Monday, 2 October 2023

आजमगढ़ जीडी ग्लोबल स्कूल में जयंती पर याद किये गये बापू और शास्त्री शास्त्री जी ने नए भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया-गौरव अग्रवाल


 आजमगढ़ जीडी ग्लोबल स्कूल में जयंती पर याद किये गये बापू और शास्त्री


शास्त्री जी ने नए भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया-गौरव अग्रवाल



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ करतालपुर स्थित जीडी ग्लोबल स्कूल में गांधी जयंती एवं लालबहादुर शास्त्री जयंती मनाई गई। विद्यालय के प्रबंधक गौरव अग्रवाल, निदेशिका स्वाति अग्रवाल एवं प्रधानाचार्या मोनिका सारस्वत पाण्डेय ने महात्मा गांधी और लालबहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।


 विद्यालय के सभी शिक्षक और शिक्षिकाओं ने प्रतिमा पर पुष्पार्चन किया। गांधी जी और शास्त्री जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर अध्यापकों ने अपने विचार व्यक्त किए। विद्यालय के प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने शास्त्री जी की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शास्त्री जी आजादी की लड़ाई में कई बार जेल गए। उन्होंने नए भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका पूरा जीवन ही देश की सेवा में बीता। जय जवान जय किसान का नारा देने वाले महान व्यक्तित्व के जीवन से हम सबको प्रेरणा लेनी चाहिए।


 विद्यालय की निदेशिका स्वाति अग्रवाल ने बताया कि महात्मा गांधी का प्रभाव वैश्विक है, जो पूरी मानव जाति को एकता और करुणा की भावना को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि हमें हमेशा उनके सपनों को पूरा करने की दिशा में काम करते रहने चाहिए।


 विद्यालय की प्रधानाचार्या मोनिका सारस्वत पाण्डेय ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के कृतित्व पर अपने वक्तव्य दिए। उन्होंने बताया कि गांधी जी सादा जीवन जीते थे और हमेशा सुर्खियों में आने से बचते थे। इसके बावजूद उनकी गिनती विश्व के गिने-चुने महापुरुषों में होती है। इसका मुख्य कारण यह है कि वे खुद पर विश्वास करते थे। उनका मानना था कि देश को आजाद कराने की उन पर एक बड़ी जिम्मेदारी है और उन्होंने इसे अपने विश्वास के दम पर पूरा किया। अपने देश की आज़ादी का उनका लक्ष्य वास्तविकता बन गया था। ईमानदारी, समर्पण, सहनशीलता, आत्म-बलिदान और सहयोग गांधी जी की योजना का अहम् हिस्सा था। हमें भी उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए देश के प्रति ईमानदारी से अपने कर्तव्य का निर्वहन करना चाहिए।

देवरिया एक मर्डर के बदले 5 कत्ल खौफनाक था मंजर, जानिए हत्याकांड की इनसाइड स्टोरी

देवरिया एक मर्डर के बदले 5 कत्ल


खौफनाक था मंजर, जानिए हत्याकांड की इनसाइड स्टोरी



उत्तर प्रदेश देवरिया सुबह-सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से इलाका गूंज उठा। एक घर से पांच लाशें निकली तो परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। यह खौफनाक मंजर सोमवार की सुबह उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में देखने को मिला। यहां जमीन विवाद में एक हत्या हुई । इस हत्या के बदले में पांच लोगों को बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया गया। सूचना मिलते ही पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन घटनास्थल पर जिलाधिकारी से लेकर पुलिस अधीक्षक तक सभी बड़े अफसर मौके पर पहुंचे। पूरा गांव छावनी में बदल गया। तनाव को देखते हुए पीएसी को भी तैनात की गई है। एक ही गांव में छह हत्याओं से तनाव बना है। 


देवरिया जिले में रुद्रपुर कोतवाली के फतेहपुर के लेहड़ा टोला पर सोमवार की सुबह भूमि के विवाद में एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रेम यादव की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, उसके प्रतिशोध में उमड़ी भीड़ आरोपी पक्ष के सत्यप्रकाश दुबे के दरवाजे पर पहुंच गई। वहां धारदार हथियार और असलहों से लैस लोगों ने पति, पत्नी दो बेटी, एक बेटे को मार डाला। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर डीएम, एसपी सहित कई थानो की पुलिस पहुंच गई।


सुबह विवादित भूमि पर प्रेम गए थे और इसी बीच सत्य प्रकाश से विवादित भूमि को लेकर बहस हो गई। देखते ही धारदार हथियार से पूर्व जिला पंचायत सदस्य की हत्या कर दी गई। कुछ ही देर में काफी संख्या में लोग सत्य प्रकाश दुबे के दरवाजे पर पहुंचे और जो जहां मिला उसकी हत्या करने लगे। यहां असलहे से लैस लोगों ने फायरिंग करते हुए धारदार हथियार से सत्य प्रकाश की हत्या कर दी। भीड़ घर में घुस गई और उनकी पत्नी किरण, बेटी शलोनी (18), नंदनी (10) और बेटा गांधी (15) की हत्या कर दी। जबकि अनमोल (8) गंभीर रुप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई। बवाल की सूचना पर कई पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। स्पेशल डीजी कानून व्यवस्था एवं अपराध प्रशांत कुमार ने कहा कि देवरिया के रुद्रपुर तहसील के फतेहपुर गांव के लेहड़ा टोले में आपसी रंजिश में हुए विवाद में एक पक्ष के एक व्यक्ति की मौके पर मृत्यु हुई तथा दूसरे पक्ष के छह लोगों को घायल अवस्था में मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां पांच लोगों की मृत्यु हुई।


प्रथम दृष्टया घटना आपसी रंजिश से संबंधित है। आज सुबह प्रेम यादव सत्यप्रकाश दुबे के घर पर आए थे, जिसमें कहासुनी हुई और सत्यप्रकाश दुबे और उनके परिजनों ने प्रेम यादव की धारदार हथियार से हत्या कर दी। कुछ देर बाद प्रेम यादव के टोले अभयपुर से लोगों ने सत्यप्रकाश दुबे के घर पर हमला कर घटना को अंजाम दिया। मामले में दो गिरफ्तारी हुई है। प्रकरण की जांच जारी है।


 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ देवरिया जिले में हुई घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही कमिश्नर/आईजी को त्वरित और कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

 

Sunday, 1 October 2023

जौनपुर भाजपा विधायक ने 14 हजार फीट ऊपर आसमान से लगाई छलांग हवा में बोले-डर के आगे जीत है, वीडियो वायरल


 जौनपुर भाजपा विधायक ने 14 हजार फीट ऊपर आसमान से लगाई छलांग



हवा में बोले-डर के आगे जीत है, वीडियो वायरल



जौनपुर बदलापुर के भाजपा विधायक रमेश चंद्र मिश्रा आए दिन चर्चा में रहते है, इस बार वह दुबई में स्काई डाइविंग कर खूब सुर्खियां बटोर रहे हैं। दरअसल उन्होंने रविवार को अपने सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड किया है, जो खूब वायरल हो रहा है। जिसमें वह दुबई में 14 हजार फीट की ऊंचाई पर जहाज से कूदते हुए दिखाई पड़ रहे हैं।


 जिसमें वह कह रहे हैं कि डर के आगे जीत है, उन्होंने ऊंचाई से कूदकर मौत के डर को खत्म किया है। विधायक रमेशचंद्र मिश्रा दुबई की यात्रा के दौरान 27 सितंबर 2023 को दुबई के मशहूर पान जुबेरा बीच से स्काई डाइविंग के लिए कूदे। वीडियो में दिख रहा है कि वह अपने गाइड माइकल के साथ बेल्ट से बंधे हुए हैं और सामने कैमरामैन जॉनसन सारी गतिविधि को रिकॉर्ड कर रहा है। कूदने के बाद हवा में ही वह बोलते हैं कि वेरी गुड, डर के आगे जीत है मैंने कर दिखाया। लोग कहते थे कि मैं स्काई डाइविंग नहीं कर सकता, मैने कर दिखाया। फिर नीचे उतरने पर उन्होंने अपने गाइड माइकल व कैमरामैन जॉनसन को धन्यवाद दिया कि आपने मेरे अंदर से मौत के डर को खत्म किया।


जानकारी के मुताबिक इस बाबत बातचीत में विधायक रमेशचंद्र मिश्रा ने बताया कि यह मेरे जीवन का सबसे सुंदर, अच्छा व अद्भुत पल था। इस दौरान मेरी सुरक्षा में दो साथी लगे रहे। हम सभी के पास कुल तीन पैराशूट थे। दोस्तों के कहने पर कि मैं स्काई डाइविंग नहीं कर सकता, इस चुनौती को स्वीकार किया। इसके बाद गुजरात से सात लोग दुबई गए थे। वहां सभी का मेडिकल चेकअप होने के बाद सिर्फ दो ही लोग 14 हजार फीट की ऊंचाई से कूदने के लिए तैयार हुए। इतने ऊपर जीरो डिग्री तापमान व ग्रेविटी भी जीरो थी। मैं दावा करता हूं कि यूपी का इकलौता विधायक हूं जो इतनी ऊंचाई से कूदा। यह साहस वाला कार्य अगर कोई करता तो निश्चित तौर सोशल मीडिया पर वायरल जरूर होता।

देवरिया जमीन के विवाद में बवाल, मरने-मारने पर उतरे लोग कार और बाइक फूंकी, कई घायल


 देवरिया जमीन के विवाद में बवाल, मरने-मारने पर उतरे लोग



कार और बाइक फूंकी, कई घायल



उत्तर प्रदेश के देवरिया सदर के पुरवां मोहल्ले में जमीन के झगड़े को लेकर रविवार को दो पक्षों के बीच जमकर बवाल हुआ। इस घटना में जहां आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए वहीं कई गाड़ियों में तोड़फोड़ करने के साथ ही एक कार और बाइक भी फूंक दी गई। यही नहीं एक पक्ष के लोगों ने फायरिंग का भी आरोप लगाया है। घायलों में से एक की स्थिति गंभीर देख जिला अस्पताल से बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया है। सदर कोतवाली क्षेत्र के पुरवा मोहल्ला के रहने वाले रामअशीष यादव और राजाराम चौहान के बीच वर्षाे से वर्चस्व को लेकर विवाद चलता है। दोनों पक्ष के लोग प्रधान भी रह चुके हैं। मिली जानकारी के अनुसार रामअशीष यादव ने अपनी 43 कट्ठा बागीचा की भूमि को प्लाटिंग करने वाले एक व्यक्ति को दे दिया है। प्लाटिंग की जमीन और रास्ते को लेकर दोनों पक्षों में पिछले कुछ समय से विवाद शुरू हो गया था।


 शनिवार को इस मामले में एसडीएम सदर मौके पर भी गए थे। उन्होंने भूमि का जायजा लेने के बाद पैमाइश होने तक यथास्थिति बनाए रखने का निर्देश दिया था। रविवार की सुबह प्लाटिंग स्थल के पास कुछ लोग निर्माण कार्य करा रहे थे। सूचना पर दूसरे पक्ष के लोग प्लाटिंग स्थल पर पहुंचे और निर्माण कार्य रोक दिया। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में बवाल शुरू हो गया। दोनों एक दूसरे को मारने-पीटने लगे। उसी दौरान कुछ लोगों ने एक पक्ष की बाइक और कार फूंक दिया। इस दौरान कई वाहनों को भी तोड़ दिया गया। आरोप है कि उसी दौरान किसी ने फायरिंग भी की। मारपीट में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घायल अवस्था में एक पक्ष के शशिभूषण चौहान, उनके भाई धनंजय, बेटा वरुण और दामाद सच्चिदानंद को लोगों ने इमरजेंसी पहुंचाया। स्थिति गंभीर देख सच्चिदानंद को चिकित्सकों ने बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। घटना की सूचना पर सीओ श्रीयश त्रिपाठी ने अस्पताल पहुंच कर सभी का बयान दर्ज किया।


 इस दौरान शशिभूषण चौहान ने दूसरे पक्ष पर रिवाल्वर लूटने का भी आरोप लगाया है। घटना के बारे में पूछे जाने पर देवरिया के सीओ सदर श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि भूमि विवाद में दो पक्षों में मारपीट हुई है। इस दौरान कुछ लोगों ने एक कार और बाइक को आग लगा दिया। फायरिंग की बात गलत है। पुलिस ने घायलों का बयान दर्ज किया है। विवाद की जड़ में भूमि विवाद है। जांच कर जो भी दोषी होगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़ रेलवे के पदाधिकारियों और कर्मचारियों के साथ स्वयंसेवी संगठनों ने चलाया स्वच्छता अभियान पौधरोपण कर स्वच्छता ही सेवा है की ली गई शपथ


 

आजमगढ़ रेलवे के पदाधिकारियों और कर्मचारियों के साथ स्वयंसेवी संगठनों ने चलाया स्वच्छता अभियान


पौधरोपण कर स्वच्छता ही सेवा है की ली गई शपथ



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ स्वच्छता ही सेवा है की परंपरा को आजमगढ़ रेलवे के पदाधिकारियों और कर्मचारियों के साथ जनपद की अग्रणी सामाजिक संस्थान राष्ट्रीय कला सेवा संस्थान, अखिल भारतीय चित्रांश महासभा, अंतरराष्ट्रीय भोजपुरी संगम, तमसा परिवार के प्रमुख लोगों ने स्वच्छता ही सेवा है का शपथ लेते हुए - भारत माता की जय, महात्मा गांधी जी अमर रहे, लाल बहादुर शास्त्री अमर रहे, स्वच्छ भारत स्वच्छ समाज, स्वच्छ रेल स्वच्छ भारत का नारा देते हुए बड़े जोश के साथ स्वच्छता अभियान चलाते हुए पौधारोपण भी किया।

आजमगढ़ रेलवे स्टेशन पर सामूहिक श्रमदान के अवसर पर स्टेशन अधीक्षक डीबी सिंह, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक अभिषेक कनक, संजय शुक्ला प्रभारी रेलवे सुरक्षा बल, अरविंद श्रीवास्तव चित्रांश प्रमुख समाजसेवी, डीआरयूसीसी सदस्य सुरेश शर्मा,  संतोष चौहान सभासद नरौली, मंडल अध्यक्ष भाजपा पल्हनी बाबूराम चौहान, दिनेश सिंह, जिला स्काउट मास्टर, अवधेश यादव जिला स्काउट कमिश्नर, कर्मचारी एवं अधिकारीगण ने आजमगढ़ रेलवे स्टेशन एवं कॉलोनी में सामूहिक श्रमदान किया।


इस अवसर पर रेलवे के हेल्थ इंस्पेक्टर अभिषेक कनक के साथ अरविंद चित्रांश की अगुवाई में जनपद की अग्रणीय सामाजिक संस्थाएं राष्ट्रीय कला सेवा संस्थान, अखिल भारतीय चित्रांश महासभा के अध्यक्ष सुभाष चंद्र श्रीवास्तव, महामंत्री जगदंबा प्रसाद श्रीवास्तव, मनोज श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव, वरिष्ठ अधिवक्ता राय अनूप श्रीवास्तव, तमसा परिवार, जय चित्रांश आजमगढ़ तथा अंतरराष्ट्रीय भोजपुरी संगम, प्रांजल पांडेय, पवन उपाध्याय, कमलेश पासवान, देवेंद्र यादव, प्रवक्ता विजय प्रताप अस्थाना, अरुण शर्मा, नरेंद्र मास्टर साहब, वरिष्ठ अधिवक्ता प्रभात बरनवाल, सुनील, राधेश्याम, कुंदन वर्मा आदि प्रमुख लोगों के साथ मिलकर पौधारोपण कार्यक्रम, कॉटन बैग्स का वितरण, स्काउट गाइड द्वारा नुक्कड़ नाटक, इत्यादि कार्यक्रम किए गए।

आजमगढ़ अतरौलिया ट्रैक्टर की चपेट में आने से बुजुर्ग की हुई मौत 3 बेटियों के सिर से उठा बाप का साया


 आजमगढ़ अतरौलिया ट्रैक्टर की चपेट में आने से बुजुर्ग की हुई मौत


3 बेटियों के सिर से उठा बाप का साया


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ अतरौलिया थाना क्षेत्र के जोहपतपुर गांव के समीप आज सुबह करीब 10 बजे ट्रैक्टर की चपेट में आने से बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गयी। दुर्घटना के समय वह साइकिल से घर जा रहा था। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। इस दुर्घटना में तीन पुत्रियों के सिर से उनके पिता का साया उठ गया।


मिली जानकारी के अनुसार अतरौलिया थाना क्षेत्र के बढ़या (बाबा का पूरा) निवासी रामकृपाल धर द्विवेदी उम्र 60 वर्ष पुत्र स्व0 रामकेश्वर धर द्विवेदी महादेवपुर गांव से अपने घर बढ़या साइकिल से जा रहे थे। जोहपतपुर गांव के समीप पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आ गये। ट्रैक्टर बुजुर्ग के सीने पर चढ़ गया जिससे मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गयी। घटना के बाद ट्रैक्टर खड़ा करके चालक फरार हो गया।


 घटना स्थल पर थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी पहुंच गए और ट्रैक्टर समेत शव को भी अपने कब्जे में ले लिया। मृतक पैर से दिव्यांग था। उसकी पत्नी और एकलौते पुत्र की पहले ही मौत चुकी है। मृतक की केवल तीन पुत्रियां हैं जिसमें योगमाया 40 वर्ष, राम माया 35 वर्ष की शादी हो चुकी है, वही तीसरी पुत्री दिव्यावती 26 वर्ष जो पैर से दिव्यांग है और अपने बुजुर्ग पिता की सेवा सत्कार करती थी। मृतक भिक्षाटन कर अपने पुत्रियो का पालन पोषण करता था। पिता की मौत की खबर सुन तीनों पुत्रियों के आंखों के आंसू नहीं रूक रहे हैं।

आजमगढ़ रौनापार अनियंत्रित कार खाई में पलटी, 9 घायल, 4 की हालत गंभीर हादसे की वजह सामने आई


 आजमगढ़ रौनापार अनियंत्रित कार खाई में पलटी, 9 घायल, 4 की हालत गंभीर


हादसे की वजह सामने आई



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ रौनापार थाना के काखभार के पास रविवार की सुबह आजमगढ़ से गोरखपुर के तरफ जा रही कार सड़क किनारे गड्ढे में फंसकर खाई में पलट गई। इस हादसे में कार में सवार नौ लोग घायल हो गए। इसमें चार की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।


रौनापार थाना क्षेत्र के कांखभार पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे पाइप लाइन बिछाने के लिए गड्ढा खोदा हुआ है। रविवार को आज़मगढ़ से गोरखपुर जा रही एक कार गड्ढे में फस कर सड़क किनारे खाई में पलट गई। इस हादसे में कार में सवार कंधरापुर थाना क्षेत्र के आजमपुर गांव निवासी सौरभ (29), सीमा (48), अंजलि (28), सार्थक (7), समर्थ (20), संध्या (26), अर्पित (7), अनमोल (5) व कुंडल सिंह (27) घायल हो गए। सभी को स्थानीय लोगो की मदद से कार से बाहर निकाला गया और स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। जहाँ 4 की हालत गंभीर देख, जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।