Monday, 23 February 2026

आजमगढ़ मुबारकपुर कुत्तों के हमले से 60 भेड़ों की मौत, दर्जन भर अधिक घायल अहाते में दर्जनभर कुत्तों ने बोला हमला, पशुपालक को लाखों का नुकसान


 आजमगढ़ मुबारकपुर कुत्तों के हमले से 60 भेड़ों की मौत, दर्जन भर अधिक घायल



अहाते में दर्जनभर कुत्तों ने बोला हमला, पशुपालक को लाखों का नुकसान


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बरडीहा उर्फ गड़ेरूआ में सोमवार की देर रात लगभग दो बजे बड़ा हादसा हो गया। सुनसान पड़े एक अहाते में ठहराई गई भेड़ों के झुंड पर दर्जनभर कुत्तों ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में करीब 60 भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दर्जनभर से अधिक भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं। पशुपालक के अनुसार लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। 


जानकारी के मुताबिक अतरडीहा निवासी महातम पाल पुत्र राम लखन भेड़ पालन का व्यवसाय करते हैं। वह सोमवार को अपनी भेड़ों को चराने के लिए बरडीहा क्षेत्र में ले गए थे। रात में सभी भेड़ों को एक अहाते में ठहराया गया था। इसी दौरान देर रात अचानक कई कुत्तों ने झुंड पर हमला कर दिया। कुत्तों के हमले से भेड़ों में भगदड़ मच गई और जब तक आसपास के लोग बचाव के लिए पहुंचते, तब तक 60 भेड़ों की मौत हो चुकी थी। बताया जा रहा है कि दर्जनभर भेड़ें गंभीर रूप से घायल हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पशुपालक महातम पाल ने घटना से हुए नुकसान पर गहरा दुख जताया है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

आजमगढ़/जौनपुर प्रेमिका की शादी रुकवाने के लिए दी थी न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी वीपीएन व प्रॉक्सी सर्वर से बनाई करीब 50 फर्जी ई-मेल आईडी, एटीएस ने किया गिरफ्तार

आजमगढ़/जौनपुर प्रेमिका की शादी रुकवाने के लिए दी थी न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी


वीपीएन व प्रॉक्सी सर्वर से बनाई करीब 50 फर्जी ई-मेल आईडी, एटीएस ने किया गिरफ्तार



उत्तर प्रदेश, आजमगढ़/जौनपुर, उत्तर प्रदेश एटीएस ने जौनपुर न्यायालय परिसर और पुलिस लाइन गेट को बम से उड़ाने की धमकी देने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान विशाल रंजन के रूप में हुई है, जो आजमगढ़ जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र के बक्शपुर गांव का निवासी बताया गया है। एटीएस के अनुसार 17 फरवरी 2026 को जिला जज के सरकारी ई-मेल आईडी पर पांच अलग-अलग फर्जी आईडी से धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। इन ई-मेल में एक लाख रुपये की मांग की गई थी और रकम न देने पर न्यायालय परिसर व पुलिस लाइन गेट को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी।


 शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। तकनीकी सर्विलांस और साइबर जांच के आधार पर एटीएस टीम को विशाल रंजन तक पहुंचने में सफलता मिली। टीम ने आजमगढ़ के सिधारी क्षेत्र स्थित उसके किराए के मकान पर छापा मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कमरे से पांच मोबाइल फोन और एक लैपटॉप बरामद किए गए। मोबाइल और लैपटॉप की जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने वीपीएन और प्रॉक्सी सर्वर का इस्तेमाल कर लगभग 50 फर्जी ई-मेल आईडी बनाई थीं। इन्हीं में से पांच आईडी से 17 फरवरी 2026 को धमकी भरे संदेश भेजे गए थे। जांच में यह भी सामने आया कि उसने आजमगढ़ रोडवेज डिपो को भी बम से उड़ाने का मैसेज तैयार किया था, जिसे वह परिवहन निगम की ई-मेल पर भेजने की तैयारी में था।


 पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह एक युवती से प्रेम करता था, जिसकी शादी जौनपुर में तय हो गई थी। शादी रुकवाने के लिए उसने युवती के मंगेतर के नाम से फर्जी सोशल मीडिया आईडी बनाकर आपत्तिजनक पोस्ट भी डाली थी। बाद में पंचायत में उसे माफी मांगनी पड़ी थी। इसी रंजिश में उसने बदला लेने की नीयत से युवती के मंगेतर और उसके गांव के कुछ युवकों के नाम से फर्जी ई-मेल आईडी बनाकर धमकी भरे संदेश भेजे, ताकि वे कानूनी कार्रवाई में फंस जाएं। एटीएस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।

 

Sunday, 22 February 2026

आजमगढ़ जेल में बंद हत्या के आरोपित की संदिग्ध मौत परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, अस्पताल के बाहर किया हंगामा


 आजमगढ़ जेल में बंद हत्या के आरोपित की संदिग्ध मौत


परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, अस्पताल के बाहर किया हंगामा


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तमपुर गांव निवासी 36 वर्षीय उग्रसेन सिंह, जो हत्या के आरोप में जिला जेल में निरुद्ध था, की रविवार देर शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए और जेल प्रशासन पर लापरवाही व हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे।


 जेलर आनंद कुमार शुक्ला के अनुसार, उग्रसेन सिंह सुबह तक सामान्य था और उसने नियमित रूप से भोजन भी किया था। शाम के समय अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और ब्लड प्रेशर काफी नीचे चला गया। स्थिति गंभीर होने पर उसे पहले जेल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार दिया गया। हालत में सुधार न होने पर उसे तत्काल जिला अस्पताल रेफर किया गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन प्रयासों के बावजूद देर शाम उसकी मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही परिजन और गांव के लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने जेल पुलिस पर मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। स्थिति को देखते हुए अस्पताल प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर भारी मात्रा में पुलिस फोर्स पहुंच गई।


 जेल प्रशासन का कहना है कि प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण अचानक स्वास्थ्य खराब होना प्रतीत हो रहा है। हालांकि, परिजनों के आरोपों को देखते हुए मामले की जांच की बात कही जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। पुलिस और जेल प्रशासन ने कहा है कि मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़ बरदह, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के धन गबन में अभियुक्त गिरफ्तार 5 लाख रुपये की धनराशि में ₹1.36 लाख से अधिक के गबन का आरोप, मुकदमा दर्ज


 आजमगढ़ बरदह, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के धन गबन में अभियुक्त गिरफ्तार


5 लाख रुपये की धनराशि में ₹1.36 लाख से अधिक के गबन का आरोप, मुकदमा दर्ज


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के थाना बरदह पुलिस ने राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (आरकेवीवाई) के अंतर्गत प्राप्त सरकारी धनराशि में गबन के आरोप में एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार योजना के तहत प्राप्त ₹5,00,000 की धनराशि में से ₹1,36,274.84 के गबन की शिकायत दर्ज कराई गई थी। इस संबंध में सहायक विकास अधिकारी सौरभ कुमार पुत्र स्वर्गीय राजेन्द्र प्रसाद, निवासी मुस्तफाबाद थाना बक्सा जनपद जौनपुर द्वारा प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया गया था कि योजना की धनराशि में अनियमितता की गई है। शिकायत के आधार पर थाना बरदह में दिनांक 28 दिसंबर 2025 को मु0अ0सं0 409/2025 अंतर्गत धारा 316(5), के तहत अशोक कुमार गुप्ता पुत्र स्वर्गीय कन्हैया लाल गुप्ता निवासी ग्राम अबुसईदपुर थाना गम्भीरपुर जनपद आजमगढ़ के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया था। 


पुलिस के मुताबिक 22 फरवरी 2026 को उपनिरीक्षक पुनीत कुमार श्रीवास्तव मय हमराह टीम के साथ अभियुक्त को उसके घर ग्राम अबुसईदपुर से सुबह लगभग 10 बजे गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में हेड कांस्टेबल पवन कुमार यादव भी शामिल रहे। पुलिस द्वारा बताया गया कि अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अभिलेखों के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध इसी प्रकरण से संबंधित एक मामला दर्ज है।

आजमगढ़ सिधारी पहली शादी छिपाकर रचा रहा था दूसरा विवाह, पुलिस ने दूल्हे को थाने पहुंचाया सीएम कार्यालय में ऑनलाइन शिकायत के बाद सिधारी पुलिस ने रोकी शादी पहले से शादीशुदा था युवक, प्रेम विवाह का भी खुलासा

आजमगढ़ सिधारी पहली शादी छिपाकर रचा रहा था दूसरा विवाह, पुलिस ने दूल्हे को थाने पहुंचाया


सीएम कार्यालय में ऑनलाइन शिकायत के बाद सिधारी पुलिस ने रोकी शादी


पहले से शादीशुदा था युवक, प्रेम विवाह का भी खुलासा



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के सिधारी थाना क्षेत्र में एक वैवाहिक समारोह उस समय अफरा-तफरी में बदल गया, जब द्वारपूजा की रस्म के बाद पुलिस ने दूल्हे को हिरासत में लेकर थाने पहुंचा दिया। बताया जा रहा है कि दूल्हा अपनी पहली शादी की जानकारी छिपाकर दूसरी शादी रचा रहा था। इसी बीच उसकी पहली पत्नी ने मुख्यमंत्री कार्यालय में ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा दी। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर विवाह की रस्में रुकवा दीं।


 जानकारी के अनुसार मौर्य परिवार का युवक पहले से शादीशुदा है और उसने पूर्व में प्रेम विवाह किया था। आरोप है कि युवक और उसके परिजनों ने यह तथ्य दुल्हन पक्ष से छिपाया। शादी की आधी से अधिक रस्में पूरी हो चुकी थीं, तभी पुलिस ने हस्तक्षेप किया। दूल्हे को उसके परिजनों सहित थाने ले जाया गया, जिससे दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति बन गई।


 बताया जा रहा है कि युवक वाराणसी नगर निगम में संविदा कर्मचारी है और साथ ही डिजिटल क्रिएटर के रूप में भी कार्य करता है। दुल्हन पक्ष ने शादी में हुए खर्च की भरपाई की मांग की। इसी मुद्दे पर थाने में करीब 12 घंटे से अधिक समय तक पंचायत चलती रही। अंततः दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से समझौता हो गया। सिधारी थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्ष किसी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते थे, इसलिए आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया गया है। फिलहाल पुलिस ने शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है।

 

Saturday, 21 February 2026

उत्तर प्रदेश के इस इकलौते आईपीएस ने नहीं दिया संपत्ति का ब्योरा संपत्ति ब्योरे पर सदन में संग्राम, सपा के आरोपों पर सरकार का कड़ा जवाब


 उत्तर प्रदेश के इस इकलौते आईपीएस ने नहीं दिया संपत्ति का ब्योरा



संपत्ति ब्योरे पर सदन में संग्राम, सपा के आरोपों पर सरकार का कड़ा जवाब


लखनऊ, उत्तर प्रदेश विधानसभा में शुक्रवार को प्रश्नप्रहर के दौरान उस समय तीखी बहस छिड़ गई, जब समाजवादी पार्टी ने आईएएस और आईपीएस अधिकारियों की संपत्तियों के ब्योरे को लेकर सरकार को घेर लिया। विपक्ष ने नौकरशाही पर पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाए, जिस पर सत्ता पक्ष की ओर से विस्तृत जवाब दिया गया। सदन में संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश कैडर के लगभग सभी आईपीएस अधिकारियों ने निर्धारित समयसीमा के भीतर अपनी चल-अचल संपत्ति का विवरण शासन को उपलब्ध करा दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्ष 2019 से निलंबित चल रहे आईपीएस अधिकारी जसवीर सिंह ही ऐसे इकलौते अधिकारी हैं, जिन्होंने अब तक अपनी अचल संपत्ति का विवरण जमा नहीं किया है। उनके अलावा प्रदेश के सभी आईएएस अधिकारियों ने भी अपना ब्योरा शासन के पोर्टल पर दर्ज करा दिया है।


 चर्चा के दौरान सपा विधायक रविदास मेहरोत्रा ने भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए आरोप लगाया कि बड़ी संख्या में आईएएस, आईपीएस और पीसीएस अधिकारी संपत्ति का खुलासा करने से बचते हैं क्योंकि वे भ्रष्टाचार में संलिप्त हैं। उन्होंने पूरी नौकरशाही की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए। विधायक के बयान पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि बिना ठोस प्रमाण के सभी अधिकारियों को सामूहिक रूप से भ्रष्ट कहना अनुचित है और सदन की गरिमा के विपरीत है। अध्यक्ष ने विपक्षी सदस्य को टोकते हुए कहा कि यदि किसी विशिष्ट अधिकारी के विरुद्ध तथ्य या प्रमाण हैं तो केवल उसी पर चर्चा की जाए, पूरी व्यवस्था पर लांछन लगाना उचित नहीं है। संपत्ति के ब्योरे को लेकर हुई इस बहस ने सदन का माहौल कुछ समय के लिए गरमा दिया, हालांकि बाद में कार्यवाही सामान्य रूप से आगे बढ़ी।

आजमगढ़ महाराजगंज तेज रफ्तार गन्ना लदे ट्रैक्टर की टक्कर से युवती की मौत बासथान मोड़ पर हुआ दर्दनाक हादसा, ट्रॉली के पहिये से कुचलने से मौके पर गई जान


 आजमगढ़ महाराजगंज तेज रफ्तार गन्ना लदे ट्रैक्टर की टक्कर से युवती की मौत



बासथान मोड़ पर हुआ दर्दनाक हादसा, ट्रॉली के पहिये से कुचलने से मौके पर गई जान



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के महाराजगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत महाराजगंज बिलरियागंज मार्ग पर स्थित बासथान मोड़ के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार गन्ना लदे ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवती की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।


 प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शोभा पुत्री शिवबचन अपने चचेरे भाई के साथ मोटरसाइकिल से बिलरियागंज से महाराजगंज की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे गन्ना लदे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि युवती असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ी और ट्रॉली के पहिये की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रैक्टर और मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद मृतका के चचेरे भाई का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं परिजनों में भी शोक की लहर दौड़ गई है। 


कोतवाली प्रभारी महाराजगंज केदार नाथ मौर्या ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इधर, क्षेत्रीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।