Tuesday, 31 October 2023

कानपुर सुपर कॉप डिप्टी एसपी त्रिपुरारी पांडेय की हुई मौत अपराधियों पर मजबूत थी पकड़, गरीबों की भी करते थे खूब मदद


 कानपुर सुपर कॉप डिप्टी एसपी त्रिपुरारी पांडेय की हुई मौत



अपराधियों पर मजबूत थी पकड़, गरीबों की भी करते थे खूब मदद


उत्तर प्रदेश कानपुर शहर के कई थानों में सिपाही, फिर दरोगा और इंस्पेक्टर के बाद सीओ के पद पर तैनात रहे सुपर कॉप के नाम से चर्चित त्रिपुरारी पांडेय का लंबी बीमारी के बाद जालौन में निधन हो गया। उनके निधन की खबर शहर के पुलिस महकमे और आम लोगों को पहुंची सभी में शोक की लहर दौड़ गई। 


सोशल मीडिया पर कई लोगों ने उनके नाम और फोटो के साथ स्टेटस लगाया। तमाम लोग उन्हें गरीबों का मसीहा कहते रहे। त्रिपुरारी पांडे कानपुर में कलक्टरगंज, फजलगंज समेत कई थानों में सिपाही रहे। अस्सी फिट रोड पर हड्डी गोदाम को एक अपराधी को पकड़कर सलाखों के पीछे पहुंचाने पर वह चर्चा में आए। यहीं पर उन्हें दरोगा और फिर इंस्पेक्टर पद पर प्रमोशन मिला था। संजय ओझा गैंग समेत बावरिया गैंग के कई लोगों को मुठभेड़ में मार गिराने व दबोचने वाले त्रिपुरारी पांडेय का अपराधियों को लेकर नेटवर्क काफी तगड़ा था। जीआरपी कानपुर में बतौर इंस्पेक्टर की तैनाती के दौरान उन्हें डिप्टी एसपी पद पर प्रमोशन मिला था।


ग्रीन पार्क में एक मैच के दौरान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के करीब असलहा लेकर पहुंचे एक युवक को भी उन्होंने पकड़ा था। कानपुर के कर्नलगंज में बतौर एसीपी उनकी आखिरी पोस्टिंग थी। तीन जून को हुई हिंसा में उपद्रवियों की कमर तोड़ने से लेकर कई उपद्रवियों को पकड़ने में उनका योगदान रहा था।


 कोविड के दौरान गरीबों की मदद करने से लेकर कई बेटियों की शादी और बच्चों की पढ़ाई का खर्च उन्होंने उठाया था। बर्रा में अगवाकर मारे गए संजीत की बहन की पढ़ाई का खर्च भी त्रिपुरारी उठा रहे थे। वह संजीत की बहन को अपनी बहन मानते थे। रक्षाबंधन पर राखी भी बंधवाने आते थे। शहर के कई डॉक्टरों, अफसरों मददगार भी रहे। तीन जून की हिंसा में कुछ आरोपों को लेकर उन्हें जालौन ट्रेनिंग सेंटर में भेजा गया था। वहां किडनी और लिवर की बीमारी से ग्रस्त थे। वहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे है। एक बेटे की शादी कानपुर में ही हुई है।

Monday, 30 October 2023

आजमगढ़ फूलपुर डीजे को लेकर जागा प्रशासन, संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज डीजे वाहन से गिरे साउंड बाक्स से 4 लोग हो गये थे घायल


 आजमगढ़ फूलपुर डीजे को लेकर जागा प्रशासन, संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज


डीजे वाहन से गिरे साउंड बाक्स से 4 लोग हो गये थे घायल



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ फूलपुर अन्ततः डीजे को लेकर प्रशासन जाग ही गया। चाहे भले ही दशहरा मेला बीत गया हो। डीजे के साउण्डबाक्स गिरने से चार लोगों के घायल होने के मामले में पुलिस ने संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। बता दें कि दशहरा का मेला समाप्त होने के बाद अब ग्रामीण क्षेत्रों में परम्परागत तरीके से मेलों का आयोजन किया जा रहा है। प्रशासन द्वारा तेज आवाज में डीजे न बजाने का निर्देश तो जारी हुआ लेकिन उसका पालन कहीं नजर नहीं आया। मूर्ति पांडाल पर तेज आवाज में बज रहे डीजे को लेकर यह कहना गलत नहीं होगा कि इसमें शायद प्रशासन की मौन सहमति है।


फूलपुर कस्बे में बीते दिनों मूर्ति विसर्जन के दौरान डीजे वाहन पर बांधा गया था। डीजे वाहन ब्रेक डांस की दर्ज गतिमान होते हुए आगे बढ़ रहा था। युवाओं का झुण्ड डीजे की धुन पर डांस कर रहा था तभी अचानक डीजे वाहन पर बंधे हुए साउण्ड बाक्स डांस कर रहे लोगों पर गिर गया। जिसमें चार लोग घायल हो गए। इस घटना के बाद प्रशासन की निद्रा टूटी और फूलपुर कोतवाली में इस घटना के लिए जिम्मेदार ठहराए गए डीजे संचालक अमरचंद गौतम निवासी ग्राम गढ़वा थाना क्षेत्र सरायमीर सहित दो लोगों के खिलाफ पर्यावरण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया। इसके बाद जनपद में कई जगहों पर पुलिस ने तेज आवाज में बज रहे डीजे वाहन को सीज करते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करना शुरू कर दिया। अब देखना यह है कि प्रशासन पर्यावरण संरक्षण के मद्देनजर आगामी त्यौहारों पर प्रशासन द्वारा किस प्रकार की व्यवस्था की जाती है।

आजमगढ़ फूलपुर में जाति, धर्म के नाम पर चल रहा बुल्डोजर-चंद्रशेखर जनसभा में बोले आजाद संविधान, लोकतंत्र खतरे में, पुलिस के लिए कही बड़ी बात


 आजमगढ़ फूलपुर में जाति, धर्म के नाम पर चल रहा बुल्डोजर-चंद्रशेखर


जनसभा में बोले आजाद संविधान, लोकतंत्र खतरे में, पुलिस के लिए कही बड़ी बात



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ फूलपुर कस्बे के लोहिया पार्क में रविवार की रात आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की सामाजिक न्याय-संविधान बचाओ जनसभा हुई। राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि प्रदेश में बुलडोजर जाति, धर्म के नाम पर चल रहा है। मैं समझ रहा हूं इसमें पुलिस भी विवश है, सरकार के मनमाफिक नहीं करेंगे तो सस्पेंड कर दिये जाएंगे। उन्होंने कहा कि आज संविधान, लोकतंत्र खतरे में है। देश के दलितों, शोषितों, आदिवासी कमजोर वर्गों के लोगों को एक होकर डॉ0 भीमराव आंबेडकर, काशीराम के अधूरे सपनों को पूरा करना होगा। देश के हालात ठीक नहीं चल रहे हैं। लोकतंत्र, संविधान को अब बचाना जरूरी हो गया है। डॉ0 भीमराव आंबेडकर के संविधान को बदलने नहीं देंगे। सामाजिक न्याय संविधान-बचाओ जनसभा का मतलब ही यही है कि सभी कमजोर वर्ग के लोगों को एक साथ होकर सत्ता पक्ष में बैठे ऐसे लोगों को कुर्सी से उतार कर फेंक दें, जिनसे देश को खतरा है। जब तक सत्ता का घमंड तोड़ेंगे नहीं तब तक हम छोड़ेंगे नहीं।


 प्रदेश के मुख्यमंत्री अब दलित सम्मेलन करना शुरू कर दिए हैं। मिट्टी को पांच बार सजदा करने वालों से आज सर्टिफिकेट मांगा जा रहा है। पूंजीपतियों से कोई सवाल नहीं किया जा रहा है। शोषण हमेशा कमजोर का होता है। हमे एक जुट होने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि इसी जिले के अहरौला क्षेत्र में मौर्य दंपति की हत्या कर दी गई। केशव प्रसाद मौर्य आए, लेकिन आज तक घटना का खुलासा तक नहीं हुआ। फिर दुबारा केशव प्रसाद नहीं आए। उन्होंने कहा कि उनकी रैली विफल करने का प्रयास किया गया। इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष सुनील चितौड़, महासचिव डॉ. मोहम्मद आकिब,एडवोकेट जनार्दन , अब्दुल्लाह खान, विनय, अवनीश निगम आदि मौजूद रहे।

मुरादाबाद बहन को भगा ले गया जीजा तो साले के सिर पर खून हुआ सवार बहनोई का पेट फाड़कर पहुंच गया थाने


 मुरादाबाद बहन को भगा ले गया जीजा तो साले के सिर पर खून हुआ सवार



बहनोई का पेट फाड़कर पहुंच गया थाने



उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में मैनाठेर थाना क्षेत्र के गांव नानकार में नौ साल पहले बहन को भागकर ले जाने की रंजिश में रविवार को बहनोई का चाकू से पेट फाड़कर हत्या करने के बाद आरोपी खुद खून सना हुआ चाकू लेकर थाने पहुंच गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ ही गांव पहुंच कर मृतक का शव कब्जे में लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ उसकी सगी बहन शाइस्ता (मृतक की पत्नी) की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज किया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। थाना मैनाठेर के गांव नानकार निवासी मारुफ हुसैन का निकाह करीब 23 साल पहले पूर्वाेत्तर दिल्ली के खजूरी गली नंबर दस निवासी शबनम के साथ हुआ था। निकाह के बाद से शबनम के भाई अशरफ उर्फ गुड्डू का नानकार गांव में बहनोई मारूफ हुसैन के घर आना-जाना था। वह यहां कई-कई दिन तक रुकता था। उसी दौरान अशरफ का प्रेम प्रसंग उसकी बहन शबनम की ननद शाईस्ता (आरोपी मारूफ की बहन) से शुरू हो गया। लंबे प्रेम प्रसंग के बाद दोनों निकाह के लिए बोले तो परिवार राजी नहीं हुआ। 


करीब नौ साल पहले अशरफ उर्फ गुड्डू शाईस्ता को अपने साथ भगा ले गया और उससे निकाह कर लिया। दोनों के इस फैसले से आरोपी मारूफ नाराज चल रहा था। निकाह करने के बाद अशरफ और उसकी पत्नी शाईस्ता ने कई बार नानकार गांव आने की इच्छा जताई, लेकिन शाईस्ता के परिवार वालों ने इसके लिए इजाजत नहीं दी। पुलिस के अनुसार शनिवार को शाईस्ता अपने पति अशरफ उर्फ गुड्डू को साथ लेकर नानकार आई। उस समय उसका भाई मारूफ ट्रक चलाने गया था और घर पर नहीं था। इसके बाद शाईस्ता ने पति को छत पर सुला दिया। मारूफ देर रात घर लौटा तो उसे बहन-बहनोई के आने की जानकारी हुई। रविवार को सुबह उठते ही मारूफ और उसके बहनोई अशरफ उर्फ गुड्डू के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि उसी दौरान मारूफ ने अशरफ के पेट में चाकू घोंप दिया। जिससे वह लहुलूहान होकर गिर गया।


 सूचना पर पहुंची 112 पीआरपी पुलिस और परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने अशरफ उर्फ गुड्डू को मृत घोषित कर शव मोर्चरी में रखवा दिया। उधर हत्याकांड को अंजाम देने के बाद आरोपी मारूफ खून से सने चाकू के साथ थाने पहुंच गया। एसएचओ मैनाठेर सतेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक अशरफ उर्फ गुड्डू की पत्नी शाईस्ता की तहरीर पर आरोपी मारूफ के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम कराके शव परिजनों को सौंप दिया गया। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बिलारी सीओ डॉ. अनूप सिंह ने बताया, मैनाठेर थाना के गांव नानकार में रंजिश के कारण युवक की चाकू मारकर हत्या की गई है। शव का पोस्टमार्टम कराके परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले में मृतक अशरफ उर्फ गुड्डू की पत्नी शाईस्ता की तहरीर पर आरोपी साले मारूफ के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Sunday, 29 October 2023

आजमगढ़ फूलपुर मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा गाड़ी पर लदा डीजे नाचने वाले लोगों पर गिरा, 4 घायल


 आजमगढ़ फूलपुर मूर्ति विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा



गाड़ी पर लदा डीजे नाचने वाले लोगों पर गिरा, 4 घायल



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में एक अलग ही मामला सामने आया है। थाना फूलपुर मूर्ति विसर्जन के लिए ले जा रहे दुर्गा प्रतिमा कस्बा के पुरानी मछली मार्केट के ब्रेकर के पास पहुंचते ही रविवार को लगभग तीन बजे डांस कर रहे चार युवकों के ऊपर असंतुलित होकर डीजे गिर गया। इस दुर्घटना में वे गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायल युवकों को फूलपुर के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। इस दौरान कस्बा में अफरा- तफरी मच गई।


सरायमीर से दुर्गा प्रतिमाओं का जुलूस फूलपुर बाजार से गुजर रहा था। इस दौरान डीजे की धुन पर काफी लोग थिरकते हुए चल रहे थे। फूलपुर के मछली मार्केट ब्रेकर के पास डीजे पहुंचते ही असंतुलित हो कर गिर गया। डीजे के गिरने से नाच रहे युवक इसकी चपेट में आ गए। इस दुर्घटना की चर्चा हो रही है। इस हादसे में डीजे के पास नाच रहे आकाश, ( 21) संदीप (20 ) अंकुर (16) प्रियांशु (18) सभी घायल युवक सरायमीर के सब्जी मंडी निवासी गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दौरान कस्बा में अफरा- तफरी मच गई। चारो घायलों को ट्रामा सेंटर में भरती कराया गया है। वहां उनकी स्थिति सामान्य है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जुलूस का रूट डायवर्ट कर कोल्डस्टोरेज के मार्ग से गुजरा गया।

बरेली खाकी वर्दी पहने युवक-युवती के फोटो वायरल पुलिस तलाश में जुटी; जानिए क्या है पूरा मामला


 बरेली खाकी वर्दी पहने युवक-युवती के फोटो वायरल


पुलिस तलाश में जुटी; जानिए क्या है पूरा मामला


उत्तर प्रदेश बरेली में थाना सिरौली और अलीगंज इलाके की युवती और युवक के पुलिस की वर्दी में फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। आरोप है कि युवक-युवती पुलिस की वर्दी पहनकर इलाके में रौब गांठते हैं। इसकी शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक सिरौली थाना क्षेत्र के गांव मुगलपुर और युवती अलीगंज थाना क्षेत्र के गांव राजपुर कला गौटिया निवासी है।


 वायरल फोटो में युवक और युवती पुलिस की वर्दी में दिख रहे हैं। एक वीडियो में लोग नोटों के हार पहनाकर उनका स्वागत कर रहे हैं। युवती खुद को इंस्पेक्टर और युवक दरोगा बताता है। चूंकि हाल में कोई पुलिस भर्ती नहीं हुई है। ऐसे में लोगों को शक हुआ। शिकायत के बाद सिरौली पुलिस युवती की तलाश में उसके घर पहुंची मगर वह घर में मौजूद नहीं मिली। अलीगंज पुलिस ने भी युवक के गांव में दबिश दी। इंस्पेक्टर सिरौली राजेश कुमार ने बताया कि दोनों थानों की पुलिस उनकी तलाश कर रही है।

गाजीपुर पूर्व नगर पालिका चेयरमैन निकहत परवीन गिरफ्तार इण्टरमीडिएट का कूटरचित दस्तावेज के माध्यम से हासिल की थी सहायक अध्यापक की नौकरी


 गाजीपुर पूर्व नगर पालिका चेयरमैन निकहत परवीन गिरफ्तार



इण्टरमीडिएट का कूटरचित दस्तावेज के माध्यम से हासिल की थी सहायक अध्यापक की नौकरी



उत्तर प्रदेश गाजीपुर पुलिस अधिक्षक जनपद गाजीपुर द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन में तथा क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद के निकट पर्यवेक्षण में दिनांक 28.10.2023 को प्रभारी निरीक्षक कासिमाबाद गाजीपुर, महिला थानाध्यक्ष तथा थाना बिरनो की संयुक्त पुलिस टीम द्वारा मु0अ0सं0-0283/2023 धारा 419/420/467/468/ 471/120बी भादवि थाना कासिमाबाद जनपद गाजीपुर से सम्बन्धित 01 नफऱ अभियुक्ता निकहत परवीन (पूर्व चेयरमैन नगर पालिका बहादुरगंज) पत्नी रियाज अहमद अंसारी निवासी मोहल्ला दक्खिन टोला बहादुरगंज कस्बा पोस्ट बहादुरगंज थाना कासिमाबाद जनपद गाजीपुर को उसके घर से समय सुबह करीब 06.20 बजे नियमानुसार गिरफ्तार किया गया तथा अन्य अभियुक्तों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही प्रचलित है।


 अभियुक्ता निकहत परवीन द्वारा इण्टरमीडिएट सन् 2005 का अंक पत्र उपलब्ध कराया गया था उसके द्वारा वर्ष 2005 में पूर्णांक 500 में 260 अंक प्राप्त किया गया जिसका प्रतिशत 52 प्रतिशत था जो कि न्यून्तम शैक्षिक योग्यता 55 प्रतिशत के कम है, जबकि अभियुक्ता द्वारा जो अंकपत्र संलग्न किया गया था उसमें पूर्णांक 500 में से प्राप्तांक 278 दिखाया गया जिसका प्रतिशत 55.6 प्रतिशत था। तत्कालीन प्रबन्धक द्वारा अंक पत्र का सत्यापन किये बिना पत्रावली से सम्बन्धित प्रपत्रों को प्रमाणित करते हुए उच्चाधिकारी गण को प्रेषित कर दिया गया था। इस प्रकार निकहत परवीन द्वारा इण्टरमीडिएट वर्ष 2005 का कूटरचित दस्तावेज प्रस्तुत कर तत्कालीन प्रबन्धक के सहयोग से सहायक अध्यापक (तहतानिया) का पद प्राप्त किया गया तथा पद के सापेक्ष वेतन भी प्राप्त किया गया, अभियुक्ता निकहत परवीन व तत्कालीन प्रबन्धक नजीर अहमद तथा चयन समिति के सदस्यों का उक्त कृत्य आपराधिक श्रेणी में आता है, जिसके विरुद्ध नियमानुसार अभियोग पंजीकृत करके नियमानुसार कार्यवाही अमल में लायी जा रही है।