Sunday, 9 October 2022

आजमगढ़ वनवासी समाज के 20 बच्चों की पढ़ाई को आजमगढ़ के पूर्व DM एनपी सिंह की संस्था की तरफ से मिलेगी पूर्ण आर्थिक मदद, सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने भी दिया मदद का भरोसा, 60 बच्चों में से होगा चयन


  आजमगढ़ वनवासी समाज के 20 बच्चों की पढ़ाई को आजमगढ़ के पूर्व DM एनपी सिंह की संस्था की तरफ से मिलेगी पूर्ण आर्थिक मदद, 


सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने भी दिया मदद का भरोसा, 60 बच्चों में से होगा चयन



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ रविवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान जाफरपुर आजमगढ़ पर जनपद आजमगढ़ के वनवासी वर्ग प्रतिभाशाली छात्र छात्राओं के शिक्षण के लिए चयन को लेकर परीक्षा आयोजित की गई। जिसमें आजमगढ़ के पूर्व जिला अधिकारी नागेंद्र प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में मिशन बिरसा मुंडा सेवा समिति के सदस्यों कमलेश बनवासी, मुसाफिर बनवासी, चंदन कुमार, नंद कुमार बनवासी, अभय कुमार बनवासी, गोविंद बनवासी एवं डायट संस्था के उप शिक्षा निदेशक प्राचार्य अमरनाथ राय के नेतृत्व में डायट संकाय टीम के सदस्य आशुतोष कुमार श्रीवास्तव प्रवक्ता, सतीश चंद्र यादव प्रवक्ता, पुनीत कुमार मौर्य प्रवक्ता, अभय राज निषाद प्रवक्ता की उपस्थिति में शुचिता पूर्ण परीक्षा संपन्न की गई तथा मूल्यांकन कार्य हुआ।



परीक्षा के बाद आजमगढ़ के सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने भी प्रतिभागी विद्यार्थियों से बातचीत की तथा बच्चों को उत्साहित और प्रेरित किया। इस कार्य की सराहना करते हुए समिति के सदस्यों एवं डायट संकाय सदस्यों को साधुवाद दिया। 


जानकारी के अनुसार इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जनपद आजमगढ़ के वनवासी प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन कर के उन्हें उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति दी जाए। वीर बिरसा मुंडा सोसाइटी की तरफ से वनवासी समाज, मुसहर समाज के गरीब बच्चों के लिए, छात्रवृत्ति एवं उनकी पढ़ाई लिखाई के लिए सहायता राशि के रूप में ₹20,000 प्रतिवर्ष की धनराशि पूर्व जिलाधिकारी नागेंद्र प्रताप सिंह द्वारा बच्चों को दी जाएगी।


 जिसके तहत आज डायट कार्यालय पर बच्चों की परीक्षाएं संपन्न कराई गई। इस दौरान 60 बच्चों ने परीक्षा दी। पूर्व डीएम ने बताया कि कक्षा 9, कक्षा 10, कक्षा 11, कक्षा 12 के 5-5 बच्चों का चयन किया जाएगा। इनकी शिक्षा का खर्च संस्थान उठाएगा। इसी प्रकार उनको उच्च शिक्षा के लिए भी संस्थान की तरफ से सहयोग किया जाएगा। इसके लिए आर्थिक मदद संस्थान की तरफ से तो दी जाएगी। इसके अलावा जन सहयोग भी लिया जाएगा सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ ने भी कहा कि वह इस नेक कार्य के लिए हमेशा आगे रहेंगे और जो भी सहयोग वनवासी समाज के लिए जरूरत होगी। वह उसके लिए हमेशा तत्पर रहेंगे।

फतेहपुर पुलिस हिरासत में मौत, इंस्‍पेक्‍टर समेत तीन सस्‍पेंड पांच दिन से थाने में पूछताछ कर रही थी पुलिस


 फतेहपुर पुलिस हिरासत में मौत, इंस्‍पेक्‍टर समेत तीन सस्‍पेंड


पांच दिन से थाने में पूछताछ कर रही थी पुलिस



उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में पुलिस हिरासत में एक युवक की मौत हो गई। युवक के परिवार ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिवार वालों के मुताबिक पुलिस ने युवक को 5 दिन पहले पकड़ा था। तबसे थाने पर रोककर उससे पूछताछ की जा रही थी। पूछताछ के दौरान लॉकप में युवक को थर्ड डिग्री दी गई जिसके चलते उसकी मौत हो गई। इस मामले में इंस्‍पेक्‍टर समेत तीन पुलिसकर्मियों को सस्‍पेंड कर दिया गया है।


मामला फतेहपुर के राधानगर थाने का है। युवक की शनिवार रात पुलिस हिरासत में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। युवक की मौत से पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। एसपी ने मामले में कार्रवाई करते हुए इंस्‍पेक्‍टर सहित तीन पुलिसवालों को सस्‍पेंड किया। साथ ही मजिस्ट्रियल जांच कराने के आदेश दिए हैं।


सदर कोतवाली पुलिस ने ललौली थाना क्षेत्र के कीर्तिखेड़ा गांव निवासी सत्येंद्र सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया था। राधा नगर थाना पुलिस ने आरोपी को पांच दिन पहले पकड़ा था। तभी से उससे पूछतांछ कर रही थी। बताया जा रहा है कि युवक के पास से 14 एटीएम कार्ड भी बरामद हुए थे। रविवार भोर युवक की हालत अचानक बिगड़ गई। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाने में युवक की मौत से महकमे में हड़कंप मच गया। युवक के परिजन पुलिस पर थर्ड डिग्री देकर प्रताड़ित करने का आरोप लगा रहे हैं।


एसपी राजेश कुमार सिंह ने लापरवाही बरतने के आरोप में प्रभारी निरीक्षक सुनील सिंह, एसआई विकास सिंह और कांस्टेबल देवेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया है। घटना की मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। एसपी ने बताया कि मृतक का पंचायत नामा मजिस्ट्रेट के द्वारा भरा जाएगा। पैनल बनाकर पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिसकी वीडियोग्राफी भी की जाएगी।

वाराणसी छात्राओं के कमरे में लगा था सीसीटीवी कैमरा, कपड़े बदलते वीडियो हो गया कैद


 वाराणसी छात्राओं के कमरे में लगा था सीसीटीवी कैमरा, कपड़े बदलते वीडियो हो गया कैद



वाराणसी में एक गेस्ट हाउस में छात्राओं के कमरे में सीसीटीवी कैमरा लगा होने के बाद हंगामा मचा है। छात्राओं की शिकायत पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो पाया कि कैमरा चालू है और छात्राओं का कपड़ा बदलते हुए वीडियो कैद हो चुका है। पुलिस ने सीसीटीवी का डीबीआर कब्जे में ले लिया है। गेस्ट हाउस के मैनेजर समेत दो लोगों को हिरासत में लेकर जांच पड़ताल चल रही है। छात्राएं एक ग्रुप के साथ कोलकाता से काशी घूमने आई थीं।


सूत्रो के अनुसार वाराणसी में कैंट रेलवे स्टेशन के सामने परेड कोठी में प्रदीप कुमार का जेपी गेस्ट हाउस है। गेस्ट हाउस की देखरेख मैनेजर राजेश कुमार करता है। कोलकाता से एक संस्था अपने साथ लड़कियों, छात्राओं को लेकर काशी घूमने आई है। इसी गेस्ट हाउस में डोरमेट्री बुक कराकर सभी रुके थे। रुकने के दौरान ही कमरे में सीसीटीवी कैमरा दिखा तो संस्था की मैनेजर ने रिसेप्शन पर पूछताछ की।


मैनेजर ने ठीक से जवाब नहीं दिया तो संस्था की मैनेजर ने पुलिस को सूचना दी। सिगरा थाने के रोडवेज चौकी प्रभारी आदित्य सिंह गेस्ट हाउस पहुंचे। सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर निकलवाकर थाने ले गये। जांच पड़ताल की तो शिकायत सही मिली। इसके बाद मुकदमा दर्ज कर दो लोगों को हिरासत में लिया है।

Saturday, 8 October 2022

आजमगढ़ रोजगार मेले में 3436 अभ्यर्थियों का हुआ चयन 38 कम्पनियों द्वारा 6841 बेरोजगार अभ्यर्थियों का किया गया साक्षात्कार सांसद निरहुआ द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को दिया गया नियुक्ति पत्र


 आजमगढ़ रोजगार मेले में 3436 अभ्यर्थियों का हुआ चयन


38 कम्पनियों द्वारा 6841 बेरोजगार अभ्यर्थियों का किया गया साक्षात्कार


सांसद निरहुआ द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को दिया गया नियुक्ति पत्र


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज के कुशल मार्गदर्शन में कौशल विकास मिशन, राजकीय आईटीआई आजमगढ़ एवं क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय आजमगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में वृहद रोजगार मेले का आयोजन डीएवी इण्टर कालेज आजमगढ़ मे आयोजित किया गया।


रोजगार मेले का शुभारंभ सांसद आजमगढ़ दिनेश लाल यादव (निरहुआ) एवं जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। रोजगार मेले निजी क्षेत्र की 38 कम्पनियों ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर रोजगार मेले में 6841 बेरोजगार अभ्यार्थियों ने साक्षात्कार दिया, जिसमें विभिन्न कंपनियों द्वारा 3436 अभ्यर्थियों को चयनित किया गया। सांसद एवं जिलाधिकारी द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को प्रतीकात्मक रूप से नियुक्ति पत्र दिया गया।


 मेले का सफल संचालन जिला समन्यवक कौशल विकास/ प्रर्थानाचार्य राजकीय आईटीआई आजमगढ़ अशोक कुमार, संयुक्त निदेशक प्रशिक्षण/प्रशिक्षु आजमगढ़ एसएन राम तथा सहायक निदेशक क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय आजमगढ़  वकील अहमद अंसारी द्वारा किया गया। मेले को सफल बनाने में सम्बन्धित संस्थानों के अवधेश कुमार,  रविन्द्र नाथ यादव, शिवकुमार, अजय कुमार उपाध्याय तथा सभी कर्मचारियों का सहयोग प्राप्त हुआ। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अनिल कुमार मिश्र, उपायुक्त उद्योग एसएस रावत सहित सम्बंधित अधिकारी एवं जन प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

आजमगढ़ सरायमीर आशनाई के चलते मारा गया था मो0 आसिफ अडिशनल एसपी राहुल रूचिया ने सरायमीर थाने मे प्रेस कांफ्रेस कर किया खुलासा। महिला समेत 3 गिरफ्तार

आजमगढ़ सरायमीर आशनाई के चलते मारा गया था मो0 आसिफ 

अडिशनल एसपी राहुल रूचिया
 ने सरायमीर थाने मे प्रेस कांफ्रेस कर किया खुलासा। महिला समेत 3 गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश आजमगढ़ निजामाबाद थाना क्षेत्र में बीते बुधवार को तमसा नदी में हत्या कर फेंके गए युवक के शव की बरामदगी के बाद घटना की छानबीन में जुटी सरायमीर पुलिस को शनिवार के दिन बड़ी कामयाबी हासिल हुई। पुलिस ने इस मामले में सरायमीर क्षेत्र के शेरवां ग्राम निवासी महिला समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में पुलिस को अभी एक आरोपी की तलाश है। मृतक की बहन से प्रेम प्रसंग का विरोध करने पर हत्यारोपियों ने घटना को अंजाम दिया था।


अडिशनल एसपी राहुल रूचिया ने 8 अक्टूबर 2022 को सरायमीर थाने मे प्रेस कांफ्रेस कर खुलासा किया की सरायमीर थाना क्षेत्र के शेरवां ग्राम निवासी मोहम्मद आसिफ पुत्र मोहम्मद अख्तर बीते तीन अक्टूबर की देर शाम घर से बाइक लेकर अपने ननिहाल जाने की बात कहकर निकला था लेकिन वहां नहीं पहुंचा। इस संबंध में आसिफ के पिता ने सरायमीर थाने में चार अक्टूबर को पुत्र की गुमशुदगी दर्ज कराई। बुधवार को निजामाबाद थाना क्षेत्र में लापता आसिफ का शव तमसा नदी से बरामद किया गया।

 मृतक पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया। घटना की विवेचना में पुलिस को जानकारी मिली कि शेरवां ग्राम निवासी शैफुर्हमान का मृतक आसिफ की बहन से प्रेम प्रसंग चल रहा था।इस बात का मृतक आसिफ व उसके परिवार वाले विरोध कर रहे थे। प्यार में बाधक बने आसिफ के परिवार को सबक सिखाने के लिए शैफुर्रहमान ने गांव के ही कुछ लोगों का सहयोग लिया और योजना के अनुसार मौका पाकर आरोपियों ने मोहम्मद आसिफ की हत्या कर शव को निजामाबाद क्षेत्र में तमसा नदी में फेंक दिया। साथ ही साक्ष्य छिपाने के लिए मृतक की बाइक को काटकर उसके पार्ट्स अलग कर दिए।

 सटीक तथ्य मिल जाने पर पुलिस ने इस घटना को कारित करने वाले लोगों में शामिल शेरवां ग्राम निवासी शैफुर्रहमान पुत्र अकरम, कामिल पुत्र मिस्टर तथा जरीना पत्नी सलाउद्दीन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मृतक की मोबाइल, बाइक के खुले पार्ट्स तथा घटना में प्रयुक्त आरोपियों के मोबाइल फोन भी बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस को अभी शेरवां ग्राम निवासी अरसलान पुत्र इम्तियाज की तलाश है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिए गए।

                                            

आजमगढ़ बरदह वायरल वीडियो के संबंध में तीनों आरोपी गिरफ्तार, गए जेल धर्म विशेष के बारे में अभद्र भाषा का प्रयोग कर वायरल वीडियो से लोगों में था भारी आक्रोश


 आजमगढ़ बरदह वायरल वीडियो के संबंध में तीनों आरोपी गिरफ्तार, गए जेल


धर्म विशेष के बारे में अभद्र भाषा का प्रयोग कर वायरल वीडियो से लोगों में था भारी आक्रोश




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ बरदह थाना क्षेत्र में धर्म विशेष के बारे में अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के संबंध में आरोपित तीन लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।


बरदह थाना क्षेत्र के रसूलपुर तुंगी गांव निवासी कुंदन गौतम पुत्र मुकदम गौतम,अंकित गौतम पुत्र हरिश्चंद्र गौतम, धीरज गौतम पुत्र संजय गौतम द्वारा तीन दिन पूर्व मां दुर्गा के बारे में अभद्र भाषा का प्रयोग करते एक वीडियो वायरल किया गया था। जिसे संज्ञान में लेते हुए भाजपा लालगंज किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष ज्योति प्रताप सिंह व बरदह मंडल अध्यक्ष बृजेश राय समेत सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता थाने पहुंचकर तीनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग किए। इस मामले में जिलाध्यक्ष ज्योति प्रताप सिंह के द्वारा लिखित तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस द्वारा विवेचना शुरू की गई।


शनिवार को क्षेत्र भ्रमण पर निकले उपनिरीक्षक सतीश यादव को सूचना मिली कि तीनों आरोपी दुबरा पुलिया के पास खड़े हैं और कहीं भागने की फिराक में वाहन का इंतजार कर रहे हैं। पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों आरोपी कुंदन गौतम, अंकित गौतम तथा धीरज गौतम को गिरफ्तार कर लिया गया।

सुलतानपुर चलती कार में इंजीनियरिंग की छात्रा का रेप नहर किनारे फेंककर बोलेरो सवार हुए फरार


 सुलतानपुर चलती कार में इंजीनियरिंग की छात्रा का रेप


नहर किनारे फेंककर बोलेरो सवार हुए फरार



उत्तर प्रदेश  के सुलतानपुर में जयसिंहपुर कोतवाली क्षेत्र में बीटेक छात्रा के साथ बोलेरो गाड़ी में रेप करके आरोपी ने उसे नहर किनारे फेंक दिया और फरार हो गया। पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुटी है। बताया जा रहा है कि सुलतानपुर जिले के जयसिंहपुर कोतवाली से जुड़े एक टेक्निकल इंस्टिट्यूट में पढ़ने वाली बीटेक छात्रा शुक्रवार शाम घर लौट रही थी जिस समय ये घटना हुई। जानकारी के मुताबिक लड़की घर जाने के लिए वाहन खोज रही थी। लेकिन अंधेरा होने पर उसे कोई वाहन नहीं मिल रहा था। इसी दौरान उसने एक बोलेरो वाहन से लिफ्ट मांगी। चालक ने छात्रा को बैठा लिया, रास्ते में उसके साथ रेप कर दिया। घटना के बाद छात्रा को नहर के किनारे फेंककर फरार हो गया। पीड़ित घर पहुंची और परिजनों को आपबीती सुनाई।


 शनिवार को जयसिंहपुर थाने पहुंचे परिजनों ने पुलिस को तहरीर दी और मुकदमा दर्ज करने की मांग की। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। पुलिस लिफ्ट लिए जाने के स्थान और फेंके जाने के स्थान के बारे में पूछताछ स्थानीय लोगों से कर रही है। प्रकरण क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर प्रशांत सिंह ने बताया कि बीती रात बारिश के दौरान घटना बताई जा रही है। घटनास्थल के आधार पर पूरे मामले में जांच पड़ताल की जा रही है। 


घटना से संबंधित साक्ष्य मिलने के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। प्रकरण को गंभीरता से लिया गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने लड़की को मेडिकल के लिए भेजा और मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आस-पास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाली जिससे गाड़ी और उसे चलाने वाले की जानकारी मिल सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द इसमें आरोपी पकड़े जाएंगे।