Wednesday, 19 June 2024

आजमगढ़ एक थाना प्रभारी, चौकी इंचार्ज सहित 4 निलम्बित एसपी ने विभागीय जांच करने के दिये आदेश


 आजमगढ़ एक थाना प्रभारी, चौकी इंचार्ज सहित 4 निलम्बित


एसपी ने विभागीय जांच करने के दिये आदेश




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने पदीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही, उदासीनता तथा स्वेच्छाचारिता बरतने पर थाना प्रभारी तहबरपुर, चौकी प्रभारी लालगंज थाना देवगाँव व 02 आरक्षियों को निलम्बन कर विभागीय जांच के आदेश दिये हैं। उप निरीक्षक मधु पनिका थाना प्रभारी तहबरपुर जनपद आजमगढ़ के द्वारा वादी की तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत न कराने, अभियोग से सम्बन्धित अभियुक्त को बिना लिखा-पढ़ी के थाना तहबरपुर पर अवैध रूप से बैठाया गया, पदीय दायित्वों के प्रति घोर लापरवाही, उदासीनता व स्वेच्छाचारिता बरतने के आरोप पाया गया। इसी तरह आरक्षी गौरव कुमार यादव व आरक्षी अजय कुमार राय थाना तहबरपुर जनपद आजमगढ़ के द्वारा एक अभियुक्त को उसके घर से उठाकर थाना तहबरपुर पर लाया गया तथा बिना लिखा-पढ़ी के थाना तहबरपुर पर अवैध रूप से हवालात में बन्द किया गया।


 इसी तरह उप निरीक्षक अजीत कुमार चौधरी चौकी प्रभारी लालगंज, थाना देवगांव जनपद आजमगढ़ के द्वारा 17 माार्च 2024 को थाना देवगांव पर पंजीकृत मु0अ0सं0- 103/24 धारा 366 भादवि की विवेचना में लगभग 03 माह का समय व्यतीत हो जाने के बावजूद भी अपह्ता की बरामदगी हेतु सार्थक प्रयास न करते हुए अपह्ता की बरामदगी/विवेचना का निस्तारण न करने, लोक सभा सामान्य निर्वाचन- 2024 के दौरान एनबीडब्लू की गिरफ्तारी, आबकारी अधिनियम के अन्तर्गत कार्यवाही, निरोधात्मक कार्यवाहियां, प्रकाश में आये गो-तस्करी के अभियुक्तों का सत्यापन व निरोधात्मक कार्यवाही व हिस्ट्रीशीटरों की नियमित रुप से निगरानी न करने व जनशिकायत प्रकोष्ठ/उच्चाधिकारीगण से प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों पर मात्र खानापूर्ति कर सरसरी तौर पर जांच करते हुए विलम्ब से आख्या प्रेषित किया गया एवं कस्बा लालगंज निवासी एक व्यक्ति का उत्पीड़न करते हुए उनकी मोटर साइकिल सीज किया गया, जिससे कस्बा लालगंज के व्यापारियों/ठेकेदारों में रोष व्याप्त होने, चौकी लालगंज में किसी प्राईवेट व्यक्ति के निरन्तर आने-जाने एवं चौकी के कार्यों में दखल देने हेतु पदीय दायित्वों के प्रति, उदासीनता, स्वेच्छाचारिता व पुलिस विभाग की छवि धूमिल करने के घोर लापरवाही बरतने के आरोप है। उपरोक्त आरोप में 18 जून 2024 को पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ अनुराग आर्य द्वारा थाना प्रभारी तहबरपुर, चौकी प्रभारी लालगंज थाना देवगाँव व 02 आरक्षियों को निलम्बित करते हुये विभागीय जांच का आदेश दिया गया।

कानपुर गर्मी से स्टेशन पर गिरा हेड कांस्टेबल, दरोगा बनाता रहा वीडियो, हो गई मौत


 कानपुर गर्मी से स्टेशन पर गिरा हेड कांस्टेबल, दरोगा बनाता रहा वीडियो, हो गई मौत



उत्तर प्रदेश कानपुर कई दिन से पड़ रही भीषण गर्मी जानलेवा हो चली है। पुलिस लाइन में तैनात हेड कांस्टेबल छुट्टी लेकर झांसी स्थित घर जाने के लिए स्टेशन पहुंचे थे। परिसर में ही गर्मी से गश खाकर गिर पड़े। कुछ देर तक वहीं तड़पते रहे और जीआरपी का दरोगा वीडियो बनाता रहा। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोगों के विरोध के बाद हेड कांस्टेबल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मूलरूप से झांसी के समथर निवासी हेड कांस्टेबल बृज किशोर सिंह पुलिस लाइन में तैनात थे।


 एसीपी कलक्टरगंज मोहम्मद मोहसिन ने बताया कि हेड कांस्टेबल मंगलवार को तीन दिन के लिए अवकाश लेकर गृह जनपद झांसी जाने के लिए पुलिस लाइन से निकले थे। दोपहर सेंट्रल स्टेशन पर पहुंचे कि गश खाकर फर्श पर गिर पड़े। पुलिस की मदद से उन्हें केपीएम अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई। 


स्टेशन परिसर में हेड कांस्टेबल की तबीयत खराब होने की सूचना पर जीआरपी का एक दरोगा बाहर निकला और अस्पताल ले जाने के बजाय जेब से मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने लगा। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि हेड कांस्टेबल की हालत बिगड़ती जा रही है और दरोगा वीडियो बनाने में व्यस्त रहा। कुछ यात्रियों ने इसका विरोध जताया तब दरोगा उन्हें केपीएम अस्पताल ले गया। हालांकि उन्हें बचाया नहीं जा सका।

फिरोजाबाद फंदे से झूली दरोगा की बेटी पार्क में पेड़ पर लटक रहा था शव टहलने गए लोगों ने देखा तो हुई जानकारी


 फिरोजाबाद फंदे से झूली दरोगा की बेटी



पार्क में पेड़ पर लटक रहा था शव


टहलने गए लोगों ने देखा तो हुई जानकारी



उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में मंगलवार को एक पार्क में पेड़ पर युवती का शव लटका मिला। पार्क में टहलने पहुंचे लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवती की शिनाख्त अलीगढ़ में तैनात दारोगा की पुत्री के रूप में की गई। युवती कुछ दिनों से डिप्रेशन में बताई जा रही है।


 लाइनपार थाना क्षेत्र स्थित पंडित दीनदयाल पार्क में सुबह स्थानीय लोग टहलने के लिए गए थे। जहां एक पेड़ पर दुपट्टे के सहारे एक युवती का शव लटका हुआ था। लोगों ने डायल 112 पर पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। 


शव की शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए। पुलिस ने शव की पहचान साक्षी यादव (20) पुत्री प्रमोद यादव निवासी लाइनपार के रूप में की है। युवती के पिता अलीगढ़ के लोधा थाने में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं। इंस्पेक्टर ऋषि कुमार का कहना है कि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। परिजन से पूछताछ की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पता चला है कि युवती तड़के करीब तीन बजे अकेली घर से निकल गई थी। सुबह उसका शव लटका हुआ मिला है। प्राथमिक जानकारी में पता चला है कि युवती कुछ दिनों से डिप्रेशन में रह रही थी।

Tuesday, 18 June 2024

आजमगढ़ एसपी ने किया पुलिस लाइन का वार्षिक निरीक्षण, सब कुछ ठीक ठाक कमी दिखने पर लगाई मातहतों की क्लास


 आजमगढ़ एसपी ने किया पुलिस लाइन का वार्षिक निरीक्षण, सब कुछ ठीक ठाक



कमी दिखने पर लगाई मातहतों की क्लास



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ अपनी अलग कार्यशैली के लिए विख्यात पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने मंगलवार को पुलिस लाइन का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस लाइन परिसर में स्थित सभी प्रकोष्ठों पर बारीकी से नजर गड़ाई और कहीं कोई कमी नजर आने पर मातहतों की क्लास भी लगाई। निरीक्षण कार्यक्रम में पहुंचे एसपी अनुराग आर्य को सर्वप्रथम गार्द की सलामी दी गई। इस दौरान उन्होंने गार्द में शामिल जवानों की वर्दी पर ध्यान दिया और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


 तत्पश्चात उन्होंने पुलिस लाइन परिसर में स्थित भोजनालय, आरक्षी बैरक, आवासीय परिसर, जीडी कार्यालय, गणना कार्यालय, आरटीसी कार्यालय, सब्सिडी कैंटीन, जनपद नियंत्रण कक्ष, मोटर वाहन शाखा, स्टोर, क्वार्टर गार्द, शस्त्रागार, गैस एजेन्सी तथा आंकिक शाखा, प्रधान लिपिक, शिकायत प्रकोष्ठ शाखाओं निरीक्षण करते हुए सम्बन्धित को आवश्यक दिशा- निर्देश दिए। सलामी गार्द का नेतृत्व कर रहे गार्द कमाण्डर द्वारा दी गयी कमाण्ड एवं सलामी गार्द में शामिल समस्त पुलिस कर्मियों का टर्न आउट उच्चकोटि का पाया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी को नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया। इसके साथ ही उन्होंने आरक्षियों द्वारा अग्निशामक यंत्रों के संचालन को बारीकी से परखा। फिर उन्होंने क्वार्टर गार्द एवं शस्त्रागार का निरीक्षण किया।


 पुलिस लाइन ग्राउन्ड में बच्चों के मनोरंजन हेतु संचालित कार्यों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा- निर्देश दिया। परिवहन शाखा के निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित पटल प्रभारी को कण्डम वाहनों की नीलामी हेतु निर्देशित किया। निरीक्षण कार्यक्रम में उनके द्वारा आंकिक शाखा, प्रधान लिपिक कक्ष, शिकायत प्रकोष्ठ शाखाओं निरीक्षण किया गया, अभिलेखों के अवलोकन से प्रविष्टियां अध्यावधिक पूर्ण पायी गयी, फिर भी उन्होंने मातहतों को समय से पत्रावालियों का निस्तारण कराने हेतु निर्देशित किया। एसपी ने परिसर की साफ-सफाई एवं शीतल पेय जल व्यवस्था पर भी नजर डालते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान वह परिसर में स्थित श्वान कक्ष पहुंच कर पुलिस परिवार के विशेष सहयोगी खोजी कुत्ते के स्वास्थ्य एवं उसके भोजन व्यवस्था की भी खोज खबर ली।

आजमगढ़ रानी की सराय बेटे की मौत के बाद मां ने भी तोड़ा दम एक साथ उठी मां-बेटे की अर्थी, हर आंखों में आंसू


 आजमगढ़ रानी की सराय बेटे की मौत के बाद मां ने भी तोड़ा दम



एक साथ उठी मां-बेटे की अर्थी, हर आंखों में आंसू



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ बेटे की मौत का गम बर्दाश्त न कर सकी मां ने भी अन्ततः दम तोड़ दिया। एक साथ उठी मां-बेटे की अर्थी देख हर आंखों में आंसू नजर आया। पूरा क्षेत्र गमगीन हो गया। वहीं कुछ लोग विधाता को दुहाई देते हुए नजर आये कि यह कैसा गजब परिवार पर ढा दिया। 


जानकारी के अनुसार रानी की सराय कस्बा निवासी राजकुमार मोदनवाल 58 वर्ष की निजामाबाद मोड़ पर मिठाई की दुकान है। सोमवार की रात वह भोजन कर सो गये। मंगलवार की सुबह जब बच्चों ने जगाया तो वह नहीं उठे, बच्चे यह जान कर छोड़ दिये कि सुबह मौसम थोडा ठंडा है सो रहे होंगे। काफी समय बीतने के बाद जब परिजन जगाने गये तो पता चला उनकी मौत हो चुकी है। मौत की खबर पर परिजनों मे कोहराम मच गया।


 घर के दुकान वाले हिस्से में सभी के साथ मां सुभागी 75 वर्ष भी बेटे के गम में रो रही थी तभी अचानक उनकी भी हालत बिगड़ गई। परिजन उन्हें चिकित्सक के यहां ले गये जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार में एक साथ दो मौत से पूरा क्षेत्र गमगीन हो गया। जब एक साथ दोनों शवों की अर्थी निकली तो हर लोगों की आंखों में आंसू भर आया।

अलीगढ़ ब्लॉक प्रमुख पूजा दिवाकर बोलीं, मेरी हत्या करा सकते हैं पूर्व प्रमुख भाजपा विधायक के बाद सीडीओ को घेरा


 अलीगढ़ ब्लॉक प्रमुख पूजा दिवाकर बोलीं, मेरी हत्या करा सकते हैं पूर्व प्रमुख


भाजपा विधायक के बाद सीडीओ को घेरा



उत्तर प्रदेश अलीगढ़ में छर्रा क्षेत्र के भाजपा विधायक रवेंद्रपाल सिंह व पूर्व ब्लाक प्रमुख तेजवीर सिंह पर आरोप लगाकर जिले की सियासत को गरमाने वाली धनीपुर ब्लॉक प्रमुख पूजा दिवाकर ने अब सीएम को पत्र भेजा है और इसमें उन्होंने विधायक व पूर्व प्रमुख से खुद की जान को खतरा तो बताया है। पत्र में उन्होंने सीडीओ को भी घेरा है और कहा है कि इनके दबाव में सीडीओ उनके ब्लॉक के प्रस्तावों को निरस्त करती हैं और विकास के कार्य नहीं होने देती हैं।


 धनीपुर की भाजपा समर्थित ब्लाक प्रमुख पूजा दिवाकर ने 16 जून 2024 को पत्रकार वार्ता कर विधायक व पूर्व प्रमुख पर आरोप लगाए थे। कहा था कि अब तक वे कमीशनखोरी और अपने चहेते ठेकेदारों को काम दिलाते रहे। उनकी बात मानने से इंकार करना शुरू कर दिया तो उनके कार्यों में बाधा पैदा करने लगे और निविदाओं की शिकायत करने लगे। विधायक व प्रमुख उन्हें हटाने की साजिश रच रहे हैं और उनकी हत्या तक करा सकते हैं। चूंकि वह अनुसूचित वर्ग से आती हैं। इसलिए इनकी दबंगई के आगे वह बोल नहीं पाती थी। मगर अब क्षेत्र के विकास के लिए आवाज उठाने का मन बनाया है। चाहे इसके लिए अब अपनी जान क्यों न देनी पड़े। 


अंत में उन्होंने न्याय की उम्मीद रखते हुए यह भी कहा है कि अगर उनकी हत्या हुई तो इसके लिए विधायक व पूर्व प्रमुख जिम्मेदार होंगे। इस दौरान यह भी बताया गया कि पूर्व प्रमुख तेजवीर सिंह सपा से हैं। उनसे पहले वह ब्लाक प्रमुख रहे हैं। उनके निर्वाचित होने के बाद से ही वे विधायक के साथ मिलकर इस तरह की साजिश रच रहे हैं।

आजमगढ़ देवगांव प्रेमिका से मिलने गया प्रेमी धराया प्रेमिका के परिजनों ने की धुनाई, पुलिस ने छुड़वाया


 आजमगढ़ देवगांव प्रेमिका से मिलने गया प्रेमी धराया



प्रेमिका के परिजनों ने की धुनाई, पुलिस ने छुड़वाया



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक को कुछ लोग पीटते नजर आ रहे हैं। मामला देवगांव कोतवाली क्षेत्र के सोफीपुर का बताया जा रहा है। युवक पर आरोप है कि वह रात के अंधेरे में प्रेमिका से मिलने उसके घर पहुंच गया, जहां परिजनों ने प्रेमिका के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। 


पकड़े जाने पर प्रेमिका ने प्रेमी को घर में रखे एक बक्से में छिपा दिया। प्रेमिका के परिजनों ने प्रेमी को कई घंटों तक बंधक बनाये रखा और उसकी पिटाई भी करते रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए उस युवक को छुड़वा कर मुक्त करवाया। घटना को लेकर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की। 


अब प्रेमी को बंधक बनाकर पीटे जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल से हो रहा है। वीडियो वायरल होने के बााद पुलिस महकमा हरकत में आ गया और जांच पड़ताल करते हुए कार्रवाई में जुट गया है। इस मामले में एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया की सोशल मीडिया के माध्यम से एक वीडियो संज्ञान में आया जिसमें एक लड़के से मारपीट की गई है। जानकारी मिली है कि एक युवक शादीशुदा महिला के घर में घुस गया और आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया इसके बाद महिला के परिजनों ने उसकी पिटाई की है। इसकी जांच थानाध्यक्ष देवगांव को सौंपी गई है। इस समय थानाध्यक्ष देवगांव मौके पर पहुचे हैं जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अगर पीड़ित युवक तहरीर देता है तो पीटने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही की जाएगी।