Thursday, 8 September 2022

आजमगढ़ दुष्कर्म आरोपी को अर्थदंड के साथ 10 साल की कारावास


 आजमगढ़ दुष्कर्म आरोपी को अर्थदंड के साथ 10 साल की कारावास



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जिला अदालत की कोर्ट नंबर दो में दुष्कर्म के मामले की सुनवाई करते हुए अदालत ने इस मामले में दोषी पाए गए आरोपी को दस हजार रुपए अर्थदंड के साथ ही दस साल कठोर कारावास की सजा सुनाई है।


अभियोजन कहानी के अनुसार सरायमीर थाना क्षेत्र के फरीदुनपुर गांव में विगत 22 अगस्त 2017 की रात वादी मुकदमा की 20 वर्षीय पुत्री के साथ हुई दुष्कर्म की घटना में शामिल आरोपी संजय पुत्र चंद्र धारी के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया। घटना की जांच कर पुलिस द्वारा आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किया गया जिला न्यायालय के कोर्ट नंबर दो में मामले की सुनवाई करते हुए विद्वान न्यायाधीश ने गवाहों के बयान के आधार पर आरोपी को दोषसिद्ध पाते हुए उसे 10 हजार रुपए जुर्माना के साथ 10 साल सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। जुर्माना अदा न करने की दशा में आरोपी को 3 माह अतिरिक्त कारावास की सजा भुगतनी होगी।

उत्तर प्रदेश में 11 आईपीएस अफसरों का हुआ तबादला कई पुलिस अधीक्षक किये गये इधर से उधर; यहां देखें पूरी लिस्ट


 उत्तर प्रदेश में 11 आईपीएस अफसरों का हुआ तबादला


कई पुलिस अधीक्षक किये गये इधर से उधर; यहां देखें पूरी लिस्ट


लखनऊ उत्तर प्रदेश में अधिकारियों के तबादलों का दौर अभी जारी है। यूपी में अब 11 आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इनमें प्रतीक्षारत रहे दो पुलिस अधीक्षकों को नई तैनाती दी गई है। डीजीपी मुख्यालय ने स्थानांतरण सूची जारी कर दी है। आईपीएस अधिकारियों की जारी तबादला सूची के अनुसार पुलिस महानिदेशक मुख्यालय लखनऊ से संबद्ध पूजा यादव को रेलवे लखनऊ का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है। 


प्रतीक्षारत पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार श्रीवास्तव को पुलिस अधीक्षक वीआईपी सुरक्षा लखनऊ बनाकर भेजा गया है।


प्रतीक्षारत पुलिस अधीक्षक शफीक अहमद को पुलिस अधीक्षक प्रशिक्षण लखनऊ पद पर तैनात किया गया है। इसी प्रकार पुलिस महानिदेशक मुख्यालय लखनऊ से संबद्ध पुलिस अधीक्षक अनीश अहमद अंसारी को पुलिस अधीक्षक मुख्यालय लखनऊ, पुलिस महानिदेशक मुख्यालय लखनऊ से संबद्ध पुलिस अधीक्षक राज कमल यादव को पुलिस अधीक्षक पीटीसी सीतापुर भेजा गया है।


 पुलिस महानिदेशक मुख्यालय लखनऊ से संबद्ध पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र शाक्य को पुलिस अधीक्षक विशेष अनुसंधान दल लखनऊ, पुलिस महानिदेशक मुख्यालय लखनऊ से संबद्ध पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह को पुलिस अधीक्षक तकनीकी सेवाएं लखवऊ बनाया गया है। पुलिस महानिदेशक मुख्यालय लखनऊ में पुलिस अधीक्षक पद पर तैनात शैलेश कुमार यादव को पुलिस महानिदेशक मुख्यालय लखनऊ में पुलिस अधीक्षक मावनाधिकार बनाया गया है। 


पुलिस महानिदेशक मुख्यालय लखनऊ में पुलिस अधीक्षक पद पर तैनात राधेश्याम को पुलिस महानिदेशक मुख्यालय लखनऊ में तैनात किया गया है। इसी प्रकार डीजीपी मुख्यालय में तैनात सुरेन्द्र बहादुर पुलिस अधीक्षक (लोक शिकायत), डीजीपी मुख्यालय और डीजीपी मुख्यालय में तैनात मु.नेजाम हसन पुलिस अधीक्षक नियम एवं ग्रंथ बनाया गया है।

भदोही बच्चा चोर समझकर महिला को किया निर्वस्त्र, पुलिस बोली- हमको कुछ नहीं पता


 भदोही बच्चा चोर समझकर महिला को किया निर्वस्त्र, पुलिस बोली- हमको कुछ नहीं पता



उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के एक गांव में मंगलवार की रात में सैकड़ों की संख्या में जुटे ग्रामीणों ने एक महिला को बच्चा चोर समझकर मारापीटा। इसके बाद अभद्रता करते हुए महिला को निर्वस्त्र कर दिया। बुधवार को इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना से गोपीगंज पुलिस ने अनभिज्ञता जाहिर की है।


नगर और ग्रामीण क्षेत्रों मे इन दिनों बच्चा चोरी की अफवाह तेजी से फैल रही है। इसी बात को लेकर आए दिन किसी न किसी गांव में बेकसूर लोगों की पिटाई कर दी जा रही है। वायरल वीडियो के बारे में बताया जा रहा है कि कोतवाली क्षेत्र के डोमनपुर गांव में अर्ध विक्षिप्त महिला मंगलवार की रात अचानक पहुंच गई और किसी के घर में घुसने का प्रयास किया।


इस पर परिवार वाले हो हल्ला मचाने लगे तो बड़ी संख्या मे  ग्रामीण जुट गए और महिला को पुरुष होने की आशंका जाहिर करते हुए उसका साड़ी खोलकर निर्वस्त्र कर दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जाता है कि महिला को पुलिस के हवाले भी कर दिया गया था। उक्त मामले में कोतवाल बृजेश सिंह ने इस प्रकार की घटना की जानकारी नहीं होने की बात कही है।

वाराणसी इंस्पेक्टर ने डीसीपी को मंथली घूस का पैकेट ऑफर किया पुलिस चौकी वसूली लिस्ट के बाद नया बवाल


 वाराणसी इंस्पेक्टर ने डीसीपी को मंथली घूस का पैकेट ऑफर किया


पुलिस चौकी वसूली लिस्ट के बाद नया बवाल


वाराणसी कमिश्नरेट पुलिस के एक थानेदार इंस्पेक्टर पर डीसीपी को रिश्वत देने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। थानेदार की तरफ से डीसीपी को मंथली घूस का ऑफर करते हुए एक पैकेट देने की कोशिश की गई। आईपीएस रैंक की अफसर डीसीपी की शिकायत के बाद कमिश्नर ने क्राइम मीटिंग के दौरान ही बुधवार को थाना प्रभारी को निलंबित कर दिया। एक हफ्ते के अंदर वाराणसी में पुलिस की कार्यप्रणाली पर दूसरी बार ऊंगली उठी है। इससे पहले चौक थाने की पियरी चौकी की वसूली लिस्ट वायरल हुई थी। कमिश्नर ने उसकी भी जांच एक अन्य डीसीपी को सौंपी है।


ताजा मामला जिले के सबसे पॉश थाना कहे जाने वाले सिगरा से जुड़ा है। वाराणसी का कैंट स्टेशन से लेकर व्यावसायिक केंद्र सिगरा थाने के अंतर्गत ही आते हैं। इस थाने पर तैनाती के लिए हमेशा से मारामारी मची रहती थी। इसी सिगरा थाने पर तैनात प्रभारी इंस्पेक्ट धनंजय पांडेय ने डीसीपी वरुणा जोन आरती सिंह को रिश्वत का ऑफर दे रहे थे। कहा जा रहा है कि इंस्पेक्टर धनंजय पांडेय डीसीपी को रिश्वत के रूप में मंथली कुछ देना चाहते थे। थाना प्रभारी डीसीपी के पास लिफाफे में रुपये भी लेकर पहुंचे थे।


डीसीपी ने इसकी शिकायत पुलिस कमिश्नर ए सतीश गणेश से की। इसके बाद बुधवार को क्राइम मीटिंग के दौरान ही इंस्पेक्टर को निलंबित करने का आदेश सुनाते हुए कमिश्नर ने उनके खिलाफ विभागीय जांच भी बैठा दी है।


धनंजय पांडेय इससे पहले भी अनियतता में ही लालपुर-पांडेयपुर थाने से निलंबित हुए थे। बहाली के बाद पुलिस लाइन में तैनात रहे। इसके बाद सिगरा थाना प्रभारी बनाये गये थे। इसी तरह एक विवेचना के प्रकरण में अनियमितता पाये जाने पर शिवपुर थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम को लाइनहाजिर कर दिया है।


एक ही दिन में दो थाना प्रभारियों पर कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। इसके पहले कमिश्नर ने भ्रष्टाचार के आरोप में कैंट के फुलवरिया चौकी प्रभारी रहे कृष्ण मोहन पासवान को भी भ्रष्टाचार के आरोप में निलंबित करने के साथ ही मुकदमा दर्ज कराया था।


धनंजय पांडेय के निलंबन के बाद राजू सिंह को सिगरा थाने का नया प्रभारी बनाया गया है। शिवपुर थाने में लालपुर-पांडेयपुर थाना प्रभारी रहे सतीश यादव को भेजा गया है। लालपुर-पांडेयपुर थाने के प्रभारी उपेंद्र सिंह बनाये गये हैं।

Wednesday, 7 September 2022

आजमगढ़ फूलपुर ससुराल के बाहर धरने पर बैठी विवाहिता दहेज के लिए प्रताड़ित करने व घर से निकालने का आरोप


 आजमगढ़ फूलपुर ससुराल के बाहर धरने पर बैठी विवाहिता


दहेज के लिए प्रताड़ित करने व घर से निकालने का आरोप



आजमगढ़ दहेज के पांच लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर ससुराल के लोगों ने विवाहिता को उसकी मासूम बच्ची के साथ घर से निकाल दिया है। वहीं पीड़िता अपनी बच्ची के साथ बुधवार को अपने ससुराल के दरवाजे पर धरने पर बैठ गई है। जबकि ससुराल के लोग घर में ताला बंद कर नदारद हैं। वहीं पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए विवाहिता को घर में प्रवेश कराया।


जानकारी के अनुसार कप्तानगंज निवासी ओमप्रकाश ने अपनी पुत्री रीना की शादी साल 2020 में फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के खुरासों गांव निवासी मिथलेश से की थी। कुछ एक साल सब कुछ ठीक-ठाक रहा। इस दौरान रीना ने एक पुत्री को जन्म दिया। रीना  ने आरोप लगाया कि 10 मार्च 2022 को दहेज की मांग को  लेकर सास, ससुर, जेठ-जेठानी और पति ने मारपीट कर घर से  निकाल दिया। 


फूलपुर कोतवाली में शिकायत करने पर ससुराल के लोग पुनः घर रख लिए। लेकिन इस दौरान तरह-तरह से प्रताड़ित करते थे। अगस्त 2022 में ससुराल के लोग दहेज की मांग को लेकर परेशान करने लगे और पुनः घर से निकाल दिए। पीड़िता ने बताया कि उसके ससुराल वालों ने कहा वह तभी लौटे, जब उसके मायके वाले उसे पांच लाख रुपए दें। कई बार यह क्रम चला दहेज की मांग करते हुए उसे घर से निकाल दिए। बुधवार को रीना अपने बच्ची को लेकर खुरासो गांव अपने ससुराल की दहलीज पर पहुंच धरने पर बैठ गई। वहीं ससुराल के लोग घर में ताला बंद कर फरार हो गए। कोतवाल अनिल सिंह ने बताया कि महिला मुकदमा नही लिखवाना चाहती सिर्फ घर के अंदर जाकर रहना चाह रही। कोतवाल ने बताया कि महिला को घर में प्रवेश करा दिया गया है।

आजमगढ़ 22 अपराधियों के विरुद्ध हुई गैंगस्टर की कार्रवाई पाबंद किए गए लोगों में जौनपुर एवं बिजनौर के भी बदमाश शामिल


 आजमगढ़ 22 अपराधियों के विरुद्ध हुई गैंगस्टर की कार्रवाई


पाबंद किए गए लोगों में जौनपुर एवं बिजनौर के भी बदमाश शामिल



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जनपद में अपराध व अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी अंकुश लगाए जाने के लिए पुलिस महकमे द्वारा चलाए जा रहे अभियान के क्रम में संगठित गिरोह बनाकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले 22 अपराधियों को चिन्हित कर जिला प्रशासन ने उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई की है। 


पाबंद किए गए लोगों में जनपद के अलावा जौनपुर एवं बिजनौर जिले के भी अपराधी शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से बुधवार को जारी सूचना के आधार पर गैंगस्टर एक्ट में पाबंद किए गए अपराधियों में लूट चोरी और मारपीट करने वाले गैंग में शामिल


मेंहनगर थाना क्षेत्र के गंजोर निवासी वीरेंद्र पासी पुत्र बैजनाथ,

 सिधारी थाना क्षेत्र के जाफरपुर निवासी प्रदीप सैनी पुत्र दिनेश व गेलवारा ग्राम निवासी अजय चौहान उर्फ पप्पू पुत्र रेखई,

 मेंहनगर थाना क्षेत्र के महादेव पारा निवासी राजन राम पुत्र राजेंद्र, 

सरायमीर क्षेत्र के संजरपुर निवासी आफताब अहमद पुत्र स्व0 समसुद्दीन तथा उमर पुत्र शमशाद शामिल हैं। 


इसी क्रम में लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले गैंग के सदस्यों में जौनपुर जिले के खुटहन थाना अंतर्गत मखदुमपुर निवासी मोहम्मद सुफियान पुत्र अब्दुल रहमान, पटैला ग्राम निवासी अब्दुल रहमान पुत्र लियाकत अली व जावेद उर्फ मोहम्मद समीर पुत्र मोहम्मद सुभान,

 सरपतहां थाना क्षेत्र के मदारपुर निवासी जावेद खान पुत्र अहमद अली, 

बक्सा थाना अंतर्गत धनियामऊ निवासी मतिउर्रहमान उर्फ शेख खान व हफीजुर्रहमान पुत्रगण अब्दुल मतीन, बदरुद्दीन रन्नो निवासी मोहिबुल्लाह पुत्र रीजूल तथा उसके पुत्रद्वय असहद व सोनू उर्फ फैसल 

तथा बदलापुर थाना क्षेत्र के बख्खोपुर निवासी याहिया खान उर्फ मंगल पुत्र इकबाल के साथ ही चोरी व लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के सरगना अनीस पुत्र यासीन निवासी ग्राम फरीदपुर (भोगनवाला) थाना कोतवाली नगर


 जिला बिजनौर तथा गैंग के सदस्यों में मोहम्मद जीशान पुत्र मोहम्मद हनीफ ग्राम हरी सिंह का भोगला थाना कोतवाली देहात, नफीस पुत्र यामीन ग्राम शादीपुर डल्ला थाना कोतवाली देहात, जीशान पुत्र नसीम व नाजिम पुत्र यामीन तथा यामीन पुत्र स्व० नजीर ग्राम पाडला थाना कीरतपुर जिला बिजनौर बताए गए हैं।

यूपी में फिर चला योगी का बुलडोजर प्रसपा नेता का गेस्ट हाउस बना मिट्टी का ढेर


 यूपी में फिर चला योगी का बुलडोजर


प्रसपा नेता का गेस्ट हाउस बना मिट्टी का ढेर



उत्तर प्रदेश में एक बार फिर अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला है। बुधवार को कानपुर में बर्रा बाईपास चौराहे पर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के नेता विनोद प्रजापति के गेस्ट हाउस दिव्यांशी गार्डेन को गिरा दिया गया।


 कानपुर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक ये गेस्ट हाउस विकास प्राधिकरण की जमीन पर कब्जा करके बनाया गया था। 2000 वर्ग गज से भी ज्यादा क्षेत्रफल में फैला विनोद प्रजापति का ये गेस्ट हाउस दिव्यांशी गार्डेन साल 2009 में बनाया गया था। बुधवार को केडीए उपाध्यक्ष अरविंद सिंह के निर्देश पर ओएसडी सत शुक्ला के नेतृत्व में गई टीम ने गेस्ट हाउस पर बुलडोजर चलाकर इसे मिनटों में ढहा दिया। कहा जा रहा है कि इसका नक्शा भी पास नहीं था। अधिकारियों का कहना है कि सरकारी जमीन पर कब्जा करने को लेकर विनोद प्रजापति पर अलग से कार्रवाई भी की जाएगी।


 अधिकारियों का कहना है कि इस मामले में विनोद प्रजापति के खिलाफ एफआईआर दर्ज होगी। सत शुक्ला ने इस दौरान कहा कि ऐसे अवैध निर्माण पर कार्रवाई होती रहेगी।


जानकारी के मुताबिक बर्रा के जूही कलां इलाके में हावई पर मौजूद प्रसपा नेता का ये गेस्ट हाउस बीस साल से चल रहा था। अधिकारियों का कहना है कि कई बार नोटिस दिए जाने के बाद भी जब कोई जवाब नहीं आया तो ध्वस्तीकरण का ये आदेश जारी किया गया। करीब दो साल पहले गेस्ट हाउस को सील भी किया गया था लेकिन आरोप है कि प्रसपा नेता ने सील तोड़कर दोबारा गेस्ट हाउस चालू कर दिया। प्रसपा नेता पर सरकारी जमीन कब्जा करने, सील तोड़ने और नियमों का उल्लंघन करने का आरोप है और अब धवस्तीकरण की कार्रवाई के साथ आरोपी नेता के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज करवाई जाएगी।