Tuesday, 28 October 2025

आजमगढ़ जहानागंज पोखरी में नहाते समय डूबने से छात्र की हुई मौत छठ पूजा के दौरान हुआ हादसा, त्यौहार की खुशियां मातम में बदली


 आजमगढ़ जहानागंज पोखरी में नहाते समय डूबने से छात्र की हुई मौत



छठ पूजा के दौरान हुआ हादसा, त्यौहार की खुशियां मातम में बदली



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र के अनेई ग्राम सभा अंतर्गत तरछा निवासी कक्षा 6 के छात्र मनीष यादव की मंगलवार सुबह लगभग 5:30 बजे पानी में डूबने से मौत हो गई। यह हादसा छठ पूजा के दौरान गांव के सैयद बाबा की पोखरी में स्नान करते समय हुआ। अपनी बुआ की छठ पूजा के लिए गया मनीष अन्य साथियों के साथ डुबकी लगाने के बाद गहरे पानी में चला गया। कुछ देर बाद जब वह ऊपर नहीं आया तो किनारे छठ पूजा देख रहे लोगों ने पोखरी में खोजबीन शुरू किया। थोड़ी देर बाद उसे पानी से बाहर निकाला गया, परंतु तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।


 मृतक दो भाई व एक बहन में सबसे छोटा था। पिता लालजीत यादव दिल्ली में पेंटिंग का काम करते हैं। जबकि माता गीता यादव भी मायके गई थी। सूचना मिलने पर पहुंची माता का करुण क्रंदन देख सभी की आंखें नम हो जा रही थी। थोड़ी देर में जहानागंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। स्वजनों द्वारा पोस्टमार्टम न कराए जाने के अनुरोध पर पुलिस ने शव को उन्हें सौंप दिया। दाह संस्कार मगई नदी स्थित गड़िहवा घाट पर हुआ। मुखाग्नि बड़े भाई आनंद यादव ने दी। इस घटना से पूरे गांव में मातम छा गया।

आजमगढ़ फूलपुर माहुल तुम धर्म पूछ के मारे, हम घर में घुस के मारेंगे डाला छठ पर हिन्दू संगठनों ने लगाए पोस्टर लव जिहाद और सनातन संस्कृति पर जोर, बेटियों को सचेत करने का प्रयास


 आजमगढ़ फूलपुर माहुल तुम धर्म पूछ के मारे, हम घर में घुस के मारेंगे



डाला छठ पर हिन्दू संगठनों ने लगाए पोस्टर


लव जिहाद और सनातन संस्कृति पर जोर, बेटियों को सचेत करने का प्रयास



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के फूलपुर तहसील के माहुल कस्बे में डाला छठ पर्व के अवसर पर सिद्ध पीठ काली चौरा मंदिर परिसर सहित दो स्थानों पर हिन्दू संगठनों द्वारा जागरूकता पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों के माध्यम से हिन्दू बेटियों को लव जिहाद, सनातन संस्कृति और आत्मरक्षा के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टरों में कड़े संदेशों के साथ हिन्दू लड़कियों को सनातन संस्कृति से जोड़े रखने और लव जिहाद के खतरों से आगाह करने पर बल दिया गया है।


पोस्टरों में 'ऑपरेशन सिंदूर' के तहत लिखा गया है, "तुम धर्म पूछ के मारे थे, हम घर में घुस के मारेंगे। जाति नहीं धर्म पूछा, फिर मार दी गोली।" यह संदेश जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों द्वारा पर्यटकों की हत्या के संदर्भ में है। वहीं, 'देश की बेटी अपनी बेटी' पोस्टर में बेटियों पर बुरी नजर रखने वालों को चेतावनी दी गई है, जिसमें लिखा है, "रास्ते में खड़ी हर लड़की को घूरने वालों, भगवान तुम्हें चांद जैसी बेटी दे।" इसके अलावा, 'निर्णय तुम्हारा' पोस्टर में हिन्दू लड़कियों को सचेत करते हुए लिखा गया है, "सुन लो हिंदू लड़कियों, अब्दुल की दीवानी बनोगी तो फ्रीज और सूटकेस में ही निवास पाओगी, यदि सनातन शेरनी बनोगी तो झांसी की रानी और मां पद्मावती सी पूजी जाओगी।


भाजपा नेता और समाजसेवी सुजीत कुमार जायसवाल (आशु) ने बताया कि ये पोस्टर हिन्दू बेटियों को जागरूक करने और सनातन संस्कृति के प्रति सम्मान बढ़ाने के उद्देश्य से लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह अभियान सामाजिक जागरूकता का हिस्सा है।


 इस संबंध में अहरौला थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार ने कहा कि हिन्दू धर्म के त्योहारों के दौरान ये पोस्टर जागरूकता के लिए लगाए गए हैं और इसमें कोई आपत्तिजनक बात नहीं है।

आजमगढ़ अतरौलिया हेड कांस्टेबल की हुई मौत, पुलिस महकमे में शोक डायल 112 पर तैनात वीरेंद्र प्रताप की छठ पूजा ड्यूटी के दौरान बिगड़ी थी तबीयत


 आजमगढ़ अतरौलिया हेड कांस्टेबल की हुई मौत, पुलिस महकमे में शोक



डायल 112 पर तैनात वीरेंद्र प्रताप की छठ पूजा ड्यूटी के दौरान बिगड़ी थी तबीयत


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में छठ पूजा के दौरान ड्यूटी पर तैनात डायल 112 के हेड कांस्टेबल वीरेंद्र प्रताप सिंह यादव (48 वर्ष) की सोमवार को अचानक तबीयत बिगड़ने से मृत्यु हो गई। उनकी असामयिक मृत्यु से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। वीरेंद्र, चंदौली जिले के देबुआपुर, थाना धानापुर के निवासी थे और वर्तमान में थाना अतरौलिया में डायल 112 पर तैनात थे।


 जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र की ड्यूटी छठ पर्व के अवसर पर थाना अतरौलिया क्षेत्र के कड़सरा में शाम 3 बजे से लगी थी। ड्यूटी समाप्त कर वे अपने हमराही सिपाही के साथ थाने लौट रहे थे, तभी रास्ते में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। हमराही सिपाही ने तुरंत उन्हें संयुक्त चिकित्सालय अतरौलिया पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। क्षेत्राधिकारी बूढ़नपुर अजय प्रताप सिंह ने बताया कि वीरेंद्र 1997 बैच के सिपाही थे। उनके परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। शव को थाने पर रखा गया है और परिजनों के आने के बाद उसे सुपुर्द किया जाएगा।

Monday, 27 October 2025

आजमगढ़ सिधारी, यूनिवर्सिटी में नौकरी दिलाने के नाम पर 14.5 लाख की ठगी फर्जी जॉइनिंग लेटर देकर फरार हुए आरोपी महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय का मामला, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर


 आजमगढ़ सिधारी, यूनिवर्सिटी में नौकरी दिलाने के नाम पर 14.5 लाख की ठगी



फर्जी जॉइनिंग लेटर देकर फरार हुए आरोपी


महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय का मामला, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के सिधारी थाना क्षेत्र के बरही गांव निवासी बच्चेलाल यादव को उनके बेटे अंशु यादव के लिए महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर 14.5 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोपी महेश राजभर (गांव बयासी, थाना सिधारी आजमगढ़ ) और अर्जुन राजभर (सोफिपुर, थाना मुहम्मदाबाद गोहना , मऊ ) ने विश्वास में आकर पीड़ित से आरटीजीएस के माध्यम से 13 लाख रुपये और नकद 1.5 लाख रुपये लिए। 28 जुलाई 2025 को फर्जी जॉइनिंग लेटर देकर धोखा दिया, जिसे विश्वविद्यालय ने नकली करार दिया। पीड़ित की शिकायत पर सिधारी थाने में कोई कार्रवाई न होने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आवेदन दिया गया। 24 अक्टूबर 2025 को शिकायत प्रकोष्ठ ने निर्देश दिए और 26 अक्टूबर 2025 को एफआईआर दर्ज की गई।


 पुलिस अधीक्षक ने अभियोग पंजीकृत करने के आदेश दिए। पीड़ित ने आरोपियों पर धमकी देने और गाली-गलौज का भी आरोप लगाया। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी है, जबकि पीड़ित ने पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी मिलने की बात कही।

आजमगढ़ जीयनपुर 1.20 लाख लूट की घटना का पर्दाफाश, एक अभियुक्त गिरफ्तार 3 पुलिस टीमों की संयुक्त कार्रवाई से मिली सफलता अवैध तमंचा, कारतूस, लूट के रुपये और मोटर साइकिल बरामद


 आजमगढ़ जीयनपुर 1.20 लाख लूट की घटना का पर्दाफाश, एक अभियुक्त गिरफ्तार


3 पुलिस टीमों की संयुक्त कार्रवाई से मिली सफलता


अवैध तमंचा, कारतूस, लूट के रुपये और मोटर साइकिल बरामद


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के थाना जीयनपुर पुलिस ने 17 अक्टूबर 2025 को अमुवारी गांव में हुई 1,20,000 रुपये की लूट की घटना का सफल अनावरण करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध तमंचा, कारतूस, लूट के 29,500 रुपये नकद और एक बिना नंबर की काली स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की गई है।


जीयनपुर पुलिस ने तकनीकी और मानवीय खुफिया सूचनाओं के आधार पर अभियुक्त विशाल यादव, पुत्र राधेश्याम यादव, निवासी शेखमौली करतारपुर, थाना जीयनपुर, को 26 अक्टूबर 2025 को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ में विशाल ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि उसने अपने दो साथियों, इन्द्रेश (निवासी भुवना बुजुर्ग, थाना जीयनपुर) और सत्यम उर्फ सत्या (निवासी पराशखाड़, थाना मोहम्मदाबाद, मऊ) के साथ मिलकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था।


विशाल की निशानदेही पर पुलिस ने शेखमौली करतारपुर में पीपल वाले बाबा स्थान के पीछे एक कोठरी से एक .315 बोर तमंचा, चार जिंदा कारतूस (विभिन्न बोर के), 29,500 रुपये नकद और एक काली स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल बरामद की।

आजमगढ़ मुबारकपुर दूध विक्रेता को बदमाशों ने मारी गोली नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने घटना को दिया अंजाम


 आजमगढ़ मुबारकपुर दूध विक्रेता को बदमाशों ने मारी गोली




नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने घटना को दिया अंजाम



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के मुबारकपुर थाना क्षेत्र के मंझरिया में सोमवार को करीब 11:15 बजे दोपहर नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने एक दूध विक्रेता की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान पियरोपुर निवासी 52 वर्षीय पतिराज के रूप में हुई है, जो दूध बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।


जानकारी के अनुसार, पतिराज की पत्नी अपने छोटे बेटे के साथ मायके गई हुई हैं, जबकि उनका बड़ा बेटा बाहर नौकरी करता है। इस निर्मम हत्याकांड से परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।


पुलिस ने बताया कि बदमाशों की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं और पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

आजमगढ़ शहर कोतवाली, फिर एक बैंक में हुआ गड़बड़ घोटाला, खाते से गायब हुए पैसे खाताधारक ने बैंक कर्मचारी पर लगाया आरोप, मुकदमा दर्ज


 आजमगढ़ शहर कोतवाली, फिर एक बैंक में हुआ गड़बड़ घोटाला, खाते से गायब हुए पैसे



खाताधारक ने बैंक कर्मचारी पर लगाया आरोप, मुकदमा दर्ज



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने अपने बैंक खाते से बिना किसी एटीएम कार्ड, चेकबुक या ओटीपी के 1.27 लाख रुपये निकाले जाने का आरोप लगाया है। पीड़िता वंदना श्रीवास्तव ने केनरा बैंक की शाखा पर संदेह जताते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई है। मामले में साइबर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है और बैंक से विस्तृत जांच की मांग की गई है।


वंदना श्रीवास्तव, पत्नी अश्वनी कुमार श्रीवास्तव, निवासी अराजीबाग, थाना कोतवाली, आजमगढ़ ने बताया कि उन्होंने 29 फरवरी 2016 को केनरा बैंक में बचत खाता संख्या 2659101028185 खोला था। इस खाते में श्री राम फाइनेंस कंपनी का कमीशन, स्वयं की जमा राशि और पति द्वारा भेजी गई धनराशियां जमा होती थीं। उन्होंने कभी एटीएम कार्ड, चेकबुक या यूपीआई आईडी नहीं बनवाई थी और पैसे निकालने के लिए हमेशा बैंक में जाकर निकासी पर्ची भरती थीं।


घटना का खुलासा 11 अगस्त 2025 को हुआ, जब खाते में श्री राम फाइनेंस का कमीशन जमा होने का मैसेज आया और बैलेंस चेक करने पर लगभग 1.27 लाख रुपये कम पाए गए। हैरान वंदना ने तुरंत साइबर थाना रानी की सराय में रिपोर्ट दर्ज कराई और बैंक में ऑनलाइन शिकायत की। पासबुक प्रिंट कराने पर पता चला कि 5 अगस्त को 1 रुपये, 8 अगस्त को 49,999 रुपये, फिर 30,000 रुपये और 20,000 रुपये, तथा 9 अगस्त को 27,000 रुपये की निकासी हुई है। कुल मिलाकर 1,27,000 रुपये गायब हैं।


पीड़िता का कहना है कि उनके मोबाइल पर निकासी का कोई मैसेज या ओटीपी नहीं आया। उन्होंने बैंक कर्मचारियों पर संदेह जताया है, क्योंकि बिना इन सुविधाओं के पैसे निकालना असंभव लगता है। उन्होंने थानाध्यक्ष कोतवाली को दिए प्रार्थना-पत्र में खाते की विस्तृत जांच, संदिग्धों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और राशि वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।