आजमगढ़ गंभीरपुर पेट्रोल पंप के पास पति-पत्नी और दो मासूम बच्चियों से मारपीट, जातिसूचक गाली देने का आरोप
बाइक में टक्कर के बाद विवाद बढ़ने का आरोप, परिवार के चारों सदस्य घायल; पुलिस कर रही मामले की जांच
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र में रोहुआ और गोमाडीह के बीच स्थित पेट्रोल पंप के समीप एक परिवार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। बाइक से ससुराल जा रहे पति-पत्नी और उनकी दो मासूम बच्चियों के साथ कथित तौर पर मारपीट की गई। पीड़ित परिवार ने बुलेट सवार व्यक्ति पर बाइक में टक्कर मारने, जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना में चारों लोग घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ऊबारपुर लखमीपुर गांव निवासी मुकेश कुमार अपनी पत्नी और दो बच्चियों के साथ बाइक से ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान रोहुआ और गोमाडीह के बीच पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रहे बुलेट सवार विवेकानंद राय पुत्र दिनेश राय, निवासी गोमाडीह की बाइक से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। मुकेश कुमार का आरोप है कि टक्कर के बाद बुलेट सवार ने उनके परिवार के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए लात-घूंसों से मारपीट की गई। आरोप है कि इस दौरान पति-पत्नी के साथ दोनों छोटी बच्चियों को भी चोटें आईं। पीड़ित ने आरोपी पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।
इस संबंध में गोसाई की बाजार पुलिस चौकी प्रभारी अश्वनी मिश्रा ने बताया कि महिला की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

No comments:
Post a Comment