Monday, 11 August 2025

आजमगढ़ में 25 सहायक अध्यापकों की नियुक्ति अवैध, प्रबंधक समेत 26 पर एफआईआर जांच में खुलासा, बिना अनुमोदन के हुईं नियुक्तियां


 आजमगढ़ में 25 सहायक अध्यापकों की नियुक्ति अवैध, प्रबंधक समेत 26 पर एफआईआर




जांच में खुलासा, बिना अनुमोदन के हुईं नियुक्तियां



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के समाज कल्याण विभाग द्वारा अनुदानित एवं निजी प्रबंधतंत्र से संचालित विद्यालयों में वर्ष 2014 से अब तक की गई 25 सहायक अध्यापकों की नियुक्ति अवैध पाई गई है। इस मामले में जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) आशीष कुमार सिंह की तहरीर पर शहर कोतवाली पुलिस ने जनता प्राथमिक विद्यालय बासथान जमीलपुर के तत्कालीन प्रबंधक कमलेश सिंह सहित 26 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) की अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय जांच समिति ने 25 अप्रैल 2025 को अपनी रिपोर्ट में खुलासा किया कि ये नियुक्तियां उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त बेसिक स्कूल नियमावली 1975 के प्रावधानों का उल्लंघन करते हुए बिना जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के पूर्वानुमोदन के की गईं। जांच में पाया गया कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के कार्यालय के डिस्पैच रजिस्टर में इन नियुक्तियों का कोई अनुमोदन पत्र दर्ज नहीं है, जिससे इन नियुक्तियों को फर्जी माना गया।



जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर अपर मुख्य सचिव समाज कल्याण अनुभाग-2 और निदेशक समाज कल्याण, लखनऊ ने 7 अगस्त 2025 को एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया। इसके बाद जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) आशीष कुमार सिंह ने शनिवार को शहर कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने प्रबंधक कमलेश सिंह और 25 सहायक अध्यापकों—धर्मेंद्र सिंह, रामप्रवेश यादव, रामजियावन राम, सौरभ सिंह, पूनम सिंह, प्रशांत कुमार पाठक, ज्ञानचंद राहुल, प्रशांत गोड़, मधुलिका सिंह, शिवकुमार, विनीता सिंह, सुनील दत्त यादव, नीतू यादव, रमाकांत यादव, विरेंद्र उपाध्याय, चंद्रप्रकाश द्विवेदी, नीलम यादव, शशि किरन, अनिता यादव, अनिता कुमारी, आशुतोष राय, राकेश कुमार सिंह, रामप्रीत राजभर, वरुण सिंह और रजनीकांत राय के खिलाफ शहर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 379/2025 अंतर्गत धारा 316(5),318(4) भारतीय न्याय सहिंता (BNS) 2023 दर्ज किया हैं।


जिला समाज कल्याण अधिकारी (विकास) आशीष कुमार सिंह ने बताया कि इतनी बड़ी संख्या में नियुक्तियों का अनुमोदन पत्र न होना आपराधिक साजिश की ओर इशारा करता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

शामली एक और पति को मिली दर्दनाक मौत पत्नी, प्रेमी और साले ने मिलकर काट दिया गला, तीनों गिरफ्तार


 शामली एक और पति को मिली दर्दनाक मौत



पत्नी, प्रेमी और साले ने मिलकर काट दिया गला, तीनों गिरफ्तार



उत्तर प्रदेश, शामली कैराना कोतवाली क्षेत्र के कांधला मार्ग पर स्थित एक आम के बाग में रविवार सुबह 32 वर्षीय असलम का शव मिलने से सनसनी फैल गई। असलम की गला रेतकर हत्या की गई थी। पुलिस ने महज 12 घंटे में हत्याकांड का खुलासा कर मृतक की पत्नी आसमीन, उसके प्रेमी इंतजार और साले हारुन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त छुरा और टेंपो भी बरामद किया है।



पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह करीब 9:15 बजे नसीम कुरैशी के आम के बाग में सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंचे एसपी रामसेवक गौतम, एएसपी संतोष कुमार सिंह, सीओ कैराना श्याम सिंह और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू की। मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान मोहल्ला खैल खालापार निवासी असलम के रूप में हुई। असलम के पिता आबिद ने शव की पुष्टि की और अज्ञात के खिलाफ कैराना कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया।


जांच में पता चला कि असलम कांधला में कैराना बस स्टैंड के पास इरफान की बिरयानी की दुकान पर काम करता था। शनिवार शाम 4 बजे वह घर से निकला था और वापस नहीं लौटा। पुलिस ने एसओजी, सर्विलांस और क्राइम ब्रांच की टीमों को जांच में लगाया। 


देर रात प्रेसवार्ता में एसपी रामसेवक गौतम ने बताया कि असलम की पत्नी आसमीन, उसके प्रेमी इंतजार (निवासी मोहल्ला ईदगाह, कांधला) और साले हारुन (निवासी फतेहपुर पुट्टी, थाना बिनौली, बागपत) ने मिलकर हत्या की साजिश रची। एसपी के मुताबिक, असलम को अपनी पत्नी और इंतजार के बीच प्रेम प्रसंग की जानकारी थी, जिसका वह विरोध करता था। असलम ने आसमीन से प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद से साला हारुन उससे नाराज था। तीनों ने मिलकर असलम को टेंपो से बाग में ले जाकर उसकी गला रेतकर हत्या कर दी। हत्या के इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसपी ने 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की है।

आजमगढ़ देवगांव पिकअप की चपेट में आने से मासूम की मौत परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर लगाया जाम, पहुंची पुलिस


 आजमगढ़ देवगांव पिकअप की चपेट में आने से मासूम की मौत



परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर लगाया जाम, पहुंची पुलिस



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के लालगंज तरवां मार्ग पर पल्हना बाजार में ब्लॉक के समीप तरवा से लालगंज की तरफ तेज गति से जा रही पिकअप गाड़ी से दब जाने के कारण एक 8 वर्ष के किशोर की मौत हो गई।


शिवम राजभर पुत्र चंद्रशेखर राजभर उम्र 8 वर्ष निवासी लहुवा खुर्द मढैया थाना कोतवाली देवगांव अपनी माता खुशबू के साथ सुबह 10 बजे अपने ब्यूटी पार्लर दुकान पर आया था। माता खुशबू पल्हना ब्लॉक के सामने दुकान में ब्यूटी पार्लर चलाती हैं। शाम को लगभग 3 बजे शिवम खेलते हुए सड़क पर आ गया और तरवा से लालगंज जा रही तेज गति पिकअप से कुचल गया। आनन-फानन में परिजन शिवम को सौ सैया हॉस्पिटल लालगंज ले गए, जहां डॉक्टरों ने इलाज के उपरांत रेफर कर दिया। घायल बालक को लेकर परिजन तुरंत जौनपुर जा रहे थे की रास्ते में ही शिवम की मृत्यु हो गई। मृतक कक्षा 2 का छात्र था उसकी बड़ी बहन सानिया की उम्र 10 वर्ष है। परिजन मृतक का शव लेकर वापस घर आने के बाद रोड पर प्रदर्शन करने लगे, मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया।

Sunday, 10 August 2025

आजमगढ़ अतरौलिया सर्पदंश से 7 वर्षीय बालिका की दुखद मृत्यु घर के बरामदे में खेलते समय सांप ने काटा, पिता दिल्ली में करता है मजदूरी


 आजमगढ़ अतरौलिया सर्पदंश से 7 वर्षीय बालिका की दुखद मृत्यु




घर के बरामदे में खेलते समय सांप ने काटा, पिता दिल्ली में करता है मजदूरी



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना में 7 वर्षीय बालिका अन्नया गौड़ की सर्पदंश से मौत हो गई। अन्नया अपने घर के बरामदे में खेल रही थी, उसी समय एक सांप ने उसे काट लिया। परिजनों ने तत्काल उसे नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।


घटना के अनुसार, अन्नया के घर का फर्श मिट्टी का था, जिसमें सांप का बिल था। खेलते समय अन्नया बिल के पास पहुंची, तभी सांप ने बाहर निकलकर उसके पैर में काट लिया और वापस बिल में छिप गया। अन्नया ने रोते हुए अपनी मां को यह बात बताई। मां ने पड़ोसियों की मदद से उसे अतरौलिया के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। 


उधर, ग्रामीणों ने बरामदे में सांप को ढूंढा और सर्पमित्र की सहायता से उसे पकड़ लिया। सपेरे ने बताया कि यह एक जवान नागिन थी। अन्नया अपने भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। उसके पिता सत्यम गौड़ दिल्ली में मजदूरी करते हैं। इस घटना ने पूरे गांव और परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मिट्टी के फर्श वाले घरों में सांपों के खतरे को लेकर जागरूकता और सहायता की मांग की है।

आजमगढ़ मुबारकपुर बाइक की टक्कर से 2 महिलाओं की मौत टहलते समय हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम


 आजमगढ़ मुबारकपुर बाइक की टक्कर से 2 महिलाओं की मौत



टहलते समय हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम




उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के नैठी गांव में शनिवार देर शाम सड़क पर टहल रही दो महिलाओं को बाइक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी ने जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना के बाद मृतकों के परिजनों में मातम छाया हुआ है।


जानकारी मुताबिक, नैठी गांव निवासी चानमती देवी (60) पत्नी मतई राम और उनकी पड़ोसी सावित्री देवी उर्फ तालहिया (55) पत्नी सुदर्शन राजभर शनिवार की शाम करीब सात बजे घर से दक्षिण की ओर सड़क पर टहल रही थीं। टुनटुन मोड़ से बाजार कर लौट रहे बाइक सवार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं।


परिजन उन्हें तुरंत मुबारकपुर बाजार के एक डॉक्टर के पास ले गए, जहां डॉक्टर ने चानमती देवी को मृत घोषित कर दिया। सावित्री देवी को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। परिजन सावित्री को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे जहां उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई। चानमती के तीन पुत्र और एक पुत्री हैं। जबकि सावित्री के तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं। सावित्री के पति व एक पुत्र मुंबई में रहता है।


वहीं दूसरा पुत्र दिल्ली में नौकरी करता है। हादसे की खबर मिलते ही वे घर के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी शशि मौली पांडेय ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़ बरदह धारदार हथियार से हमला कर बुजुर्ग की हत्या खेत में खून से लथपथ शव देख लोगों के पैरों तले खिसक गई जमीन


 आजमगढ़ बरदह धारदार हथियार से हमला कर बुजुर्ग की हत्या



खेत में खून से लथपथ शव देख लोगों के पैरों तले खिसक गई जमीन



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के उसरगावां गांव में शनिवार रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव निवासी 80 वर्षीय राजबहादुर उर्फ मंगल सिंह की खेत पर बने मकान के बरामदे में सोते समय धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी रविवार सुबह तब हुई, जब ग्रामीण खेत की ओर गए और शव को देखा।




जानकारी के अनुसार, राजबहादुर की ससुराल गाजीपुर जनपद के सादियाबाद में है, जहां उनकी पत्नी और बच्चे रहते हैं। वह अकेले उसरगावां में रहते थे और पाही में खेत के पास बने अपने मकान में समय बिताते थे। शनिवार रात करीब नौ बजे वह गांव के घर से खेत पर सोने गए थे। रात में किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उनके सिर और कंधे पर गहरे घाव मिले।


सुबह ग्रामीणों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बरदह थाना पुलिस और सीओ सिटी शुभम तोदी फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी। घटना की सूचना पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।


पुलिस की प्रारंभिक जांच में अभी तक किसी के साथ मृतक का कोई विवाद सामने नहीं आया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर हत्यारों का पता लगाने में जुटी है। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है। बरदह थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही दोषियों को पकड़ा जाएगा।

अमेठी सो रहे पति की आंख में मिर्च डालकर चाकू से गोदा प्राइवेट पार्ट काटकर किया अलग, पुलिस ने पत्नी को लिया हिरासत में


 अमेठी सो रहे पति की आंख में मिर्च डालकर चाकू से गोदा



प्राइवेट पार्ट काटकर किया अलग, पुलिस ने पत्नी को लिया हिरासत में



उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के जगदीशपुर क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पारिवारिक विवाद के चलते रविवार तड़के एक पत्नी ने अपने पति पर नशीला पदार्थ खिलाकर और आंख में मिर्च डालकर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया। इस दौरान उसने पति के नाजुक अंग को काटकर अलग कर दिया। गंभीर हालत में पीड़ित को पहले जगदीशपुर ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां से उसे एम्स रायबरेली रेफर किया गया। पुलिस ने आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर के मैगलगंज मजरे कचनाव गांव निवासी अंसार (38) अपनी दूसरी पत्नी नाजनी के साथ कमरे में सो रहा था। तड़के करीब 3 बजे नाजनी ने पहले अंसार को नशीला पदार्थ खिलाया, फिर उसकी आंख में मिर्च डालकर चाकू से कई वार किए। इस हमले में अंसार का नाजुक अंग भी काट दिया गया। शोर सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक नाजनी कमरे से भाग चुकी थी।


पीड़ित के भाई सूफियान ने बताया कि अंसार की पहली शादी 14 साल पहले अयोध्या के इटौंजा निवासी शब्तुन से हुई थी, लेकिन संतान न होने के कारण आठ महीने पहले उसने नाजनी से दूसरी शादी की थी। नाजनी आए दिन अंसार को धमकी देती थी। शनिवार रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। सूफियान के मुताबिक, आशंका के चलते अंसार देर रात तक जागता रहा, लेकिन सोने के बाद यह वारदात हुई।


परिजनों ने 108 एंबुलेंस की मदद से अंसार को जगदीशपुर ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर बताकर एम्स रायबरेली रेफर कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी विधान चंद यादव ने बताया कि पीड़ित के भाई की तहरीर पर आरोपी पत्नी नाजनी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। नाजनी को हिरासत में ले लिया गया है और पूछताछ के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।