Tuesday, 8 September 2026

आजमगढ़ सरायमीर श्रीराम-जानकी मंदिर में चोरी का खुलासा, अंतर्जनपदीय शातिर अभियुक्ता गिरफ्तार गर्भगृह से मुकुट, नथुनी और नकदी चोरी करने का आरोप, निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद


 आजमगढ़ सरायमीर श्रीराम-जानकी मंदिर में चोरी का खुलासा, अंतर्जनपदीय शातिर अभियुक्ता गिरफ्तार


गर्भगृह से मुकुट, नथुनी और नकदी चोरी करने का आरोप, निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के सरायमीर थाना क्षेत्र के नई बाजार स्थित श्रीराम-जानकी मंदिर में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक अंतर्जनपदीय शातिर अभियुक्ता को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मंदिर से चोरी किया गया चांदी का मुकुट, पीली धातु की नथुनी और 403 रुपये नकद बरामद किए हैं। 


पुलिस के अनुसार, पांच सितंबर को दोपहर करीब 2:38 से 2:45 बजे के बीच अभियुक्ता मुख्य द्वार से मंदिर में दाखिल हुई और रामदरबार व दुर्गा माता के गर्भगृह में पहुंचकर वहां रखे सामान और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। चोरी के बाद सामान को झाड़ियों में छिपा दिया गया था। घटना के संबंध में छह सितंबर को थाना सरायमीर में मुकदमा अपराध संख्या 227/2026, धारा 305(D) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने आठ सितंबर को अभियुक्ता को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद होने के बाद मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। बरामद सामान में एक सफेद धातु का चिपटा मुकुट, एक पीली धातु की नथुनी, जिसमें सफेद व काला नग लगा है, तथा 403 रुपये नकद शामिल हैं। 


पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्ता के खिलाफ जौनपुर और अंबेडकरनगर जिले के विभिन्न थानों में चोरी, चोरी के माल से संबंधित अपराध और आबकारी अधिनियम के तहत कुल सात मुकदमे पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल धीरज मिश्रा, कांस्टेबल आलोक सिंह और महिला कांस्टेबल संजू सिंह, थाना सरायमीर शामिल रहे। पुलिस ने अभियुक्ता के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

No comments:

Post a Comment