अलीगढ़ पहले दामाद फिर 10 माह बाद बहनोई संग हुई फरार
2 लाख रुपये और गहने ले जाने का आरोप
उत्तर प्रदेश अलीगढ़, प्रेम प्रसंग की एक अनोखी कहानी में नया मोड़ आ गया है। अप्रैल 2025 में बेटी की शादी से ठीक पहले होने वाले दामाद के साथ घर छोड़कर गई महिला अब करीब दस माह बाद उसे भी छोड़कर अपने बहनोई के साथ फरार हो गई है। पीड़ित युवक ने दादों थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी है और दो लाख रुपये व गहने ले जाने का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस ने घटना बिहार की बताकर कार्रवाई से इनकार कर दिया है।
थाना दादों क्षेत्र के गांव मछरिया नगला निवासी राहुल कुमार की शादी अप्रैल 2025 में थाना मडराक के गांव मनोहरपुर में तय हुई थी। सगाई के बाद राहुल की बातचीत अपनी होने वाली सास अपना देवी से मोबाइल पर होने लगी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और यह रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया। विवाह से करीब 12 दिन पहले अपना देवी अपने पति और परिवार को छोड़कर राहुल के साथ चली गई थीं। इस घटना के बाद महिला के पति ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए बिहार समेत कई राज्यों में दबिश दी थी। बाद में दोनों स्वयं दादों थाने पहुंचे, जहां से उन्हें मडराक थाने भेजा गया। वहां दोनों ने लिखित बयान देकर एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने की सहमति जताई थी। इसके बाद पुलिस ने उन्हें साथ रहने की अनुमति दे दी थी। करीब दस माह तक साथ रहने के बाद राहुल ने बुधवार को दादों थाने पहुंचकर बताया कि वह बिहार के एक जिले में फेरी लगाकर कपड़े बेचने का काम करता है। छह फरवरी को उसकी पत्नी अपना देवी कथित रूप से दो लाख रुपये और गहने लेकर अपने बहनोई के साथ कहीं चली गई है।
थाना प्रभारी सरिता द्विवेदी ने बताया कि युवक ने कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया है, लेकिन घटना उनके थाना क्षेत्र की नहीं है, इसलिए यहां से कोई कार्रवाई नहीं की जा सकती। उन्होंने बताया कि संबंधित क्षेत्र में ही कानूनी प्रक्रिया अपनानी होगी।

No comments:
Post a Comment