Wednesday, 18 January 2023

आजमगढ़ निजामाबाद 9 माह पूर्व प्रेमी संग फरार हुई युवती बरामद, पुलिस देख प्रेमी फरार


 आजमगढ़ निजामाबाद 9 माह पूर्व प्रेमी संग फरार हुई युवती बरामद, पुलिस देख प्रेमी फरार



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ निजामाबाद क्षेत्र से लगभग 9 माह पूर्व प्रेमी के साथ फरार हुई युवती को पुलिस ने बुधवार को दिन में रानी की सराय स्थित शंकरपुर चेकपोस्ट से अपनी अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस देख युवती के साथ रहा प्रेमी मौके से भाग खड़ा हुआ। बरामद की गई युवती को पुलिस ने मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा है।


अहरौला थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती निजामाबाद क्षेत्र में स्थित अपने ननिहाल में रहती थी। इस दौरान फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के मानपुर ग्राम निवासी सचिन पुत्र राजेन्द्र से उसकी आंखें चार हुईं और दोनों के बीच लुकाछिपी का खेल शुरू हो गया। इस बात की भनक लगने पर जब युवती के ननिहाल वालों ने उसपर पाबंदी लगाई तो बीते वर्ष 15 मई को उक्त युवती अपने प्रेमी संग फरार हो गई। प्रेमी युगल भागकर मध्य प्रदेश के रीवां जिले में चोरी छिपे रहने लगा।


 इधर बहला फुसलाकर कर अगवा की गई युवती के नाना मोतीराम ने स्थानीय थाने में नतिनी को भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए प्रेमी सचिन के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कराई। बताते हैं कि बुधवार को दोनों प्रेमी युगल जिले में पहुंचे और रानी की सराय क्षेत्र में शंकरपुर चेकपोस्ट पर वाहन से उतरे और वहां किसी अन्य वाहन का इंतजार करने लगे। इसी बीच जरिए मुखबिर सूचना पुलिस को मिली और फरिहां चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सुल्तान सिंह अपने सहकर्मियों के साथ बताए गए स्थान पर पहुंच गए। पुलिस देख युवती के साथ रहा प्रेमी उसे छोड़कर फरार हो गया। चौकी प्रभारी के साथ रही महिला आरक्षियों ने युवती को अपनी अभिरक्षा में ले लिया। पुलिस इस मामले में आरोपित युवक की तलाश में जुट गई है।

आजमगढ़ कार्यकर्ताओं की हत्या के विरोध में सड़क पर उतरा बजरंग दल जिहादी उन्मादियों के विरुद्ध नारेबाजी के बाद जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन


 आजमगढ़ कार्यकर्ताओं की हत्या के विरोध में सड़क पर उतरा बजरंग दल



जिहादी उन्मादियों के विरुद्ध नारेबाजी के बाद जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन


आजमगढ़ देश के कई हिस्सों में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की हत्या के विरोध में बजरंगियों का आक्रोश जिला मुख्यालय पर भी देखने को मिला। बुधवार को विहिप की युवा शाखा बजरंग दल द्वारा कलेक्ट्रेट चौराहे पर विरोध प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रपति को संबोधित चार सूत्री ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया। पहले तो कार्यकर्ता कुंवर सिंह उद्यान के निकट एकत्रित होकर जय श्री राम का नारा लगाते हुए हाथों में तख्तियां लिए कलेक्ट्रेट चौराहे पर पहुंचे। जहां जमकर जिहादी उन्मादियों के विरुद्ध नारेबाजी की गई।


बजरंग दल के प्रांत सह संयोजक गौरव रघुवंशी ने बताया कि जिहादी ताकतों द्वारा कभी सर तन से जुदा के नाम पर तो कभी विहिप बजरंग दल के कार्यकर्ताओं की चोरी छिपे हत्या के नाम पर हिन्दू समाज को आतंकित करने का षड्यंत्र रचा जा रहा है। बीते 8 जनवरी को असम के करीमगंज जिले में बजरंग दल के कार्यकर्ता शंभु कोइरी की एक जिहादी द्वारा चाकू गोदकर हत्या कर दी गयी। कर्नाटक में हर्षा की हत्या, दिल्ली में रोहित शर्मा की हत्या समेत पिछले दो वर्षों में बजरंग दल के 9 कार्यकर्ताओं की हत्या के साथ 32 कार्यकर्ताओं पर जानलेवा हमले हुए है। सोची समझी साजिश के तहत हमलों के लिए नाबालिगों को आगे किया जा रहा है, जो कि मदरसों की शिक्षा के कारण क्रूरता और घृणा से कूट-कूट कर भरे होते हैं। इसलिए बजरंग दल राष्ट्रपति से मांग करता है कि भड़काऊ भाषण देने वाले मौलवियों और नेताओं पर नियंत्रण करने के लिए एक कठोर कानून बनाया जाए, इन हमलों में शामिल नाबालिगों को बालिग मानकर कठोर सजा दी जाए जिससे कि ऐसी घटनाओं पर रोक लगे एवं हिंसा के लिए प्रेरती करने वाले सिमी, सिटीजन फोरम जैसे संगठनों को प्रतिबंधित करते हुए मदरसों पर प्रभावी नियंत्रण की व्यवस्था बनाई जाए।


बजरंग दल आर्यमगढ़ के विभाग संयोजक कुंवर गजेंद्र सिंह ने कहा कि बजरंगियों की हत्या के विरोध में देश भर में आज बजरंगदल द्वारा विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन का कार्यक्रम किया जा रहा है, ऐसी घटनाएं हिन्दू समाज को कमजोर कर रही हैं, केंद्र व राज्य सरकारें इसे रोकने के लिए प्रभावी कार्यवाही करें अन्यथा बजरंगदल और बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगा। कार्यक्रम का नेतृत्व बजरंग दल आर्यमगढ़ के जिला सह संयोजक उत्कर्ष व फूलपुर जिला संयोजक प्रशांत सिंह ने किया।


ज्ञापन देने वालों में विहिप विभाग अध्यक्ष अशोक अग्रवाल, संतोष गुप्ता, शंकर यादव, अधिवक्ता मनोज सिंह, अरुण राय, किशन मोदनवाल, अरविंद अग्रवाल, राघवेंद्र मिश्र लड्डू, अरविंद मोदनवाल, हिमांशु राज, सूरज निषाद, आकाश राय, गौरव गुप्ता, संगम मौर्या, अजीत सोनकर, दीपक मौर्या, रत्न गुप्ता, अमन वर्मा, मुनीब, सागर मोदनवाल, मृत्युंजय सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

आज़मगढ़ हाफिजे कुरान होने पर पत्रकार के पुत्र सहित 16 हुुए सम्मानित


 आज़मगढ़ हाफिजे कुरान होने पर पत्रकार के पुत्र सहित 16 हुुए सम्मानित


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ तहसील व थाना निजामाबाद के ग्राम खुटहना स्थित मदरसा इस्लामिया नसीरूल उलूम में दिनाँक 17 जनवरी 2023 को जनपद के विभिन्न गांवों के 16 बच्चों द्वारा कुरान करीम का हाफिजा मुकम्मल करने पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया॥


 जिसमे मोहम्मद समीर, मोहम्मद सफवान,मोहम्मद नादिर,मोहम्मद माज,मोहम्मद अब्दुर्रहमान,मोहम्मद असजद,मोहम्मद उमैर,मुहम्मद यासिर सहित एक दर्जन से अधिक होनहार साथियों को इस महान उपलब्धि की प्राप्ति पर  फूल माला पहनाकर उनकी हौसला अफजाई की गई और क्षेत्र के मशहूर उलमाओं की उपस्थिति में पुरुस्कार देकर सम्मानित किया गया।


इस मौके पर विश्व व देश प्रदेश में अमन और शांति के लिए खास तौर पर दुआ और प्रार्थना की गई। कार्यकम में मुख्य रूप से मौलाना वसीम शेरवानी,मुफ्ती अब्दुल कुद्दूस,कारी महमूद बल्यावी,मुफ्ती अशरफ खुटाहना,कारी हबीब,मौलाना ओसामा,ग्राम प्रधान गुलाम अंबिया,पत्रकार सरफराज मोहज़्ज़बी के अतिरिक्त क्षेत्र व आस पास के सम्मानित लोग उपस्थित रहे।



ब्यूरो रिपोर्ट आजमगढ़

Tuesday, 17 January 2023

आजमगढ़ जेल में गांजा पहुंचाने जा रही 4 महिलाएं पकड़ी गईं सब्जी के नीचे छिपाया गया 4 किलो गांजा बरामद


 आजमगढ़ जेल में गांजा पहुंचाने जा रही 4 महिलाएं पकड़ी गईं


सब्जी के नीचे छिपाया गया 4 किलो गांजा बरामद



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ सिधारी थाने की पुलिस ने मंगलवार को क्षेत्र के इटौरा स्थित जिला कारागार में मादक पदार्थ की आपूर्ति करने जा रही चार महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पकड़ी गई महिलाओं के कब्जे से पुलिस ने झोले में रखी सब्जी के नीचे छिपाए गए चार किलोग्राम गांजा बरामद किया है। गिरफ्तार महिलाओं में तीन सगी बहन बताई गई हैं।


बताते हैं कि इटौरा जेल मोड़ पर मंगलवार की सुबह आटो रिक्शा से उतरी चार महिलाएं नजदीक स्थित रेस्टोरेंट में बैठ कर आपस में जेल के अंदर बंद कुछ लोगों को गांजा पहुंचाने की बात करते किसी ने सुना और इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और इस बात को क्षेत्राधिकारी नगर गौरव शर्मा को जानकारी देते हुए उन्हें मौके पर बुलाया गया। क्षेत्राधिकारी के पहुंचने पर पुलिस ने जेल की ओर जा रही चारों महिलाओं को रोका और साथ रही महिला आरक्षियों की मदद से उनके साथ रहे झोलों की तलाशी ली गई।इस दौरान झोलों में रखी सब्जी के नीचे छिपाए गए चार किलोग्राम गांजा की बरामदगी के साथ ही दो महिलाओं के पास मिले पांच हजार रुपए भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।पकड़ी गई महिलाओं में शबनम, शबाना व शहनाज पुत्रीगण सदरुद्दीन तथा मदीना पत्नी मुंतजिर ग्राम बरहतिर जगदीशपुर थाना क्षेत्र जहानागंज की रहने वाली बताई गई हैं।


 पकड़ी गई शबाना ने पूछताछ में बताया कि उसके बहनोई इस्माइल जिला कारागार में बंद हैं और जेल में बंद बहनोई के दोस्त अरमान पुत्र दिलशाद निवासी ग्राम नोहरा थाना क्षेत्र दीदारगंज के कहने पर सभी उनको गांजा खरीद कर जेल में पहुंचाने जा रही थीं। सभी के खिलाफ सिधारी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत विधिक कार्रवाई की गई है।

आजमगढ़ सरायमीर चिकित्सक की लापरवाही से जच्चा-बच्चा की मौत पोस्टमार्टम के लिए पुलिस ने भेजा शव चिकित्सक के खिलाफ एफआईआर दर्ज


 आजमगढ़ सरायमीर चिकित्सक की लापरवाही से जच्चा-बच्चा की मौत


पोस्टमार्टम के लिए पुलिस ने भेजा शव


चिकित्सक के खिलाफ एफआईआर दर्ज



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ सरायमीर थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती गर्भवती महिला एवं गर्भ में पल रहे नवजात की चिकित्सक की लापरवाही के चलते मौत हो गई। इस मामले को छिपाने के लिए उक्त चिकित्सक मृतका के परिवार वालों को बरगलाता रहा और अपने वाहन में शव को रख शहर ले आया। आरोपी चिकित्सक शहर के दलालघाट क्षेत्र में शव रखे वाहन को छोड़कर फरार हो गया। मौत की जानकारी के बाद परिजनों द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।


तहबरपुर थाना क्षेत्र के लेड़ुवा ग्राम निवासी रामविचार मौर्य ने अपनी गर्भवती पत्नी सुशीला को बच्चे की पैदाइश के लिए सोमवार को सरायमीर क्षेत्र के संजरपुर बाजार स्थित अंसारी नर्सिंग होम में भर्ती कराया। चिकित्सक द्वारा नार्मल डिलीवरी कराने की बात कही गई लेकिन शाम को आपरेशन की बात कही गई। जानकारी के मुताबित परिवार वालों की सहमति से चिकित्सक ने प्रसव की तैयारी शुरू किया।आरोप है कि इस दौरान चिकित्सक द्वारा गलत तरीके से किए गए उपचार के चलते जच्चा और बच्चा दोनों की मौत हो गई। इस बात को छिपाते हुए चिकित्सक ने महिला की हालत गंभीर बताकर उसे अपने वाहन में लाद कर शहर स्थित अस्पताल में भर्ती कराने की बात कहकर परिवार वालों के साथ चल दिया। परिजनों का आरोप है कि शाम को उक्त चिकित्सक शहर के दलालघाट क्षेत्र में स्थित एक निजी अस्पताल के पास शव रखे वाहन को छोड़कर फरार हो गया। इसके बाद परिवार वालों को महिला के मौत की जानकारी हुई। 


परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर परिजनों को सरायमीर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने को कहा। मृतका के पति रामविचार की तहरीर पर सरायमीर थाने में आरोपी चिकित्सक के खिलाफ गैर ईरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी चिकित्सक फरार बताया गया है।

आजमगढ़ कोतवाल, दरोगा, 2 सिपाहियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज आजमगढ़ के युवक को ट्रैक्टर से कुचलकर मारने का आरोप


 आजमगढ़ कोतवाल, दरोगा, 2 सिपाहियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज


आजमगढ़ के युवक को ट्रैक्टर से कुचलकर मारने का आरोप


आजमगढ़/सुलतानपुर के कादीपुर कोतवाली के एक दरोगा और तीन सिपाहियों पर युवक की हत्या का आरोप लगा है। देर रात चार घंटे तक कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के पटेल चौक पर परिवार वालों ने शव रखकर प्रदर्शन किया। अंत मे अपर पुलिस अधीक्षक द्वारा दोषी पुलिस कर्मियों पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की बात पर परिजन धरने से उठे। इस बीच कई थानो की फोर्स बुलाई गई थी।


आजमगढ़ के मेहनगर थाना अंतर्गत गोपालपुर निवासी अंकुश सिंह (20) पुत्र देवेंद्र सिंह कादीपुर कोतवाली के अटरा राईबीगो में जीजा हरिशंकर सिंह के घर पर रहता था। सोमवार रात वह ट्रैक्टर ट्राली पर लकड़ी लादकर ले जा रहा था। दरोगा अखिलेश सिंह, सिपाही जितेंद्र, दानिश व सुरेंद्र ने एक ट्रैक्टर एजेंसी के पास उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। ये लोग युवक को ट्रैक्टर कोतवाली ले जाने का दवाब बनाने लगे। युवक ने जाने से इनकार किया तो उसे साइड में ले जाकर दस हजार रू की मांग की।


युवक ने पैसे देने से मना किया तो पुलिस कर्मियों ने कहा कि कोतवाल का दबाव है कि ट्रैक्टर कोतवाली ले चलना पड़ेगा। इसके बाद ट्रैक्टर सिपाही दानिश ने चलाना शुरू किया और युवक अंकुश व लेवरों को बोनट पर बैठा दिया। आरोप है कि आगे गड्ढे वाली रोड पर सिपाही ने अंकुश को धक्का दिया वो बोनट से नीचे गिर गया। उसकी दबकर मौत हो गई। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और अंकुश को सीएचसी लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजनों ने हंगामा काटना शुरू कर दिया।


परिवार वाले शव को लेकर पटेल चौक पहुंचे, प्रदर्शन शुरू कर दिया। सीओ कादीपुर शिवम मिश्रा दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और परिवार वालों को समझाया लेकिन परिवार वाले आरोपी पुलिस कर्मियों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज करने की बात पर अड़ गये। फिर करौंदीकला, चांदा, लंभुआ, मोतिगरपुर, दोस्तपुर, अखंडनगर, जयसिंहपुर थाने की फोर्स बुलाई गई।


सोमवार रात एक बजे के बाद अपर पुलिस अधीक्षक विपुल श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिवार वालों को सुना और अंत में उन्हें आश्वस्त किया कि दोषी पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने मुकदमा कायम करने के लिये तहरीर मांगा। परिवार वालों ने दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ तहरीर दी. एएसपी ने बताया कि कादीपुर कोतवाली में ग़ैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें कोतवाल देवेंद्र सिंह, दरोगा अखिलेश सिंह, सिपाही दानिश, जितेंद्र नामजद किया गया है।

आजमगढ़ मुबारकपुर पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, एक फरार


 आजमगढ़ मुबारकपुर पुलिस मुठभेड़ में एक बदमाश घायल, एक फरार 


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ मुबारकपुर थाना पुलिस की सोमवार की रात करीब साढ़े आठ बजे दरियाबाद पुल पर बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। जिसमें एक बदमाश पुलिस की गोली से घायल हो गया तो वहीं उसका साथी मौके से भाग निकलने में सफल रहा। घायल बदमाश को पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस कांबिग कर रही है।


एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि मुबारकपुर थाना पुलिस ने सोमवार को एक मवेशी चोर को मोइनाबाद गांव स्थित स्कूल के पीछे दबिश देकर पकड़ा था। उसके पास से सात भैंस बरामद हुए थे तो वहीं मवेशी चोर के तीन अन्य साथी मौके से भाग निकले थे। जिनकी तलाश में पुलिस जुटी थी। रात लगभग साढ़े आठ बजे पुलिस को सूचना मिली कि दरियाबाद पुल से फरार मवेशी चोर एक बाइक से गुजरने वाले है। इस सूचना पर पुलिस टीम दरियाबाद पुल पर पहुंच कर घेराबंदी कर लिया। कुछ ही देर में एक बाइक सवार दो युवक आते हुए दिखायी दिए। पुलिस ने रूकने का इशारा किया तो बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस ने भी जवाबी कारवाई किया। जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश की पहचान सलीम पुत्र अकरम निवासी देवापार थाना कोतवाली जीयनपुर के रुप में की गई। उसे तत्कल इलाज के लिए सीएचसी मुबारकपुर पर भर्ती कराया गया। उसके पास से पुलिस ने तमंचा कारतूस व बाइक बरामद किया है। 


पूछताछ में घायल बदमाश ने अपने फरार साथी का नाम रईस निवासी खालिसपुर थाना कोतवाली जीयनपुर बताया। उसकी तलाश में पुलिस की कांबिंग जारी है।