Wednesday, 2 September 2026

आजमगढ़ गंभीरपुर नहर में पैर फिसलने से गहरे पानी में डूबा युवक पानी का बहाव तेज होने से रातभर नहीं मिल सका शव, सुबह पानी कम होने पर हुआ बरामद


 आजमगढ़ गंभीरपुर नहर में पैर फिसलने से गहरे पानी में डूबा युवक


पानी का बहाव तेज होने से रातभर नहीं मिल सका शव, सुबह पानी कम होने पर हुआ बरामद



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के रसूलपुर बाज बहादुर गांव निवासी 30 वर्षीय सूरज राम पुत्र राजाराम मंगलवार शाम शारदा सहायक खंड-23 नहर में डूब गया। बुधवार सुबह नहर का पानी कम होने के बाद पुलिस ने घटनास्थल के पास से उसका शव बरामद किया। शव घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। 


जानकारी के अनुसार, सूरज राम मंगलवार शाम करीब सात बजे शौच के लिए गांव के उत्तरी छोर पर स्थित शारदा सहायक खंड-23 नहर के किनारे गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। कुछ दूरी पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और उसे बचाने के लिए नहर में कूदे, लेकिन नहर की गहराई और तेज बहाव के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। 


घटना की सूचना स्थानीय पुलिस चौकी गोसाई की बाजार को दी गई। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी आशीष तिवारी और वीरेंद्र कुमार यादव हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से पूरी रात नहर में युवक की तलाश की, लेकिन अधिक पानी और तेज बहाव के चलते सफलता नहीं मिली। इसके बाद पुलिस ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को सूचना देकर नहर का पानी बंद कराया। बुधवार सुबह पानी का स्तर कम होने पर पुलिस और ग्रामीणों ने दोबारा तलाश शुरू की। करीब नौ बजे घटनास्थल के पास ही सूरज का शव बरामद हो गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सूरज तीन भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। वह पेंटिंग का काम करके परिवार का भरण-पोषण करता था। करीब दो वर्ष पूर्व उसकी शादी हुई थी और उसकी एक वर्ष की बेटी भी है। सूरज की मौत से पत्नी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सामने रोजी-रोटी का संकट भी खड़ा हो गया है।

No comments:

Post a Comment