Wednesday, 25 January 2023

आजमगढ़ मेहनाजपुर मर्डर केस में मुख्य आरोपी समेत 3 गिरफ्तार एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में हुआ था घायल


 आजमगढ़ मेहनाजपुर मर्डर केस में मुख्य आरोपी समेत 3 गिरफ्तार


एक आरोपी पुलिस मुठभेड़ में हुआ था घायल



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ मेहनाजपुर बाजार स्थित दक्षिण का पूरा इलाके में मंगलवार को दिन में आवास आवंटन प्रक्रिया में पात्र अभ्यर्थियों के सत्यापन हेतु बुलाई गई बैठक में दो पक्षों के बीच हुए हिंसक संघर्ष में एक युवक की मौत तथा दो लोगों के घायल हो जाने की घटना के मुख्य आरोपी पूर्व प्रधान शिवशंकर सिंह उर्फ घूरे समेत तीन लोग गिरफ्तार कर लिए गए। पकड़े गए लोगों में एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ में गोली लगी है। वहीं मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को पुलिस ने सिधारी थाना क्षेत्र में शारदा चौराहे के समीप गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने इस वारदात में प्रयुक्त लाइसेंसी राइफल भी बरामद कर लिया है।


गौरतलब है कि मंगलवार को दिन में मेहनाजपुर ग्राम पंचायत के दक्षिण पूरा में आवास आवंटन प्रक्रिया में पात्र अभ्यर्थियों के सत्यापन एवं चयन किए जाने के लिए पंचायत सभागार में खुली बैठक आयोजित की गई थी। इस दौरान पंचायत में पूर्व प्रधान शिवशंकर सिंह उर्फ घूरे तथा वर्तमान प्रधान प्रदीप सिंह उर्फ भीम अपने -अपने समर्थकों का नाम सूची में दर्ज कराने के लिए वहां पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया और मारपीट ने हिंसक रूप धारण कर लिया। मौके पर हुई गोलीबारी की घटना में तरवां क्षेत्र के जामूडिह ग्राम निवासी हिमांशु सिंह उर्फ बिट्टू की मौत हो गई जबकि प्रधान प्रदीप सिंह उर्फ भीम तथा मुन्ना सिंह गोली लगने से घायल हो गए। घायलों का उपचार वाराणसी स्थित अस्पताल में चल रहा है। 


इस मामले में मृतक पक्ष की ओर से पूर्व प्रधान शिवशंकर सिंह उर्फ घूरे समेत कई लोगों को नामजद किया गया है। वारदात की सूचना पाकर पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की जांच पड़ताल में प्रथम दृष्टया मुकामी थानाध्यक्ष की लापरवाही उजागर होने पर एसपी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और वहां नए थाना प्रभारी को नियुक्त कर दिया। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमों का गठन करने के साथ ही जिले की स्वात टीम को भी लगाया गया था। पुलिस टीमें हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए जगह जगह दबिश दे रही थीं। बुधवार की सुबह शहर क्षेत्र से पुलिस ने हमलावर पक्ष के जितेंद्र यादव निवासी ग्राम औड़िहार थाना सैदपुर जिला गाजीपुर को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी को पुलिस घटना में प्रयुक्त असलहों की बरामदगी के लिए उसे ले गई। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी ने असलहा बरामदगी के वक्त झाड़ी में छिपाए गए असलहे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल बदमाश को ईलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस टीम ने इस मामले में मुख्य आरोपी शिवशंकर सिंह उर्फ घूरे निवासी ग्राम मेहनाजपुर तथा विजय सिंह उर्फ बब्बू निवासी स्थानीय ग्राम सिधौना को सिधारी थाना क्षेत्र अंतर्गत शारदा चौराहे के समीप गिरफ्तार कर लिया।


 पुलिस ने पकड़े गए लोगों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी राइफल भी बरामद कर लिया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए शिवशंकर सिंह उर्फ घूरे के खिलाफ जिले के आलावा गाजीपुर व जौनपुर जिले में भी दो दर्जन से ज्यादा संगीन मामले दर्ज बताए गए हैं।

आजमगढ़ फूलपुर क्षेत्र में चला गिरफ्तारी का जबरदस्त अभियान, पकड़े गए डेढ़ दर्जन वारंटी


 आजमगढ़ फूलपुर क्षेत्र में चला गिरफ्तारी का जबरदस्त अभियान, पकड़े गए डेढ़ दर्जन वारंटी



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ गणतंत्र दिवस के मौके पर आपराधिक मामलों में वांछित चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने जबरदस्त अभियान चलाया। अभियान की जद में आए डेढ़ दर्जन लोगों की गिरफ्तारी कर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।


विभिन्न मुकदमों में अभियुक्त बनाये व्यक्ति जो न्यायालय द्वारा सुनवाई के लिए निर्धारित तारीखों पर अदालत में उपस्थित नहीं हुए। अदालत में अनुपस्थित होने के कारण वांछित अभियुक्तों के खिलाफ अदालतों से जारी किए गिरफ्तारी वारन्ट के आधार पर फूलपुर थाना क्षेत्र में बुधवार की सुबह से गिरफ्तारी अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न मामलों में वांछित 18 वारंटियों को गिरफ्तार कर मेडिकल परीक्षण के बाद उन्हें जिला मुख्यालय स्थित कोर्ट भेजा गया। इन वारंटियों को एक साथ भेजने में आ रही कठिनाई को देखते हुए थाना प्रभारी अनिल सिंह ने स्कूल बस की सहायता ली जिसमें बैठा कर सभी को जिला न्यायालय रवाना किया गया।

आजमगढ़ मेंहनाजपुर हत्याकाण्ड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल आवास आवंटन को लेकर हो रही पंचायत में गोली चलने से हुई थी एक की मौत


 आजमगढ़ मेंहनाजपुर हत्याकाण्ड का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में घायल


आवास आवंटन को लेकर हो रही पंचायत में गोली चलने से हुई थी एक की मौत



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ अपर पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र लाल ने बताया कि आज सुबह मेहनाजपुर पुलिस द्वारा कल मेहनाजपुर में हुई हत्या के आरोपी जितेन्द्र यादव को कचहरी के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। अभियुक्त द्वारा हत्या में प्रयुक्त किये गये असलहे की बरामदगी के लिए ले जाया गया, जहां झाड़ियों में रखे असलहे से अभियुक्त जितेन्द्र यादव ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी है। पुलिस ने पुनः हिरासत में ले लिया। घायल बदमाश को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल ले जाया गया। उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही है।


बता दें कि तरवां विकास खंड क्षेत्र अंतर्गत मेहनाजपुर ग्राम पंचायत में बनने वाले सरकारी आवास के लिए 207 आवेदन किए गए थे। इस मामले में पात्र अभ्यर्थियों का चयन करने के लिए कल 24 जनवरी 2023 मंगलवार को गांव के पंचायत भवन पर खंड विकास अधिकारी तरवां प्रियंका सिंह के निर्देश पर खुली बैठक बुलाई गई थी। दिन के करीब 12 बजे पंचायत भवन के सभागार में आयोजित बैठक में वर्तमान प्रधान पक्ष के प्रदीप सिंह उर्फ भीम सिंह व पूर्व प्रधान शिवशंकर सिंह उर्फ घूरे पक्ष के लोग भी शामिल हुए थे।


 बताते हैं कि पात्र- अपात्र लोगों के चयन को लेकर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मौके पर गोलीबारी शुरू हो गई। जिसमें 32 वर्षीय हिमांशु सिंह पुत्र बिट्टू सिंह निवासी ग्राम जामूडिह थाना क्षेत्र तरवां, स्थानीय नई बस्ती निवासी प्रदीप सिंह उर्फ भीम तथा मुन्ना सिंह गोली लगने से घायल हो गए। मौके पर मची अफरातफरी के बीच तीनों घायलों को उपचार के लिए वाराणसी ले जाया गया जहां हिमांशु सिंह को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि अन्य दोनों घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है। मामले में पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य द्वारा मेहनाजपुर थानाध्यक्ष को निलम्बित भी कर दिया गया।

आजमगढ़ में पठान की जबरदस्त दस्तक उठते विरोध के स्वर के बीच पुलिस पूरी तरह तैयार 26 जनवरी तक न जाए टॉकीज के पास, जाने क्यों


 आजमगढ़ में पठान की जबरदस्त दस्तक


उठते विरोध के स्वर के बीच पुलिस पूरी तरह तैयार


26 जनवरी तक न जाए टॉकीज के पास, जाने क्यों


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ विवाद और बायकॉट के बीच शाहरुख खान की फिल्म पठान की जिले में बंपर बुकिंग हुई है। 25 व 26 जनवरी को सिनेमाहाल के पांच-पांच शो के टिकट एडवांस में बुक हो गए हैं। विरोध की आशंका में सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। सिनेमाहाल के संचालक भी बुधवार को रिलीज हो रही फिल्म को लेकर चौकन्ने हैं।


शहर के इकलौते सिनेमाहाल मुरली टाकिज में फिल्म बुधवार को रिलीज होगी। सिनेमा हाल में 222 लोगों के बैठने की क्षमता है। पूर्व में सिनेमा हाल चार शो ही चलता है। पठान फिल्म रिलीज  होने पर पांच शो चलेंगे। 


पहला शो सुबह 9.45 से 12.30 बजे तक चलेगा। दूसरा शो 12.30 से 3.20 बजे, तीसरा शो 3.20 से 6.15 बजे, चौथा शो 6.15 बजे से रात 9 बजे व पांचवा शो रात 9 बजे से 12 बजे तक चलेगा।


 प्रबंधक नीतीश सिंह ने बताया कि 25 व 26 जनवरी को सिनेमा हाल में पांच-पांच शो चलाए जाएंगे। दोनों दिन पांच-पांच शो के लिए एडवांस बुकिंग हो गई है। बुकिंग ऑनलाइन व आफ लाइन हुई है। इस फिल्म को लेकर लोगों में उत्साह है। जिसका परीणाम रहा कि दो दिन की एडवांस बुकिंग हो गई। इस दौरान सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम रहेगे। कोतवाल शशिकांत चौधरी ने बताया कि पुलिस नगर में चौकस रहेगी।

Tuesday, 24 January 2023

आजमगढ़ मेंहनाजपुर थानाध्यक्ष किये गये निलम्बित


 आजमगढ़ मेंहनाजपुर थानाध्यक्ष किये गये निलम्बित


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य द्वारा थाना मेंहनाजपुर क्षेत्रान्तर्गत हत्या की घटित घटना के सम्बन्ध में आपराधिक इतिहास वाले व्यक्तियों के विरूद्ध समय से निरोधात्मक कार्यवाही न करने, अभिसूचना संकलन न कर पाने व घोर लापरवाही के कारण प्रभारी निरीक्षक मेंहनाजपुर राम उजागिर को तत्काल प्रभाव से निलम्बित किया गया हैं। 


उ0नि0 सुनील दुबे (वर्तमान चौकी प्रभारी पहाड़पुर) को प्रभारी थाना मेंहनाजपुर नियुक्त किया गया है।

आजमगढ़ फूलपुर बेदखल हुए वनवासियों की गुहार पहुंची सीएम दरबार पुलिस ने रुकवाया बिना अनुमति मस्जिद निर्माण कुंभकर्णी नींद से जागा फूलपुर तहसील प्रशासन


 आजमगढ़ फूलपुर बेदखल हुए वनवासियों की गुहार पहुंची सीएम दरबार


पुलिस ने रुकवाया बिना अनुमति मस्जिद निर्माण


कुंभकर्णी नींद से जागा फूलपुर तहसील प्रशासन



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ फूलपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत सुदनीपुर चकनूरी में भूमिहीन वनवासियों को आवंटित भूमि पर तहसील प्रशासन की शह पर बगैर अनुमति मस्जिद का निर्माण कराए जाने का मामला पीड़ित पक्ष द्वारा मुख्यमंत्री दरबार पहुंच गया। इस मामले में कुंभकर्णी नींद में सोया तहसील प्रशासन मंगलवार को अचानक चैतन्य हो गया। इसके पूर्व ही मौके पर पहुंचे फूलपुर कोतवाल ने निर्माण कार्य करा रहे लोगों से अनुमति पत्र मांगा। अनुमति पत्र न दिखाने पर कोतवाल अनिल सिंह ने सरकारी गाइड लाइन का हवाला देते हुए मौके पर हो रहे निर्माण कार्य को रुकवा दिया। पुलिस के इस कार्रवाई की जहां लोग प्रशंसा कर रहे वहीं तहसील प्रशासन की एक पक्षीय कार्रवाई से लोगों में गुस्से का भाव नजर आया।


बताते चलें कि फूलपुर तहसील क्षेत्र के सुदनीपुर चकनुरी ग्राम पंचायत क्षेत्र के भूअभिलेख में गाटा संख्या 315 नवीन परती के खाते में अंकित है। पूर्व में इस भूमि का हिस्सा नैयर आलम पुत्र खालिक सहित पाँच भाईयों को वृक्षारोपण हेतु आवंटित कर दिया गया था। वर्ष 2003 में इन सगे भाइयों का आवंटन निरस्त कर ग्रामसभा सुदनीपुर निवासी वनवासी जाति के नौ व्यक्तियों को आवंटित कर दिया गया। जिसके विरोध में नैयर आलम बन्धुवों ने हाईकोर्ट में दावा कर स्थगन आदेश करा दिया। कुछ समय गुजरने के बाद वनवासियों का आवंटन भी निरस्त कर दिया गया। 


इसके बाद खेल शुरू हुआ और तहसील प्रशासन की मौन सहमति से उस भूमि के बगल में मस्जिद का निर्माण शुरू करा दिया गया। यह देख वनवासियों ने अपनी आवंटित भूमि का हिस्सा मानकर तहसील प्रशासन से शिकायत की। तत्पश्चात नायब तहसीलदार, लेखपाल व राजस्व निरीक्षक मौके पर पहुंचकर मस्जिद का निर्माण सही स्थल पर बताया। तहसील अधिकारी की बात से असंतुष्ट वनवासियों द्वारा इसकी आनलाइन शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर की गई। वनवासियों की गुहार को सरकार ने संज्ञान में लेते हुए स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिया। निर्देश मिलते ही मंगलवार की सुबह उपजिलाधिकारी फूलपुर नरेन्द्र कुमार गंगवार के साथ लेखपालों की टीम व क्षेत्राधिकारी अनिल वर्मा एवं कोतवाल अनिल सिंह भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। मस्जिद निर्माण करा रहे लोगों से प्रभारी निरीक्षक ने अनुमति पत्र की मांग की। अनुमति पत्र न दिखाने पर मस्जिद निर्माण कार्य रुकवाते हुए सीमांकन कार्य कराया गया। 


इस दौरान वनवासी पक्ष का कोई जिम्मेदार व्यक्ति मौके पर नहीं था वहां कुछ वनवासी महिलाएं उपस्थित रहीं। इस कार्यवाही के संबंध में पूछे जाने पर सरन वनवासी ने कहा की एक तो हमारा आवंटन निरस्त कर दिया गया और बिना सूचित किये मनमाने रूप से सीमांकन किया जा रहा है। विवादित भूमि की मापी के लिए जो सड़क नक्शे में अंकित नहीं उसे बिंदू मानकर भूमि का सीमांकन किया जा रहा है जबकि सरहद से सीमांकन होना चाहिए। वहीं उपजिलाधिकार फूलपुर नरेंद्र कुमार गंगवार द्वारा बताया गया कि मस्जिद का निर्माण रुकवा दिया गया है और सीमांकन कराया गया निर्माणकर्ता निर्माण अपनी भूमि में कर रहे हैं। क्षेत्र के लोगों में इस बात की चर्चा जोरों पर रही कि राजस्व टीम को सरकारी मापदंड नियमावली का पता नहीं वरना शिकायत के बाद भी मस्जिद का निर्माण कार्य लेखपाल, राजस्व निरीक्षक तहसीलदार द्वारा नही रुकवाना व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक फूलपुर अनिल सिह का कहना है कि किसी भी पूजा स्थल का निर्माण प्रशासन की अनुमति के बगैर नहीं किया जा सकता है। ऐसे में निर्माण कार्य को रोका गया है।

आजमगढ़ आवास आवंटन को लेकर पंचायत में चली गोली, एक की मौत, 2 जख्मी मेहनाजपुर ग्राम पंचायत के दक्षिण पूरा की घटना, 5 हिरासत में


 आजमगढ़ आवास आवंटन को लेकर पंचायत में चली गोली, एक की मौत, 2 जख्मी


मेहनाजपुर ग्राम पंचायत के दक्षिण पूरा की घटना, 5 हिरासत में



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जिले के मेहनाजपुर ग्राम पंचायत के दक्षिण का पूरा में मंगलवार को दिन में सरकारी आवास आवंटन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए पंचायत भवन सभागार में चल रही बैठक में पूर्व एवं वर्तमान ग्राम प्रधान पक्ष के लोग आमने-सामने आ गए। मौके पर हुई मारपीट के दौरान हुई गोलीबारी में तीन लोगों को गोली लगी। घायलों को आनन-फानन उपचार के लिए वाराणसी ले जाया गया जहां एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया जबकि गंभीर रूप से घायल दो लोगों का ईलाज चल रहा है।


बताते हैं कि तरवां विकास खंड क्षेत्र अंतर्गत मेहनाजपुर ग्राम पंचायत में बनने वाले सरकारी आवास के लिए 207 आवेदन किए गए थे। इस मामले में पात्र अभ्यर्थियों का चयन करने के लिए मंगलवार को गांव के पंचायत भवन पर खंड विकास अधिकारी तरवां प्रियंका सिंह के निर्देश पर खुली बैठक बुलाई गई थी। दिन के करीब 12 बजे पंचायत भवन के सभागार में आयोजित बैठक में वर्तमान प्रधान पक्ष के प्रदीप सिंह उर्फ भीम सिंह व पूर्व प्रधान शिवशंकर सिंह उर्फ घूरे पक्ष के लोग भी शामिल हुए थे। बताते हैं कि पात्र- अपात्र लोगों के चयन को लेकर दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच मौके पर गोलीबारी शुरू हो गई। जिसमें 32 वर्षीय हिमांशु सिंह पुत्र बिट्टू सिंह निवासी ग्राम जामूडिह थाना क्षेत्र तरवां, स्थानीय नई बस्ती निवासी प्रदीप सिंह उर्फ भीम तथा मुन्ना सिंह गोली लगने से घायल हो गए। मौके पर मची अफरातफरी के बीच तीनों घायलों को उपचार के लिए वाराणसी ले जाया गया जहां हिमांशु सिंह को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि अन्य दोनों घायलों का उपचार अस्पताल में चल रहा है।


 घटना की जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। घटना के बाबत पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया कि इस मामले में हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमों के साथ ही जिले की एसओजी टीम को भी लगाया गया है। पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी जो नजीर बनेगी। घटना को लेकर मेहनाजपुर क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। घटनास्थल पर पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य पहुंच गये थे।