Tuesday, 16 April 2024

आजमगढ़ जहानागंज एसकेडी में संपन्न हुआ रामनवमी व नवरात्र महोत्सव, पूजी गयी कन्यायें नवरात्र के नवों दिन विशेष महत्व के होते हैं-विजय बहादुर सिंह, संस्थापक


 आजमगढ़ जहानागंज एसकेडी में संपन्न हुआ रामनवमी व नवरात्र महोत्सव, पूजी गयी कन्यायें



नवरात्र के नवों दिन विशेष महत्व के होते हैं-विजय बहादुर सिंह, संस्थापक



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जहानागंज क्षेत्र के धनहुंआ स्थित एसकेडी विद्या मन्दिर में मंगलवार को नवरात्र महोत्सव मनाया गया। महामाया के आठवें स्वरूप महागौरी की विधिवत पूजा के साथ साथ नवदुर्गा की भव्य झांकी निकाली गयी जो काफी आकर्षक लग रही थी। आगामी रामनवमी पर्व के उपलक्ष्य में भवगान श्रीराम के बालक स्वरूप में सजे बच्चे को देखकर लोग मंत्रमुग्ध हो जा रहे थे। कार्यक्रम की शुरूआत विद्यालय के संस्थापक विजय बहादुर सिंह द्वारा मां सरस्वती एवं नव देवियों की पूजन अर्चन एवं आरती से हुई। 


इसके पश्चात विद्यालय की बालिकाओं द्वारा मां दुर्गा की स्तुति करते हुए भक्ति संगीत एवं मोहक नृत्य प्रस्तुत किया गया। नवदुर्गा के रूप में सजी दिव्यांशी, आयुषी, आराध्या, परी, अंशिका, आस्था, अदिति आदि बच्चियो का प्रदर्शन देखते ही बन रहा था। आयुषी यादव की प्रस्तुति जय जय हे महिषासुर मर्दिनि लोगों को खुब भाया। अपने वक्तव्य में संस्थापक विजय बहादुर सिंह ने कहा कि नवरात्र के नवों दिन विशेष महत्व के होते हैं। मां के प्रथम स्वरूप शैलपुत्री से लेकर नवें स्वरूप सिद्धिदात्री के पूजन अर्चन का विधान ऐसे समय में बनाया गया है जो दो ऋतुओं का संधिकाल होता है। ऐसे में पूजा उपवास आदि के माध्यम से ब्रह्माण्डीय ऊर्जा को अपने अंदर समाहित किया जाता है। रामनवमी के पावन पर्व पर श्री सिंह ने कहा कि भगवान राम की पूरी जीवन गाथा लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है। आज पूरा विश्व प्रभु श्रीराम द्वारा स्थापित आदर्शों को स्वीकार कर रहा है। पूजा अर्चन के पश्चात विद्यालय के अध्यापक/अध्यापिकाओं द्वारा कन्याभोज संपन्न कराया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रधानाचार्य रामजी चौहान, संतोष, दिनेश, रूबी, वर्तिका, रेनू , सुरभि आदि का योगदान सराहनीय रहा।

आजमगढ़ सांसद निरहुआ ने अब अधिवक्ताओं को बताया सपा के गुण्डे दीवानी न्यायालय में विधि प्रकोष्ठ सम्मेलन में शामिल होने गये थे भाजपा सांसद अधिवक्ताओं के विरोध पर सांसद ने दिया अमर्यादित बयान


 आजमगढ़ सांसद निरहुआ ने अब अधिवक्ताओं को बताया सपा के गुण्डे


दीवानी न्यायालय में विधि प्रकोष्ठ सम्मेलन में शामिल होने गये थे भाजपा सांसद


अधिवक्ताओं के विरोध पर सांसद ने दिया अमर्यादित बयान



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ भाजपा सांसद दिनेश लाल यादव द्वारा फिर एक विवादित बयान सामने आया है। इस बयान में उनके द्वारा दीवानी कचहरी के अधिवक्ताओं को सपा का गुण्डा बताया जा रहा है। सांसद निरहुआ मंगलवार को दीवानी कचहरी में आयोजित विधि प्रकोष्ठ सम्मेलन में शामिल होने गये थे। अधिवक्ताओं से सांसद निरहुआ जब मिलने लगे इसी दौरान उनका विरोध शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि सांसद के आगमन की सूचना को लेकर सुबह ही अधिवक्ताओं की बैठक हुई थी। जिसमें प्रस्ताव पास होने की बात कही जा रही थी।


 ग्रामीण न्यायालय के मुद्दे को लेकर अधिवक्ताओं के आंदोलन में किसी भी राजनीतिक दल ने मौके पर पहुंचकर समर्थन नहीं किया था। इसलिए अधिवक्ता भी न्यायालय परिसर में राजनीतिक दल के नेताओं को अपने प्रचार प्रसार करने का विरोध करने को तय किए हुए हैं। वहीं दूसरी तरफ जब सांसद निरहुआ न्यायालय परिसर में पहुंचे तभी नारेबाजी शुरू हो गई। किसी प्रकार से सभागार के पिछले गेट से निरहुआ को बाहर निकालने की कोशिश की गई। वहीं न्यायालय अभिभावक संघ में अधिवक्ताओं का जमावड़ा लगा हुआ था। सांसद निरहुआ जब बाहर निकलने लगे, इस दौरान दोनों पक्षों से नारेबाजी शुरू हो गई। गेट तक पहुंचते पहुंचते मारपीट की नौबत आ गई।


 वहीं दूसरी तरफ सांसद निरहुआ ने कहा कि सपाई गुंडे हर जगह मौजूद हैं जब वह गांव में भी प्रचार करने जाते हैं इसी तरह गुंडई करते हैं, दीवानी परिसर में भी कुछ गुंडे रहते हैं, इनको एक बात समझ लेनी चाहिए कि 2019 में एक भाई जीत कर भाग गया, 22 में हार कर भाग गया, 24 में फिर भागेंगे, अगर किसी को विरोध करना है तो वह ईवीएम के बटन को दबाकर विरोध कर सकता है, लेकिन कहते हैं कि जिस गाड़ी पर सपा का झंडा उसमे बैठा सबसे बड़ा गुंडा वही दिख रहा है।

Monday, 15 April 2024

आजमगढ़ अवैध टेलिफोन एक्सचेंज चलाने वाले गैंग को एसपी ने किया सूचीबद्ध अन्तराष्ट्रीय काल को लोकल काल्स में परिवर्तित करता है नदीम अहमद गैंग


 आजमगढ़ अवैध टेलिफोन एक्सचेंज चलाने वाले गैंग को एसपी ने किया सूचीबद्ध


अन्तराष्ट्रीय काल को लोकल काल्स में परिवर्तित करता है नदीम अहमद गैंग



आजमगढ़ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने अभियुक्त नदीम अहमद गैंग के सदस्य को सूचीबद्ध कराया है। पुलिस के अनुसार अभियुक्त नदीम अहमद पुत्र इसरार अहमद निवासी गौरडीह खाल्सा थाना सिधारी जनपद आजमगढ़ जो वर्तमान समय में जनपद आजमगढ़ में एक संगठित गैंग बनाकर व स्वयं गैंग का लीडर बनकर आर्थिक, भौतिक व दुनियाबी लाभ के लिए अवैध टेलिफोन एक्सचेंज का संचलान तथा अन्तराष्ट्रीय काल को लोकल काल्स में परिवर्तित कर सरकार को राजस्व की हानी पहुंचाने जैसे अपराध कारित कर रहा है। इनकी गतिविधियों पर प्रभावी अंकशु लगाये जाने हेतु गैंग को जनपद स्तर पर सूचीबद्ध (आपराधिक गैंग) किया गया है। इसका कोड नं0- “डी- 233” होगा। 


जिसके सदस्य नदीम अहमद पुत्र इसरार अहमद निवासी गौरडीह खाल्सा थाना सिधारी जनपद आजमगढ़ उम्र 40 वर्ष, दीवान बसर पुत्र दीवान नसर खान निवासी सिधारी बबुआन थाना सिधारी जनपद आजमगढ़ उम्र 42 वर्ष हैं।

अमरोहा भाजपा नेताओं के बीच जमकर हुई थप्पड़बाजी जिला उपाध्यक्ष और मीडिया प्रभारी के बीच हाथापाई, दफ्तर में 15 मिनट रही अफरा तफरी


 अमरोहा भाजपा नेताओं के बीच जमकर हुई थप्पड़बाजी



जिला उपाध्यक्ष और मीडिया प्रभारी के बीच हाथापाई, दफ्तर में 15 मिनट रही अफरा तफरी



उत्तर प्रदेश अमरोहा भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पर राज्यमंत्री बृजेश सिंह की पत्रकार वार्ता पहले जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार और जिला मीडिया प्रभारी रमेश कलाल के बीच मारपीट हो गई। पंद्रह मिनट तक जमकर हंगामा हुआ। सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी और जिलाध्यक्ष ने बीच बचाव कराया। राज्यमंत्री को भी हस्तक्षेप करना पड़ा। भाजपाइयों के बीच हुई मारपीट को पत्रकारों ने अपने मोबाइल में कैद कर लिया। जबकि, भाजपा कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी पूरी घटना कैद हो गई। अचानक हुई मारपीट के बाद हर कोई अचंभित रह गया। भाजपा जिला कार्यालय पर सोमवार की सुबह लगभग 11 बजे पीडब्ल्यूडी विभाग के राज्यमंत्री बृजेश सिंह की प्रेस कॉन्फ्रेंस थी। राज्यमंत्री अपने तय समय पर कार्यालय पहुंच गए। पहले तो दो पत्रकारों को देखकर राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने जिला अध्यक्ष उदयगिरि गोस्वामी और जिला मीडिया प्रभारी रमेश कलाल से नाराजगी जाहिर की। इसके बाद बाकी पत्रकारों को बुलाने की बात कह कर दूसरे कमरे में जाकर बैठ गए। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार और युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष शुभम चौधरी ने कुछ पत्रकारों को फोन करके बुलाया। 


पत्रकारों को बुलाने को लेकर जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार और जिला मीडिया प्रभारी रमेश कलाल के बीच कहासुनी हो गई। इससे पहले राज्यमंत्री बृजेश सिंह प्रेस कॉन्फ्रेंस हाल में पहुंचते। यहां पहले से मौजूद जिला मीडिया प्रभारी रमेश कलाल ने जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार से गाली-गलौज कर दी। जब जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने इसका विरोध किया तो तुरंत जिला मीडिया प्रभारी रमेश कलाल ने थप्पड़ जड़ दिया। बाद में जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने भी थप्पड़ जड़ दिए। इसके बाद दोनों एक दूसरे के कॉलर पकड़कर मारपीट करने लगे। मारपीट होता देख जिलाध्यक्ष उदयगिरि गोस्वामी की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी बीच बचाव कराने लगा। तभी जिला अध्यक्ष उदयगिरि गोस्वामी भी पहुंच गए और विवाद शांत कराया। राज्य मंत्री बृजेश सिंह ने भी हस्तक्षेप किया। जिसके बाद राज्य मंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान पदाधिकारियों में मारपीट को लेकर राज्यमंत्री बृजेश सिंह ने कहा कि बड़ा परिवार है, इसलिए छोटी-छोटी बातें हो जाती हैं। हालांकि बाद में जिलाध्यक्ष उदयगिरि गोस्वामी ने जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार और जिला मीडिया प्रभारी रमेश कलाल को गले मिलवा दोनों के बीच हुए विवाद को खत्म कर दिया। मारपीट की ये घटना कॉन्फ्रेंस रूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है।

आजमगढ़ अधिशासी अधिकारी ने फांसी लगाकर दी जान 20 दिन पूर्व अवकाश लेकर आए थे घर


 आजमगढ़ अधिशासी अधिकारी ने फांसी लगाकर दी जान



20 दिन पूर्व अवकाश लेकर आए थे घर



उत्तर प्रदेश आजमगढ़, गाजीपुर नगर पालिका से 20 दिन पूर्व अवकाश लेकर अतरौलिया थाने के बूढ़नपुर बाजार स्थित अपने घर आए अधिशासी अधिकारी ने रविवार की रात घर के पीछे बने आवास में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का कारण मृतक का अवसादग्रस्त होना बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है। अतरौलिया थाना क्षेत्र के बूढ़नपुर बाजार निवासी सेवानिवृत्त प्रवक्ता आनंद शंकर सिंह चार संतानों में तीसरे नंबर पर रहे बड़े पुत्र 45 वर्षीय आलोक कुमार सिंह गाजीपुर नगर पालिका में अधिशासी अधिकारी पद पर तैनात थे। लगभग डेढ़ साल पहले उनकी पत्नी का निधन हो गया था। इसके बाद से वह अवसाद ग्रस्त हो गए थे। करीब 20 दिन पूर्व वह अवकाश लेकर अपने पैतृक घर आए थे।


 रविवार को दिन में परिवार के लोगों ने उन्हें अंतिम बार घर के समीप टहलते देखा और इसके बाद उनका पता नहीं चला। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटे तो स्वजन उनकी तलाश में जुटे। रात करीब नौ बजे मकान के पीछे बने दूसरे आवास में किसी कार्यवश गए पारिवारिक सदस्य ने कमरे के अंदर फांसी के फंदे पर झूल रहे ईओ का शव देख चीखते हुए शोर मचाया इसके बाद अन्य स्वजनों को इसकी जानकारी हुई। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में ले लिया। इस घटना से मृतक परिवार में चीख-पुकार मची हुई है। मृतक आलोक कुमार सिंह दो बहनों और दो भाईयों में तीसरे नंबर पर थे। उनसे बड़ी दो बहनें हैं। मृतक की दो नाबालिग जुड़वां बेटियां हैं। इस घटना से बूढ़नपुर बाजार में शोक व्याप्त है।

Sunday, 14 April 2024

आजमगढ़ जहानागंज पत्नी के साथ किया अप्राकृतिक दुष्कर्म पुलिस ने आरोपित पति को किया गिरफ्तार


 आजमगढ़ जहानागंज पत्नी के साथ किया अप्राकृतिक दुष्कर्म



पुलिस ने आरोपित पति को किया गिरफ्तार


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल में मारपीट की यातना सहन करने को मजबूर हुई विवाहिता के पति ने जब उसके साथ अप्राकृतिक दुष्कर्म जैसे घृणित कार्य को अंजाम देने लगा तो पीड़िता किसी तरह दहेज लोभियों के चंगुल से निकल भागी। किसी तरह अपने मायके पहुंची पीड़िता की आपबीती सुन परिवार के लोग हतप्रभ रह गए। बीते 24 मार्च 2024 को पीड़िता ने जहानागंज थाने में ससुराल पक्ष के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने रविवार को दिन में मिली सूचना के आधार पर ससुराल क्षेत्र में आए पति को रामपुर गांव के समीप धर दबोचा। अमानवीय कृत्यों की शिकार हुई विवाहिता की तहरीर पर पुलिस ने उसके पति सचिन सिंह निवासी ग्राम रुकुन्दीपुर थाना क्षेत्र सम्मनपुर जिला अंबेडकरनगर एवं उसके परिवार वालों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली। 


रविवार को दिन में पुलिस को सूचना मिली कि उक्त मामले में आरोपित पति सचिन सिंह रामपुर गांव स्थित चंद्रशेखर स्मारक ट्रस्ट के समीप मौजूद है। पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित पति को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

आजमगढ़ जीयनपुर कार-ट्रेलर की टक्कर में एक की मौत, प्रधान सहित 7 घायल दुर्घटना के बाद ट्रेलर के चालक व खलासी हुए फरार


 आजमगढ़ जीयनपुर कार-ट्रेलर की टक्कर में एक की मौत, प्रधान सहित 7 घायल


दुर्घटना के बाद ट्रेलर के चालक व खलासी हुए फरार



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के धनछुला गांव के पास रविवार की शाम कार व ट्रेलर की आमने-समाने की टक्कर हो गयी। इस दुर्घटना में कार सवार राजगीर की मौत हो गई। जबकि हादसे में प्रधान सहित सात लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद ट्रेलर के चालक व खलासी फरार हो गए। घटना के समय कार सवार दोहरीघाट से वृद्ध महिला के दाह संस्कार से घर लौट रहे थे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।


 जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के हरखोरी गांव निवासी 47 वर्षीय रामनयन राजगीर का काम करते थे। उनके गांव की एक वृद्ध महिला का निधन हो गया था। रामनयन गांव के प्रधान 36 वर्षीय दयाराम यादव, 40 वर्षीय ऋखदेव, 62 वर्षीय मुरली, 40 वर्षीय राजेश, 27 वर्षीय अच्छेलाल, 35 वर्षीय गुड्डू और 65 वर्षीय सुरेश के साथ दाह संस्कार में प्रधान की कार से दोहरीघाट गए थे। रविवार की शाम करीब चार बजे लोग कार से सभी घर लौट रहे थे। इस दौरान धनछुला के चन्नाराम कालिका मंदिर के पास सामने से आ रहे ट्रेलर ने टक्कर मार दी। जिससे कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना में कार सवार सभी लोग घायल हो गए।


 दुर्घटना के बाद घायलों में चीख पुकार मच गई। आस-पास के लोगों ने घायलों को कार से बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी पर पहुंचाया। डॉक्टर ने रामनयन को मृत घोषित कर दिया। अन्य को एंबुलेंस से मंडलीय अस्पताल भेज दिया। डॉक्टर ने प्रधान दयाराम, अच्छे लाल व सुरेश की हालत गंभीर देख रेफर कर दिया।