Monday, 21 April 2025

आजमगढ़ जिला महिला अस्पताल में झड़प, पहुंची कोतवाली पुलिस पुलिस के सामने भी चलती रही गर्मागर्मी, दोनों पक्ष लाये गये कोतवाली


 आजमगढ़ जिला महिला अस्पताल में झड़प, पहुंची कोतवाली पुलिस



पुलिस के सामने भी चलती रही गर्मागर्मी, दोनों पक्ष लाये गये कोतवाली



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के अस्पतालों में तैनात सुरक्षाकर्मियों से आये दिन किसी न किसी मरीज के परिजनों से उलझने के मामले चर्चा में आते रहते हैं। सोमवार को इसी कड़ी में जिला महिला अस्पताल में तैनात सुरक्षाकर्मी से लाइन में क्रम से खड़ा होकर पर्ची बनवाने की बात को लेकर तथाकथित आर्मी जवान भिड़ गया और मौके पर तैनात सुरक्षाकर्मी के कंधे पर लगे लैनयार्ड को नोच दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी तथा अन्य सुरक्षाकर्मियों सहित अस्पताल के जिम्मेदारों के पहुंचने पर मरीज के परिजन व तथाकथित आर्मी मैन सुरक्षा गार्ड पर महिलाओं से असभ्यता की बात कहते हुए धमकी देते हुए कोतवाली चला गया। 


बाद में पुलिस के साथ अस्पताल पहुंचे तथाकथित आर्मी मैन पुलिस की मौजूदगी में सुरक्षागार्ड को अपशब्द कहने लगा। दोनों पक्षों को लेकर पुलिस कोतवाली चली गयी। कोतवाली प्रभारी शशिमौली पाण्डेय ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों ने आपस में सहमति से सुलह समझौता कर लिया था और इस विषय में किसी की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गयी।

बिजनौर बीच सड़क युवती को मारी गोली एकतरफा प्यार में घटना को दिया अंजाम एक मई को आनी थी युवती की बरात


 बिजनौर बीच सड़क युवती को मारी गोली


एकतरफा प्यार में घटना को दिया अंजाम


एक मई को आनी थी युवती की बरात


उत्तर प्रदेश के बिजनौर के कोतवाली देहात इलाके में एकतरफा प्यार में सिरफिरे युवक शिवांग ने कहीं और शादी तय होने पर युवती भावना (25) की गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी खुद ही थाने पहुंच गया। पुलिस ने आरोपी के पिता सुशील त्यागी को भी गिरफ्तार कर लिया है।


 पुलिस के मुताबिक, रविवार की सुबह करीब 9:20 बजे गांव करौंदा चौधर निवासी वेदप्रकाश शर्मा अपनी बेटी भावना उर्फ नीशू और छोटी बेटी आकांक्षा को लेकर बाइक से नगीना के बाजार जाने के लिए घर से निकले। गांव हीमपुर मानक उर्फ बढ़ापुर के पास जंगल की ओर से बाइक पर आए शिवांग ने भावना को गोली मार दी। वेदप्रकाश शर्मा तथा बहन आकांक्षा बाइक से ही घायल भावना को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कोतवाली देहात ले आए। जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया।


पुलिस को मृतका के भाई ने बताया कि चार महीने पहले भावना की शादी नूरपुर निवासी एक युवक से तय कर दी थी। 25 अप्रैल 2025 को भावना का लग्न रिश्ता जाना था और एक मई 2025 को बरात आने की तारीख तय हुई। अब शादी की तैयारियों के लिए वे नगीना बाजार में खरीदारी करने जा रहे थे।


 एएसपी सिटी संजीव वाजपेयी ने बताया कि आरोपी शिवांग समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी युवक और उसके पिता को पकड़ लिया गया है। पूछताछ में शिवांग ने कहना था कि वह चार साल से भावना को प्रपोज कर रहा था। जब वह ब्याह के लिए नहीं मानी तो उसे मार डाला। वेदप्रकाश शर्मा दोनों बेटियों को लेकर गांव बढ़ापुर के पास पहुंचे तो टूटी सड़क और बिखरी बजरी के कारण बाइक की गति धीमी करनी पड़ी। तभी पीछे से आए बाइक सवार आरोपी शिवांग ने ओवरटेक करते हुए सटाकर भावना की कनपटी पर गोली मार दी। वेदप्रकाश शर्मा ने आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। बीस से तीस मीटर तक उसके पीछे दौड़े भी मगर आरोपी शिवांग तेजी से बाइक चलाते हुए भाग निकला जोकि सीधे थाने में आकर रुका।

लखनऊ थाइ स्पा सेंटर पर पुलिस का छापा, 6 विदेशी लड़कियां पकड़ी गईं बिजनेस वीजा पर आई थीं भारत, स्पा सेंटर में कर रही थीं काम


 लखनऊ थाइ स्पा सेंटर पर पुलिस का छापा, 6 विदेशी लड़कियां पकड़ी गईं



बिजनेस वीजा पर आई थीं भारत, स्पा सेंटर में कर रही थीं काम



उत्तर प्रदेश, लखनऊ सुशांत गोल्फ सिटी थाना पुलिस और विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआर आरओ) की संयुक्त टीम ने रविवार को लुलु मॉल के समीप स्काई लाइन प्लाजा में संचालित ब्लू बेरी थाइ स्पा सेंटर पर छापेमारी की। इस दौरान थाइलैंड की छह महिलाओं को हिरासत में लिया गया, जो बिजनेस वीजा पर भारत आई थीं, लेकिन वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से स्पा सेंटर में काम कर रही थीं।


पुलिस ने स्पा सेंटर की संचालिका सिमरन, जो वाराणसी की रहने वाली है, के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। एसीपी मोहनलालगंज रजनीश वर्मा ने बताया कि दरोगा विपिन प्रताप सिंह की तहरीर पर यह कार्रवाई की गई। स्पा सेंटर दूसरी मंजिल पर चल रहा था। सेंटर की मैनेजर नचुनार्ट टुंगक्राथोक ने बताया कि वह केवल देखरेख करती हैं, जबकि सिमरन मालकिन हैं और उनके निर्देश पर थाइलैंड से महिलाओं को लाया गया था।


इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्रा के अनुसार, पकड़ी गई महिलाएं स्पा सेंटर में ही रह रही थीं। उनके पास न तो रेंट एग्रीमेंट था, न ही स्थानीय थाने को कोई सूचना दी गई थी। फार्म सी से संबंधित दस्तावेज भी नहीं मिले। पुलिस ने मौके से मिले दस्तावेजों और पूछताछ के आधार पर जांच शुरू कर दी है। संचालिका सिमरन से पूछताछ के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Sunday, 20 April 2025

सिद्धार्थनगर होने वाली पत्नी से मिलना पड़ा भारी गांव वालों ने चोर समझकर धुना, पुलिस ने पकड़ा


 सिद्धार्थनगर होने वाली पत्नी से मिलना पड़ा भारी



गांव वालों ने चोर समझकर धुना, पुलिस ने पकड़ा



उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर में एक लड़के को अपनी होने वाली पत्‍नी से मिलना भारी पड़ गया। लड़का अपनी होने वाली पत्‍नी से मिलने पहुंचा तो ग्रामीणों ने चोर समझकर पति की धुनाई कर दी और पुलिस को सौंप दिया। युवक की मई में शादी होनी है। दामाद के रूप में पहचान होने के बाद पुलिस ने युवक को छोड़ दिया। इस घटना की इलाके में खूब चर्चा हो रही है। लड़के को पकड़ने और पीटने वाले उसकी ससुराल वाले गांव के ही हैं। इसी गांव में अगले महीने लड़का दूल्‍हा बन बारात लेकर आएगा।


 घटना सिद्धार्थनगर के पथरा बाजार थाना क्षेत्र के एक गांव की है। इस गांव की एक लड़की का विवाह बस्ती जनपद के एक गांव में तय है। मई माह में विवाह होना सुनश्चिति है। शादी तय होने के बाद वह दोनों एक-दूसरे से फोन पर बात करने लगे। बात करने से दोनों की नजदीकियां बढ़ गईं तो शुक्रवार देर रात लड़का, लड़की के गांव पहुंच गया।


गांव के बीच झाड़ियों के पास दोनों बात कर रहे थे तभी कुछ हलचल देख गांव के लोग चोर समझकर शोर मचाने लगे। इस दौरान लड़की वहां से भाग गई। ग्रामीणों ने अपरिचित लड़के को वहां देखा तो चोर समझ लिया। लड़का भी कुछ बता नहीं पाया। तब गांव वालों ने उसे पकड़ कर धुनाई कर दी। रात में ही पुलिस को फोन कर मौके पर बुला लिया। लड़का गांव वालों और पुलिस के सवालों से सकपका गया। गांव वालों ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। थाने पहुंचने के बाद भी लड़के ने लोक लाज के डर से असली बात किसी को नहीं बताई लेकिन शनिवार सुबह लड़की ने सारी बात अपने परिजनों को बताई जिसके बाद लड़की के परिवारीजनों ने थाने पर जाकर लड़के को अपना होने वाला दामाद बताकर थाने से उसे रिहा कराकर उसके घर भेज दिया।


प्रभारी इंचार्ज अवधेश पाण्डेय ने बताया ग्रामीणों की सूचना पर उसे थाने लाया गया था। बाद में उस लड़के के होने वाले ससुर ने आकर अपने होने वाले दामाद के रूप में पहचान की। इसके बाद उसे छोड़ दिया गया।

Saturday, 19 April 2025

आजमगढ़ रानी की सराय मार्ग दुर्घटना में थाने के चौकीदार की हुई मौत घर से बाजार जाते समय हुआ हादसा


 आजमगढ़ रानी की सराय मार्ग दुर्घटना में थाने के चौकीदार की हुई मौत



घर से बाजार जाते समय हुआ हादसा



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के रानी की सराय थाना क्षेत्र के कोटिला बाजार में अज्ञात वाहन की चपेट में आने से थाने के चौकीदार की मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


 थाना क्षेत्र के कोटिला गांव निवासी अमरजीत राम 45 वर्ष पुत्र रामदेव जो रानी की सराय थाने पर चौकीदार थे। शनिवार को सुबह घर से बाइक से रानी की सराय की ओर जाने के लिए निकले। ज्यों ही बाजार में हाइवे पर पहुंचे अज्ञात वाहन की चपेट में आ गये। घटना की जानकारी होने पर आस पास के लोग पहुंचे और उन्हें स्वास्थ्य केंद्र ले गये, जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है।

आजमगढ़ मेंहनगर 2 स्थानों पर टूटा तटबंध, सैकड़ों बीघा गेंहू की फसल व भूसा बर्बाद बिना सीजन व शेड्यूल के राजवाहा में पानी आने से किसानों में आक्रोश अभियंता बोले किसानों की मांग पर तो अवर अभियंता बोले जलसंचयन के लिए आया पानी


 आजमगढ़ मेंहनगर 2 स्थानों पर टूटा तटबंध, सैकड़ों बीघा गेंहू की फसल व भूसा बर्बाद



बिना सीजन व शेड्यूल के राजवाहा में पानी आने से किसानों में आक्रोश


अभियंता बोले किसानों की मांग पर तो अवर अभियंता बोले जलसंचयन के लिए आया पानी


उत्तर प्रदेश, आजमगढ़ मेंहनगर शारदा सहायक खण्ड-23 ठेकमा राजवाहा में शुक्रवार की रात्रि बिना शेड्यूल व सीजन के पानी आने तथा अलग-अलग दो स्थानों पर तटबंध टूटने से सैकड़ों बीघा गेहूं की खड़ी व कटी फसल में पानी भर गया। फसलें डूबने से किसानों के चेहरे पर मायूसी छा गई।


बताते चलें कि शुक्रवार की रात्रि एकाएक राजवाहा में पानी आ जाने की वजह से कस्बे के वार्ड नं-1 रविदास नगर नइकी पोखरे व सरदारगंज गांव के पूर्वी सिवान के दक्षिणी भाग के तटबंध टूटने से किसानों के पूरे वर्ष के खाने का निवाले व गाढ़ी कमाई पानी में डूब गई। दौलतपुर प्रधान जितेंद्र यादव व सरदारगंज के प्रधान रामनरायन सरोज 'जमालू' सहित किसानों ने कहा कि बिना सीजन व शेड्यूल का राजवाहा में पानी विभागीय अधिकारियों की लापरवाही का नतीजा है, बिना मौसम के बरसात से किसानों की कटाई-मढ़ाई लगभग पचहत्तर प्रतिशत नहीं हो पाई थी, बरसात बाद लगातार पुरवा हवा ने कटाई-मढ़ाई की रप्तार रोक दी है। 


कस्बे के वार्ड नं -1 रविदास नगर स्थित नइकी पोखरे के पास तटबंध टूटने से कस्बे सहित दौलतपुर के कुसहा पुरवा के दक्षिणी भाग के किसानों में क्रमश: कन्ता यादव, रामचन्द्र यादव सहित खड़ी फसल व रैपर से काटी गई गेहूँ फसल के अलावा पशुओं का निवाला पानी में बह गया। ग्राम प्रधान व वार्ड के सभासद पति रामबचन ने बताया कि करीब 20 बीघा का नुकसान हुआ है।


दूसरी तरफ सरदारगंज ग्राम प्रधान ने कहा कि शुक्रवार की रात्रि एक कार्यक्रम से वापस गांव आ रहा था तो चार पहिया के उजाले से देखा कि रात्रि पौने बारह बजे लगभग राजवाहा का तटबंध टूटा हुआ था, रात्रि में सम्बंधित अवर अभियंता से सम्पर्क साधना चाहा तो संपर्क नहीं हो सका। दर्जनों की संख्या में ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुँचा, मौके पर गेहूँ की फसल देख किसानों के आँख आंसू आ गया।


शारदा सहायक खंड -23 ठेकमा राजवाहा के अधिशासी अभियंता वीरेंद्र कुमार ने कहा कंचनपुर के किसानों की मांग पर पानी मंगवाया गया था, तटबंध टूटने की जैसे ही जानकारी हुई तत्काल प्रभाव से ऊपर से बंद करवा दिया गया है। वही अवर अभियंता दिनेश कुमार ने कहा कि पोखरों में जलसंचयन के लिए पानी ऊपर से छोड़ा गया था, रही बात तटबंध टूटने की तो जेसीबी मशीन व मजदूरों के सहयोग से बांधा जा रहा हैं।

आजमगढ़ लाइफ लाइन हॉस्पिटल ने फिर किया चमत्कार ब्रेन ट्यूमर से जूझ रही गर्भवती महिला को दिया नया जीवन ''अवेक ब्रेन सर्जरी" यानी मरीज को होश में रखते हुए पूरी टीम ने बेहद जटिल ऑपरेशन को दिया अंजाम


 आजमगढ़ लाइफ लाइन हॉस्पिटल ने फिर किया चमत्कार


ब्रेन ट्यूमर से जूझ रही गर्भवती महिला को दिया नया जीवन


''अवेक ब्रेन सर्जरी" यानी मरीज को होश में रखते हुए पूरी टीम ने बेहद जटिल ऑपरेशन को दिया अंजाम


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले का नामचीन लाइफ लाइन हॉस्पिटल एक बार फिर सुर्खियों में हैं। अपने अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और कुशल चिकित्सकीय टीम के बल पर यह अस्पताल लगातार असंभव को संभव कर दिखा रहा है। देश ही नहीं, विदेशों से भी मरीज यहां उपचार के लिए आते हैं और स्वस्थ होकर मुस्कुराते हुए अपने घर लौटते हैं। इसी कड़ी में अब एक और असाधारण उपलब्धि इस अस्पताल के नाम जुड़ गई हैं. जिसमें एक गर्भवती महिला को न केवल नई जिंदगी मिली, बल्कि उसके गर्भ में पल रहे शिशु को भी पूरी तरह सुरक्षित रखा गया।


गाजीपुर जिले के वाजिदपुर पूर्वा गांव की 27 वर्षीय रोशनी यादव की शादी एक साल पूर्व हुई थी। कुछ महीने पहले जब रोशनी ने गर्भधारण किया, तो परिवार में खुशियों का माहौल था। लेकिन इसी बीच रोशनी को अचानक मिर्गी के झटके आने लगे, जिससे परिवार चिंतित हो उठता कई जगह दिखाने के बाद जब कोई ठोस समाधान नहीं मिला, तो परिजनों ने उसे आजमगढ़ के प्रसिद्ध लाइफ लाइन हॉस्पिटल में भर्ती कराया। गर्भ में पल रहे शिशु की सुरक्षा के लिए सीटी स्कैन की जांच संभव नहीं थी, अतः प्रारंभिक जांच के बाद जब उसे MRI के लिए भेजा गया, तो जो रिपोर्ट सामने आई वह चौंकाने वाली थी रोशनी के मस्तिष्क के बाएं हिस्से में एक जटिल स्थिति वाला ट्यूमर पाया गया। हालत ऐसी थी कि यदि ट्यूमर का ऑपरेशन किया जाता, तो रोशनी को दाहिने हाथ-पैर में लकवा मारने और उसकी आवाज हमेशा के लिए चले जाने का खतरा था।


 ऑपरेशन की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ न्यूरो सर्जन डॉ. अनूप कुमार सिंह ने न्यूरो एनेस्थेटिस्ट डॉ गायत्री कुमारी एवं महिला रोग विशेषज्ञ डॉक्टर पुनम यादव व (वासदेई अस्पताल) के साथ साझा किया। दोहरी चुनौती थी- एक तरफ मां की जान, दूसरी तरफ गर्भमें पल रहे शिशु की सुरक्षा। पारंपरिक ऑपरेशन में जहां मरीज को बेहोश किया जाता है, वहीं इस मामले में बेहोशी दवाओं से भ्रूण को खतरा था। इस बात को तय करने के लिए गर्भस्थ शिशु पूरी तरह स्वस्थ हैं। डॉक्टरों ने एक असाधारण फैसला लिया "अवेक ब्रेन सर्जरी" यानी मरीज को होश में रखते हुए पूरी टीम ने हाईटेक ब्रेन मैपिंग, माइक्रोस्कोप, नेविगेशन सिस्टम और मॉडर्न एनेस्थीसिया तकनीक की मदद से बेहद जटिल ऑपरेशन को अंजाम दिया। 


इस टीम में डॉक्टर अनुप कुमार सिंह, डॉक्टर गायत्री कुमारी के अलावा न्यूरोसर्जन डॉक्टर आकाश रामभाऊ डागत, डॉक्टर विकास वर्मा तथा समस्त ऑपरेशन थियेटर के सहयोगी शामिल थे। ऑपरेशन के दौरान सबसे हैरतअंगेज बात यह रही कि रोशनी पूरे समय होश में रही और हनुमान चालीसा का पाठ करती रही। वह अपने दोनो हाथ-पैर हिलाकर डॉक्टरों को बताती रही कि उसकी चेतना सही है और कोई लकवा नहीं हुआ है। यह सर्जरी तकनीक और मानवीय समर्पण का अद्भुत संगम थी।


ऑपरेशन के बाद रोशनी पूरी तरह स्वस्थ हैं और उसके गर्भ में पल रहा बच्चा भी पूर्ण रूप से सुरक्षित है। इस सफलता ने रोशनी और उसके परिवार को वह खुशी दी है जिसकी उन्होंने कभी कल्पना भी नहीं की थी। अब पूरा परिवार लाइफ लाइन हॉस्पिटल की टीम का बार-बार धन्यवाद कर रहा है। लाइफ लाइन हॉस्पिटल ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि जब चिकित्सा विज्ञान समर्पण और संवेदना से जुड़ता है, तो चमत्कार भी मुमकिन हो जाते हैं।