Friday, 20 January 2023

आजमगढ़ पंकज कुमार सिंह उप-राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नियुक्त ईस्टर्न फ्रंटियर के चीफ के रूप में पश्चिम बंगाल और असम की सीमाओं पर रोकी थी मवेशी की तस्करी भाजपा नेता अखिलेश कुमार मिश्र उर्फ गुड्डू ने दी हार्दिक बधाई


 आजमगढ़ पंकज कुमार सिंह उप-राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार नियुक्त


ईस्टर्न फ्रंटियर के चीफ के रूप में पश्चिम बंगाल और असम की सीमाओं पर रोकी थी मवेशी की तस्करी


भाजपा नेता अखिलेश कुमार मिश्र उर्फ गुड्डू ने दी हार्दिक बधाई


आजमगढ़/नई दिल्ली बीएसएफ के सेवानिवृत्त डीजी पंकज कुमार सिंह को डिप्टी एनएसए (उप-राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार) नियुक्त किया हैं। वे आजमगढ़ माटी के ग्राम सभा महुवापार (मेहनाजपुर) के निवासी हैं। भारतीय जनता पार्टी के नेता अखिलेश कुमार मिश्र उर्फ गुड्डू ने बीएसएफ के 29वें महानिदेशक पंकज कुमार सिंह को उप राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (Deputy NSA) के रूप में नियुक्त होने पर उन्हें हार्दिक बधाई दी है।


राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय के अनुसार राजस्थान कैडर के 1988 बैच के आइपीएस अधिकारी सिंह को दो साल के लिए सलाहकार नियुक्त किया गया है। डीजी पंकज कुमार सिंह 31 दिसंबर, 2022 को बीएसएफ प्रमुख के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, राजस्थान कैडर के 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी सिंह को पुन: रोजगार अनुबंध पर नियुक्त किया गया है।


पकंज कुमार सिंह ने पहले केंद्र सरकार के साथ छत्तीसगढ़ में सीआरपीएफ के इंस्पेक्टर जनरल के पद पर काम किया है। उन्होंने दिल्ली में सीआरपीएफ मुख्यालय में आईजी (संचालन) के रूप में भी कार्य किया था। बीएसएफ डीजी बनने से पहले पंकज सिंह ने बीएसएफ में भी काम किया था। सूत्रों का कहना है कि ईस्टर्न फ्रंटियर के चीफ के रूप में उन्होंने पश्चिम बंगाल और असम की सीमाओं के माध्यम से मवेशियों की तस्करी को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।


उनकी सक्रिय भूमिका से साल 2015 से 2021 के बीच भारत-बांग्लादेश सीमा पर मवेशियों की तस्करी में 87% की गिरावट आई है। पंकज सिंह जब बीएसएफ के डीजी बने थे तो उन्हें बीएसएफ क्षेत्राधिकार में विवादास्पद संशोधन पर बातचीत करनी पड़ी थी। बीएसएफ क्षेत्राधिकार को सीमा से 50 किमी तक बढ़ा दिया गया क्योंकि कई राज्यों ने इसका विरोध किया था। उन्होंने गणतंत्र दिवस परेड में बीएसएफ की महिला सैनिकों को मोटरसाइकिल की सवारी के कलाबाजी दिखाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके बाद बीएसएफ की महिला मोटरसाइकिल सवारों ने देशव्यापी दौरा भी किया था।

रामपुर आधी रात महिला सिपाही के पास पहुंचा इंस्पेक्टर अभद्रता का आरोप, एसपी ने किया निलंबित


 रामपुर आधी रात महिला सिपाही के पास पहुंचा इंस्पेक्टर


अभद्रता का आरोप, एसपी ने किया निलंबित



रामपुर में शराब के नशे में धुत इंस्पेक्टर ने महिला आरक्षी के साथ आधी रात के वक्त अभद्रता की। आरक्षी ने अभद्रता का ऑडियो क्लिप बना लिया। मामले की शिकायत होने के बाद एसपी ने अभद्र व्यवहार करने वाले इंस्पेक्टर को निलंबित कर दिया है।


नशे में धुत होकर महिला आरक्षी के साथ अभद्रता का यह मामला बिलासपुर कोतवाली का बताया जा रहा है। आरोप है की कोतवाली में महिला हेल्प डेस्क पर तैनात महिला आरक्षी गत रात्रि डयूटी पर तैनात थी। रात करीब एक बजे के बाद प्रभारी निरीक्षक मुकुट लाल ने शराब के नशे में महिला आरक्षी के साथ अभद्र व्यवहार शुरू कर दिया। इसका महिला आरक्षी ने विरोध किया।


इस बीच महिला आरक्षी द्वारा एक आडियो क्लिप भी बना लिया गया। महिला आरक्षी ने इस मामले की शिकायत उच्चाधिकारियो से की। इस पर एसपी अशोक कुमार शर्मा ने मामले की जांच सीओ से कराई।

जांच के बाद एसपी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए निरीक्षक क्राइम मुकुट लाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। एसपी ने निरीक्षक द्वारा किए गए व्यवहार पर नाराजगी जाहिर करते हुए इसे कुंठित मानसिकता का परिचय देना बताया।

उत्तर प्रदेश 3 आईएएस अधिकारियों का हुआ तबादला


 उत्तर प्रदेश 3 आईएएस अधिकारियों का हुआ तबादला



लखनऊ उत्तर प्रदेश सरकार ने तीन आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। मुजफ्फरनगर में नए डीएम और मुख्यालय स्तर पर परिवहन आयुक्त के महत्वपूर्ण पद पर नई तैनाती की गई है। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम मेरठ के प्रबंध निदेशक अरविंद मलप्पा बंगारी को मुजफ्फरनगर का डीएम बनाया गया है। अपर आयुक्त मेरठ मंडल व अपर आयुक्त उद्योग मेरठ मंडल चैत्रा वी. को पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम मेरठ का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।


मुजफ्फरनगर के डीएम चंद्रभूषण सिंह को हटाकर अपर आयुक्त परिवहन के पद पर तैनाती देते हुए परिवहन आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार दिया है। चर्चा है कि रामपुर विधानसभा का उपचुनाव जीतने के बावजूद मुजफ्फरनगर के खतौली विधानसभा की सीट से हार सत्ताधारी दल को बेचैन किए हुए है। चंद्रभूषण का तबादला इस हार से भी जोड़कर देखा जा रहा है। लेकिन, जानकारों का कहना है कि चंद्रभूषण पर सरकार का भरोसा बरकरार है। उन्हें डीएम के पद से हटाने के बावजूद सचिव स्तर के बेहद महत्वपूर्ण जिम्मेदारी वाले परिवहन आयुक्त के पद पर तैनाती दी गई है।


चंद्रभूषण अगले वर्ष जनवरी में सचिव/आयुक्त स्तर के पद पर पदोन्नति पाएंगे। चंद्रभूषण सपा सरकार रही हो या भाजपा सरकार, पसंदीदा अफसरों में शामिल रहे हैं।

Thursday, 19 January 2023

कानपुर कंकाल बना शव, 29 दिन फंदे से लटकी रही युवक की लाश वापस आई पत्नी तो हुआ दिल दहला देने वाला खुलासा


 कानपुर कंकाल बना शव, 29 दिन फंदे से लटकी रही युवक की लाश


वापस आई पत्नी तो हुआ दिल दहला देने वाला खुलासा


उत्तर प्रदेश कानपुर के बिल्हौर में पति से विवाद के बाद ननद के घर चली गई महिला गुरुवार को जब लौटी तो कंकाल बन चुका पति का शव फंदे से लटका मिला। आशंका जताई जा रही है कि शव करीब 29 दिन से फंदे से लटका था। आबादी से दूर स्थित घर में बाहर से ताला लगा था। इस वजह से किसी को घटना की भनक भी नहीं लगी। मामला अरौल थाना क्षेत्र के गिलवट अमीनाबाद गांव का है। 


जानकारी के अनुसार सुदामा शर्मा (30) पत्नी कीर्ति शर्मा और दो बच्चों के साथ रहता था। पिता शिवकुमार और दो भाइयों से संपत्ति का बंटवारा होने के बाद गांव से थोड़ा दूर नए घर में रहने लगा था। पत्नी कीर्ति ने बताया कि 18 दिसंबर को पति से विवाद हो गया था।


इसके बाद वह दोनों बच्चों के साथ ननद के घर उत्तरीपुरा चली गई थी। 21 दिसंबर तक पति से मोबाइल फोन पर बात होती रही। इसके बाद से पति से कोई बात नहीं हुई। आशंका है कि 21 दिसंबर को ही पति ने घर के बाहर के दरवाजे पर ताला डाल दिया। इसके बाद किसी तरह अंदर जाकर फंदे से लटक गया। कई दिन से बात न होने पर जब वह लौटी तो पति का शव लटकता मिला। थानाध्यक्ष अरुण कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। शव 25 से 30 दिन पुराना लग रहा है।

अंबेडकरनगर प्रेमिका से पीड़ित प्रेमी ने खाया जहर, मौत प्रेमिका और उसके माता-पिता पर मुकदमा दर्ज


 अंबेडकरनगर प्रेमिका से पीड़ित प्रेमी ने खाया जहर, मौत



प्रेमिका और उसके माता-पिता पर मुकदमा दर्ज


अंबेडकरनगर के आलापुर में उत्पीड़न से तंग एक युवक ने अपनी प्रेमिका के सामने ही जहर खा लिया। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक युवक की मां की तहरीर पर आरोपी युवती और उसके मां बाप के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।


आलापुर थाना क्षेत्र के ख्वाजापुर की राजदेई पत्नी बुद्धिराम ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसके पुत्र विकास का प्रेम प्रसंग गांव की ही युवती दीपशिखा से था। दीपशिखा उसके पुत्र को ब्लैकमेल कर आये दिन पैसा वसूलती थी। विकास के शादी से इंकार करने के बाद दीपशिखा ने उसके खिलाफ छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज करा दिया था। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि सोमवार को उसके पुत्र विकास ने लालजी सिंह की बाग में दीपशिखा को सुलह समझौते के लिए बुलाया जहां पर दीपशिखा ने उसे बहुत परेशान किया। इस पर विकास ने दीपशिखा के सामने ही जहर खा लिया। जहर खाने के बाद विकास घर आया तो उसने बताया कि दीपशिखा ने समझौत करने के लिए बुलाया था लेकिन उसके मानसिक रूप से प्रताड़ित करने पर उसने जहर खा लिया है।


परिजन विकास को इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां पर उसे मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर के लिए रेफर कर दिया गया। परिजन उसे अकबरपुर में स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराये जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक युवक की मां ने पुत्र की मौत के लिए युवती दीपशिखा के साथ ही उसके पिता श्यामनारायण तथा माता संगीता को भी जिम्मेदार ठहराया है। थानाध्यक्ष बेचू सिंह यादव ने बताया कि तीनों आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही है। शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी भी कर ली जाएगी

फिरोजाबाद दूसरे के दस्तावेज पर प्रधानाध्यापिका बन गई हाईस्कूल फेल रजनी बर्खास्त, वेतन की वसूली के आदेश


 फिरोजाबाद दूसरे के दस्तावेज पर प्रधानाध्यापिका बन गई हाईस्कूल फेल रजनी


बर्खास्त, वेतन की वसूली के आदेश


उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में दूसरों के दस्तावेज पर नौकरी करने का एक मामला सामने आया है। रजनी ने आगरा की रहने वाली सोनल के दस्तावेज से प्रधानाध्यापिका बन गई। लेकिन गजब तो ये है कि रजनी हाईस्कूल फेल है। ये मामला एक शिकायत के बाद सामने आया तो कई जांचों के बाद एडी बेसिक ने प्रधानाध्यापिका को बर्खास्त कर उससे अब तक दिए गए वेतन की वसूली के आदेश बीएसए को दिए हैं।


ये मामला हुब्बलाल बालिका विद्यालय का है। शिकायत मिली थी कि स्कूल में तैनात शिक्षिका सोनल यादव किसी दूसरी महिला के दस्तावेज और नाम पर नौकरी कर रही है। उसका असली नाम रजनी है। उसने शैक्षिक प्रमाण पत्रों में हेराफेरी की है। जिस सोनल यादव के दस्तावेज लगाए गए हैं, वह पढ़ाई करने के दौरान ट्रांस यमुना कॉलोनी फेस टू आगरा में किराए पर रहती थी। मिली जानकारी के अनुसार उसके पिता का नाम भी रजनी के पिता के नाम से मेल खाता है। जबकि रजनी रामकृष्ण नगर जलेसर रोड पर रहती थी। रजनी, प्रबंधक के भतीजे की पत्नी है। इस पर विभाग ने जांच शुरू की तो कई बिंदु सामने आए।


उधर जिस सोनल के दस्तावेज नौकरी में प्रयोग किए गए थे। उसने भी विभाग को अपने प्रमाणपत्र देते हुए कहा कि वह कहीं भी नौकरी नहीं कर रही है। अक्टूबर में तत्कालीन बीएसए अंजली अग्रवाल ने तीन सदस्यीय समिति की जांच रिपोर्ट के आधार पर शिक्षिका को बर्खास्त कर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश भी दिए।


प्रबंध तंत्र ने इस मामले में 18 जनवरी को एडी बेसिक के समक्ष कार्रवाई का उल्लेख न करते हुए कहा कि बीएसए द्वारा गठित कमेटी मामले की जांच कर रही है। एडी बेसिक ने इसे गुमराह करने वाला तथ्य माना और बीएसए फिरोजाबाद को निर्देश दिए कि उक्त शिक्षिका को बर्खास्त कर अवैधानिक वेतन भुगतान की वसूली की जाए।

गाजीपुर नायब तहसीलदार के बिगड़े बोल कहा मन्दिर जाने वाले बेवकूफ, राम मन्दिर दुकानदारी


 गाजीपुर नायब तहसीलदार के बिगड़े बोल


कहा मन्दिर जाने वाले बेवकूफ, राम मन्दिर दुकानदारी


गाजीपुर सेवराई तहसील क्षेत्र के शक्तिपीठ के रूप में विख्यात मां कामाख्या धाम पर दर्शन पूजन करने के लिए डा0 अखिलेश कुमार मिश्रा आई.ए.एस. विशेष सचिव उच्चशिक्षा उ०प्र० शासन एवं नामित नोडल अधिकारी के साथ मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता समेत सेवराई एसडीएम और खुद नायब तहसीलदार हिम्मत बहादुर समेत तमाम लोग भी पहुंचे हुए थे।


 वहां से दर्शन पूजन कराकर लौटने के बाद सेवराई तहसील के सार्वजनिक स्थान पर नायब तहसीलदार हिम्मत बहादुर अपना हिम्मत दिखाते हुए देवी-देवताओं व मंदिरों में पूजा करने वाले लोगों का विरोध करते हुए कहा कि मंदिर में पूजा में आस्था रखने वाले लोग को बेवकूफ बता रहे थे।


बताया जाता है की जब मीडिया की नजर हिम्मत बहादुर के बदजुबानी पर पड़ी तो मीडियाकर्मियों ने उसे अपने कैमरे में कैद करते हुए कुछ सवाल किए। जिसका उन्होंने बेअदबी से जवाब देते हुए कहा कि मंदिर में आस्था रखने वाले लोग बेवकूफ हैं। अयोध्या में बनने वाला राम मंदिर डंके की चोट पर कहता हूं कि दुकानदारी इस बात को जहां भेजना है भेज दीजिए मैं किसी से डरने वाला नहीं हूं इतना कमजोर नहीं हूं।


 मौके पर उपस्थित लेखपालों ने जब देखा कि नायब तहसीलदार हिम्मत बहादुर काफी देवी देवताओं के ऊपर अनाप-शनाप कर रहे हैं तो उन्हें पकड़कर अंदर कमरे में लेकर चले गए।