कौशांबी थाने के गेट पर महिला सिपाही की गोली लगने से मौत
पहरा ड्यूटी के दौरान चली गोली; आत्महत्या या हादसा, अभी स्पष्ट नहीं
उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में मंगलवार सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। महिला थाना के गेट पर पहरा ड्यूटी में तैनात महिला सिपाही प्रियंका यादव की गोली लगने से मौत हो गई। गोली उसके गले को चीरते हुए सिर से निकल गई। गोली चलने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे साथी पुलिसकर्मियों ने उसे खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा देखा। आनन-फानन में उसे मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक सत्यनारायण , डीएसपी सौरभ सामंत समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से मिले साक्ष्यों को सुरक्षित करने के साथ ही थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है। बताया गया कि प्रियंका यादव महिला थाना में पहरा ड्यूटी पर तैनात थी। मंगलवार सुबह अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर साथी पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो प्रियंका गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिली। उसके पास सरकारी राइफल मौजूद थी।
डीएसपी के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि महिला आरक्षी ने खुद को गोली मारी अथवा राइफल से अचानक फायर हुआ। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटनास्थल और सीसीटीवी फुटेज की जांच के साथ ही ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मियों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने महिला सिपाही के कमरे की भी तलाशी ली, लेकिन वहां से फिलहाल कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही गोली चलने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। प्रियंका यादव ने पिछले वर्ष ही पुलिस बल में भर्ती होकर सेवा शुरू की थी। घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।

No comments:
Post a Comment