आजमगढ़ अहरौला पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर एंबुलेंस का टायर फटने से हादसा, एक की मौत
टोल नंबर 203 के पास ट्रक में जा घुसी एंबुलेंस, चालक समेत 2 घायल, मरीज को लखनऊ छोड़कर लौट रहे थे तीनों
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के फुलवरिया गांव के समीप पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के टोल नंबर 203 पर गुरुवार सुबह चलती एंबुलेंस का टायर फटने से भीषण हादसा हो गया। अनियंत्रित एंबुलेंस आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चालक समेत दो लोग घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार गोरखपुर जिले के बड़हलगंज थाना क्षेत्र के बांछेपार गांव निवासी 23 वर्षीय अनिल, महलिया खजुआ निवासी 25 वर्षीय उत्तम यादव और आजमगढ़ जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अंजान शहीद गांव निवासी 29 वर्षीय राकेश कुमार बुधवार रात गोरखपुर से एक मरीज को लखनऊ के राममनोहर लोहिया अस्पताल लेकर गए थे। मरीज को भर्ती कराने के बाद तीनों गुरुवार सुबह एंबुलेंस से वापस घर लौट रहे थे। बताया जाता है कि एंबुलेंस अनिल चला रहा था, जबकि उत्तम और राकेश पीछे बैठे थे। सुबह जब एंबुलेंस पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर टोल नंबर 203 के पास पहुंची, तभी आगे बाएं पहिए का टायर अचानक फट गया। टायर फटते ही एंबुलेंस अनियंत्रित हो गई और सामने चल रहे ट्रक में जा टकराई।
हादसे की सूचना पर ट्रक चालक ने वाहन रोक दिया। मौके पर पहुंचे यूपीडा के राहत कर्मियों ने तीनों को एंबुलेंस से बाहर निकालकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उत्तम यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं अनिल और राकेश की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस विधिक कार्रवाई में जुटी हुई है।

No comments:
Post a Comment