Sunday, 16 April 2023

आजमगढ़ अतरौलिया खड़ी बस में पिकप ने मारी टक्कर एक की मौत, 3 लोग हुए घायल


 आजमगढ़ अतरौलिया खड़ी बस में पिकप ने मारी टक्कर



एक की मौत, 3 लोग हुए घायल



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ अतरौलिया थाना क्षेत्र के बांसगांव यूनियन बैंक के समीप अम्बेडकर नगर डिपो की बस खराब हो गई। ड्राइवर बस खड़ी करके उसको सही करवा रहा था। इस दौरान तेज गति से आ रही पिकप ने बस में पीछे से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में जहां एक व्यक्ति की मौत हो गयी, वहीं तीन अन्य लोग घायल हो गये। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा अन्य घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।


जानकारी के अनुसार बीती शाम अतरौलिया थाना क्षेत्र के बांसगांव यूनियन बैंक के समीप बीती रात अंबेडकर नगर डिपो की एक बस जो आजमगढ़ से लखनऊ जा रही थी। बांसगांव के पास बस में कुछ तकनीकी खराबी आ गई और बस को वहीं किनारे खड़ा कर बस में भरी सवारी को दूसरी बस में शिफ्ट कर ड्राइवर ने दो अन्य मिस्त्री को बुलाकर बस ठीक करा रहा था। बस ड्राइवर प्रकाश यादव पुत्र चंद्रदेव निवासी भगवानपुर, ठेकमा थाना बरदह जो बस के पीछे खड़ा होकर टॉर्च दिखा रहा था और बस के नीचे दो मिस्त्री हरेंद्र यादव पुत्र तिलकधारी यादव निवासी भवानीपुर थाना अतरौलिया तथा बृजेश कुमार पुत्र विक्रम निवासी खासबेगपुर थाना कप्तानगंज बस को बना रहे थे। इस दौरान आजमगढ़ की तरफ से तेज रफ्तार से आ रही पिकअप ने बस के पीछे टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि मौके पर ही बस ड्राइवर प्रकाश यादव की मौत हो गई, वहीं बस को बना रहे मिस्त्री हरेंद्र यादव व बृजेश कुमार गंभीर रूप से जख्मी हो गए, जिसे स्थानीय लोगों के सहयोग से एंबुलेंस बुलाकर स्थानीय 100 सैया अस्पताल पहुंचाया गया।


 वहीं गंभीर रूप से जख्मी मिस्त्री हरेंद्र यादव व बृजेश कुमार को प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल के लिए भेज दिया गया। पिकअप चालक भी इस हादसे में गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जिसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पिकअप चालक सत्यवीर पुत्र राममूर्ति निवासी सीमरी बौरा थाना दातागंज, बदायूं का निवासी बताया जा रहा है। मौके पर पुलिस पहुंच कर घटना की जांच में जुट गई तथा घायल व मृतक के परिजनों को फोन पर घटना की सूचना दी।

आजमगढ़ कप्तानगंज युवक ने माता-पिता और छोटी बहन को कुल्हाड़ी से काटा पिता द्वारा प्रेम प्रसंग का विरोध के चलते हत्या कि हो रही चर्चा बाजरे के खेत में मिली लड़की की लाश


 आजमगढ़ कप्तानगंज युवक ने माता-पिता और छोटी बहन को कुल्हाड़ी से काटा


पिता द्वारा प्रेम प्रसंग का विरोध के चलते हत्या कि हो रही चर्चा


बाजरे के खेत में मिली लड़की की लाश


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ पिता की डांट से नाराज युवक ने माता-पिता व छोटी बहन को कुल्हाड़ी से काटकर मौत के घाट उतार दिया। बताया जा रहा है कि गांव के किसी लड़की से युवक का प्रेम प्रसंग चल रहा था जिसका पिता ने विरोध किया था, घटना के बाद युवक मौके से फरार हो गया।  घटना की सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक सहित फोर्स मौके पर पहुंच गई और घटना की जांच में जुट गई।


जानकारी के अनुसार कप्तानगंज थाना क्षेत्र के धंधारी गांव में 20 वर्षीय युवक राजन सिंह ने भोर में करीब 3:30 बजे कुल्हाड़ी से काटकर अपने पिता भानु प्रताप सिंह पुत्र हरिनारायण सिंह उम्र 48 वर्ष को मौत के घाट उतार दिया, इस बाबत जब उसकी मां सुनीता देवी 45 वर्ष सामने आई तो उसने मां पर भी कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया और उसे भी मार डाला। घर में मौजूद उसकी छोटी बहन राशि सिंह उम्र 12 वर्ष अपनी जान बचाकर भागी तो उक्त युवक ने उसे दौड़ाकर बाजरे के खेत में कुल्हाड़ी से काट डाला। घटनाक्रम के बाद युवक मौके से फरार हो गया। 


सुबह टहलने निकले लोगों ने आशंका वश घर में देखा तो घटना की जानकारी पुलिस को दी। घटना की सूचना के बाद मौके पर आईजी सहित पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य, फील्ड यूनिट मौके पर पहुंच गई थी। घटना की बारीकी से साइंटिफिक तरीके से जांच डॉग स्क्वायड टीम को भी मौके पर बुला लिया गया। भानु प्रताप सिंह की एक और बेटी रानी सिंह उम्र 15 वर्ष घटना के समय घर में मौजूद नहीं थे वह आजमगढ़ मुख्यालय किसी रिश्तेदार के यहां आई थी, जिससे वह बच गई।


पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि मामले का पर्दाफाश करने के लिए एडिशनल एसपी आरए के नेतृत्व में 2 टीमों का गठन किया गया है। फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है जिसमें एसओजी, सर्विलांस को भी शामिल किया गया है। जल्द से जल्द अभियुक्त की गिरफ्तारी की जाएगी और फिर उसके खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी। घटना किस कारण से हुई है इस मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।

प्रयागराज माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या के बाद पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। उच्च स्तरीय बैठक के बाद उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट 17 पुलिसकर्मी सस्पेंड, न्यायिक जांच आयोग गठित


 प्रयागराज माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या के बाद पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।


उच्च स्तरीय बैठक के बाद उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट



17 पुलिसकर्मी सस्पेंड, न्यायिक जांच आयोग गठित


लखनऊ प्रयागराज में माफिया अतीक अहमद और उसके भाई अशरफ की हत्या के बाद पूरे प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तत्काल उच्च स्तरीय बैठक बुलाई जिसमें तीन सदस्यीय न्यायिक जांच आयोग गठित कर पूरे घटनाक्रम की जांच कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद को प्रयागराज भेजा गया है। इस मामले में 17 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। सीएम आवास की सुरक्षा बढा दी गई है और पुलिस कमिशनर संवेदनशील इलाकों में निकले हैं।


सूत्रों के मुताबिक प्रयागराज में हुई घटना के बाद प्रदेश पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। खासकर प्रयागराज में बड़ी तादाद में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है। घटनास्थल को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। प्रयागराज पुलिस के अलावा एसटीएफ भी घटनास्थल से सुबूत बटोर रहे हैं। मौके पर रैपिड एक्शन फोर्स और पीएसी बल की तैनाती भी की गई है। डीजीपी आरके विश्वकर्मा और स्पेशल डीजी कानून-व्यवस्था एवं अपराध प्रशांत कुमार पूरे घटनाक्रम की गहनता से मॉनीटरिंग कर रहे हैं।

Saturday, 15 April 2023

आजमगढ़ रानी की सराय मासूम को रौंदने के बाद बेकाबू स्कॉर्पियो गड्ढे में पलटी घटना के बाद स्कार्पियो सवार फरार


 आजमगढ़ रानी की सराय मासूम को रौंदने के बाद बेकाबू स्कॉर्पियो गड्ढे में पलटी


घटना के बाद स्कार्पियो सवार फरार


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ रानी की सराय क्षेत्र के ईश्वरपुर गांव के पास शनिवार दोपहर बाद दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हादसे मे पैदल जा रहे बच्चे को रौंदने के बाद बेकाबू स्कॉर्पियो गड्ढे में जा पलटी। पैदल जा रहे बच्चे की मौत हो गई। हादसे में स्कॉर्पियो सवार लोग भी घायल हुए। मगर, लोगों के जुटने से पहले सभी फरार हो गए। 


घटनास्थल का मंजर देख स्थानीय लोग सहम उठे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त स्कॉर्पियो को कब्जे में लिया।


ईश्वरपुर गांव निवासी आकाश कुमार (15) पुत्र प्रह्लाद आज दिनाँक 15 अप्रैल 2023 को दिन शनिवार शाम करीब सवा चार बजे पैदल कहीं किसी काम से जा रहा था। गांव के बाहर मुख्य मार्ग पर ही पहुंचा था कि आजमगढ़ की तरफ से जा रही स्कार्पियो ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद स्कार्पियो अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे गड्ढे में पलट गई।


हादसे में आकाश गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सीएचसी रानी की सराय ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। आकाश तीन बहनों का इकलौता भाई था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। स्कार्पियो में कितने लोग थे और उन्हें कितनी चोट आई है। इसकी कोई जानकारी नहीं हो सकी है। पुलिस ने स्कार्पियो को कब्जे में लिया है। रजिस्ट्रेशन नंबर से वाहन मालिक से संपर्क करने की कवायद हो रही है।

आजमगढ़ शहर कोतवाली पहुंचे एसपी अनुराग आर्य


 आजमगढ़ शहर कोतवाली पहुंचे एसपी अनुराग आर्य


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ आज पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ अनुराग आर्य द्वारा थाना कोतवाली का आकस्मिक निरीक्षण किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना परिसर का भ्रमण किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा अनेक दिशा निर्देश दिये गये।


निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई में पिछले एक माह में सकारात्मक पहल कर सुधार लाने के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान करने का निर्णय लिया गया। आगामी अलविदा एवं ईद के त्योहार के दृष्टिगत आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। त्योहार रजिस्टर का अवलोकन कर अराजक तत्वों के विरुद्ध निरोधात्मक कार्यवाही करने, संवेदनशील स्थलो पर ड्यूटी लगाने एवं फुट पेट्रोलिंग करने के सम्बंध में निर्देशित किया गया।


 प्रचलित नव निर्माण कार्य के संबंध आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। थाना कार्यालय में अभिलेखों का अवलोकन किया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा लम्बित शिकायतों का गुणवत्तापूर्वक यथाशीघ्र निस्तारण हेतु निर्देशित किया गया।

श्रावस्ती बड़ा सड़क हादसा, 6 की मौत, 8 घायल दर्दनाक हादसे से सड़क पर मची चीख-पुकार


 श्रावस्ती बड़ा सड़क हादसा, 6 की मौत, 8 घायल


दर्दनाक हादसे से सड़क पर मची चीख-पुकार


उत्तर प्रदेश के श्रावस्ती जिले में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। हादसे में आठ लोग घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दर्दनाक हादसे में सड़क पर चीख-पुकार मच गई।


जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को थाना इकौना इलाके के कर्मोहना दकाही गांव में भगौती प्रसाद (70) की मौत हो गई थी। इस पर लुधियाना में रहकर काम कर रहे पारिवार के 14 सदस्य इनोवा पीबी 29 एच 4067 से अपने गांव कर्मोहना दकाही थाना इकौना आ रहे थे। थाना इलाके के नेशनल हाइवे पर सोनरई गांव के पास शनिवार की सुबह चालक को झपकी आ गई। इस वजह से इनोवा सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकराकर खंती में पलट गई।


 हादसे में हीरालाल उर्फ शैलेंद्र गुप्ता (30) पुत्र बेकारु निवासी गांव कर्मोहना थाना इकौना, मुकेश कुमार पुत्र भगौती प्रसाद (30) निवासी कर्मोहना, पुत्ती लाल उर्फ अर्जुन पुत्र भगौती (28) निवासी कर्मोहना, वीरू उर्फ अमित पुत्र हीरालाल (9) वर्ष निवासी कर्मोहना, रामा देवी पत्नी रामफेरन (42) निवासी टेडवा थाना ललिया बलरामपुर और वाहन चालक हरीश कुमार पुत्र सोमनाथ (42) वर्ष निवासी अर्जुन कॉलोनी लुधियाना की मौके पर ही मौत हो गई।


इसके अलावा, ननके उर्फ सुशील कुमार पुत्र भगौती परसाद (35) कर्मोहना, सुरेश कुमार पुत्र भगौती प्रसाद (42) निवासी कर्मोहना, नीतू पत्नी हीरालाल (28) निवासी कर्मोहना, नीलम पत्नी मुकेश (25), बबलू पुत्र गोपाल (8), सरिता पत्नी बबलू (30) ,रूही पुत्री बबलू (9), काव्या उर्फ लाडो पुत्री बबलू (5) वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक इकौना संतोष कुमार तिवारी ने मौके पर पहुंच कर जेसीबी की मदद से वाहन को खंती से बाहर निकलवाया और घायलों को एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इकौना लाया गया। डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया, आठ घायलों की हालत गंभीर देख उन्हें मेडिकल कॉलेज बहराइच रेफर कर दिया। 


घटना की सूचना पर पुलिस अधीक्षक श्रावस्ती प्राची सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक श्रावस्ती ने घटना स्थल का जायजा लिया। प्रभारी निरीक्षक इकौना ने बताया कि सभी मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

आजमगढ़ रानी की सराय सांसद निरहुआ का पत्र देखकर भड़के थानेदार पीड़ित दलित युवक का आरोप-थाने में बंद कर बुरी तरह पीटा पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच मांगा न्याय


 आजमगढ़ रानी की सराय सांसद निरहुआ का पत्र देखकर भड़के थानेदार


पीड़ित दलित युवक का आरोप-थाने में बंद कर बुरी तरह पीटा


पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच मांगा न्याय


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य को अपनी समस्याओं के बावत ज्ञापन देने पहुंचे पीड़ित द्वारा लगाया गया आरोप चर्चा का केन्द्र बन गया। पीड़ित ने बताया कि वह रास्ते के मामले को लेकर सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ से जाकर मिला। सांसद प्रतिनिधि द्वारा उसे लेटर पैड पर लिखकर दिया गया और कहा गया कि जाओ थाने पर दे दो तुम्हारा काम हो जायेगा।


 इसके बाद पीड़ित ने जो बताया वह अपने आप में एक ऐतिहासिक घटनाक्रम हो गया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि वह जैसे ही थाने में जाकर सांसद दिनेश लाल निरहुआ का पत्र सौंपा। रानी की सराय के थानेदार भड़क गये और उसे भद्दी-भद्दी गालियां देते हुए उसे थाने में बंद कर बुरी तरह पीटा गया जिससे उसके कान से कम सुनाई दे रहा है जिसका इलाज वह सरकारी अस्पताल में करा रहा है। वह काफी रोया, गिड़गिड़ाया लेकिन थानेदार नहीं माने। इतना ही नहीं थानेदार द्वारा पीड़ित और उसकी पत्नी का 151 में चालान कर दिया गया।


बता दें कि रानी की सराय थाना क्षेत्र में दंबगों द्वारा जबरन दीवार बनाकर सार्वजनिक रास्ता को बंद किया जा रहा है। इस संबंध में पीड़ित ने उप जिलाधिकारी सदर को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई थी। उप जिलाधिकारी ने मामले का संज्ञान लेते हुए रानी की सराय थानाध्यक्ष को तत्काल मामले की जांच कर सार्वजनिक रास्ता किसी भी सूरत में बाधित न होने का निर्देश दिया था।


 रानी की सराय थाना क्षेत्र के ग्राम तमौली निवासी दलित विनोद पुत्र मूरत का आरोप है कि आबादी में काफी पुराना रास्ता है। उस रास्ते को शंकर पुत्र पप्पू जबरन दीवार बनाकर बंद कर रहे है। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।


 इस बावत वह सांसद दिनेश लाल यादव निरहुआ के प्रतिनिधि से मिला था जिसमें सांसद प्रतिनिधि द्वारा लेटर पैड पर लिखकर दिया गया था, जिसको  थाने में जाकर देने में उल्टे उसके खिलाफ ही कार्रवाई कर दी गयी। आज पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंप न्याय की गुहार लगाई है।