आजमगढ़ 4 सहायक शिक्षकों की नियुक्ति निरस्त, वेतन रिकवरी के निर्देश
बीटीसी परीक्षा 2019 में पास, जबकि भर्ती आवेदन के लिए 22 दिसंबर 2018 तक प्रशिक्षण अभिलेख होना था अनिवार्य
नोटिस का जवाब नहीं देने पर बीएसए ने नियुक्ति तिथि से सेवा शून्य घोषित की, कार्रवाई से मचा हड़कंप
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में 69 हजार सहायक शिक्षक भर्ती में शैक्षिक प्रशिक्षण अभिलेखों को लेकर बेसिक शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बेसिक शिक्षाधिकारी राजीव कुमार पाठक ने जनपद के अलग-अलग विद्यालयों में तैनात चार सहायक शिक्षकों की नियुक्तियां निरस्त करते हुए उनकी सेवाएं नियुक्ति तिथि से शून्य घोषित कर दी हैं। साथ ही अब तक किए गए वेतन भुगतान की रिकवरी के निर्देश भी जारी किए गए हैं। जिन शिक्षकों पर कार्रवाई हुई है, उनमें शिक्षा क्षेत्र पवई के प्राथमिक विद्यालय हमीरपुर में तैनात कालिका प्रसाद राय पुत्र उपेन्द्र राय, प्राथमिक विद्यालय बसहीं अशरफपुर में सहायक अध्यापिका कल्पना पाण्डेय पुत्री रामदुलार पाण्डेय, शिक्षा क्षेत्र बिलरियागंज के प्राथमिक विद्यालय शोधनपट्टी में सहायक अध्यापक अमरेश मिश्रा पुत्र विद्या सागर मिश्रा तथा शिक्षा क्षेत्र पल्हनी के प्राथमिक विद्यालय मखदूनपुर में तैनात सहायक अध्यापिका चन्द्रलेखा पाण्डेय पुत्री रामदत्त पाण्डेय शामिल हैं।
विभागीय जांच में सामने आया कि चारों अभ्यर्थियों ने बीटीसी द्वितीय वर्षीय पाठ्यक्रम के चतुर्थ सेमेस्टर की आंशिक परीक्षा वर्ष 2019 में उत्तीर्ण की थी। वहीं 69 हजार सहायक शिक्षक भर्ती के लिए निर्धारित पात्रता के अनुसार अभ्यर्थी के शिक्षण-प्रशिक्षण संबंधी अभिलेख 22 दिसंबर 2018 तक उपलब्ध होना अनिवार्य था। इस आधार पर विभाग ने उनकी नियुक्ति की वैधता पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच की। मामला संज्ञान में आने के बाद बीएसए कार्यालय की ओर से संबंधित शिक्षकों से 5 जून 2025 और दोबारा 6 जुलाई 2026 को स्पष्टीकरण मांगा गया। विभाग के अनुसार, निर्धारित समय में चारों शिक्षकों की ओर से स्पष्टीकरण का कोई जवाब नहीं दिया गया। स्पष्टीकरण प्राप्त नहीं होने के बाद सचिव, उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद प्रयागराज के निर्देशों और हाईकोर्ट के आदेशों के अनुपालन में बीएसए ने चारों शिक्षकों की नियुक्ति को उनकी नियुक्ति तिथि से ही शून्य घोषित करते हुए निरस्त कर दिया। इसके साथ ही वित्त एवं लेखाधिकारी, बेसिक शिक्षा आजमगढ़ तथा संबंधित खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि चारों शिक्षकों को अब तक किए गए वेतन भुगतान की रिकवरी की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बीएसए राजीव कुमार पाठक ने कहा कि जांच में मामला सामने आने के बाद संबंधित सहायक शिक्षकों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया। मामले का परीक्षण करने के बाद चारों की नियुक्ति तिथि से सेवा समाप्त करते हुए अब तक जारी वेतन की रिकवरी के निर्देश दिए गए हैं।

No comments:
Post a Comment