Sunday, 4 January 2026

आजमगढ़ जीयनपुर गौशालाएं भी सुरक्षित नहीं, पारनकुंडा गौशाला में तस्करी की बड़ी कोशिश रात में पिकअप लेकर घुसे गौ तस्कर, पुलिस की भनक लगते ही फरार सुरक्षा व्यवस्था नदारद, सीडीओ–एडीएम समेत आला अधिकारियों ने किया निरीक्षण

आजमगढ़ जीयनपुर गौशालाएं भी सुरक्षित नहीं, पारनकुंडा गौशाला में तस्करी की बड़ी कोशिश



रात में पिकअप लेकर घुसे गौ तस्कर, पुलिस की भनक लगते ही फरार


सुरक्षा व्यवस्था नदारद, सीडीओ–एडीएम समेत आला अधिकारियों ने किया निरीक्षण



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में गांवों में पशु चोरी के बाद अब गौ तस्करों ने सीधे गौशालाओं को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। सुरक्षित मानी जाने वाली गौशालाएं भी तस्करों के लिए आसान लक्ष्य बनती जा रही हैं। ऐसा ही एक गंभीर मामला जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अजमतगढ़ विकासखंड अंतर्गत पारनकुंडा गौशाला में सामने आया, जहां बीती रात गौ तस्करों ने गौवंश तस्करी की बड़ी कोशिश की।


 प्राप्त जानकारी के अनुसार, देर रात करीब 12 बजे तस्कर एक पिकअप वाहन से गौशाला परिसर में घुसे और गौवंश को ले जाने की तैयारी करने लगे। इसी बीच मऊ जनपद की पुलिस को संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिल गई। पुलिस के गौशाला पहुंचने की भनक लगते ही तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मौके पर खड़ी पिकअप गाड़ी में तीन गौवंश लदे मिले, जबकि एक दर्जन से अधिक गौवंश को बांधकर रखा गया था। घटना के समय गौशाला पर न तो कोई कर्मचारी मौजूद था और न ही कोई सुरक्षा व्यवस्था, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। शोरगुल सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ग्राम प्रधान पारनकुंडा को सूचना दी। प्रधान द्वारा तत्काल लाटघाट पुलिस चौकी को अवगत कराया गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी एवं ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घटना की जानकारी एसडीएम सगड़ी को दी गई।


 रविवार सुबह एसडीएम सगड़ी नायब तहसीलदार के साथ मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही मुख्य विकास अधिकारी परीक्षित खटाना, अपर जिलाधिकारी प्रशासन राहुल विश्वकर्मा एवं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी मुकेश गुप्ता ने भी गौशाला का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि गौशाला पर केवल पप्पू शाही नामक एक व्यक्ति ही निवासरत था। अधिकारियों ने इस गंभीर लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पशु चिकित्सक ओमप्रकाश आनंद ने बताया कि वर्तमान में गौशाला में कुल 90 गौवंश सुरक्षित हैं। वहीं जीयनपुर पुलिस पिकअप वाहन के आधार पर गौ तस्करों की तलाश में जुटी है और शीघ्र ही मामले के खुलासे की उम्मीद जताई जा रही है।


https://www.news9up.com/2026/01/blog-post_5.html

 

आजमगढ़ बरदह चारपाई पर खून से लथपथ मिला बुजुर्ग का शव, मचा हड़कंप जमीन विवाद की चर्चा, पुलिस प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक से मौत की जता रही आशंका, पीएम रिपोर्ट का इंतजार


 आजमगढ़ बरदह चारपाई पर खून से लथपथ मिला बुजुर्ग का शव, मचा हड़कंप



जमीन विवाद की चर्चा, पुलिस प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक से मौत की जता रही आशंका, पीएम रिपोर्ट का इंतजार


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के बरदह थाना क्षेत्र के राजेपुर पसीका गांव में शनिवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव निवासी 75 वर्षीय रामआसरे राय पुत्र दूधनाथ का शव उनके घर में चारपाई पर खून से लथपथ अवस्था में मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों के अनुसार रामआसरे राय शुक्रवार रात भोजन करने के बाद घर के सामने बने कमरे में सोने चले गए थे। शनिवार सुबह जब परिजन उन्हें जगाने पहुंचे, तो चारपाई पर उनका शव खून से सना हुआ मिला, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। 


स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतक का जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इस संबंध में वह कई बार स्थानीय थाने में तहरीर भी दे चुके थे, जिसके चलते घटना को लेकर गांव में तरह-तरह की चचार्एं हो रही हैं। मृतक के तीन पुत्र हैं—अजीत राय, सुजीत राय और विदित राय। इनमें से सुजीत राय और विदित राय अपने परिवार के साथ गुजरात में निजी कार्य करते हैं, जबकि अजीत राय परिवार सहित गांव में ही रहते हैं। परिजनों ने यह भी बताया कि रामआसरे राय को हार्ट की बीमारी थी और उनका इलाज चल रहा था। 


इस संबंध में थानाध्यक्ष बरदह राजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत हार्ट अटैक से प्रतीत हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी और उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़ रौनापार महिला की छवि धूमिल करने वाला शातिर अभियुक्त लखनऊ से गिरफ्तार नाम बदलकर छिपा था आरोपी, फर्जी आधार कार्ड, मोबाइल फोन और डिजिटल साक्ष्य बरामद


 आजमगढ़ रौनापार महिला की छवि धूमिल करने वाला शातिर अभियुक्त लखनऊ से गिरफ्तार


नाम बदलकर छिपा था आरोपी, फर्जी आधार कार्ड, मोबाइल फोन और डिजिटल साक्ष्य बरामद


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन एवं अपर पुलिस अधीक्षक यातायात/नोडल अधिकारी साइबर क्राइम के पर्यवेक्षण में थाना रौनापार पुलिस एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने सोशल मीडिया अपराध के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। अभियुक्त महिला की सामाजिक छवि को धूमिल करने के अपराध में संलिप्त था।


अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि एक महिला द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर थाना रौनापार में अभियोग पंजीकृत कर विवेचना प्रारम्भ की गई। जांच के दौरान सामने आया कि अभियुक्त ने योजनाबद्ध तरीके से साइबर माध्यम का दुरुपयोग कर महिला की सामाजिक प्रतिष्ठा को गंभीर क्षति पहुँचाने का प्रयास किया। साइबर सेल द्वारा तकनीकी विश्लेषण, डिजिटल साक्ष्य संकलन एवं सर्विलांस के आधार पर अभियुक्त की लोकेशन ट्रेस की गई। इसके बाद 03 जनवरी को सुबह लगभग 06:10 बजे सरोजनी नगर क्षेत्र, जनपद लखनऊ से अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के दौरान उसके कब्जे से अपराध में प्रयुक्त एक स्मार्ट मोबाइल फोन, नाम बदलकर उपयोग किया गया फर्जी आधार कार्ड तथा सोशल मीडिया अकाउंट से संबंधित डिजिटल डेटा बरामद किया गया।


 पूछताछ में खुलासा हुआ कि अभियुक्त का वास्तविक नाम शादाब उर्फ शाहिद खान पुत्र असलम है, जो जनपद आजमगढ़ का निवासी है। पुलिस से बचने के उद्देश्य से उसने फर्जी आधार कार्ड बनवाकर अपना नाम अभिषेक पुत्र राजेश रावत रख लिया था और लखनऊ में छिपकर रह रहा था। पुलिस के अनुसार अभियुक्त ने पीड़िता की वास्तविक फोटो प्राप्त कर उसे डिजिटल रूप से एडिट किया और फर्जी सोशल मीडिया आईडी के माध्यम से प्रसारित किया। साथ ही पीड़िता एवं उसके परिजनों को लगातार डराने-धमकाने का कार्य भी किया गया, जिससे पीड़िता मानसिक रूप से प्रताड़ित रही। इस संबंध में थाना रौनापार पर अभियोग पंजीकृत कर अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।

Saturday, 3 January 2026

आजमगढ़ गंभीरपुर सड़क हादसे में पिता-पुत्री की मौत, परिवार में मचा कोहराम दवा लेने जाते समय कोटिला बाजार के मोड़ पर ट्रक से टकराई बाइक


 आजमगढ़ गंभीरपुर सड़क हादसे में पिता-पुत्री की मौत, परिवार में मचा कोहराम



दवा लेने जाते समय कोटिला बाजार के मोड़ पर ट्रक से टकराई बाइक



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के थाना क्षेत्र अंतर्गत कोटिला बाजार में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार पिता और उनकी छह वर्षीय पुत्री की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब परिवार दवा लेने के लिए जिला मुख्यालय जा रहा था। मृतकों की पहचान अहियाई गांव निवासी प्रमोद चौहान (35 वर्ष) और उनकी बेटी सान्वी चौहान (6 वर्ष) के रूप में हुई है। 


बताया गया कि प्रमोद चौहान अपनी पत्नी सीमा चौहान और बेटी सान्वी के साथ बाइक से जिला मुख्यालय की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक कोटिला बाजार के आवक मोड़ पर पहुंची, तभी वह एक ट्रक की चपेट में आ गई। दुर्घटना में सान्वी चौहान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रमोद चौहान को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद से मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Friday, 2 January 2026

आजमगढ़ मेहनाजपुर हत्याकांड का 24 घंटे के अंदर पुलिस ने किया खुलासा मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से हुआ घायल


 आजमगढ़ मेहनाजपुर हत्याकांड का 24 घंटे के अंदर पुलिस ने किया खुलासा



मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से हुआ घायल



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में मेहनाजपुर थाना क्षेत्र में पुलिस और 31 दिसंबर 2025 की रात हुई अखिलेश सोनकर हत्याकांड के वांछित आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। चेकिंग के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में आत्मरक्षा में की गई कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया। 


मिली जानकारी के अनुसार, मेहनाजपुर थाने की पुलिस मानिकपुर मोड़ पर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। तभी हत्याकांड में वांछित आरोपी वरुण यादव उर्फ शेरू पुलिस को देखकर भागने लगा। खुद को घिरता देख उसने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और वह वहीं गिर पड़ा। 


गिरफ्तार आरोपी की पहचान जौनपुर जिले के चंदवक थाना क्षेत्र के उचहुआ गांव निवासी वरुण यादव उर्फ शेरू के रूप में हुई है। थाना प्रभारी मनीष पाल ने बताया कि 31 दिसंबर 2025 की रात वरुण यादव ने अपने साथियों के साथ मिलकर अखिलेश सोनकर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद से वह फरार था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मात्र 24 घंटे के अंदर हत्याकांड का खुलासा किया और मुख्य आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

https://www.news9up.com/2026/01/blog-post.html


https://www.news9up.com/2026/01/12-25.html

आजमगढ़ शहर कोतवाली, युवक का संदिग्ध हालात में शव मिलने से हड़कंप शरीर पर चोट के निशान, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका


 आजमगढ़ शहर कोतवाली, युवक का संदिग्ध हालात में शव मिलने से हड़कंप


शरीर पर चोट के निशान, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र के मोजरापुर गांव स्थित पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की सर्विस लेन पर शुक्रवार की सुबह एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके की जांच-पड़ताल कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान मोजरापुर गांव निवासी 26 वर्षीय सत्यम यादव के रूप में हुई है। 


परिजनों के अनुसार सत्यम घर पर रहकर अपने भाइयों के साथ रेलवे भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहा था। रोज की तरह शुक्रवार की भोर करीब चार बजे वह शौच के लिए घर से निकला था, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटा। करीब छह बजे किसी राहगीर ने सत्यम को सड़क किनारे अचेत अवस्था में पड़े देखा और इसकी सूचना परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 


परिजनों का आरोप है कि सत्यम के सिर और पीठ पर चोट के निशान थे, साथ ही उसका एक पैर भी टूटा हुआ था, जिससे उन्हें हत्या की आशंका है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस बावत शहर कोतवाली प्रभारी ने बताया कि प्रथमदृष्टया घटना मार्ग दुर्घटना प्रतीत हो रही है, परिजनों की तरफ से अभी कोई तहरीर नहीं प्राप्त हुई है, शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

आजमगढ़ कंधरापुर विवाहिता की संदिग्ध परिस्थतियों में हुई मौत घर के कमरे में मिला शव, मायके पक्ष पहुंचा गांव, 4 साल की बेटी को छोड़ गई मां


 आजमगढ़ कंधरापुर विवाहिता की संदिग्ध परिस्थतियों में हुई मौत



घर के कमरे में मिला शव, मायके पक्ष पहुंचा गांव, 4 साल की बेटी को छोड़ गई मां



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के कंधरापुर थाना क्षेत्र के भैसौड़ा गांव में शुक्रवार को उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब एक युवा विवाहिता का शव घर के कमरे में पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम छा गया। 


मृतका की पहचान खुशबू सरोज (लगभग 24 वर्ष) पत्नी चंदन सरोज के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार खुशबू का शव घर के कमरे में मिला, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे कंधरापुर थाने के उप निरीक्षक प्रमोद मद्धेशिया पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया। बताया गया कि मृतका का मायका मेहनगर थाना क्षेत्र के धरनीपुर गांव में है। घटना की जानकारी मिलते ही मायके पक्ष के लोग भी भैसौड़ा गांव पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 


जानकारी के अनुसार खुशबू का परिवार दिल्ली में रहता था और वह कुछ दिन पहले ही अपने पति के साथ गांव आई थी। इस घटना का सबसे मार्मिक पहलू यह है कि खुशबू अपने पीछे चार साल की मासूम बेटी को छोड़ गई है। अचानक हुई इस घटना से परिवार पूरी तरह सदमे में है और बच्ची की हालत देखकर गांव के लोग भी भावुक हो उठे। फिलहाल विवाहिता की मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। गांव में हर कोई स्तब्ध है और लोग इस दुखद घटना को लेकर तरह-तरह की चचार्एं कर रहे हैं।