Thursday, 22 October 2026

आजमगढ़ जीयनपुर पुलिस मुठभेड़, जानलेवा हमले का वांछित आरोपी घायल होकर गिरफ्तार अवैध तमंचा और 3 कारतूस बरामद, पुराने मुकदमे में सुलह न करने की रंजिश में 2 भाइयों पर हुआ था हमला


 आजमगढ़ जीयनपुर पुलिस मुठभेड़, जानलेवा हमले का वांछित आरोपी घायल होकर गिरफ्तार



अवैध तमंचा और 3 कारतूस बरामद, पुराने मुकदमे में सुलह न करने की रंजिश में 2 भाइयों पर हुआ था हमला



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के जीयनपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की सुबह पुलिस और वांछित अभियुक्त के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से जानलेवा हमले के मामले में वांछित आरोपी अंकित यादव घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए जिला अस्पताल, आजमगढ़ भेज दिया। उसके कब्जे से .315 बोर का एक अवैध देशी तमंचा, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, 19 अक्टूबर 2026 को रामप्रसाद यादव ने जीयनपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि पुराने मुकदमे में सुलह न करने की रंजिश को लेकर सत्यम यादव और अंकित यादव समेत 11 नामजद आरोपियों ने उन पर और उनके भाई प्रशान्त यादव पर हमला किया। आरोप है कि दोनों को मोटरसाइकिल से टक्कर मारकर गिराने के बाद लाठी-डंडों से पीटा गया, जिसमें रामप्रसाद यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। इस मामले में थाना जीयनपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था।


 पुलिस के मुताबिक, 22 अक्टूबर की सुबह करीब 3:38 बजे जीयनपुर पुलिस अम्मा आईमा मोड़ से धनछुला मार्ग पर पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों की जांच और वांछित अभियुक्तों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान अंकित यादव दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे घेरने का प्रयास किया तो आरोप है कि उसने पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें उसके बाएं पैर में गोली लग गई। घायल अभियुक्त की पहचान अंकित यादव पुत्र लक्ष्मीकान्त यादव, निवासी कटियारी, थाना घोसी, जनपद मऊ के रूप में हुई। उसे तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।


पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अंकित यादव ने बताया कि वह आजमगढ़ शहर में रहकर सेना में भर्ती की तैयारी कर रहा था। 19 अक्टूबर को सत्यम यादव के बुलाने पर वह चौको बाजार पहुंचा था, जहां पुराने मुकदमे में सुलह न करने की रंजिश को लेकर रामप्रसाद यादव और प्रशान्त यादव पर अन्य आरोपियों के साथ हमला किया गया था। घटना के बाद वह फरार हो गया था। 


पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ और अवैध असलहे की बरामदगी के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटनास्थल पर फील्ड यूनिट ने निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह, उपनिरीक्षक जाफर खां और जीयनपुर थाने की पुलिस टीम शामिल रही।

No comments:

Post a Comment