भुगतान किया जा सकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि तत्काल जुर्माना राशि भरने के बाद वाहन का गलत तरीके से संचालन करने वालों में दुबारा गलती न करने का भी संदेश जाएगा। 




सरकार की यह बहुत ही अच्छी सुविधा है, जिसका लोग इस्तेमाल कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि जनपद को इस तरह की 20 मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं। शीघ्र ही उच्चाधिकारियों के आदेश पर इस व्यवस्था को लागू कर दिया जाएगा।

प्रेमजाल में फंसाती थी महिला तहसीलदार शादी का झांसा देकर ऐंठती थी रुपए तहसीलदार सहित पूरे परिवार पर दर्ज हुआ मुकदमा


 प्रेमजाल में फंसाती थी महिला तहसीलदार


शादी का झांसा देकर ऐंठती थी रुपए


तहसीलदार सहित पूरे परिवार पर दर्ज हुआ मुकदमा




उत्तर प्रदेश शाहजहांपुर में प्रेम जाल में फंसाने और शादी करने का झांसा देकर रुपये ऐंठने के मामले में महिला तहसीलदार (न्यायिक) और उसके परिवार के लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। 



जानकारी के अनुसार महिला तहसीलदार फिलहाल प्रयागराज में तैनात है। पुलिस के अनुसार मामला न्यायालय के आदेश पर बंडा थाना पुलिस ने दर्ज किया है।

पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) संजीव बाजपेयी ने शुक्रवार को बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर बंडा पुलिस ने 29 जून को आकांक्षा मिश्रा (तहसीलदार, न्यायिक), सलमान अहमद और आकांक्षा के परिवार के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी) और 406 (किसी के साथ विश्वासघात और आपराधिक कृत्य) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। 



उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दर्ज कराई गई प्राथमिकी के हवाले से पुलिस अधीक्षक ने बताया कि थाना बंडा अंतर्गत बसंतापुर गांव निवासी गुरविंदर सिंह वर्ष 2012 में दिल्ली में कोचिंग करता था और उसी के साथ आकांक्षा मिश्रा भी कोचिंग करती थीं।



संजीव ने बताया कि आकांक्षा से उसके प्रेम संबंध हो गये और आकांक्षा ने शादी का आश्वासन दिया। आरोप के अनुसार इसके बाद आकांक्षा ने उससे काफी धनराशि वसूली तथा धनराशि अपने परिवार को भी दिलवाई। उन्होंने बताया कि बाद में कुछ धनराशि वापस भी की गई, लेकिन इसी बीच आकांक्षा मिश्रा की नियुक्ति नायब तहसीलदार के पद पर प्रतापगढ़ जिले में हो गई। इसके बाद भी आकांक्षा की जरूरतों को पूरा करने के लिए गुरविंदर पैसे खर्च करता रहा।

पुलिस के मुताबिक आकांक्षा के परिवार वाले गुरविंदर को शादी का आश्वासन देते रहे। बाद में आकांक्षा व उसके परिवार की नीयत बदल गई। इसके बाद आकांक्षा ने अपने एक मित्र सलमान अहमद और परिवार के साथ षड्यंत्र करके गुरविंदर के विरुद्ध थाना (लालगंज) प्रतापगढ़ में मुकदमा दर्ज करा दिया।




 गुरविंदर ने तहरीर में आरोप लगाया है कि आकांक्षा मिश्रा द्वारा केवल रुपयों की खातिर उसके साथ प्रेम का दिखावा किया गया, इससे उसे मानसिक और आर्थिक क्षति हुई। वहीं, प्रयागराज में तैनात तहसीलदार (न्यायिक) आकांक्षा मिश्रा से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि उन्हें इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है।