Friday, 7 November 2025

आजमगढ़ जहानागंज सांप के काटने से महिला की हुई मौत किचन में खाना बनाते समय हुई घटना, परिवार में मचा कोहराम


 आजमगढ़ जहानागंज सांप के काटने से महिला की हुई मौत



किचन में खाना बनाते समय हुई घटना, परिवार में मचा कोहराम


उत्तर प्रदेश के आज़मगढ़ जिले के नगर पंचायत जहानागंज के वार्ड नंबर 10 सरदार वल्लभभाई पटेल नगर मुस्तफाबाद में बुधवार रात सांप के काटने से एक महिला की मौत हो गई। 


प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिमला चौहान (38 वर्ष) पत्नी सूर्यभान चौहान बीती रात लगभग 8 बजे घर के किचन में खाना बना रही थीं। किचन की टूटी टाइल्स में प्लास्टिक लगाने के दौरान भीतर छिपे सांप ने उन्हें काट लिया।


परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें सिधारी होते हुए खरिहानी बाजार स्थित एक चिकित्सक के पास ले जाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। मृतका के पति सूर्यभान चौहान गुजरात में नौकरी करते हैं, जबकि शिमला अपने सास-ससुर के साथ गांव में रहती थीं। उनके पीछे 14 वर्षीय बेटी निधि और 11 वर्षीय बेटा अंश है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में कोहराम मच गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

आजमगढ़ रौनापार पूर्व विधायक व भाजपा नेता वंदना सिंह के खिलाफ अभद्र टिप्पणी न्यूज संचालक पर आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा


 आजमगढ़ रौनापार पूर्व विधायक व भाजपा नेता वंदना सिंह के खिलाफ अभद्र टिप्पणी



न्यूज संचालक पर आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के सगड़ी विधानसभा क्षेत्र की सम्मानित भाजपा नेता और वर्तमान प्रत्याशी वंदना सिंह के खिलाफ फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी करने और फर्जी न्यूज पोर्टल चलाने के आरोप में रौनापार थाने में लिखित शिकायत दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता ने सामाजिक सद्भाव बिगड़ने की आशंका जताते हुए तत्काल मुकदमा पंजीकृत करने की मांग की है। रौनापार पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 417/2025 अंतर्गत धारा 353(2) भारतीय न्याय सहिंता (BNS) के तहत दर्ज कर लिया है।


शिकायतकर्ता सुनील सिंह पुत्र स्वर्गीय लक्ष्मी सिंह, निवासी ग्राम रौनापार, थाना रौनापार, जनपद आजमगढ़ ने थानाध्यक्ष मंतोष सिंह को संबोधित तहरीर में कहा कि आनंद गौड़ पुत्र नर्वदेश्वर गौड़, निवासी छपरा सुलतानपुर, थाना जीयनपुर, आजमगढ़ 'N.N.I.24 न्यूज' नामक फेसबुक पेज को फर्जी आईडी से संचालित करता है, जो कहीं रजिस्टर्ड नहीं है। इस पेज पर शेख ओसामा रफत पुत्र रफत, निवासी चांदपार, थाना जीयनपुर, आजमगढ़ ने पूर्व विधायिका एवं भाजपा की लोकप्रिय नेता वंदना सिंह पत्नी स्वर्गीय सर्वेश सिंह उर्फ सिपू सिंह, पूर्व विधायक सगड़ी के नाम पर अभद्र टिप्पणी की। सुनील सिंह ने तहरीर में उल्लेख किया कि इस तरह की टिप्पणियां आम जनमानस में भारी रोष पैदा कर रही हैं और सामाजिक सद्भाव को बिगाड़ सकती हैं। यदि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र में माहौल बिगड़ने की संभावना है। उन्होंने N.N.I.24 न्यूज संचालक पर सम्मानित व्यक्तियों के खिलाफ अफवाह फैलाने का भी आरोप लगाया। पुलिस आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज का जांच शुरू कर दी है।

आजमगढ़ रौनापार पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश ढेर एसटीएफ, आजमगढ़ स्वाट टीम और सिधारी पुलिस की संयुक्त टीम की घेराबंदी में हुई फायरिंग, 3 फरार


 आजमगढ़ रौनापार पुलिस मुठभेड़ में 50 हजार का इनामी बदमाश ढेर



एसटीएफ, आजमगढ़ स्वाट टीम और सिधारी पुलिस की संयुक्त टीम की घेराबंदी में हुई फायरिंग, 3 फरार



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र के जोकहरा गांव में गुरुवार देर रात लखनऊ एसटीएफ, आजमगढ़ स्वाट टीम और सिधारी पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी की। बदमाशों ने पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश वाकिफ मारा गया।


वाकिफ पर तीन दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। मुठभेड़ के दौरान तीन अन्य बदमाश मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार और कारतूस बरामद किए हैं तथा फरार अपराधियों की तलाश में इलाके में सघन कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है।


https://www.news9up.com/2025/11/9-stf-50.html

Thursday, 6 November 2025

जौनपुर थाना-खेतासराय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शस्त्र प्रदर्शन करने वाले अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार


 जौनपुर थाना-खेतासराय सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शस्त्र प्रदर्शन करने वाले अभियुक्त को पुलिस ने किया गिरफ्तार




उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में दिनांक 06.11.2025 को क्षेत्राधिकारी शाहगंज के निकट पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष खेतासराय प्रदीप कुमार सिंह थाना खेतासराय पुलिस टीम द्वारा दिनांक 05/11/2025 को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर वायरल विडियो (एक युवक का रिवाल्वर के साथ फोटो वायरल) की जांच से ऐहतेशाम पुत्र हिसामुद्दीन निवासी भुडकुडहाँ थाना खेतासराय जनपद जौनपुर को गिरफ्तार कर निरोधात्मक कार्यवाही करते हुए पुलिस अभिरक्षा मे मा0 न्यायालय भेजा जा रहा है तथा शस्त्र निरस्तीकरण की रिपोर्ट उच्चधिकारी गण के यहाँ प्रेषित की जा चुकी है।


गिरफ्तार अभियुक्त

1.ऐहतेशाम पुत्र हिसामुद्दीन निवासी भुडकुडहाँ थाना खेतासराय जनपद जौनपुर


गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम

 1.थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह थाना खेतासराय,जनपद-जौनपुर

 2.उ0नि0 अनिल कुमार पाठक थाना खेतासराय, जनपद-जौनपुर

 3.का0 आशुतोष तिवारी थाना खेतासराय जनपद-जौनपुर

Wednesday, 5 November 2025

जौनपुर प्रेम प्रसंग के शक में युवती की गला रेतकर हत्या खेत में खून से लथपथ मिला शव, आरोपी की तलाश में 4 टीमें गठित


 जौनपुर प्रेम प्रसंग के शक में युवती की गला रेतकर हत्या



खेत में खून से लथपथ मिला शव, आरोपी की तलाश में 4 टीमें गठित


उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के सुजानगंज थाना क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव में मंगलवार रात करीब 9 बजे धान के खेत में 22 वर्षीय युवती का खून से लथपथ शव मिला। धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या की गई। पुलिस ने इसे प्रेम प्रसंग से जुड़ा मामला माना है।


क्षेत्राधिकारी बदलापुर विवेक सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में हत्या का कारण प्रेम प्रसंग प्रतीत होता है। नरहन निवासी अमित सरोज के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसपी डॉ. कौस्तुभ के निर्देश पर चार पुलिस टीमें गठित की गई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। फॉरेसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र किए। मृतका के परिजनों से पूछताछ कर मामले की गुत्थी सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है।

बस्ती पुलिस की रेड में कमरे में आपत्तिजनक हालत में मिलीं 6 युवतियां सेक्स रैकेट में ग्राम प्रधान, डॉक्टर सहित 6 गिरफ्तार छह मोबाइल, 2050 रुपये और आपत्तिजनक सामग्री बरामद


 बस्ती पुलिस की रेड में कमरे में आपत्तिजनक हालत में मिलीं 6 युवतियां


सेक्स रैकेट में ग्राम प्रधान, डॉक्टर सहित 6 गिरफ्तार


छह मोबाइल, 2050 रुपये और आपत्तिजनक सामग्री बरामद



उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के हर्रैया थाना क्षेत्र में स्थित बड़हरखुर्द के जीसी पैलेस होटल में चल रहे सेक्स रैकेट का पुलिस ने सोमवार शाम खुलासा किया। छापेमारी में होटल मालिक सह ग्राम प्रधान हरिश्चंद्र वर्मा समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने मौके से 6 मोबाइल फोन, 2050 रुपये नकदी और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की। गिरफ्तार आरोपियों में एक पशु चिकित्सक भी शामिल है, जो ग्राहक बनकर होटल पहुंचा था।


हर्रैया क्षेत्राधिकारी संजय सिंह के नेतृत्व में हर्रैया थाना प्रभारी निरीक्षक की टीम ने होटल पर छापा मारा। सूचना मिली थी कि जीसी पैलेस में अनैतिक गतिविधियां चल रही हैं। होटल मालिक हरिश्चंद्र वर्मा, जो छावनी थाना क्षेत्र के मुड़बरा गांव के ग्राम प्रधान हैं, ने पूछताछ में स्वीकार किया कि होटल उनका है। वे बाहर से युवतियों को बुलाकर ग्राहकों से 200 से 500 रुपये लेकर उपलब्ध कराते थे।


पुलिस ने होटल के कमरों की तलाशी ली, जहां पांच अलग-अलग कमरों से युवक-युवतियां आपत्तिजनक हालत में पकड़े गए। ये लोग गोंडा, गोरखपुर और बस्ती जिले के निवासी हैं। गिरफ्तार पशु चिकित्सक बभनगावां पशु चिकित्सालय में तैनात हैं। कुल छह युवतियों को पकड़ा गया, जिन्हें उनके परिजनों को बुलाकर सौंप दिया गया।


सीओ संजय सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

Tuesday, 4 November 2025

आजमगढ़ सरायमीर शारीरिक स्पर्श का बहाना बनाकर कर देती थीं कांड 5 महिलाएं गिरफ्तार , 2 महिलाओं का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड, चेन बरामद


 आजमगढ़ सरायमीर शारीरिक स्पर्श का बहाना बनाकर कर देती थीं कांड




5 महिलाएं गिरफ्तार , 2 महिलाओं का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड, चेन बरामद




उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के सरायमीर थाना क्षेत्र के संजरपुर बाजार जा रही एक महिला की गले से सोने की चेन चोरी करने के आरोप में पुलिस ने पांच महिलाओं को गिरफ्तार किया है। घटना खानपुर के पास ऑटो में हुई, जहां महिलाओं ने शारीरिक स्पर्श का बहाना बनाकर चेन काट ली। शोर मचाने पर ग्रामीणों की मदद से सभी को पकड़ लिया गया। घटना दिनाँक 04/11/2025 की सुबह करीब 10:30 बजे की है। पीड़िता इसरत (पत्नी मोहम्मद अख्तर, निवासी दरिखा शेख अहमदपुर) ऑटो में सवार थीं, जिसमें उनकी पड़ोसी रंजू चौरसिया भी थीं। खानपुर पहुंचते ही पांच अज्ञात महिलाएं ऑटो में चढ़ गईं। कुछ दूर जाने पर एक महिला ने कंधे पर हाथ रखकर पैर दबाने का बहाना किया, जबकि दूसरों ने ध्यान भटकाया। उतरते ही इसरत को चेन गायब मिली। ऑटो रुकवाकर पीछा करने पर ग्रामीणों ने महिलाओं को पकड़ लिया। तलाशी में नेहा उर्फ किरन के पास से कटी हुई सोने की चेन बरामद हुई।


मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार महिलाएं गोरखपुर जिले की रहने वाली हैं। इनमें नेहा उर्फ किरन (पत्नी रोहित उर्फ राकेश, बन्दुवरी), बडहलगंज थाना क्षेत्र के छपिया गांव निवासी सिब्बू उर्फ पूजा पत्नी ओमकुमार, सुनीता उर्फ कंचन (पुत्री सरजू, रजहटा), सिम्पी उर्फ शीला (पत्नी बिहारी उर्फ बुद्धु, छपिया) और मधु उर्फ अनीता (पत्नी आरुष, छपिया) शामिल हैं। सिब्बू पर कुशीनगर में चोरी का मुकदमा दर्ज है, जबकि मधु पर फतेहपुर में चोरी और स्टोलन प्रॉपर्टी रखने का केस है। थाना सरायमीर में मुकदमा अपराध संख्या 442/2025 अंतर्गत धारा 3(5), 303(2), 317(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस टीम में व0उ0नि0 धर्मेन्द्र कुमार, म0का0 संजू सिंह, रोशनी तिवारी और ममता सिंह शामिल रही। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में कार्रवाई हुई।