Wednesday, 16 April 2025

आजमगढ़ हाईकोर्ट के आदेश पर बिलरियागंज थाना भवन निर्माण कार्य रोका जिलाधिकारी ने थाने के लिए आवंटित भूमि को किया निरस्त


 आजमगढ़ हाईकोर्ट के आदेश पर बिलरियागंज थाना भवन निर्माण कार्य रोका



जिलाधिकारी ने थाने के लिए आवंटित भूमि को किया निरस्त



उत्तर प्रदेश, आजमगढ़ हाईकोर्ट के निर्देश पर बिलरियागंज थाना भवन का निर्माण कार्य तत्काल प्रभाव से रोक दिया गया है। कोर्ट ने इस मामले में अधिकारियों को उपस्थित होकर जवाब देने का आदेश दिया है। साथ ही, जिलाधिकारी ने थाने के लिए आवंटित भूमि को निरस्त कर दिया है।


बिलरियागंज थाना वर्तमान में किराये के भवन में संचालित हो रहा है। कुछ माह पूर्व थाने के पीछे स्थित पोखरी और भीटे की भूमि को थाना भवन निर्माण के लिए आवंटित किया गया था। शासन ने इसके लिए 20 करोड़ रुपये की धनराशि भी स्वीकृत की थी। धनराशि मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू हुआ और पोखरी को मिट्टी डालकर पाटा गया। 


हालांकि, गांव के राधेश्याम, सुरेश सहित अन्य ग्रामीणों ने इस निर्माण के खिलाफ जनवरी में हाईकोर्ट में जनहित याचिका (पीआईएल) दाखिल की थी। हाईकोर्ट ने सुनवाई के बाद निर्माण कार्य रोकने का निर्देश दिया। उस समय भूमि पर नींव की खोदाई और कुर्सी भरने का काम चल रहा था। कोर्ट के आदेश के बाद प्रशासन ने निर्माण कार्य बंद कर दिया और आवंटित भूमि को निरस्त कर दिया। अब राजस्व विभाग थाना भवन के लिए वैकल्पिक भूमि की तलाश में जुट गया है।

कानपुर पुलिस चौकी के अंदर पुलिसकर्मियों पर हमला, दरोगा का अंगूठा कटा महिला मित्र को सिपाही से धक्का लगने के बाद बढ़ा विवाद


 कानपुर पुलिस चौकी के अंदर पुलिसकर्मियों पर हमला, दरोगा का अंगूठा कटा


महिला मित्र को सिपाही से धक्का लगने के बाद बढ़ा विवाद




उत्तर प्रदेश, कानपुर एक दिन पहले बारादेवी चौराहे के पास सिपाही से हुई मारपीट की शिकायत करने आनंदपुरी चौकी पहुंचे युवक ने सिर मारकर मेज पर रखा कांच तोड़कर पुलिस कर्मियों पर हमला कर दिया। हमले में कांच लगने से दरोगा के दाहिने हाथ का अंगूठा कट गया, जबकि सिपाही जख्मी हो गया। पुलिस ने दरोगा की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमला समेत कई आरोपों में रिपोर्ट दर्ज की है।


जानकारी के अनुसार पुलिस लाइन में तैनात सिपाही सिपू सिंह चौहान सोमवार रात रिश्तेदार के साथ खाना खाने किदवईनगर स्थित ढाबे पर गया था। वहां बाइक खड़ी करने के दौरान आनंदपुरी निवासी प्रद्युम्न उर्फ विजय तिवारी के साथ खड़ी उसकी महिला मित्र को सिपाही का धक्का लग गया। इस पर दोनों के बीच विवाद और मारपीट हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर विवाद खत्म कराया और दोनों पक्ष मौके से चले गए। मंगलवार दोपहर सिपाही ने किदवईनगर थाने में शिकायत कर दी।


पुलिस प्रद्युम्न की तलाश में घर गई। वह वहां नहीं मिला लेकिन पुलिस के आने की सूचना पर वह महिला मित्र को लेकर शिकायत करने आनंदपुरी चौकी पहुंच गया। हालांकि सिपाही संग मारपीट की बात पता चलने पर पुलिस कर्मियों ने उसे बैठा लिया और किदवईनगर पुलिस को सूचना दे दी। किदवईनगर थाने के दरोगा प्रियांशु दीक्षित सिपाही पंकज पाल के साथ चौकी पहुंचे तो आरोपी प्रद्युम्न ने हंगामा शुरू कर दिया। दरोगा ने तमाचा मारा तो वह आपा खो बैठा और अपना सिर मेज पर रखे कांच पर दे मारा। इससे कांच टूट गया।

उसी कांच के टुकड़े से उसने दरोगा प्रियांशु पर वार कर दिया। बचने की कोशिश में कांच दरोगा के हाथ में लग गया। दाहिने हाथ का अंगूठा कट गया। सिपाही पंकज भी कांच के वार से जख्मी हो गया। इसके बाद किदवईनगर चौकी इंचार्ज प्रवास शर्मा पुलिस टीम के साथ पहुंचे और उसे पकड़कर किदवई नगर थाने ले गए। बाद में जूही पुलिस के हवाले कर दिया। 


उधर, आरोपी की महिला मित्र ने रिजर्व पुलिस लाइन में तैनात सिपाही पर मारपीट करने समेत कई गंभीर आरोप लगाए। आरोपी प्रद्युम्न के खिलाफ वर्ष 2022 में मारपीट करके लूट करने की धारा में मामला दर्ज हुआ था। इस मामले में वह वांछित था। उसके खिलाफ किदवईनगर में मारपीट का भी मामला दर्ज है। आरोपी का पिता रामबाबू तिवारी जूही थाने का हिस्ट्रीशीटर है। एडीसीपी साउथ महेश कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ गुंडा एक्ट और जिला बदर की कार्रवाई की जाएगी।

Tuesday, 15 April 2025

कौशाम्बी सगी बेटी का 5 लाख रुपये में किया सौदा किशोरी बोली- युवक ने खरीदकर 2 दिन किया दुष्कर्म... मैं चुंगल से निकल आई


 कौशाम्बी सगी बेटी का 5 लाख रुपये में किया सौदा



किशोरी बोली- युवक ने खरीदकर 2 दिन किया दुष्कर्म... मैं चुंगल से निकल आई



उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले के करारी इलाके की एक किशोरी ने अपने माता-पिता पर बिचौलिए की मदद से उसे पांच लाख रुपये में बेचने का आरोप लगाया है। कहा कि एटा निवासी युवक ने खरीदने के बाद दो दिन तक उसके संग दुष्कर्म किया है। मामले में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सीओ मंझनपुर जांच कर रहे हैं।


 पुलिस के अनुसार 13 वर्षीय पीड़िता ने बताया कि गांव बिहरोजपुर निवासी कमलेश पासी उसके घर आता था। कई बार वह एटा जिले के राजा कोतवाली के नगला रामपुर गांव निवासी कर्मवीर को भी साथ लेकर आता था। 14 मार्च 2025 को भी दोनों घर आए। शाम को माता-पिता ने उन्हें खाना खिलाया। उस दिन नींद व चक्कर आने पर जल्दी सो गई। दूसरे दिन आंख खुली तो खुद को एटा में कर्मवीर के घर पाया।


किशोरी के मुताबिक, पूछने पर कर्मवीर ने बताया कि पांच लाख रुपये में उसके माता-पिता से उसे खरीद कर लाया है। 16 मार्च 2025 की रात किशोरी मौका पाकर वहां से भाग कर घर आई तो परिजनों ने उसे अपनाने से इन्कार कर दिया। इसके बाद वह मंझनपुर क्षेत्र में रहने वाली अपनी बुआ के घर पर रुकी है।


 करारी इंस्पेक्टर विनीत सिंह ने बताया कि पीड़िता अपनी बुआ के साथ आई थी। उसकी तहरीर पर माता-पिता समेत चार आरोपियों के खिलाफ रविवार को मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। - शिवांक सिंह, सीओ सिटी

आजमगढ़ फूलपुर अध्यापिका से दिन दहाड़े 1 लाख रुपये और सोने की चैन की लूट बदमाशों ने तमंचे से घायल कर घटना को दिया अंजाम


 आजमगढ़ फूलपुर अध्यापिका से दिन दहाड़े 1 लाख रुपये और सोने की चैन की लूट



बदमाशों ने तमंचे से घायल कर घटना को दिया अंजाम



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के फूलपुर थाना क्षेत्र के खंजहापुर गांव के पास मंगलवार को बाइक सवार दो बदमाशों ने दिनदहाड़े एक अध्यापिका को तमंचे से घायल कर लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने अध्यापिका के पर्स में रखे 1 लाख रुपये नकद, सोने की चैन, मोबाइल और अन्य सामान लूट लिया। घटना की सूचना पर इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़िता ने तत्काल 112 नंबर पर पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।


जानकारी के अनुसार, पीड़िता चंद्रकला (45 वर्ष), पत्नी धर्मेंद्र आर्य, मूल रूप से लखनऊ की निवासी हैं। उनका मायका फूलपुर थाना क्षेत्र के सैदपुर गांव में है, जहां वह अपने पिता राम धनी के घर रहकर सैदपुर के कंपोजिट विद्यालय में शिक्षिका के रूप में कार्यरत हैं। मंगलवार को चंद्रकला अपने पति धर्मेंद्र के साथ पलिया स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा, अमरथु शाखा से 1 लाख रुपये निकालकर बाइक से वापस लौट रही थीं। जैसे ही वह खंजहापुर गांव के पास पहुंचीं, बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी बाइक के सामने अपनी बाइक अड़ा दी, जिससे चंद्रकला और उनके पति बाइक सहित सड़क पर गिर गए।


बदमाशों ने तमंचे से चंद्रकला के सिर पर वार कर उन्हें घायल कर दिया और उनके पर्स में रखे 1 लाख रुपये, गले की सोने की चैन, मोबाइल और अन्य सामान लूट लिया। इसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। चंद्रकला ने तुरंत 112 नंबर पर कॉल कर पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर 112 पुलिस के साथ-साथ अम्बारी पुलिस चौकी और फूलपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फूलपुर कोतवाली के प्रभारी सच्चिदानंद ने बताया कि अध्यापिका से लूट की घटना की जानकारी मिली है। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल कर रही है। बदमाशों की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्रों में छानबीन की जा रही है। पुलिस ने पीड़िता का बयान दर्ज कर लिया है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया है।

फिरोजाबाद जिस जज ने जारी किया वारंट, उसे ही गिरफ्तार करने निकली पुलिस लापरवाह दरोगा लाइन हाजिर, जांच सीओ को सौंपी गई


 फिरोजाबाद जिस जज ने जारी किया वारंट, उसे ही गिरफ्तार करने निकली पुलिस


लापरवाह दरोगा लाइन हाजिर, जांच सीओ को सौंपी गई



उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में पुलिस की लापरवाही का बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है जहां चोरी के मामले में आरोपी राजकुमार उर्फ पप्पू के खिलाफ अपर सिविल जज नगमा खान ने गिरफ्तारी वारंट जारी किया था, लेकिन पुलिस का कमाल देखिए पुलिस वाले वारंट की तामील करने आरोपी के पते पर पहुँच गए और वारंट जारी करने वाली जज यानी नगमा खान को ही ढूंढना शुरू कर दिया. यही नहीं उन्होंने इस संबंध में रिपोर्ट तैयार कर 23 मार्च 2025 को कोर्ट में पेश की और सूचित किया किया आरोपी नगमा खान अपने घर नहीं मिल पाई।


मिली जानकारी के अनुसार दरअसल फिरोजाबाद न्यायालय में अपर सिविल जज सीनियर डिवीजन नगमा खान की अदालत में चोरी करने और चोरी का माल घर में बरामद होने का मुकदमा विचाराधीन था इस मामले में न्यायालय की ओर से आरोपी पप्पू उर्फ राजकुमार निवासी कोटला रोड के विरुद्ध गैर हाजिर चलने के मामले में कई बार वारंट जारी किए थे. लेकिन, आरोपी राजकुमार के हाजिर न होने पर कोर्ट ने उसके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी करने के साथ ही कुर्की की कार्रवाई करने के आदेश दिए थे।


थाना उत्तर पुलिस के दारोगा बनवारी लाल ने अपनी जांच में वारंटी राजकुमार की जगह अपर सिविल जज सीनियर डिवीजन नगमा खान को ढूंढना शुरू कर दिया और अंत में दारोगा बनवारी लाल ने कोर्ट में दाखिल रिपोर्ट में लिखा कि वारंट तामील करने के लिए अंकित पते पर नगमा खान को तलाश किया गया लेकिन इस पत्ते पर कोई नहीं मिला।


कोर्ट में दाखिल रिपोर्ट को पढ़ते ही सीनियर डिवीजन सिविल जज नगमा खान हैरान रह गईं, जज ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए इसे बेहद लापरवाही पूर्ण रवैया माना और इस संबंध में आईजी रेंज आगरा दीपक कुमार और एसपी सौरभ दीक्षित से शिकायत की। जिसके बाद फिरोजाबाद पुलिस के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने इस मामले में दारोगा को लाइन हाजिर कर दिया है और इस पूरे प्रकरण की जांच सीओ सदर अरुण चौरसिया को सौंप दी गई है। इस मामले में अगली तारीख 26 अप्रैल 2025 को नीयत हैं

Monday, 14 April 2025

मिर्जापुर पेड़ से लटकी मिली भाई-बहन की लाश, पहुंची पुलिस हत्या-आत्महत्या की तफ्तीश जारी


 मिर्जापुर पेड़ से लटकी मिली भाई-बहन की लाश, पहुंची पुलिस



हत्या-आत्महत्या की तफ्तीश जारी



उत्तर प्रदेश के मिजार्पुर जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के निनवार उत्तर गांव में सोमवार की सुबह उस गांव के बाहर तालाब के पास आम के पेड़ से युवक और युवती के शव फंदे से लटकता मिला। ग्रामीणों ने यह दृश्य देखा तो शोर मचा दिया और कुछ ही देर में मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष संजय सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शवों को नीचे उतरवाया। आसपास के लोगों ने शव की शिनाख्त की। 


जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की पहचान निनवार उत्तर निवासी गोपाल दुबे (23) के रूप में हुई है। वहीं, युवती की पहचान गायत्री उर्फ गुड़िया द्विवेदी (32) पत्नी राजकिशोर निवासी सतना (मध्य प्रदेश) के रूप में की गई है। मृतका विवाहिता थी, जो गोपाल दुबे की मौसेरी बहन थी। ग्राम प्रधान जितेंद्र सिंह ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने दोनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।


 घटना से गांव में शोक और सन्नाटा पसरा है। ग्रामीण स्तब्ध हैं कि ऐसा आत्मघाती कदम आखिर क्यों उठाया गया? पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि युवक व युवती का फंदे से लटका शव मिला है। जांच की जा रही है।

आजमगढ़ निजामाबाद फरिहा तेज रफ्तार ट्रक ने किशोर को कुचला, मौत दोस्तों के साथ साइकिल से जाते समय हुई घटना


 आजमगढ़ निजामाबाद फरिहा तेज रफ्तार ट्रक ने किशोर को कुचला, मौत


दोस्तों के साथ साइकिल से जाते समय हुई घटना


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरिहा चौक पर रविवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें 12 वर्षीय किशोर आयुष की जान चली गई। फरिहा पश्चिम बस्ती निवासी आयुष, पुत्र राजेश, अपने दोस्तों के साथ साइकिल से फरिहा चौक की ओर जा रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए एक ट्रक ने उसे कुचल दिया।


हादसा इतना भीषण था कि आयुष ट्रक के पहियों के नीचे आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस बुलाकर उसे रानी के सराय अस्पताल पहुंचाया। हालत नाजुक होने पर उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद आयुष की जान नहीं बच सकी।


हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। गुस्साए लोगों ने ट्रक को कब्जे में लेकर पुलिस को सूचना दी। निजामाबाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


आयुष की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से फरिहा चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने और ऐसे हादसों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।