Monday, 24 April 2023

आजमगढ़ बरदह घर में संदिग्धावस्था में मृत मिली विवाहिता मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप


 आजमगढ़ बरदह घर में संदिग्धावस्था में मृत मिली विवाहिता


मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप



आजमगढ़ बरदह थाना क्षेत्र के चकचोर्रा गांव निवासी एक विवाहिता रविवार शाम अपने कमरे में बिस्तर पर मृत हाल में मिलीं। ग्रामीणों की सूचना पर मायके वाले पहुंचे और ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया। वहीं मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच पड़ताल में जुट गई है।


जौनपुर जिले के सरपतहां थाना क्षेत्र के सदरूद्दीनपुर निवासी सोनू बिंद ने अपनी बहन पूनम की शादी 2019 में बरदह थाना के चकचोर्रा गांव निवासी राकेश बिंद पुत्र रामजतन के साथ किया था। पूनम रविवार की शाम अपने बिस्तर पर ही संदिग्धावस्था में मृत हाल में मिली।


ग्रामीणों के माध्यम से सूचना मायके पहुंची तो मृतका का भाई मौके पर पहुंचा। उसने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया और सूचना पुलिस को दिया। तहरीर में उसने बताया कि उसके बहनोई रोजी-रोटी के लिए दिल्ली रहते हैं। उसकी बहन घर पर जेठ संजय, जेठानी लक्ष्मीना, ससुर रामजतन व ननद सुनीता के साथ रहती थी। ग्रामीणों की सूचना पर वह बहन के घर पहुंचा तो वह बिस्तर पर मृत हाल में पड़ी थी। सोनू की सूचना पर बरदह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने ससुर, जेठ, जेठानी व ननद के खिलाफ सम्बन्धित धारा मे मुकदमा भी दर्ज कर लिया है।

आजमगढ़ रौनापार बड़ौदा यूपी बैंक का ताला तोड़कर लॉकर तक पहुंचे चोर नहीं मिले रूपये तो बैंक में की तोड़फोड़, पुलिस छानबीन में जुटी


 आजमगढ़ रौनापार बड़ौदा यूपी बैंक का ताला तोड़कर लॉकर तक पहुंचे चोर


नहीं मिले रूपये तो बैंक में की तोड़फोड़, पुलिस छानबीन में जुटी


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जिले के खोजौली बाजार स्थित बड़ौदा यूपी बैंक की शाखा में बीती रात चोरों ने धावा बोला। ताले तोड़कर चोर अंदर घुसे। आलमारी और दो कमरों का ताला तोड़ कर रुपयों की तलाश की। रुपये नहीं मिलने पर गुस्से में सीसी टीवी कैमरे को नुकसान पहुंचाया। साथ ही वहां रखें सामानों को इधर से उधर पटक दिया। चोर खाली हाथ ही बैरंग लौट गए। सोमवार सुबह बैंक कर्मी पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस पहुंची और जांच-पड़ताल में जुट गई।


रौनापार थाना क्षेत्र के खोजौली बाजार में यूपी बड़ौदा बैंक की हाजीपुर शाखा है। रविवार रात अज्ञात चोर बैंक की एक दीवार में सेंध काट कर अंदर घुस गए। इसके बाद चोरों ने अंदर रखे आलमारी व दो अन्य कमरों का भी ताला चटका कर रुपयों की तलाश किया। रुपये नहीं मिले तो सीसीटीवी कैमरे का तार काटा, बैटरी गिराई और आलमारी भी तोड़ दी। सोमवार सुबह बैंक का सफाईकर्मी जब पहुंचा तो अंदर का हाल देख कर सन्न रह गया। उसने तत्काल सूचना शाखा प्रबंधक हिमांशु राज को दिया। शाखा प्रबंधक ने घटना से रौनापार पुलिस को अवगत कराया। सूचना पर रौनापार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई है। 


एसओ रौनापार ने बताया कि पुलिस अपने स्तर से जांच पड़ताल कर रही है। अभी तक शाखा प्रबंधक की तरफ से कोई तहरीर नहीं मिली है।

प्रयागराज डिप्टी सीएमओ का होटल के कमरे में फांसी से लटकता मिला शव पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से छानबीन में जुटी


 प्रयागराज डिप्टी सीएमओ का होटल के कमरे में फांसी से लटकता मिला शव


पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से छानबीन में जुटी



उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सीएमओ कार्यालय में तैनात डिप्टी सीएमओ की लाश एक होटल के कमरे में लटकती मिली है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से छानबीन में जुट गई। कमरे में कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस ने मृतक का मोबाइल कब्जे में ले लिया है। ये घटना सिविल लाइंस की है। वाराणसी के छोटा लालपुर पांडेयपुर निवासी डॉ सुनील कुमार सिंह प्रयागराज में तैनात थे। वाराणसी से प्रयागराज ड्यूटी पर आते-जाते थे। रविवार को वह अपने ड्राइवर सतीश के साथ प्रयागराज आए और सिविल लाइन स्थित एक होटल में रुक गए। जहां उन्होंने कमरा नंबर 106 में फांसी लगा ली। सोमवार सुबह जब उनके परिजन फोन करने लगे तो बात नहीं हो पा रही थी।


पुलिस की मौजूदगी में होटल कर्मचारियों ने कमरे का दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर डॉक्टर फांसी के फंदे पर लटके मिले। पुलिस ने इस घटना की जानकारी उनके परिजनों को दे दी। फांसी लगाने की सूचना पर पुलिस आयुक्त रमित शर्मा, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आकाश कुलहरि, जिला अधिकारी संजय खत्री समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचकर छानबीन की। पुलिस ने बताया कि अभी आत्महत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

Sunday, 23 April 2023

आजमगढ़ भाजपा के नगर पंचायत अध्यक्ष पद के प्रत्याशियों की सूची जारी, देखें किसकों कहां से मिला टिकट


 

आजमगढ़ जिले में भी रही अतीक-अशरफ जैसी कई बदनाम जोड़ियां कुछ बने स्वर्गवासी तो कुछ अब फेर रहे माला


 आजमगढ़ जिले में भी रही अतीक-अशरफ जैसी कई बदनाम जोड़ियां



कुछ बने स्वर्गवासी तो कुछ अब फेर रहे माला



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ अभी हाल ही में देश और प्रदेश में सुर्खियां बटोर चुके प्रयागराज जिले के कुख्यात माफिया अतीक अहमद एवं उसके भाई अशरफ की पुलिस अभिरक्षा में हुए हाईप्रोफाइल लाइव मर्डर की घटना ने देश और प्रदेश की मीडिया के साथ ही राजनैतिक गलियारे में भी हलचल मचा दिया। राजनैतिक सरपरस्ती के दम पर अपराध जगत में लंबे समय तक अपना वर्चस्व कायम रखते हुए इन अपराधी भाईयों ने कभी सोचा भी नहीं रहा होगा कि मीडिया के सामने अपना साक्षात्कार देते समय दोनों भाई छुटभैए अपराधियों के हाथों मारे जाएंगे।


 इस घटना ने पुलिस और प्रशासन के साथ ही वारदात की दुनिया और राजनीति के गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है। खैर बुरे काम का अंजाम भी बुरा होता है। जानकारी के अनुसार आजमगढ़ जनपद में अपराध जगत में कुख्यात रही जोड़ियों के बारे में प्रकाश डाल रहे हैं। अपने जिले में आजादी के बाद शहर क्षेत्र के कालीनगंज मोहल्ले में रहने वाली तवायफ जीतन बाई की चाकू मारकर की गई हत्या पर आपका ध्यान ले जाना चाहते हैं जहां दो दबंग गुटों में वर्चस्व को लेकर तवायफ की हत्या कर दी गई थी।


 इस घटना के बाद गिरोह बनाकर अपराध करने वाले सरगना और उनके दाहिने हाथ कहे जाने वाले जोड़ीदारों पर आपका ध्यान आकृष्ट कराते हैं। जिले में यादव जाति के नेऊर-ध्यान के आलावा फरमान जारी कर डकैती व हत्या की अनगिनत वारदातों के लिए बदनाम दीना- बुझारत की जोड़ी ने तब के जमाने में सुर्खियां बटोर चुके थे। नेऊर-ध्यान के बीच शुरू हुई अनबन के बाद दोनों गुट अलग हो गए और उनके बाद दोनों गिरोह की कमान उनके बच्चों ने संभाला और ध्यान खलीफा के पुत्र दुर्गा- माता प्रसाद तथा नेऊर के पुत्र रामप्रताप यादव ने अपने जोड़ीदार अंगद यादव के साथ अपराध जगत में उतर गए।


 हालांकि दोनों गिरोह के मुखिया बाद में राजनीति का लबादा ओढ़ लिया और विधायक तथा मंत्री बनने तक का सफर तय किया। शहर क्षेत्र में सत्तर एवं अस्सी के दशक में मोहन सेठ-कन्हैया सेठ, ब्रम्हदेव यादव और बसंत सिंह, धर्मू सिंह- ओंकार पाठक, ओमप्रकाश- विनोद के साथ ही फूलपुर जैसे ग्रामीण क्षेत्र से रमाकांत-उमाकांत की जोड़ी ने भी अपने कुकृत्यों के दम पर बड़ा नाम कमाया।


 इन सबके बीच कुछ और कुख्यात जोड़ियों के बारे में बताते चलें कि भाड़े पर हत्या करने के लिए बदनाम लौटन-पंचम, रुदरी निवासी अशोक-भवानी, अखिलेश- हरिश्चंद्र, साधू- रमायन, छोटकाई- बड़काई, नरसिंह- रवीन्द्र, सच्चू -विमल, मुकेश -मित्तल, कुंटू -गिरधारी के नाम से यह जोड़ियां अपने समय में अपराध की दुनिया में खूब नाम कमाया। इसमें कुछ तो असमय काल के गाल में समा गए और कुछ आज भी बुढ़ापे की वजह से इस दुनिया से अपना मोह भंग कर चुके हैं। 


हां एक बात और कई दशक पूर्व रूपहले पर्दे पर एक फिल्म आई थी दस नंबरी जिसमें अपराध जगत का ही कारनामा दर्शाया गया था। यह तमगा भी अपने जिले खासकर शहर क्षेत्र के रहने वाले कपूर प्रसाद गुप्ता एलवल और मस्सू खान फराशटोला के नाम पुलिस रिकार्ड में दर्ज रहा है।

Saturday, 22 April 2023

आजमगढ़ अतरौलिया अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार को रौंदा दवा लेकर घर लौट रहे देवर-भाभी सहित 3 गंभीर रूप से हुए घायल


 आजमगढ़ अतरौलिया अनियंत्रित ट्रैक्टर ने बाइक सवार को रौंदा


दवा लेकर घर लौट रहे देवर-भाभी सहित 3 गंभीर रूप से हुए घायल


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ अतरौलिया थाना क्षेत्र अन्तर्गत थिरईपट्टी मंदिर के पास अनियंत्रित ट्रैक्टर ट्राली बाइक सवार सहित एक बुजुर्ग को अपनी चपेट में लेते हुए खाई में पलट गयी। इस दुर्घटना में बाइक सवार देवर-भाभी की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को स्थानीय अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।


जानकारी के अनुसार अहिरौला थाना क्षेत्र के अभयपुर गांव निवासी सर्वेश यादव 32 वर्ष पुत्र प्रवेंद्र यादव अपनी भाभी मिथिलेश यादव 36 वर्ष पत्नी रिखराज के साथ अतरौलिया दवा लेने आए थे। शाम लगभग 5 बजे दवा लेकर अपने घर वापस लौटते समय थाना क्षेत्र के थिरईपट्टी मंदिर के समीप सेनपुर की तरफ से एक डम्फर आने की वजह से वहीं नहर के किनारे अपनी मोटर साइकिल रोक दी, इस दौरान पीछे से आ रही ईंट लदी अनियंत्रित ट्रैक्टर ने मोटर साइकिल सवार देवर भाभी को टक्कर मार दी, इसके साथ ही बगल ही खड़े एक 70 वर्षीय बुजुर्ग त्रिलोकी यादव पुत्र जवाहिर निवासी खालिसपुर को भी अनियंत्रित ट्रैक्टर अपनी चपेट में लेते हुए 20 फुट पुलिया के नीचे जा गिरी।


 स्थानीय लोगों द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पीवीआर 1056 मौके पर पहुंच गई और 20 फीट नीचे गिरे सभी घायलों को किसी तरह बाहर निकाला। थाना प्रभारी प्रमेन्द्र कुमार सिंह भी अपने हमराहियों के साथ मौके पर पहुंच गए और घायलों को नजदीकी 100 सैया अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों घायलों की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रिफर कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि महिला मिथिलेश यादव की हालत काफी गंभीर है।

प्रयागराज कौन लेगा हिसाब, जो डरते थे अब वही लूटेंगे अतीक की अरबों की काली कमाई यहां लगा है माफिया का सबसे ज्यादा पैसा


 प्रयागराज कौन लेगा हिसाब, जो डरते थे अब वही लूटेंगे अतीक की अरबों की काली कमाई


यहां लगा है माफिया का सबसे ज्यादा पैसा


उत्तर प्रदेश प्रयागराज माफिया अतीक की हत्या के बाद उसका अरबों का रियल एस्टेट का कारोबार डूब सकता है। महाराष्ट्र, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा से लेकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों तक फैले प्रापर्टी कारोबार में माफिया की काली कमाई भी लगी हुई है। अतीक-अशरफ की हत्या के बाद उसका परिवार पूरी तरह बिखर चुका है। गर्दिश के मौजूदा दिनों का फायदा उठाने की फिराक में कई बिजनेस पार्टनर हैं। इनमें से कुछ कारोबारी एसटीएफ और ईडी के पास भी सूचीबद्ध हैं।


 अतीक की काली कमाई का बड़ा हिस्सा रियल एस्टेट के कारोबार में लगा हुआ है। दो दर्जन से अधिक फर्में उसकी पत्नी शाइस्ता परवीन और उसके सालों व करीबियों के नाम हैं। शहर के कई नामचीन बिल्डरों और कारोबारी समूहों के साथ भी अतीक साझीदार रहा है। दर्जन भर से अधिक बड़े बिल्डर प्रत्यक्ष रूप से उसके पार्टनर रहे हैं। इस बीच पहले असद का एनकाउंटर और बाद में अतीक-अशरफ की भी हत्या से उसका रियल एस्टेट कारोबार डूबने की कगार पर है।


 वजह है कि कारोबार संभालने और हिसाब-किताब देखने में सक्षम अतीक की 50 हजार रुपये की इनामी बीवी शाइस्ता परवीन एसटीएफ के डर से छिपती फिर रही है। माफिया के दो जवान बेटे अली और उमर जेल में हैं। शेष दो नाबालिग बेटों को प्रशासन ने बाल गृह में रखा है। अब न कोई हिसाब रखने वाला है, न मांगने वाला। बिजनेस पार्टनरों पर माफिया के परिवार का दबाव भी खत्म हो गया लगता है। मिली जानकारी के अनुसार इसका अंदाजा यूपी में रियल एस्टेट कारोबार में दखल रखने वाले अतीक के करीबी व साझीदार बिल्डर से असद के हिसाब मांगने के वायरल ऑडियो से भी लगता है। यह ऑडियो एसटीएफ की जांच का हिस्सा भी है।