Saturday, 21 October 2023

आजमगढ़ अतरौलिया संदिग्ध परिस्थितियों में 2 मासूम बच्चों की हुई मौत एक साथ 2 बच्चों की मौत से गांव में छाया मातम


 आजमगढ़ अतरौलिया संदिग्ध परिस्थितियों में 2 मासूम बच्चों की हुई मौत


एक साथ 2 बच्चों की मौत से गांव में छाया मातम



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ अतरौलिया थाना अंतर्गत रामपुर खास निवासी स्व0 गोविंद दयाल का पुत्र अभय निषाद उम्र 9 वर्ष तथा पुत्री सोनाक्षी 11 वर्ष की संदिग्ध परिस्थितियों मौत हो गई। घटना से पूरे परिवार में मातम छा गया। बीती शाम को अभय निषाद 11 वर्ष की तबीयत कुछ खराब हुई और सिर में दर्द तथा सांस लेने में दिक्कत होने लगी, जिसे लेकर परिजन नजदीकी अस्पताल पहुँचे जहां डॉक्टरों ने स्थिति को गंभीर देखते हुए हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। परिजनों द्वारा उसे लेकर रामनगर एक प्राइवेट अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टरों ने अभय निषाद को मृत घोषित कर दिया। 


वहीं बच्चे की मौत से रोते बिलखते परिजन जब सुबह बेटे के शव को लेकर घर पहुंचे तो उसकी बहन सोनाक्षी जो सोयी हुई थी परिजन उसे जगाने लगे, जब काफी देर तक जगाने पर जब सोनाक्षी नहीं उठी तो परिजन उसे भी लेकर अस्पताल गए जहां डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना अतरौलिया थाने को दी। मौके पर थाना प्रभारी अतरौलिया पहुंचे और परिजनों की तहरीर पर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दो बच्चों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत पर पूरे घर और गांव में कोहराम मच गया। 


परिजनों ने बताया कि बच्चे शाम को बासी भोजन का सेवन किए थे जिसकी वजह से उनकी तबीयत खराब हुई। बच्चों के पिता गोविंद दयाल पहले ही मर चुके हैं वहीं माता मनीषा निषाद का रो-रो कर बुरा हाल था।

मुरादाबाद महिला से अवैध संबंध में बिक गई 26 बीघा जमीन ज्यादा तंग करने लगी तो प्रेमी ने उतार दिया मौत के घाट


 मुरादाबाद महिला से अवैध संबंध में बिक गई 26 बीघा जमीन



ज्यादा तंग करने लगी तो प्रेमी ने उतार दिया मौत के घाट



उत्तर प्रदेश मुरादाबाद के भोजपुर के रानी नांगल के जंगल में दो दिन पहले महिला की गला रेतकर की गई हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने महिला के प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पुलिस पूछताछ में कबूला है कि महिला उसे ब्लैकमेल कर रकम वसूलती थी। वह 26 बीघा जमीन बेचकर महिला पर खर्च कर चुका था। अब उसके पास कुछ भी नहीं बचा था। बावजूद इसके महिला दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी दे रही थी। एसपी देहात संदीप कुमार मीना ने बताया कि भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव रानी नागल में बुधवार को महिला का गर्दन कटा शव मिला था। मृतका की पहचान भगतपुर क्षेत्र के एक गांव निवासी 48 वर्षीय महिला के रूप में हुई थी।



महिला के पति ने भगतपुर के जाहिदपुर सीकमपुर निवासी मुन्तयाज और उसके साथी के खिलाफ केस दर्ज कराया था। पुलिस की जांच पड़ताल और कॉल डिटेल के जरिए मुन्तयाज की भूमिका सामने आई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की। उसने पहले पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की। इसके बाद उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि महिला से उसके लंबे समय से अवैध संबंध थे। वह अब तक 26 बीघा जमीन बेच चुका है। महिला उसे ब्लैकमेल कर रही थी। रकम न देने पर दुष्कर्म के केस में फंसाने की धमकी देती थी। इसकी भनक आरोपी की पत्नी और बेटे को भी हो गई थी। जिसे लेकर घर में आए दिन विवाद होता था।


आरोपी ने बताया कि वह महिला को रास्ते से हटाना चाहता था। उसने देखा कि 18 अक्तूबर की सुबह के समय महिला घर से दवा लेने के लिए निकली थी। इसके बाद आरोपी उसके पीछे आ गया था। सुबह करीब दस बजे वह भोजपुर में महिला से मिला और उसे रानी नांगल के जंगल में स्थित मजार पर चलने को कहा। महिला उसके साथ चलने को तैयार हो गई थी। तब उन्होंने 100 रुपये में ई-रिक्शा बुक किया। मजार से पहले ही आरोपी और महिला ई-रिक्शा से उतर गए थे। इसके बाद आरोपी महिला को गन्ने के खेत में ले गया और चाकू से हमला कर उसकी हत्या करने के बाद वहां से भाग गया था। पुलिस ने आरोपी से चाकू और अन्य सामान बरामद कर लिया है। शुक्रवार शाम पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया

उत्तर प्रदेश के 6 अफसरों पर सीएम योगी का एक्शन एक को किया बर्खास्त, 3 सस्पेंड, 2 पर मुकदमा


 उत्तर प्रदेश के 6 अफसरों पर सीएम योगी का एक्शन



एक को किया बर्खास्त, 3 सस्पेंड, 2 पर मुकदमा दर्ज



लखनऊ उत्तर प्रदेश के छह चकबंदी अफसरों पर सीएम योगी ने बड़ी कार्रवाई की है। सीएम योगी ने बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी बलिया अनिल कुमार व बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी सीतापुर सन्तोष कुमार को निलंबित कर दिया गया है। इन दोनों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने की सिफारिश शासन को भेजी गयी है। इसके अलावा एक अफसर को बर्खास्त कर दिया गया, जबकि दो के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। चकबंदी आयुक्त जी.एस.नवीन कुमार ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया चकबन्दी अधिकारी मऊ अशफाक आलम अन्सारी को मानक के अनुसार कार्य न करने एवं शिथिलता बरतने के कारण निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू की गई है। तत्कालीन चकबन्दी अधिकारी सम्प्रति सहायक चकबन्दी अधिकारी कामता प्रसाद को जनपद सिद्धार्थनगर के ग्राम गढावर में शासकीय भूमि को क्षति पहुंचाने के कारण विभागीय कार्रवाई की गई और आरोप सिद्ध हो जाने की दशा में उन्हें बर्खास्त कर दिया गया। 


इसी तरह चकबन्दी अधिकारी अलीगढ़ बृजेश कुमार शर्मा व चकबन्दी अधिकारी महराजगंज ऐश मुहम्मद को चकबन्दी क्रियाओं के दौरान गम्भीर अनियमितता करने के कारण उनके विरुद्ध संबंधित जनपदों में प्रथम सूचना प्रतिवेदन भी अंकित कराया गया है। मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार चकबन्दी विभाग को पारदर्शी तथा जन सामान्य के प्रति उत्तरदायी बनाने के उद्देश्य से चकबन्दी प्रक्रिया में गुणात्मक सुधार के मद्देनज़र अपर मुख्य सचिव राजस्व, उत्तर प्रदेश शासन व चकबन्दी आयुक्त के समक्ष गुरुवार को प्रस्तुतीकरण किया गया। इसमें निर्णय लेते हुए अपर मुख्य सचिव राजस्व ने निर्देश दिए कि चकबन्दी प्रक्रिया को पूरी तरह से कम्प्यूटरीकृत करते हुए इसके लिए कार्यदायी संस्था को चयनित किया जाए। साथ ही कम समय में पूरी पारदर्शिता एवं जन सहभागीदारी के साथ चकबन्दी कार्य पूर्ण किया जाए। वर्तमान में चकबन्दी क्रियाओं में अपनाये जाने वाली प्रक्रिया को सहज, सरल व प्रक्रिया को न्यूनतम कर इसकी कमियों को दूर किया जाए। 


उन्होंने निर्देश दिए कि चकबन्दी कियाओं में व्याप्त व्यापक त्रुटियों/कमियों तकनीकी सहायकता के माध्यम से दूर कर सभी आकड़ों एवं भू-चित्र को ऑनलाइन उपलब्ध कराया जाए। चकबन्दी आयुक्त ने कहा कि इन कार्य के लिए इच्छुक कंपनियों को आमन्त्रित करते हुए उनके विचार ई-टेण्डर के माध्यम से नवीनतम तकनीक जैसे एआई / एमएल / ब्लाक चेन / ड्रोन रोवर आधारित सर्वेक्षण के आधार पर प्राप्त किया जाए और उसके आधार पर टेस्टिंग के रूप में एक-एक ग्राम आवंटित किया जाए। यह कार्य अपनी पूर्णावस्था में आ चुके हैं और सभी बिन्दुओं पर कार्य प्रारम्भ हो चुका है। अब चकबन्दी प्रक्रिया में लगने वाला समय तीन से पांच वर्ष से घट कर एक से डेढ़ वर्ष में होगा। चकबंदी आयुक्त ने बताया कि इस दौरान चकबन्दी कार्यों की निरन्तर समीक्षा एवं अनुश्रवण से यह स्थिति स्पष्ट हुई कि अधिकारी व कर्मचारी चकबन्दी कार्यों में शिथिलता बरत रहे हैं और उनके द्वारा मानक के अनुसार कार्य नहीं किया जा रहा है।

Friday, 20 October 2023

आजमगढ़ जिला मजिस्ट्रेट ने 10 अपराधियों को किया जिलाबदर सक्रिय अपराधियों पर गुण्डा अधिनियम के तहत की गई कार्यवाही


 आजमगढ़ जिला मजिस्ट्रेट ने 10 अपराधियों को किया जिलाबदर



सक्रिय अपराधियों पर गुण्डा अधिनियम के तहत की गई कार्यवाही


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य द्वारा शुक्रवार को गोवध, दुष्कर्म, लूट, छेड़खानी जैसे आपराधिक कृत्यो में सक्रिय अपराधियों पर गुण्डा अधिनियम के अन्तर्गत कार्यवाही की गयी है। पाबंद किए गए अपराधियों की भेजी गई जांच आख्या रिपोर्ट के आधार पर जिला मजिस्ट्रेट विशाल भारद्वाज ने चिन्हित किए गए दस अपराधियों को छह माह के लिए जिलाबदर कर दिया।


 जिलाबदर किए गए अपराधियों में बब्बन सिंह ग्राम कबूतरा थाना तरवां, औरंगजेब ग्राम सोनबुजुर्ग थाना रौनापार, तालिम उर्फ तालिब उर्फ छोटू ग्राम पीठापुर थाना अहरौला, अशहद निवासी कस्बा माहुल थाना अहरौला, मानसिंह यादव ग्राम टहर किशुनदेवपुर थाना कप्तानगंज, प्रवीण राय उर्फ बन्टू ग्राम कोठिहार थाना तहबरपुर,अबू हमजा ग्राम कुरियांवा थाना सरायमीर, संदीप ग्राम बखरा थाना सरायमीर, मानकचन्द ग्राम बखरा थाना सरायमीर तथा अनिल ग्राम पूनापोखर थाना सरायमीर के निवासी हैं।

आजमगढ़ मेंहनगर नदी में उतराया मिला कंकाल आधार कार्ड व कपड़े से हुई पहचान 10 अक्टूबर को हुआ था लापता, ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका


 आजमगढ़ मेंहनगर नदी में उतराया मिला कंकाल


आधार कार्ड व कपड़े से हुई पहचान


10 अक्टूबर को हुआ था लापता, ग्रामीणों ने जताई हत्या की आशंका



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ मेंहनगर थाना क्षेत्र के मंगई नदी में कंकाल मिलने से सनसनी फैल गयी। कंकाल मिलने की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। मौके पर पहुची पुलिस ने कंकाल को बाहर निकलवाया। उसके कपड़े और पाकेट में मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान की गई। ग्रामीणों ने हत्या की आशंका व्यक्त की है।


आज शुक्रवार की दोपहर करीब साढ़े बारह बजे थाना क्षेत्र के मुहम्मदपुर नियामतपुर गांव के समीप मंगई नदी में ग्रामीणों ने एक कंकाल उतराया हुआ देखा। ग्राम प्रधान राहुल यादव ने इसकी सूचना मेंहनगर थाना प्रभारी को दी। सूचना पाकर मेंहनगर पुलिस घटनास्थल पर पहुँची। ग्रामीणों के सहयोग से कंकाल बाहर निकाला गया। मृतक के पहने लोवर से आधार कार्ड, मोबाइल सहित नगदी पाया गया। आधार कार्ड व पहने कपड़े के आधार पर मृतक की पहचान थाना क्षेत्र के बलेलपुर निवासी 36 वर्षीय संजय यादव पुत्र स्व0 रामू यादव के रूप में की गई। वह 10 अक्टूबर को शाम घर से बाजार के लिए साइकिल से निकला था लेकिन घर वापस नहीं आया, परिजनों ने काफी खोजबीन किया लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल सका। 


मृतका की मां चम्पा देवी ने थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। मृतक के पत्नी अनुपमा देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। मृतक के दो पुत्री अनन्या 5 वर्ष, तन्नवी 3 वर्ष, कार्तिकेय 2 वर्ष हैं। मृतक के भाई सतीश यादव ने अज्ञात के विरुद्ध तहरीर दी है। इस बाबत थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि कंकाल को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही कर पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया गया है, कंकाल का डीएनए टेस्ट के बाद ही शव किसका है यह स्पष्ट हो सकेगा। पोस्टमार्टम के आधार पर घटना की विवेचना की जायेगी।

आजमगढ़ श्री राम की आरती के साथ गंभीरपुर की ऐतिहासिक श्री रामलीला शुरु नारद मोह के मंचन बंदर रुप ने लोगों को खूब हंसाया


 आजमगढ़ श्री राम की आरती के साथ गंभीरपुर की ऐतिहासिक श्री रामलीला शुरु


नारद मोह के मंचन बंदर रुप ने लोगों को खूब हंसाया 



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ गंभीरपुर में होने वाली श्रीरामलीला की शुरुआत बृहस्पतिवार की रात श्री राम की आरती और शिव पार्वती संवाद,नारद मोह के मंचन से हुआ। मंचन में नारद के बंदर रुप ने लोगों को लोट-पोट कर दिया।स्थानीय कलाकारों की जीवंत प्रस्तुतियों की दर्शकों ने तालियों से सराहाना की। बीच-बीच में भगवान श्रीराम के लग रहे जयकारों से वातावरण श्रीराममय हो गया था।   


 श्रीरामलीला समिति गंभीरपुर के तत्वावधान में आयोजित रामलीला का शुभारंभ बृहस्पतिवार की शाम आठ बजे हर वर्ष की भांति इस वर्ष में ग्राम प्रधान संतोष कुमार द्वारा फीता काटकर मंच का उद्घाटन किया गया उसके उपरांत श्री राम जी का माल्यार्पण कर ग्राम प्रधान द्वारा आरती की गई। उसके उपरांत रामलीला समिति के अध्यक्ष विजय गुप्ता द्वारा ग्राम प्रधान समेत सभी मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।



 मंचन के क्रम में नारद के घमंड को तोडऩे के लिए श्री विष्णु भगवान ने नारद को बंदर का रुप देते हैं। इसके बाद नारद श्रीनगर के राजा की पुत्री से शादी करने जाते हैं। राजा के दरबार में बंदर के रुप को देख लोग खूब हंसते हैं। इसी बीच शंकर जी के भेजे गए दो गणों ने नारद को उनका बंदर वाला चेहरा दिखाते हैं। अपने इस रुप को देख नारद क्रोधित हो जाते हैं और वहां से चले जाते हैं। साथ ही नारद दोनों गणों को श्राप देते हैं कि जाओं तुम दोनों राक्षस बन जाओगे। मंचन के दौरान नारद के बंदर के रुप को देख दर्शक हंसते-हंसते लोट-पोट हो जाते हैं। 

इस मौके पर समाजसेवी वीरेंद्र पाठक, इंद्रेश प्रताप राय, शशिकांत उपाध्याय उर्फ़ डब्लू मास्टर, हरिशंकर प्रसाद ओमप्रकाश ठठेर, संजय गुप्ता, अनिल चौरसिया,श्याम सुंदर सिंह, पद्माकर मिश्रा,  करुणाकर मिश्रा, अंकित चतुर्वेदी, अनिल दत्त मिश्रा, चेतनारायण चौहान,सुरेंद्र गौड़ समेत अन्य लोग उपस्थित रहें।



आजमगढ़ गंभीरपुर से राहुल पांडेय की रिपोर्ट

बिजनौर दरोगा की गंदी करतूत: होटल में बदली नीयत महिला से कर डाली यह डिमांड


 बिजनौर दरोगा की गंदी करतूत: होटल में बदली नीयत


महिला से कर डाली यह डिमांड



उत्तर प्रदेश बिजनौर में दरोगा की बदनियति का शिकार होते-होते बाल बाल बची पीड़िता को केस दर्ज कराने के लिए खूब जद्दोजहद करनी पड़ी। एडीजी के आदेश पर पीड़िता के ससुरालियों के खिलाफ मामला दर्ज हुआ, जिसके विवेचक ने अब महिला को गंभीर धारा बनाए रखने के लिए अनैतिक ऑफर कर डाला। कस्बा झालू की रहने वाली एक युवती को दिल्ली निवासी शुऐब ने अपने प्रेम जाल में फंसाया। जिसने युवती को देहरादून और मसूरी ले जाकर शारीरिक संबंध बनाए। बाद में आरोपी ने निकाह भी कर लिया। निकाह के बाद आरोपी ने तलाक देकर बातें करना बंद कर दिया।


उधर, ससुरालयों ने दहेज की मांग की। दहेज उत्पीड़न से तंग आकर पीड़िता ने रिपोर्ट दर्ज कराने का प्रयास किया। तमाम कोशिशों के बाद एडीजी के आदेश पर थाना हल्दौर में 12 सितंबर को दहेज एक्ट, तीन तलाक, दुष्कर्म और गर्भपात जैसी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया। यह केस दर्ज हुआ तो विवेचना की जिम्मेदारी झालू चौकी प्रभारी धर्मेंद्र गौतम को मिली। आरोप है कि केस में विवेचना के लिए दरोगा ने मसूरी के एक होटल में पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पीड़िता भी अपनी एक दोस्त को लेकर वहां पहुंची। दोनों ही दरोगा की कार मैं बैठकर मसूरी गईं।


 होटल में मुआयना करने के साथ ही दरोगा की नियत भी बदल गई। देहरादून तक आते-आते दारोगा ने धारा बनाए रखने के लिए पीड़िता को अनैतिक ऑफर किया। सिर्फ इतना ही नहीं पीड़िता के साथ-साथ किसी महिला दोस्त को भी संग लाने के लिए दरोगा ने दबाव बनाया। हालांकि पीड़िता ने विवेचक की बदनियति को भांप लिया। वहीं, महिला किसी तरह अपने चाचा के घर पहुंच गई। लेकिन दरोगा के फोन ने पीछा नहीं छोड़ा। देर रात दरोगा ने कॉल करके अपनी पेशकश रख दी। जिसे महिला ने रिकॉर्ड कर लिया। यह रिकॉर्डिंग अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। दरोगा ने महिला से कुछ समय उसके संग गुजारने की पेशकश की। महिला का आरोप था कि दरोगा ने उसके साथ अश्लील बातें कीं और बार-बार रात में संग रुकने के लिए दबाव बनाया।