Friday, 27 September 2024

आजमगढ़ जीयनपुर मस्जिद से गिरकर मजदूर की हुई मौत, परिवार में मचा कोहराम


 आजमगढ़ जीयनपुर मस्जिद से गिरकर मजदूर की हुई मौत, परिवार में मचा कोहराम




उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र में मस्जिद से गिरकर मजदूर की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया।


जानकारी के अनुसार नागेंद्र प्रसाद चौरसिया उम्र 48 वर्ष पुत्र रामअवध चौरसिया बाहापुर गांव का निवासी था वह दोर्जी गांव में मस्जिद पर फार्मा लेकर चढ़ते समय गुरुवार की शाम लगभग 5 बजे गिर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। 


सूचना पर जीयनपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों की तहरीर पर विधिक कार्रवाई कर शव का शुक्रवार को पोस्टमार्टम कराया गया। मृतक नागेंद्र प्रसाद पांच भाइयों में तीसरे नंबर पर था वह अपने परिवार की आजीविका चलाने के लिए मजदूरी करता था। घटना से पत्नी आशा देवी का रो-रोकर बुरा हाल रहो गया। मृतक के पास दो पुत्र और दो पुत्री हैं रामानंद, प्रियंका, प्रीति व शिवानंद है।

आजमगढ़ कप्तानगंज सफाई कर्मी की पत्नी का फंदे से लटकता मिला शव भोजन के लिए बुलाने गई सास, नजारा देख हुई अवाक


 आजमगढ़ कप्तानगंज सफाई कर्मी की पत्नी का फंदे से लटकता मिला शव



भोजन के लिए बुलाने गई सास, नजारा देख हुई अवाक



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र के जफरामऊ गांव में गुरुवार की रात घर में सफाई कर्मी की पत्नी का दुपट्टे के सहारे शव लटकता देख परिजन सन्न रह गए। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।


जानकारी के अनुसार जफरामऊ निवासी उषा देवी के पति विजय प्रताप सफाई कर्मी है जो मौजूदा समय में कोयलसा ब्लाक में ड्यूटी करते हैं। उषा देवी सास और बच्चों के साथ घर पर अकेली रहती थी। पति अक्सर जहां ड्यूटी करते थे वहीं रूक जाया करते थे। प्रतिदिन की तरह रात को भोजन करने के बाद बच्चे कमरे में सोने चले गए तो सास भानुमति ने बहु उषा को भोजन के लिए बुलाया लेकिन अंदर से कोई आहट नहीं हुई। मौके पर जाकर देखी तो कमरे में दुपट्टे के सहारे पंखे से उषा का शव लटक रहा है। उनकी चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आनन-फानन उसे फंदे से नीचे उतारा और नजदीकी सीएचसी ले गए जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही स्वजन का रो-रो कर बुरा हाल है।

मुरादाबाद युवक की मौत के बाद मचा बवाल पुलिस और ग्रामीणों में भिड़ंत, पथराव में सिपाही घायल


 मुरादाबाद युवक की मौत के बाद मचा बवाल



पुलिस और ग्रामीणों में भिड़ंत, पथराव में सिपाही घायल




उत्तर प्रदेश मुरादाबाद ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र के गांव तरफ दलपत में शुक्रवार को ग्रामीण की संदिग्ध हालात में मौत के बाद हंगामा हो गया। मिली जानकारी के अनुसार  दरअसल, लोकेश उर्फ मोनू सैनी (27) की ट्रैक्टर के नीचे दबने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने घटना के लिए स्थाीनय पुलिस को जिम्मेदार बताया है। उनका आरोप है कि पुलिस ने अवैध वसूली के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली का पीछा किया, जिसके चलते यह हादसा हुआ। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस टीम को घेर लिया और जीप की हवा निकाल दी। इसके बाद पथराव भी हुआ। भीड़ के हमले में एक सिपाही घायल हो गया। उसे अस्पताल भेजा गया है। 


ठाकुरद्वारा कोतवाली क्षेत्र के गांव में शुक्रवार दोपहर खेत से मिट्टी उठाकर अपने प्लॉट में भराव कर रहे लोकेश की ट्रैक्टर के नीचे दबकर संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला बोल दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस ने अवैध वसूली के इरादे से खाली ट्रैक्टर ट्रॉली का पीछा किया। इसी दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सोनू के ऊपर पलट गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस टीम को घेर लिया। उन पर पथराव करना शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस ने जबरन ट्रैक्टर चालक को रुकने पर मजबूर किया।


 ग्रामीणों ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। गुस्साए ग्रामीणों ने ठाकुरद्वारा-जसपुर रोड पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया और पुलिसकर्मियों के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की। उन्होंने पुलिस पर खनन की अवैध वसूली का आरोप लगाया। कहा कि पुलिस आए दिन उनसे जबरन वसूली करती है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती वह शांत नहीं बैठेंगे। हंगामा बढ़ता देख मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए आस-पास के थानों से भी फोर्स बुलाया है। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए प्रशासन भी सतर्क हो गया है। 


मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने की कोशिश की, लेकिन गुस्साए ग्रामीणों का कहना है कि वह तभी मानेंगे जब पुलिसकर्मियों पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाएगा। भीड़ के हमले में एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच निष्पक्षता से की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 


प्रशासन ने ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मामले की जांच की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रण में करने की कोशिश की है, लेकिन हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं।

आजमगढ़ निजामाबाद पहलेजाबाद मे दिखा विशालकाय अजगर एक नीलगाय के बच्चे को बना रहा था निवाला


 आजमगढ़ निजामाबाद पहलेजाबाद मे दिखा विशालकाय अजगर



एक नीलगाय के बच्चे को बना रहा था निवाला




आजमगढ़ जनपद के निजामाबाद तहसील क्षेत्र में शुक्रवार की सुबह एक विशालकाय अजगर नजर आया। जिसे देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में लोग बाग में पहुंच गए। अजगर एक नीलगाय के बच्चे को निगल रहा था किसी तरीके से लोगों ने अजगर के मुंह से नीलगाय के बच्चे को बाहर किया और उसे एक खांचे में बंद कर दिया गया। पहलेजाबाद ग्राम सभा के पास बाग में अजगर देखे जाने की सूचना मिलते ही मौके पर काफी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।


 अजगर ने नील गाय के एक बच्चे को दबोच रखा था। वह उसे निगलने की कोशिश कर रहा था। कड़ी मशक्कत के बाद लोगों ने नीलगाय के बच्चे को अजगर के चंगुल से बाहर निकाला। अजगर कुछ देर तक तो शांत रहा लेकिन कुछ देर बाद जब वह हरकत करने लगा तो उसे पकड़कर एक बोरे में बंद कर दिया। इसके बाद अजगर मिलने की सूचना वन विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम अजगर को अपने साथ लेकर चली गई।

Thursday, 26 September 2024

आजमगढ़/मऊ, जीयनपुर घायल युवक की इलाज के दौरान हुई मौत 8 दिन पूर्व मार्ग दुर्घटना में गंभीर रूप से हुआ था घायल


 आजमगढ़/मऊ, जीयनपुर घायल युवक की इलाज के दौरान हुई मौत



8 दिन पूर्व मार्ग दुर्घटना में गंभीर रूप से हुआ था घायल



उत्तर प्रदेश आजमगढ़/मऊ जिले के नेवादा गांव के पास लगभग आठ दिन पूर्व हुई मार्ग दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान को एक निजी अस्पताल में मौत हो गयी। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए विधिक कार्रवाई में जुट गई।


 आजमगढ़ जनपद के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मझऊवा गांव निवासी 26 वर्षीय दीपक सोनकर पुत्र लालजी सोनकर 18 सितंबर 2024 को किसी कार्य से बाइक से गोरखपुर जा रहे थे। रास्ते में वे मऊ जनपद के दोहरीघाट थाना क्षेत्र के नेवादा गांव के समीप पहुंचे थे कि उसी दौरान अज्ञात वाहन से टक्कर लगने से घायल हो गए थे।


 स्थानीय लोगों द्वारा एंबुलेंस की सहायता से घायल को मंडलीय जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर हालत गंभीर देख हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया था। परिजन उन्हें शहर के लछिरामपुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कर इलाज करा रहे थे। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। मृतक दो भाई दो बहनों में दूसरे नंबर पर थे।

आजमगढ़ जीयनपुर मार्ग दुर्घटना में चाचा, भतीजा की हुई मौत, महिला गंभीर रूप से घायल बाजार दवा लेने जाते समय हुई दुर्घटना


 आजमगढ़ जीयनपुर मार्ग दुर्घटना में चाचा, भतीजा की हुई मौत, महिला गंभीर रूप से घायल 



बाजार दवा लेने जाते समय हुई दुर्घटना




उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ के  जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के आजमगढ़ गोरखपुर मुख्य मार्ग पर बाइक सवार युवक व एक बच्चे की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। इस घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।


 जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह आजमगढ़ गोरखपुर मुख्य मार्ग पर जीयनपुर बाजार से आगे दाउदपुर पेट्रोल पंप के समीप बच्चे के इलाज के लिए जाते समय सामने से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से बाइक चला रहे मुन्ना पुत्र इद्रीश उम्र 22 वर्ष और भतीजे अली असगर उम्र एक वर्ष तीन माह की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर बैठी रुबीना पत्नी अकरम निवासी मनियापार थाना घोसी जनपद मऊ गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने घायल रुबीना को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मृतक के भाई निसार की तहरीर पर जीयनपुर कोतवाली पर अज्ञात वाहन के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया।


 जीयनपुर पुलिस ने चाचा और भतीजा के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मृतक मुन्ना अविवाहित है और अली असगर दो भाइयों में छोटा है। मौत की सूचना पर परिवार व क्षेत्र में कोहराम मच गया।

आजमगढ़ पवई प्रसव के दौरान प्रसूता की गई जान परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर किया हंगामा, अस्पताल छोड़ भागे कर्मचारी और संचालक


 आजमगढ़ पवई प्रसव के दौरान प्रसूता की गई जान


परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर किया हंगामा, अस्पताल छोड़ भागे कर्मचारी और संचालक




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जनपद के पवई थाना क्षेत्र के एक निजी अस्पताल में प्रसूता की आपरेशन के बाद हालत गंभीर हो गयी, कुछ देर बाद उसने दम तोड़ दिया। परिजनों ने डाक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। मामला बिगड़ता देख अस्पताल संचालक और डाक्टर मौके से फरार हो गये। 


जानकारी के अनुसार सविता पाल उम्र 28 वर्ष पत्नी अजय कुमार पाल निवासी मधवापुर थाना पवई जनपद आजमगढ़ को बुधवार को प्रसव पीड़ा हुई। घर वाले उसे पवई बाजार स्थित उमा अस्पताल में भर्ती कराये। प्रसूता के पति अजय ने आरोप लगाया कि चिकित्सक ने पहले बताया कि प्रसव नार्मल हो जायेगा। कुछ घंटे बीतने के बाद डाक्टर ने कहा कि स्थिति ठीक नहीं है बिना आपरेशन के प्रसव नहीं हो पायेगा। पत्नी का आपरेशन किया गया और एक बच्चा पैदा हुआ। आपरेशन के बाद पत्नी की हालत बिगड़ने लगी, उसका रक्तस्राव नहीं रूक रहा था। मेरे द्वारा डाक्टर से रेफर करने की बात कही गयी, लेकिन डाक्टर ने कहा घबराने की बात नहीं है अभी कुछ देर में स्थिति नार्मल हो जायेगी। 


बुधवार की देर रात पत्नी ने अस्पताल में ही दम तोड़ दिया। परिजनों ने अस्पताल के बाहर सड़क पर शव को रख कर हंगामा शुरू कर दिया और डाक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। 


सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाबुझाकर घर भेज दिया। मृतका के पति अजय कुमार पाल ने थाने में डाक्टर, अस्पताल संचालक और कर्मचारियों के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष पवई अनिल कुमार सिंह ने बताया कि प्रसूता की मौत मामले की जांच की जा रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।


 इस बावत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई के अधीक्षक डॉ एचएल सरोज ने खुद को अवकाश पर होने की बात बताते हुए कहा कि इस समय कार्यभार डॉ मनोज कुमार देख रहे हैं। डॉ मनोज कुमार ने कहा कि मामले की जानकारी हुई है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।