Sunday, 28 January 2024

आजमगढ़ सगड़ी लेखपाल, कानूनगो समेत 7 पर मुकदमा दर्ज खारिज दाखिल के बावजूद पूर्व में बैनामा की गई जमीन की कूटरचना कर दूसरे व्यक्ति को किया बैनामा


 आजमगढ़ सगड़ी लेखपाल, कानूनगो समेत 7 पर मुकदमा दर्ज


खारिज दाखिल के बावजूद पूर्व में बैनामा की गई जमीन की कूटरचना कर दूसरे व्यक्ति को किया बैनामा



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ बिलरियागंज थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पूर्व में बैनामा की गई जमीन की कूटरचना कर दूसरे व्यक्ति को बैनामा कर दिया। इतना ही नहीं, दाखिल खारिज होने के बाद भी उसने खतौनी में अपना नाम पुन: दर्ज करा लिया था।


जानकारी होने पर पहले बैनामा लेने वाले ने तत्कालीन लेखपाल, कानूनगो के अलावा जमीन की दूसरी बार बिक्री करने वाले और खरीद करने वाले समेत कुल सात लोगों के खिलाफ जीयनपुर कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 38/2024 धोखाधड़ी और फर्जीवाड़ा का मुकदमा दर्ज कराया।


बिलरियागंज थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर गांव निवासी जहीर ने 27 सितंबर 2012 को अपनी जमीन का बैनामा रिजवान, तौफीक, मतीन व अजीज को कर दिया। दाखिल खारिज होने के साथ ही बैनामा लेने वाले उक्त भूमि पर काबिज भी हैं। इस बीच जहीर ने तत्कालीन लेखपाल व कानूनगो से मिलीभगत कर और कूटरचना कर अपना नाम खतौनी में पुन: दर्ज करा लिया, जो तत्कालीन हल्का लेखपाल की साजिश और तत्कालीन राजस्व निरीक्षक संतराज के आदेश पर हुआ।


इसके बाद उसने पूर्व में बेची जा चुकी जमीन का दूसरा बैनामा 23 दिसंबर 2023 को सुल्ताना शहीन, आयशा व रोकिया के नाम कर दिया। जानकारी होने पर पहले बैनामेदार रिजवान ने इसकी शिकायत तहसील में की। जांच में आरोप सही साबित होने पर रिजवान ने तत्कालीन लेखपाल, कानूनगो के साथ ही जहीर, आयशा, रोकिया, सुल्ताना शाहीन के साथ एक अज्ञात गवाह के खिलाफ जीयनपुर कोतवाली में मुकदमा पंजीकृत कराया। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।


एसडीएम सगड़ी अतुल गुप्ता ने बताया कि पुराना मामला है। शिकायत पर हुई जांच में आरोप सही साबित हुए हैं। इसके आधार पर पीड़ित ने जीयनपुर कोतवाली में तत्कालीन लेखपाल, कानूनगो समेत सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।

आजमगढ़ पुलिस लाइन में बड़ाखाना कार्यक्रम में पुलिस कर्मियों का हुआ सम्मान पुलिस कर्मियों को अधिकारियों ने परोसा भोजन सराहनीय कार्य के लिए 280 अधिकारी/कर्मचारी गण हुए पुरस्कृत


 


आजमगढ़ पुलिस लाइन में बड़ाखाना कार्यक्रम में पुलिस कर्मियों का हुआ सम्मान

पुलिस कर्मियों को अधिकारियों ने परोसा भोजन

सराहनीय कार्य के लिए 280 अधिकारी/कर्मचारी गण हुए पुरस्कृत


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ की पुलिस लाइन में बड़ाखाना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ अनुराग आर्य, अपर पुलिस अधीक्षक नगर शैलेन्द्र लाल, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात संजय कुमार, सहायक पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल व अन्य अधिकारीगणों ने अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ बैठकर खाना खाया।

बड़ाखाना पुलिस विभाग की एक परंपरा है, जिसमें सभी लोग एक साथ बैठकर भोजन करते हैं एवं समस्त उच्चाधिकारियों द्वारा सबसे पहले अपने जवानों को बैठाकर भोजन परोसा जाता है। यह पुलिस बल में जवानों की मेहनत के प्रति धन्यवाद ज्ञापन का प्रतीक होने के साथ-साथ पुलिस बल में आपस में टीम भावना को बल देता है एवं मनोबल को प्रोत्साहन देता है। इसके अन्तर्गत वर्ष में एक बार जिले के अधिकारी अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के साथ बैठकर खाना खाते है और उनकी समस्या सुनने के साथ उनका उत्साहवर्धन भी करते हैं। इसके अन्तर्गत पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ व अन्य अधिकारीगण द्वारा अपने पुलिस कर्मियों को परोस कर खाना खिलाया गया।

थाना मुल्यांकन प्रणाली में वर्ष 2023 विजेता क्रमशः
  प्रथम स्थान- थाना प्रभारी मुबारकपुर राजेश कुमार व समस्त पुलिस कर्मी, 
द्वितीय स्थान- थाना प्रभारी सरायमीर यादवेन्द्र पाण्डेय, तत्कालीन थाना प्रभारी सरायमीर विवेक पाण्डेय व समस्त पुलिस कर्मी
तृतीय स्थान- थाना प्रभारी फूलपुर शशी चन्द्र चौधरी व तत्कालीन थाना प्रभारी निहार नन्दन कुमार व समस्त पुलिस कर्मी को पुलिस अधीक्षक द्वारा ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

वर्ष 2023 के सर्वश्रेष्ठ सीओ सदर/सहायक पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल व पुलिस कर्मी को पुलिस अधीक्षक द्वारा ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

 पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ द्वारा जनपद के थानों एवं शाखाओं में राजकीय कर्तव्यों/दायित्यों का पूर्ण मनोयोग से निर्वहन करने वाले 280 अधिकारी/कर्मचारी गणों को उनके किये गये सराहनीय कार्य हेतु प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया है, जिसमें सभी राजपत्रित अधिकारी, निरीक्षक, उप-निरीक्षक, मुख्य आरक्षी,आरक्षी, होम गार्ड, फालोवर आदि को प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया हैं।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी, प्रतिसार निरीक्षक, प्रभारी निरीक्षक सिधारी, मुबारकपुर, देवगांव, मेंहनगर, महराजगंज, दीदारगंज, परिक्षेत्रीय साइबर थाना व कार्यालय, सरायमीर, कोतवाली, फूलपुर, बिलरियागंज, रानी की सराय के प्रभारी तथा चौकी बदरका, सिविल लाइन, मुसेपुर, सठियावं, रशीदगंज, लालगंज, इमिलिया, सेमरी, माहुल के प्रभारी तथा जनपद के सभी शाखाओं के प्रभारी व कर्मचारी गण उपस्थित रहें।

Saturday, 27 January 2024

आजमगढ़ दीदारगंज पोखरे के किनारे युवक की लाश मिलने से हड़कंप, नहीं हो सका शिनाख्त, पुलिस जांच में जुटी महुवारा खुर्द के ताल में शनिवार की सुबह मिली लाश


 

आजमगढ़ दीदारगंज पोखरे के किनारे युवक की लाश मिलने से हड़कंप, नहीं हो सका शिनाख्त, पुलिस जांच में जुटी


महुवारा खुर्द के ताल में शनिवार की सुबह मिली लाश



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ दीदारगंज थाना क्षेत्र के महुवारा खुर्द गांव के पश्चिम तरफ ताल में स्थित पोखरे के किनारे शनिवार की सुबह लगभग 44 वर्षीय एक युवक की लाश मिली। खबर लिखे जाने तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया।


जानकारी के अनुसार दीदारगंज थाना क्षेत्र के महुवारा खुर्द गांव के पश्चिम तरफ ताल में शनिवार की सुबह एक अज्ञात युवक की लाश पोखरे के किनारे मिली। शव देखने के बाद आसपास लोगों की भारी भीड़ जुट गई। लोगों की सूचना पर पहुंची दीदारगंज पुलिस शव की शिनाख्त कराने में जुट गई। काफी देर तक शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय आजमगढ़ भेज दिया। व्यक्ति की शिनाख्त अभी तक नहीं हो सकी है। लेकिन उसको देखने से ऐसा लगता है कि उसकी उम्र लगभग 44 वर्ष के आसपास होगी। पुलिस के अनुसार युवक के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं थे, गले में रूद्राक्ष का माला था। वहीं लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त है। 


दीदारगंज थाना प्रभारी अखिलेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद पता चलेगा कि इनकी मौत कैसे हुई है। वही शिनाख्त करने की भी कोशिश पुलिस द्वारा की जा रही है।




आजमगढ़ दीदारगंज से प्रवीण यादव की रिपोर्ट।

उत्तर प्रदेश में गलन और कोहरे से जनजीवन प्रभावित आने वाले दिनों के लिए मौसम विभाग ने की भविष्यवाणी


 उत्तर प्रदेश में गलन और कोहरे से जनजीवन प्रभावित


आने वाले दिनों के लिए मौसम विभाग ने की भविष्यवाणी



लखनऊ उत्तर प्रदेश में गलन और कोहरे का प्रकोप जारी है। शनिवार की सुबह राज्य के ज्यादातर जिलों में कोहरे से दिन की शुरूआत हुई। शुक्रवार की रात से कोहरा पड़ना शुरू हो गया था। ठंडी हवाएं तापमान को और कम करती रहीं। शुक्रवार को कानपुर और सोनभद्र में सबसे पारा तीन डिग्री तक नीचे चला गया। यह यूपी में न्यूनतम रहा।

इसके पहले शुक्रवार को भी मध्य यूपी के अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश में कोहरे और गलन बनी रही। लखनऊ और उसके आसपास के जिलों में दृश्यता 50 मीटर से 200 मीटर तक रही।मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दो दिनों तक ठंड परेशान करने वाली रहेगी। मंगलवार से मौसम में कुछ बदलाव होने की संभावना है। शुक्रवार को लखनऊ में अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 17 डिग्री सेल्सियस और 5 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। शनिवार को भी अधिकतम तापमान ऐसा ही रह सकता है। चरख धूप निकलने की संभावना अभी नहीं है।


29 तक घने कोहरे और कोल्ड डे जारी रहने के आसार : आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, उत्तर पूर्व राजस्थान व आसपास के क्षेत्र में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। पछुआ हवाएं चल रही हैं और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बनी हुई है। 27 जनवरी से एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के आसार हैं। 29 जनवरी तक मौसम शुष्क रहने, घना कोहरा छाए रहने और कोल्ड डे कंडीशन बने रहने के आसार हैं।


इन जिलों में दिखेगा ऑरेंज अलर्ट का असर:

मुजफ्फरनगर, बागपत, आगरा, एटा, बिजनौर, अलीगढ़, फिरोजाबाद, मैनपुरी, बहराइच, श्रावस्ती, सिद्धार्थ नगर, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, मथुरा, मेरठ, गाजियाबाद, बुलंदशहर, सुल्तानपुर, अमेठी, गौतम बुद्ध नगर, जिले में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है।

बरेली मां-बेटे की हत्या से मची सनसनी हमलावरों ने दोनों के सिर में मारी गोली


 बरेली मां-बेटे की हत्या से मची सनसनी


हमलावरों ने दोनों के सिर में मारी गोली



उत्तर प्रदेश बरेली के इज्जत नगर थाना क्षेत्र में रात बड़ा बाईपास किनारे लालपुर गांव के पास प्राइवेट नर्सरी के संचालक मां-बेटे की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्राथमिक तौर पर महिला की बेटी से रिश्ता टूटने की रंजिश में हत्या की बात सामने आई है। एसएसपी, एसपी सिटी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस और एसओजी की टीम आरोपियों की तलाश में जुट गई है।


मिली जानकारी के अनुसार छह महीने पहले ही डोहरा गांव निवासी मीना देवी (44) और उनके बेटे नेत्रपाल (20) ने हाईवे किनारे नर्सरी का काम शुरू किया था। शुक्रवार रात करीब 10 बजे कोई ग्रामीण नर्सरी पर पहुंचा तो उसने कोठरी के बाहरी हिस्से में नेत्रपाल का शव पड़ा देखा। पास में ही उसकी मां मीना देवी का शव पड़ा था। दोनों के सिर पर जख्म थे। खून निकल रहा था। दोनों के सिर में गोली मारकर हत्या की गई है। ग्रामीण की सूचना पर अहलादपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। थोड़ी देर बाद ही इज्जत नगर थाने से पुलिस बल मौके पर पहुंच गया।


आईजी डॉ. राकेश कुमार सिंह, एसएसपी सुशील घुले, एसपी सिटी राहुल भाटी, सीओ थर्ड अनीता चौहान के साथ ही एसओजी और सर्विलांस टीम भी पहुंच गई। जांच पड़ताल में नर्सरी से कमाई की रकम और महिला के जेवर भी सुरक्षित मिले। इससे साफ हो गया कि किसी ने हत्या के इरादे से ही धावा बोला था। शुरू में जमीन के विवाद में मां-बेटे की हत्या की आशंका जताई जा रही थी लेकिन परिवार ने पूछताछ में शक दूसरे लोगों पर जताया।


एसएसपी सुशील घुले ने बताया कि परिवार ने जो शक जताया है उसके मुताबिक पुलिस और एसओजी टीम लड़के वालों के गांव भेजी है। जल्दी ही हकीकत का पता चल जाएगा। जो भी आरोपी हैं, वह बच नहीं सकेंगे। परिवार की तहरीर के मुताबिक इज्जत नगर थाने में रिपोर्ट लिखी जाएगी।


नेत्रपाल के पिता ने बताया कि उनके दो बेटे और चार बेटियां हैं। इनमें सबसे बड़ी बेटी की शादी कुछ दिन पहले मीरगंज इलाके के गांव में तय की थी। कुछ दिन पहले ही किसी ने मोबाइल पर एक लिंक भेजा, जिससे पता लगा कि जिस लड़के से रिश्ता तय हुआ था, उसका चाल चलन ठीक नहीं है। इसलिए उन्होंने हाल ही में रिश्ता तोड़ दिया था। इससे लड़के वालों ने नाराजगी जताई थी और उन लोगों को देखने की धमकी दी थी। उन्होंने एसएसपी के सामने दावा किया कि उक्त लोगों ने ही हत्या की होगी।

Friday, 26 January 2024

आजमगढ़ 27 जनवरी को बंद रहेंगे जनपद के ये स्कूल ठण्ड और शीतलहर के मद्देनजर डीएम ने जारी किया आदेश


 आजमगढ़ 27 जनवरी को बंद रहेंगे जनपद के ये स्कूल


ठण्ड और शीतलहर के मद्देनजर डीएम ने जारी किया आदेश



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने अत्यधिक ठंड और शीतलहर के मद्देनजर जनपद में नर्सरी से कक्षा 8 तक के समस्त परिषदीय, स्ववित्तपोषित मान्यता प्राप्त, सीबीएसई, आईसीएसई एवं अन्य बोर्ड से संचालित विद्यालयों में दिनांक 27.01.2024 को शिक्षण कार्य बंद रखने का निर्देश दिया है।


 कक्षा 9 से 12 तक कक्षायें प्रातः 10 बजे से 3 बजे तक संचालित होंगी। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षक/शिक्षामित्र/अनुदेशक एवं अन्य कर्मी विद्यालय में उपस्थित रहकर प्रशासकीय कार्यों/दायित्वों का निवर्हन करेंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जिलाधिकारी द्वारा दिये गये आदेश का कड़ाई से अनुपालन करने का निर्देश दिया।

आजमगढ़ आजाद समाज पार्टी कार्यालय पर 75वा गणतंत्र दिवस काफी धूमधाम से मनाया गया


 

आजमगढ़ आजाद समाज पार्टी कार्यालय पर 75वा गणतंत्र दिवस काफी धूमधाम से मनाया गया


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ नरौली स्थित आजाद समाज पार्टी कार्यालय पर संगठन पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा गणतंत्र दिवस काफी धूमधाम से मनाया गया एवं एक दूसरे को मिठाई खिलाया व बाटा गया और काफी उल्लास के साथ पदाधिकारियों द्वारा अंबेडकर पार्क में बाबा साहब भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यापर्ण किया गया। इसकी जानकारी पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मवीर भारती प्रभारी विधान सभा सदर एवं मेहनगर ने दिया।


उपस्थित पदाधिकारियों में एडवोकेट जनार्दन मण्डल प्रभारी लीगल सेल आजमगढ़ व एडवोकेट देवेन्द्र प्रसाद जिलाध्यक्ष लीगल सेल आजमगढ़ ,श्रीकांत यादव पूर्व प्रत्याशी विधान सभा सदर , राजेश यादव पूर्व मण्डल प्रभारी आजमगढ़ , मंजीत चमार , राजमैन प्रधान विधान सभा सदर आजमगढ़ आदि लोग मौजूद रहे।