Friday, 7 April 2023

आजमगढ़ केंद्रीय गृह मंत्री ने जनपद को दी इन परियोजनाओं की सौगात 4583 करोड़ की 117 विकास परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास व लोकार्पण संगीत महाविद्यालय, हरिऔध कला भवन और जल जीवन मिशन हैं प्रमुख कार्य


 आजमगढ़ केंद्रीय गृह मंत्री ने जनपद को दी इन परियोजनाओं की सौगात


4583 करोड़ की 117 विकास परियोजनाओं का हुआ शिलान्यास व लोकार्पण


संगीत महाविद्यालय, हरिऔध कला भवन और जल जीवन मिशन हैं प्रमुख कार्य


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ 07 अप्रैल 2023 केन्द्रीय मंत्री, गृह एवं सहकारिता अमित शाह एवं मुख्यमंत्री, उ0प्र0, योगी आदित्यनाथ द्वारा ग्राम नामदारपुर निकट हरिहरपुर, थाना कन्धरापुर, आजमगढ़ में जल जीवन मिशन के अन्तर्गत रू0 4257 करोड़ की लागत से 1358 पाइप पेयजल परियोजनाओं एवं शास्त्रीय संगीत को समर्पित रू0 22 करोड़ की लागत से हरिहरपुर संगीत महाविद्यालय सहित कुल रू0 4583 करोड़ की 117 विकास परियोजनाओं का बटन दबाकर लोकार्पण / शिलान्यास किया गया। 


जिसमें हरिऔध कला केन्द्र, शाहगढ़-मुबाकरपुर मार्ग का चौड़ी करण एवं सुदृढ़ीकरण, 

तहसील मार्टीनगंज का अनावासीय भवन, 

पुलिस लाइन में 200 व्यक्तियों की क्षमता हेतु बैरक, 

कुशलगांव एवं लाटघाट में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र,

 राजकीय इंजीनियरिंग कालेज देवगांव में ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट तथा इनोवेशन सेन्टर एवं केयर लैब,

 राजकीय श्री दुर्गा जी होम्योपैथिक मेडिकल कालेज, चण्डेश्वर में पार्किंग, 

औषधि भण्डार, म्युजियम हाल एवं बाउण्ड्रीवाल सहित कुल 61 परियोजनाओं की लागत लगभग 152 करोड़ का लोकार्पण तथा आजमगढ़-बिलरियागंज- रौनापार मार्ग के चैनेज 12.870 से चैनेज 26.00 तक का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण,


 तहसील फूलपुर के ग्राम असई - असरफपुर, तहसील सदर के ग्राम रामपुर एवं तहसील निजामाबाद के ग्राम चरहा में वृहद गो संरक्षण केन्द्र, रासेपुर तितरा मार्ग का चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण, ग्राम हरिहरपुर स्थित प्राचीन शिव जी स्थल एवं प्राचीन शीतला माता स्थल का पर्यटन विकास कार्य सहित कुल 56 परियोजनाओं की लागत लगभग 4431 करोड़, का शिलान्यास किया गया है।

आजमगढ़ में बोले अमित शाह पहले केवल रमजान में मिलती थी बिजली भाजपा ने उत्तर प्रदेश को बनाया दंगा मुक्त 2017 से पहले देश में कहीं भी जनपद के लोगों को किराए पर नहीं मिलता था कमरा, लोग करते थे परहेज-योगी


 आजमगढ़ में बोले अमित शाह पहले केवल रमजान में मिलती थी बिजली


भाजपा ने उत्तर प्रदेश को बनाया दंगा मुक्त


2017 से पहले देश में कहीं भी जनपद के लोगों को किराए पर नहीं मिलता था कमरा, लोग करते थे परहेज-योगी


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ समाजवादी पार्टी का गढ़ रहे आजमगढ़ में बीजेपी ने 2024 के लिए हुंकार भर दी है गृहमंत्री अमित शाह ने आज आजमगढ़ में अखिलेश यादव को जमकर घेरा. कोरोना काल का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि यहां के सांसद (अखिलेश तब आजमगढ़ सांसद थे) कोरोना काल में टीका लगाने नहीं आए थे. पीएम मोदी ने लोगों को टीका लगवाया।


अमित शाह ने कहा कि ’’मुझे उत्तर प्रदेश ठीक से याद है जहां पहले कोई रात नहीं थी जब बिजली मिलती थी. केवल रमजान के मौके पर यहां बिजली मिलती थी. आजमगढ़ की छवि को धूमिल करने का काम सपा-बसपा की सरकार ने किया था। जिस आजमगढ़ को पूरे देश मे आतंक के केंद्र के रूप में जाना जाता था वहां पर संगीत के महाविद्यालय की नींव रखने का काम किया है.’’ उन्होंने कहा कि ’’जिस उत्तर प्रदेश में कभी कल्पना भी नहीं की जाती थी कि यहां दंगा न हो, लेकिन बीजेपी की सरकार ने उत्तर प्रदेश को दंगा मुक्त प्रदेश बनाया है.’’

गृहमंत्री अमित शाह ने आजमगढ़ की जनता से अपील करते हुए कहा कि ’’2024 के चुनाव में यूपी की जनता फिर से एक बार पीएम मोदी पर भरोसा करे और मोदी जी को जिता कर भारी मतों से विजयी बनाने का काम करे.’’ आजमगढ़ में संगीत महाविद्यालय के शिलान्यास और विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन कार्यक्रम में अमित शाह ने आगे कहा कि ’’आज उत्तर प्रदेश विकास के रास्ते पर चल पड़ा है। ये सपा, बसपा, कांग्रेस क्या देश और उत्तर प्रदेश का विकास कर सकते हैं? 2024 में फिर से सपा, बसपा, कांग्रेस परिवारवाद और जातिवाद को लेकर आएंगे और लोगों को गुमराह करेंगे.’’


वहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ’’आजमगढ़ में 2017 के पहले पहचान का संकट था। यहां का नौजवान 2017 के पहले देश में कहीं चले जाए तो कोई किराए पर कमरा देने की बात तो दूर नाम से ही लोग चिढ़ते थे, परहेज करते थे.’’

आजमगढ़ समर सिंह की गिरफ्तारी से आजमगढ़ में हलचल ताला बंद कर भोजपुरी गायक के परिजन हुए लापता


 आजमगढ़ समर सिंह की गिरफ्तारी से आजमगढ़ में हलचल


ताला बंद कर भोजपुरी गायक के परिजन हुए लापता


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी भोजपुरी गायब समर सिंह को पुलिस ने शुक्रवार सुबह गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया। समर सिंह की गिरफ्तारी के बाद उसके पैतृक आवास आजमगढ के मेंहनगर कस्बे में हलचल है। मिली जानकारी के मुताबिक चौक-चौराहों से लेकर पान की गुमटी तक केवल समर सिंह की ही चर्चा है। कई लोग समर्थन में तो कई लोग फर्जी मामले में फंसाने का आरोप लगा रहे हैं। इधर, समर सिंह के पैतृक आवास में ताला लगा है। उसके परिजन कहां हैं, यह किसी को पता नहीं है। आजमगढ़ जिले के मेंहनगर कस्बा निवासी समर सिंह भोजपुरी का प्रसिद्ध गायक है।


पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी के समर्थन में गीत गा कर समर सिंह ने काफी सुर्खियां बटोरी थी। वह भोजपुरी गायन के साथ ही फिल्म निर्माण के क्षेत्र में भी कार्य कर रहा था। फिल्मी दुनिया में उतरने के बाद से ही उसका घर से कोई खास संबंध नहीं रह गया था। चार-छह माह में घंटा दो घंटा के लिए ही उसका घर आना जाना होता था। भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे 26 मार्च को सारनाथ स्थित एक होटल में संदिग्धावस्था में मृत मिली थीं।


 आकांक्षा की मां ने समर सिंह व उसके सहयोगी संजय सिंह पर आकांक्षा को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था। घटना के बाद से ही समर सिंह व संजय सिंह फरार चल रहे थे।


इस बीच यूपी एसटीएफ की टीम ने समर सिंह के पैतृक आवास मेंहनगर कस्बा पर दो बार दबिश दी। घर पर रहने वाले बड़े भाई कल्लू से पूछताछ भी किया। इसके बाद से ही समर सिंह के बड़े भाई घर पर ताला बंद कर परिवार के साथ फरार हो गए। समर सिंह को गाजियाबाद से पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। समर की गिरफ्तारी के बाद भी उसके मेंहनगर कस्बा स्थित पैतृक आवास पर ताला लटका हुआ है और परिवार के लोग फरार है। समर के घर व आसपास सियापा छाया हुआ है।

वाराणसी आकांक्षा दुबे को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोपी गायक समर सिंह गिरफ्तार


 वाराणसी आकांक्षा दुबे को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोपी गायक समर सिंह गिरफ्तार


वाराणसी भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा सिंह को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी गायक समर सिंह को वाराणसी कमिश्नरेट की क्राइम ब्रांच ने गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। उसे अदालत में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर वाराणसी लाए जाने की तैयारी की जा रही है। वहीं, प्रकरण के दूसरे आरोपी संजय सिंह की तलाश जारी है।


बता दें कि भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी गायक समर सिंह और संजय सिंह के खिलाफ अदालत ने गुरुवार को गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) जारी किया था। दोनों आरोपियों के खिलाफ कुर्की का वारंट प्राप्त करने के लिए अदालत में कमिश्नरेट की पुलिस की ओर से प्रार्थना पत्र दिया गया था। जिसमें आरोपी गायक समर सिंह का गिरफ्तार कर लिया गया है वहीं पुलिस दूसरे आरोपी संजय सिंह की तलाश में जुटी है।


भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे बीते 26 मार्च को सारनाथ क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरे में मृत मिली थीं। आकांक्षा दुबे को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में भोजपुरी गायक समर सिंह और उसके भाई संजय सिंह के खिलाफ सारनाथ थाने में 27 मार्च को मुकदमा दर्ज किया गया था।

अमेठी भाजपा नेता के अवैध अतिक्रमण पर चला बुलडोजर 13.78 लाख का लगाया जुर्माना


 अमेठी भाजपा नेता के अवैध अतिक्रमण पर चला बुलडोजर


13.78 लाख का लगाया जुर्माना


अमेठी उत्तर प्रदेश में अपराधियों पर पुलिस और बुलडोजर कार्रवाई जारी है। अमेठी जिले के तिलोई तहसील के कासिमपुर गांव में नवीन परती की जमीन पर बने भाजपा नेता के ईट भट्ठे को गुरुवार को बुलडोजर से ढहा दिया गया। तहसीलदार कोर्ट से हुए बेदखली के आदेश पर कार्रवाई करते हुए भाजपा नेता पर जुर्माना भी लगाया गया है। मामले में जमीन पर कब्जे का मुकदमा पहले ही दर्ज किया जा चुका है।


कासिमपुर गांव में भाजपा नेता ओम प्रकाश मिश्र उर्फ प्रकाश मिश्र द्वारा अक्षत ब्रिक फील्ड के नाम से ईट भटठे का संचालन किया जाता है। तहसीलदार पवन शर्मा ने बताया कि सितंबर में ओम प्रकाश मिश्र के खिलाफ अवैध कब्जे की शिकायत मिली थी। इसके बाद राजस्व टीम द्वारा नपत कराई गई तो नवीन परती की जमीन पर कब्जा पाया गया। मामले में हल्का लेखपाल द्वारा 20 सितंबर को जायस कोतवाली में लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम की धाराओं में मुकदमा भी दर्ज कराया था।


लिखा पढ़ी के बाद तीन अक्तूबर को उप प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने भट्ठे के संचालन पर रोक लगाने के लिए एसडीएम को पत्र लिखा था जिसके बाद भट्ठे का संचालन बंद हो गया था। मामले में तहसीलदार कोर्ट से बेदखली की कार्रवाई शुरू की गई थी। उधर प्रकाश मिश्र ने हाईकोर्ट की शरण ली थी जिसे हाईकोर्ट ने निस्तारित कर दिया। तहसीलदार कोर्ट से आदेश जारी किये जाने के बाद प्रकाश मिश्र ने पुर्नविचार की अपील की।


इसके साथ ही उन्होंने हाईकोर्ट की शरण ली और कहा कि 15 दिन में वे कब्जा हटा लेंगे जिस पर हाईकोर्ट ने रिट निस्तारित करते हुए प्रशासन से नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा था। मामले में 15 फरवरी को तहसीलदार तिलोई ने बेदखली का आदेश जारी करते हुए जुर्माने का आदेश पारित किया। गुरुवार को तहसीलदार पवन शर्मा की अगुवाई में पहुंची टीम ने बुलडोजर लगाकर भट्ठा तोड़ दिया।


ओम प्रकाश मिश्र पर कोर्ट द्वारा बाजार मूल्य के हिसाब से 13 लाख 78 हजार रू का जुर्माना लगाया गया है। तहसीलदार ने बताया कि उन्हें नोटिस दिया जा चुका है।

Thursday, 6 April 2023

आजमगढ़ तहबरपुर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पलटी एंबुलेंस, 4 घायल कैंसर पीड़ित को लेकर जा रही थी बिहार


 आजमगढ़ तहबरपुर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पलटी एंबुलेंस, 4 घायल


कैंसर पीड़ित को लेकर जा रही थी बिहार


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर आजमगढ़ जिले में 212 प्वाइंट के पास गुरुवार को ट्रक के धक्के से एंबुलेंस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एंबुलेंस में सवार कैंसर पीड़ित किशोर समेत चार लोग घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 


एंबुलेंस दिल्ली से बिहार जा रही थी। पटना जिला के बख्तियारपुर थाना अंतर्गत घुसड़ी गांव निवासी साहिल (16) पुत्र विश्वनाथ कैंसर से पीड़ित है। परिजन उसे इलाज के लिए लेकर दिल्ली एम्स गए थे। बुधवार को एम्स में दिखाने के बाद परिजन उसे एंबुलेंस से लेकर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से घर जा रहे थे।


गुरुवार सुबह एंबुलेंस आजमगढ़ जिले के तहबरपुर थाना अंतर्गत 212 प्वाइंट पर पहुंची थी कि ट्रक ने एंबुलेंस में धक्का मार दिया। घटना में एंबुलेंस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में एंबुलेंस में सवार साहिल के अलावा उसका भाई शौर्य (22), मां मंशा पांडेय (45) व एंबुलेंस चालक आसिफ (20) निवासी नोएडा 122 साई क्लब दिल्ली घायल हो गए। सूचना मिलते ही तहबरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेज कर भर्ती कराया। सभी घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

आजमगढ़ कानूनगो, लेखपाल समेत 8 लोगों को कोर्ट ने किया तलब अदालत ने सुनवाई हेतु अगली तिथि 26 मई निर्धारित की


 आजमगढ़ कानूनगो, लेखपाल समेत 8 लोगों को कोर्ट ने किया तलब


अदालत ने सुनवाई हेतु अगली तिथि 26 मई निर्धारित की


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जमीन पर कब्जा करने, मारने पीटने के मामले में सुनवाई करने के बाद अदालत ने कानूनगो व लेखपाल समेत आठ लोगों को न्यायालय में तलब किया है। इस मामले में पीड़ित बुद्धू चौहान पुत्र रामबरन चौहान निवासी बीबीपुर थाना गम्भीरपुर ने न्यायालय में परिवाद दाखिल किया था। परिवादी का आरोप है कि उसके जमीन पर विपक्षी जियालाल नाजायज कब्जा करना चाहते थे। तब परिवादी ने तहसील में प्रार्थना पत्र देकर सीमांकन करा दिया था। उसके बावजूद विपक्षी राम लखन जियालाल नंदकिशोर हीरालाल ने सीमांकन का पत्थर उखाड़ कर फेंक दिया तथा उस जमीन पर कब्जा कर लिया। तब पीड़ित ने जिला प्रशासन में गुहार लगाई जिस पर अपर जिलाधिकारी ने एसडीएम निजामाबाद को पीड़ित को कब्जा दिलाने तथा दोषी व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया।


 लेकिन अपर जिलाधिकारी के आदेश का पालन नहीं किया गया। इससे नाराज होकर क्षेत्रीय कानूनगो जयप्रकाश, गांव के लेखपाल रीता गौतम, जियालाल नंदकिशोर, हीरालाल, प्रमोद, पूर्व प्रधान राजेश, प्रवीण कुमार तथा अनुपम ने 5 जून 2021 को पीड़ित बुद्धू चौहान को गाली गुप्ता देते हुए मारा पीटा तथा फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी दी।


 मामले के तथ्यों व परिस्थितियों के अवलोकन के बाद अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट नंबर 11 देवेंद्र प्रताप सिंह ने प्रथम दृष्टया मामला बनते हुए देख आरोपी कानूनगो जयप्रकाश, लेखपाल रीता गौतम, जियालाल, नंदकिशोर, प्रमोद चौहान, राजेश चौहान, प्रवीण कुमार तथा अनुपम को विचारण के लिए न्यायालय में तलब किया। अदालत ने सुनवाई हेतु अगली तिथि 26 मई निर्धारित की है।