Monday, 19 May 2025

आजमगढ़ महराजगंज संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला युवक का शव ससुराल में हुई घटना, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका


 आजमगढ़ महराजगंज संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला युवक का शव



ससुराल में हुई घटना, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के महराजगंज थाना क्षेत्र के मोतीपुर गांव में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। यहां सिवान में एक पेड़ से 28 वर्षीय युवक अरविंद यादव का शव लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान अरविंद यादव, पुत्र रामचंदर यादव, निवासी पतिला गौसपुर, थाना बिलरियागंज के रूप में हुई है। अरविंद हाल ही में मुंबई से अपनी ससुराल आया था।


स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह गांव के समीप एक खेत में पेड़ से शव लटका देखा गया। इसकी सूचना मृतक के परिजनों को मिली, जिन्होंने तत्काल पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर शव को पेड़ से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।


मृतक के परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि अरविंद को मारकर शव को पेड़ से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। परिजनों ने घटनास्थल की परिस्थितियों को भी संदिग्ध बताया और निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।


दबे स्वर में कुछ ग्रामीणों ने बताया कि घटनास्थल मृतक की ससुराल से कुछ ही दूरी पर है, लेकिन ससुराल पक्ष का कोई भी सदस्य न तो घटनास्थल पर पहुंचा और न ही पुलिस को सूचना दी। इस चुप्पी ने मामले को और संदिग्ध बना दिया है।


महराजगंज थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, इसलिए जांच को गंभीरता से लिया जा रहा है।


पुलिस और फॉरेंसिक जांच के नतीजों का इंतजार अब पूरे गांव को है, जो इस रहस्यमयी घटना की सच्चाई सामने लाने की उम्मीद कर रहा है।

अयोध्या आवासीय परिसर में महिला आरक्षी शांति यादव का फंदे से लटका मिला शव


 अयोध्या आवासीय परिसर में महिला आरक्षी शांति यादव का फंदे से लटका मिला शव 




उत्तर प्रदेश, अयोध्या मंडल कारागार के आवासीय परिसर में महिला आरक्षी शांति यादव का शव फंदे से लटका मिला। शांति यादव जौनपुर के सरपतहा थाना क्षेत्र की रहने वाली थीं। उनका वर्ष 2021 में जेल पुलिस में आरक्षी पद पर चयन हुआ था। वह अपनी सहकर्मी रेखा के साथ एक कमरे में रहती थीं। रात्रिकालीन ड्यूटी के बाद शांति कमरे पर आई थीं। रेखा ड्यूटी पर चली गई थी। दोपहर 12:30 बजे शांति की ड्यूटी थी। वह समय पर नहीं पहुंचीं। इसकी सूचना जेल प्रशासन को दी गई। लगभग दो बजे सहकर्मी उनके आवास पहुंचे। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज देने पर कोई जवाब नहीं मिला।


सहकर्मियों ने पीछे के रास्ते से शीशे में झांककर देखा तो शव फंदे से लटका मिला। नगर कोतवाल अश्विनी पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। परिजनों को सूचना दी गई। देर शाम परिजनों के पहुंचने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।


वरिष्ठ जेल अधीक्षक के अनुसार, मृतका ने किसी तरह की शिकायत नहीं की थी। इंस्पेक्टर अश्विनी पांडेय ने बताया कि कमरा अंदर से बंद होने के कारण प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों का पता चलेगा। कर्मचारियों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है।

Sunday, 18 May 2025

आजमगढ़ 17 ग्राम पंचायतों के कोटे की दुकानों को लेकर डीएम का सख्त निर्देश सभी उपजिलाधिकरियों को दिया एक हफ्ते का समय


 आजमगढ़ 17 ग्राम पंचायतों के कोटे की दुकानों को लेकर डीएम का सख्त निर्देश



सभी उपजिलाधिकरियों को दिया एक हफ्ते का समय



उत्तर प्रदेश, आजमगढ़ जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार-II ने बताया है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अन्तर्गत रिक्त उचित दर की दुकानों की समीक्षा में जिला पूर्ति अधिकारी, आजमगढ़ द्वारा अवगत कराया गया कि जनपद में वर्तमान समय में कुल 17 ग्राम पंचायतों में उचित दर दुकान रिक्त चल रही है। उन्होंने बताया कि ब्लॉक हरैया की ग्राम पंचायत मनिकाडीह, बिलरियागंज की ग्राम पंचायत देवरा दामोदरपुर, अतरौलिया की ग्राम पंचायत मठिया जफ़्ती माफ़ी, अहिरौला की ग्राम पंचायत बीबी पक्खनपुर, तहबतपुर की ग्राम पंचायत भिलौली खालसा, पठखौली एवं एकमा, रानी की सराय की ग्राम पंचायत साल्हेपुर, जहानागंज की ग्राम पंचायत टिसौरा माफ़ी, पल्हना की ग्राम पंचायत पिथौरपुर, तरवा की ग्राम पंचायत हड़ौरा एवं मेहनाजपुर, लालगंज की ग्राम पंचायत सलेमपुर, ठेकमा की ग्राम पंचायत बरवा, मार्टिनगंज की ग्राम पंचायत बेलहरी इमाम अली एवं देहदुपुर, मुहम्मदपुर की ग्राम पंचायत खर्राटी की उचित दर की दुकाने रिक्त है।

उपरोक्तानुसार रिक्त उचित दर दुकानों के सापेक्ष ग्राम सभा की खुली बैठक में प्रस्ताव कराये जाने हेतु सभी सम्बंधित द्वारा सुसंगत शासनादेशों का अनुपालन करते हुए निम्नानुसार कार्यवाही सुनिश्चित किया जायेगा।


जिलाधिकारी ने निर्देश दिया है कि सभी उपजिलाधिकारी द्वारा उचित दर दुकानों की रिक्तियों के सापेक्ष एक सप्ताह में प्रस्ताव की कार्यवाही सम्बंधित खण्ड विकास अधिकारी से सुनिश्चित करायी जायेगी। प्रस्ताव प्राप्त होने की दशा में एक सप्ताह के भीतर उचित दर दुकान की नियुक्ति की कार्यवाही पूर्ण की जायेगी।


उन्होंने निर्देश दिया है कि सभी खण्ड विकास अधिकारी उक्त रिक्तियों के सापेक्ष एक सप्ताह में प्रस्ताव कराये जाने की कार्यवाही सुनिश्चित करायेंगे तथा सम्बंधित ग्राम पंचायत में रिक्त उचित दर दुकान का प्रस्ताव कराये जाने हेतु तिथि, समय, व स्थान निर्धारित करते हुए कम से कम 72 घण्टे पूर्व सम्बंधित ग्राम प्रधान एवं अन्य को नोटिस की तामिला कराते हुए पंचायत के सार्वजनिक स्थलों पर नोटिस चस्पा कराना सुनिश्चित करेंगे तथा ग्राम पंचायत में प्रस्ताव की सूचना की डुग्गी-गुनादी भी कराना सुनिश्चित करेंगे। 


प्रस्ताव का समय निर्धारित तिथि के अपरान्ह में रखा जाना सुनिश्चित किया जायेगा। सभी खण्ड विकास अधिकारी द्वारा प्रस्ताव की कार्यवाही की पारदर्शिता सुनिश्चित कराये जाने हेतु विडियोग्राफी/फोटोग्राफी सुनिश्चित की जायेगी। सभी खण्ड विकास अधिकारी यह भी सुनिश्चित करेंगे कि जहाँ पर रिक्तियों के सापेक्ष पूर्व से तिथियां निर्धारित है, वहाँ बैठक की कार्यवाही निर्धारित तिथि पर ही करा ली जाये। इन रिक्तियों के सापेक्ष उक्त निर्धारित तिथि से पूर्व प्रस्ताव पारित हो चुका है, तो पारित प्रस्ताव तत्काल सम्बंधित उपजिलाधिकारी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे तथा कृत कार्यवाही की आख्या जिला पूर्ति अधिकारी, आजमगढ़ को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।


 सभी खण्ड विकास अधिकारी अपने क्षेत्रान्तर्गत उपरोक्तानुसार निर्धारित तिथि में प्रस्ताव कराये जाने की कार्यवाही के दौरान कानून-व्यवस्था बनाये रखने के दृष्टिगत सम्बंधित ग्रामसभाओं में सम्बंधित थानों को सूचित करते हुए यथावश्यक पुलिस बल की उपस्थिति में ही प्रस्ताव पारित कराये जाने की कार्यवाही सुनिश्चित करायेंगे। उन्होंने कहा कि सम्बंधित क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी एवं पूर्ति निरीक्षक का यह दायित्व होगा कि वे प्राप्त प्रस्ताव के क्रम में उपजिलाधिकारी के समक्ष पत्रावली प्रस्तुत कर एवं सम्बंधित खण्ड विकास अधिकारी से सम्पर्क कर दुकान नियुक्ति संबंधी कार्यवाही समयान्तर्गत सम्पादित करायेंगे एवं इसकी सूचना जिला पूर्ति अधिकारी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।


जिलाधिकारी ने निर्देशित किया है कि रिक्तियों के सापेक्ष विशेष अभियान चलाते हुए एक सप्ताह के भीतर सभी खण्ड विकास अधिकारी प्रत्येक दशा में नियमानुसार / शासनादेशानुसार प्रस्ताव पारित कराते हुए संबंधित उपजिलाधिकारी को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।

आजमगढ़ कमिश्नर की इनोवा और स्कॉर्पियो में टक्कर, स्कॉर्पियो के दस्तावेज जब्त स्कॉर्पियो मलिक ने कहा कमिश्नर की गाड़ी ने मारी टक्कर


 आजमगढ़ कमिश्नर की इनोवा और स्कॉर्पियो में टक्कर, स्कॉर्पियो के दस्तावेज जब्त



स्कॉर्पियो मलिक ने कहा कमिश्नर की गाड़ी ने मारी टक्कर



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के सिविल लाइन इलाके में रविवार को एक सड़क हादसा हुआ, जिसमें कमिश्नर विवेक की इनोवा कार और एक स्कॉर्पियो के बीच टक्कर हो गई। यह घटना उस समय हुई जब स्कॉर्पियो लालगंज से आ रही थी और कोट मोहल्ले की ओर जा रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही कमिश्नर की इनोवा ने स्कॉर्पियो को बीच से टक्कर मार दी।



स्कॉर्पियो के मालिक इरफान, जो अपने परिजनों के साथ एक बीमार रिश्तेदार को देखने जा रहे थे, ने बताया कि टक्कर कमिश्नर की इनोवा की वजह से हुई। उन्होंने कहा, "हम लालगंज से अपने रिश्तेदार के घर जा रहे थे। कमिश्नर की गाड़ी ने हमारी स्कॉर्पियो में जोरदार टक्कर मारी, जिससे गाड़ी की बॉडी में डेंट आ गया।" इरफान ने आगे बताया कि टक्कर के बाद कमिश्नर की गाड़ी से उतरे ड्राइवर और गनर ने स्कॉर्पियो के सभी दस्तावेज जब्त कर लिए और मौके से चले गए।


इरफान और उनके परिजन काफी देर तक मौके पर दस्तावेजों के लौटने का इंतजार करते रहे, लेकिन न तो दस्तावेज वापस किए गए और न ही कोई स्पष्टीकरण दिया गया। इस घटना से पीड़ित पक्ष परेशान है और मामले की जांच की मांग कर रहा है।

कौशाम्बी एक और शातिर बदमाश पुलिस मुठभेड़ में हुआ ढेर एसएचओ और दरोगा के बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी गोली


 कौशाम्बी एक और शातिर बदमाश पुलिस मुठभेड़ में हुआ ढेर



एसएचओ और दरोगा के बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी गोली



उत्तर प्रदेश, कौशाम्बी में चालक की हत्या कर कॉपर वायर से भरा ट्रेलर लूटने के आरोपी संतोष उर्फ राजू को पुलिस ने शनिवार की देर रात मुठभेड़ में मार गिराया। उसके ऊपर जिले के विभिन्न थानों सहित मुंबई में भी आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बदमाश की ओर से चलाई गई गोली इंस्पेक्टर और दरोगा के बुलेटप्रूफ में लगी है। कौशाम्बी में एनकाउंटर में कुख्यात बदमाश संतोष उर्फ राजू मारा गया। एसएचओ चंद्रभूषण मौर्य और एक दरोगा के बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगी है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश संतोष उर्फ राजू के सीने में छह गोली लगी है। पुलिस ने घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। डॉक्टरों ने बदमाश संतोष उर्फ राजू को मृत घोषित कर दिया। कोखराज थाना इलाके के ककोढा हाईवे किनारे शनिवार की रात करीब 11 बजे यह मुठभेड़ हुई है। एसपी राजेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को राजस्थान अजमेर के जगपुरा गांव का रहने वाला साबरमल मीणा (40) अपने ट्रेलर में गुजरात से कॉपर वायर लोड कर प्रयागराज के सूबेदारगंज के लिए निकला था। जिसकी कीमत करीब चार करोड़ है। 


शुक्रवार को कोखराज थाना क्षेत्र के ककोढा हाईवे पर कुख्यात बदमाश सन्तोष उर्फ राजू ने अपने गैंग के दो सदस्यों के साथ अर्टिगा कार से ओवरटेक कर ट्रेलर रोक लिया और ड्राइवर साबरमल मीणा को गन पॉइंट पर पहले धमकाया। फिर उसे यह लालच दिया कि कॉपर वायर किसी और को बेच देते हैं। जिसके बदले उसे भी हिस्सा देंगे। जब ड्राइवर साबरमल मीणा ने बदमाशों से कहा कि यह ट्रेलर उसका खुद का है और यह कॉपर वायर रेलवे का है। वो ऐसा गलत काम नहीं करेगा। इतने में बदमाश संतोष उर्फ राजू ने ड्राइवर साबरमल मीणा को पिस्टल से गोली मारकर हत्या कर दी और अपने दो साथियों की मदद से उसके शव को झाड़ियों में फेंक दिया। बदमाश कॉपर वायर लदा ट्रेलर ले जाकर प्रतापगढ़ की सीमा में खड़ा कर दिया।


 शनिवार की रात बदमाश संतोष उर्फ राजू चार लोगों के साथ दो करोड़ में कापर वायर का सौदा कर रहा था। तभी कोखराज पुलिस ने बदमाश संतोष उर्फ राजू और चार अन्य खरीददार को धर दबोचा। पुलिस की पूछताछ में बदमाश संतोष ने अपना जुर्म कबूल किया। जिसके बाद पुलिस घटना में इस्तेमाल पिस्टल बरामद करने के लिए उसे घटनास्थल पर लेकर पहुंची। तभी झाड़ियों में छिपाकर रखे लोडेड पिस्टल से बदमाश संतोष उर्फ राजू ने पुलिस टीम पर फायरिंग करना शुरू कर दी। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि एसएचओ कोखराज चंद्रभूषण मौर्य और एक दरोगा के बुलेटप्रूफ जैकेट में गोली लगी। आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में बदमाश संतोष उर्फ राजू के सीने में छह गोली लगी है। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके पास से पिस्टल बरामद की गई है। एसपी के मुताबिक एनकाउंटर में मारा गया बदमाश संतोष उर्फ राजू जौनपुर के खेतासराय थाना क्षेत्र के पोरई कला गांव का रहने वाला था। इसके खिलाफ आधा दर्जन से ज्यादा आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। कुछ मुकदमे मुंबई में भी दर्ज हैं। घटना में शामिल इसके दो साथी अभी भी फरार हैं। यह गैंग हाईवे पर रेकी कर कीमती धातु से लोड वाहनों में लूटपाट करते थे।

Saturday, 17 May 2025

बस्ती कुर्क होगा जिला विद्यालय निरीक्षक का दफ्तर 27 साल पुराने वेतन भुगतान मामले में कार्रवाई


 बस्ती कुर्क होगा जिला विद्यालय निरीक्षक का दफ्तर



27 साल पुराने वेतन भुगतान मामले में कार्रवाई


उत्तर प्रदेश, बस्ती जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) कार्यालय पर शुक्रवार को न्यायालय के आदेश पर कुर्की का नोटिस चस्पा कर दिया गया। यह कार्रवाई 27 साल पुराने एक मामले में शिक्षक चंद्रशेखर सिंह को बकाया वेतन भुगतान न करने के कारण की गई है। नोटिस में कहा गया है कि यदि 90 दिनों के भीतर कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए 14.38 लाख रुपये का भुगतान नहीं किया गया, तो डीआईओएस कार्यालय भवन की नीलामी कर प्राप्त धनराशि शिक्षक को दी जाएगी।मामला अयोध्या जिले के सोहावल निवासी चंद्रशेखर सिंह से जुड़ा है, जिनकी 1991 में बस्ती के नेशनल इंटर कॉलेज, हरैया में प्रवक्ता (अर्थशास्त्र) के पद पर नियुक्ति हुई थी। उनके साथ पांच अन्य शिक्षकों की भी नियुक्ति हुई थी। शुरुआत में किसी को वेतन नहीं मिला, लेकिन बाद में अन्य पांच शिक्षकों को वेतन मिलने लगा, जबकि चंद्रशेखर को वेतन से वंचित रखा गया।वेतन न मिलने पर चंद्रशेखर ने 1998 में सिविल जज जूनियर डिवीजन की अदालत में मुकदमा दायर किया। 24 जनवरी 2005 को उनके पक्ष में डिक्री जारी हुई, जिसमें 2005 तक का 14,38,104 रुपये बकाया वेतन और आगे का वेतन देने का आदेश दिया गया। 


डिक्री के अनुपालन के लिए चंद्रशेखर ने 26 मई 2005 को इजरा वाद दाखिल किया। 27 साल तक वेतन भुगतान न होने पर सिविल जज जूनियर डिवीजन सोनाली मिश्रा की अदालत ने डीआईओएस कार्यालय भवन और भूमि को कुर्क करने का आदेश दिया। अदालत के अमीन ने शुक्रवार को डीआईओएस कार्यालय और उनके चैंबर के सामने कुर्की नोटिस चस्पा किया। अदालत ने अमीन को 8 मई 2025 तक कुर्की की रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था।नोटिस चस्पा होने के बाद डीआईओएस कार्यालय और शिक्षक समुदाय में इस मामले की व्यापक चर्चा हो रही है। यह मामला लंबे समय से चली आ रही प्रशासनिक लापरवाही को उजागर करता है।

लखनऊ नशे में धुत युवक-युवतियों का हंगामा, दरोगा से हाथापाई आजमगढ़ निवासी आरोपित युवक को पुलिस ने लिया हिरासत


 लखनऊ नशे में धुत युवक-युवतियों का हंगामा, दरोगा से हाथापाई


आजमगढ़ निवासी आरोपित युवक को पुलिस ने लिया हिरासत


उत्तर प्रदेश, लखनऊ के विभूतिखण्ड समिट बिल्डिंग में गुरुवार देर रात फिर नशे में धुत युवक-युवतियों ने जमकर हंगामा किया। बवाल की सूचना पर दरोगा उन्हें बिल्डिंग परिसर से बाहर निकालने पहुंचे तो नशे में धुत लोगों ने उनसे अभद्रता की। धक्का मुक्की कर हाथापाई करने लगे। पुलिस ने शांति भंग की कार्रवाई कर एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।


आरोपित युवक आजमगढ़ के गोपालपुर सिधारी न्यू बस्ती का रहने वाला अभिनव प्रताप सिंह है। देर रात करीब एक बजे समिट बिल्डिंग के बार से निकलकर बाहर परिसर में अभिनव उसके कुछ दोस्त और युवतियां हंगामा कर रही थी। गाली-गलौज करते हुए वह बाहर डांस कर रहे थे। बवाल बढ़ने पर विभूतिखंड थाने के दरोगा पुलिस बल के साथ पहुंचे। उन्होंने समझाकर शांत कराने और बाहर निकालने का प्रयास किया। इस पर अभिनव नोकझोंक करने लगे। पुलिस के विरोध पर अभिनव ने धक्का मुक्की कर दरोगा से हाथापाई कर दी। लोगों को काबू में करने के लिए थाने से महिला समेत अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस ने अभिनव को पकड़ लिया। अभिनव को छुड़ाने को लेकर नशे में धुत उसके साथी और अन्य लोग भी हंगामा करने लगे। पुलिस ने उन्हें हिदायत देकर शांत कराया। 


इसके बाद अभिनव को लेकर थाने चले गए। मेडिकल परीक्षण के लिए लोहिया ले जाया गया। नशे की पुष्टि हुई। इंस्पेक्टर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि अभिनव और उनके साथी नशे में हंगामा कर रहे थे। विरोध पर दरोगा से धक्का मुक्की की थी। शांति भंग की कार्रवाई कर अभिनव को गिरफ्तार कर लिया गया है।