आजमगढ़ फूलपुर प्रेम प्रसंग में युवक को मारी गोली
बाइक से महिला के साथ जाते समय पति ने दिया घटना को अंजाम
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत वैसाडीह स्थित अमृत सरोवर के पास शनिवार शाम करीब 6 बजे प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक को गोली मार दी गई। घटना उस समय हुई जब युवक एक महिला के साथ बाइक से फूलपुर की ओर जा रहा था। जानकारी के अनुसार, अंजली चौहान निवासी आखुपुर कतरा कोटिया की शादी कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मेहमौनी गांव निवासी केशरी चौहान से हुई है।
बताया जा रहा है कि अंजली का सरायमीर थाना क्षेत्र के पेडरा निवासी राकेश (28) पुत्र लालबहादुर से प्रेम संबंध था, जिसकी जानकारी उसके पति को हो गई थी। शनिवार को अंजली अपने मायके से राकेश के साथ बाइक से जा रही थी। इसी दौरान वैसाडीह गांव के बाहर पंचायत भवन के पास अमृत सरोवर के निकट पीछे से पहुंचे पति केशरी चौहान ने पहले गाली-गलौज की और फिर हाथापाई के दौरान राकेश पर फायरिंग कर दी। गोली राकेश के दाहिने हाथ के ऊपरी हिस्से में लगी। घटना के बाद राकेश और अंजली शोर मचाते हुए मौके से भागे। आसपास मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्काल डायल 112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फूलपुर पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घायल राकेश टाइल्स लगाने का काम करता है। उसने बताया कि अंजली के भाई के साथ काम करने के दौरान दोनों के बीच पारिवारिक संबंध बने। आरोप है कि अंजली का पति उससे मारपीट करता था और दो दिन पहले भी उसे बुरी तरह पीटा गया था, जिसके इलाज के लिए वह उसे बाइक से ले जा रहा था। वहीं स्थानीय पुलिसकर्मियों के अनुसार दोनों के बीच अवैध संबंधों की चर्चा पहले से थी। बताया यह भी जा रहा है कि आरोपी पति आपराधिक प्रवृत्ति का है और हाल ही में जेल से छूटकर आया था। प्रभारी निरीक्षक फूलपुर के अनुसार, घायल के परिजनों को बुलाकर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। घटना में शामिल आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
https://www.news9up.com/2026/04/blog-post_0.html

No comments:
Post a Comment