Friday, 3 July 2026

आजमगढ़ गंभीरपुर,जौनपुर फोरलेन पर गिट्टी से लदा ट्रक पलटा, घंटों बाधित रहा यातायात चालक घायल, सड़क पर फैली गिट्टी हटाकर पुलिस ने बहाल कराया आवागमन


 आजमगढ़ गंभीरपुर,जौनपुर फोरलेन पर गिट्टी से लदा ट्रक पलटा, घंटों बाधित रहा यातायात



चालक घायल, सड़क पर फैली गिट्टी हटाकर पुलिस ने बहाल कराया आवागमन



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के आजमगढ़-जौनपुर फोरलेन पर स्थित नगरिया जहानपुर के पास शुक्रवार तड़के गिट्टी से लदा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद ट्रक में लदी गिट्टी सड़क के दोनों ओर फैल गई, जिससे मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही गंभीरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया।


 प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रक जौनपुर की ओर से आ रहा था। नगरिया जहानपुर के पास पहुंचते ही चालक संतुलन खो बैठा और वाहन पलट गया। दुर्घटना के बाद ट्रक का एक हिस्सा सड़क पर आ गया, जबकि बड़ी मात्रा में गिट्टी फोरलेन पर बिखर गई। इससे दोनों दिशाओं में वाहनों का आवागमन बाधित हो गया। हादसे में ट्रक चालक रामचंद्र (50) घायल हो गया। वह निजामाबाद थाना क्षेत्र के फरीदाबाद गांव का निवासी है। पुलिस ने उसे तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजकर उपचार शुरू कराया। चालक ने बताया कि ट्रक में लदी गिट्टी नौतनवा, गोरखपुर पहुंचाई जानी थी। घायल होने के कारण वह दुर्घटना के संबंध में अधिक जानकारी नहीं दे सका। उधर, गंभीरपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सड़क से गिट्टी हटाने का कार्य शुरू कराया और यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

No comments:

Post a Comment