Thursday, 4 September 2025

आजमगढ़ फूलपुर मोबाइल न मिलने से नाराज किशोर ने लगाई फांसी रोते हुए बोली मां गेम खेलने के लिए मांग रहा था मोबाइल, मैं खेत में लेकर चली गई


 आजमगढ़ फूलपुर मोबाइल न मिलने से नाराज किशोर ने लगाई फांसी




रोते हुए बोली मां गेम खेलने के लिए मांग रहा था मोबाइल, मैं खेत में लेकर चली गई



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के नियाउज गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मोबाइल पर गेम खेलने के लिए मां द्वारा फोन न दिए जाने से नाराज 13 वर्षीय किशोर आदर्श उर्फ रवीश ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और मोबाइल की लत को लेकर चर्चा का विषय बन गया है। नियाउज गांव निवासी आदर्श उर्फ रवीश पुत्र पुरन चंद उर्फ भोभन ने मंगलवार को अपने घर में फांसी लगा ली। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और फूलपुर कोतवाली पुलिस को सूचित किया गया। कोतवाल सच्चिदानंद पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


आदर्श की मां विद्या देवी ने रोते हुए बताया, "आदर्श गेम खेलने के लिए बार-बार मोबाइल मांग रहा था, लेकिन मैं मोबाइल लेकर खेत पर चली गई थी। मुझे क्या पता था कि वह ऐसा कदम उठा लेगा। काश, मैं उसे मोबाइल दे देती, तो शायद यह नौबत न आती।" आदर्श तीन बहनों और दो भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस घटना ने मोबाइल की लत और बच्चों पर इसके दुष्प्रभाव को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। फूलपुर कोतवाल सच्चिदानंद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच की जा रही है। क्षेत्र में इस घटना को लेकर लोग स्तब्ध हैं और मोबाइल के अत्यधिक उपयोग को लेकर चचार्एं तेज हो गई हैं।

आजमगढ़ देवगांव दुर्घटना में इलाज का पैसा न मिलने से ग्रामीणों ने मार्ग किया जाम अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने पानी की मैजिक वाहन को मार दी थी टक्कर


 आजमगढ़ देवगांव दुर्घटना में इलाज का पैसा न मिलने से ग्रामीणों ने मार्ग किया जाम




अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने पानी की मैजिक वाहन को मार दी थी टक्कर



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के गोसाईगंज बाजार में गुरुवार सुबह करीब 9:45 बजे एक सड़क हादसे के बाद ग्रामीणों ने देवगांव-जूली मार्ग को लगभग 45 मिनट तक जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि कोतवाली में उनकी शिकायत पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया और न ही हादसे में घायल दो लोगों के इलाज के लिए स्कॉर्पियो चालक द्वारा कोई आर्थिक मदद दी गई।


हादसा तब हुआ जब गोसाईगंज बाजार निवासी गुफरान अहमद स्कॉर्पियो चलाना सीख रहे थे। अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने पानी की मैजिक वाहन को टक्कर मार दी, जिससे दीवेश राय और छग्गन घायल हो गए। इसके बाद स्कॉर्पियो ममता राय की चक्की की दुकान में जा घुसी। गुफरान और उसका दामाद मौके से फरार हो गए। घायलों का इलाज बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में शुरू हुआ, लेकिन पैसे की कमी के कारण अधूरा रह गया, जिसके बाद गरीब परिवार को घर लौटना पड़ा।



हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों और बाजारवासियों ने घायलों के इलाज के लिए चंदा इकट्ठा किया। ग्रामीणों ने कोतवाली पर मुकदमा दर्ज न होने और इलाज के लिए आर्थिक सहायता न मिलने का आरोप लगाते हुए सड़क जाम कर दी। पुलिस ने स्कॉर्पियो को कब्जे में ले लिया और कोतवाल विमल प्रकाश राय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने ग्रामीणों से जाम समाप्त करने की अपील की और आश्वासन दिया कि शाम तक घायलों के इलाज के लिए धनराशि की व्यवस्था कर ली जाएगी। काफी समझाने के बाद ग्रामीण और बाजारवासी जाम समाप्त करने पर सहमत हुए।

आजमगढ़ मेंहनगर एसडीएम ने लेखपाल को किया निलम्बित ड्यूटी में लापरवाही पड़ी भारी, मुकदमा भी हुआ दर्ज


 आजमगढ़ मेंहनगर एसडीएम ने लेखपाल को किया निलम्बित



ड्यूटी में लापरवाही पड़ी भारी, मुकदमा भी हुआ दर्ज



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के मेंहनगर तहसील के लेखपाल राजेश मौर्य को भ्रष्टाचार के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई एसडीएम प्रशांत कुमार ने गुरुवार को की, जब एंटी करप्शन टीम ने राजेश मौर्य को 5000 रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा।


जानकारी के अनुसार, गोपालपुर निवासी सूर्यबली पुत्र स्व. मुरारी सरोज ने शिकायत दर्ज की थी कि लेखपाल राजेश मौर्य ने ग्राम गोपालपुर के गाटा संख्या 1428 के संबंध में धारा 30(2) की पत्रावली पर रिपोर्ट लगाने के लिए 5000 रुपये की मांग की थी। इस शिकायत के आधार पर एंटी करप्शन टीम, आजमगढ़ मंडल ने 03 सितंबर 2025 को मेंहनगर तहसील के आवासीय परिसर में ट्रैप आॅपरेशन चलाया और राजेश मौर्य को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।


आरोपी लेखपाल को मेंहनगर थाने ले जाया गया, जहां उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के तहत प्रथम सूचना रिपोर्ट (एफआईआर) संख्या 001 दर्ज की गई। यह एफआईआर धारा 173/बी0एन0एस0एस0 के तहत 03 सितंबर 2025 को शाम 07:55 बजे दर्ज हुई।

Wednesday, 3 September 2025

आजमगढ़ दीदारगंज संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव मायके में रह रही विवाहिता मंगलवार के शाम को घर से हो गई थी गायब


 आजमगढ़ दीदारगंज संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता मिला विवाहिता का शव



मायके में रह रही विवाहिता मंगलवार के शाम को घर से हो गई थी गायब



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के दीदारगंज थाना क्षेत्र के करुई गांव में मायके में रह रही रोशनी यादव पुत्री अशोक कुमार उम्र 24 वर्ष की शादी दो वर्ष पूर्व पवई थाना क्षेत्र के खैरूद्दीनपुर गांव निवासी अवनीश यादव पुत्र रामकुमार के साथ हुई थी। बीते मार्च महीने से वह अपने मायके करुईं में ही रह रही थी। मंगलवार देर शाम से वह घर से निकली और घर नहीं आई तो रोशनी के बाबा व भाई ने देर रात तक आसपास खोजबीन किए किंतु रोशनी का पता नहीं चला।


 बुधवार सुबह आठ बजे के करीब अशोक के घर के पीछे खेत में पशुओं के लिए चारा काटने गई एक वृद्ध महिला ने रोशनी का शव जामुन के पेड़ पर जमीन से करीब 30 फुट ऊपर फंदे से लटकता हुआ देखा तो शोर मचाने लगी और बेसुध होकर गिर पड़ी। देखते ही देखते मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई, और सूचना पर थानाध्यक्ष दीदारगंज राकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे और ग्रामीणों की मदद से शव को पेड़ से नीचे उतरवाया।


 पिता रोजी-रोटी के सिलसिले में लुधियाना में रहते हैं। घर पर दादा बद्दल यादव परिवार की देखभाल करते हैं। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं। मौके पर ससुराल पक्ष के लोग भी मृतका के पति के साथ पहुंचे थे। सूचना पर मौके पर सीओ फूलपुर किरनपाल सिंह, नायब तहसीलदार मार्टिनगंज फॉरेंसिक एवं डॉग स्क्वायड टीम ने पहुंचकर जांच पड़ताल की। पुलिस घटना की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।

आजमगढ़ जहानागंज गौमांस तस्करी का मामला, बाइक सवार 50 किलो मांस फेंककर भागे अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी


 आजमगढ़ जहानागंज गौमांस तस्करी का मामला, बाइक सवार 50 किलो मांस फेंककर भागे



अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र के तुलसीपुर ग्राम सभा में सोमवार तड़के एक सनसनीखेज मामला सामने आया। सुबह करीब 4 बजे ग्रामीणों को पंचायत भवन के पास संदिग्ध आहट सुनाई दी। मौके पर पहुंचने पर ग्रामीणों ने देखा कि कुछ बाइक सवार गौमांस लेकर जा रहे थे। ग्रामीणों को देखते ही आरोपी अपनी बाइक छोड़कर भाग निकले और रास्ते में लगभग 50 किलो गौमांस सड़क किनारे फेंक दिया।


ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना जहानागंज पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मांस को कब्जे में लिया और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इस संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक नगर मधुबन कुमार सिंह ने कहा कि मामले में जहानागंज थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेजी से की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचा जाएगा।

बिजनौर नायब तहसीलदार ने सरकारी आवास में खुद को मारी गोली, हुईं मौत डीएम, एसपी सहित पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची


 बिजनौर नायब तहसीलदार ने सरकारी आवास में खुद को मारी गोली, हुईं मौत



डीएम, एसपी सहित पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची




उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के सदर तहसील में तैनात नायब तहसीलदार राजकुमार ने बुधवार सुबह अपने सरकारी आवास में लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना सुबह करीब 11 बजे की बताई जा रही है, जिसके बाद तहसील परिसर में हड़कंप मच गया। गंभीर हालत में राजकुमार को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दोपहर करीब 1:30 बजे उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।


घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी जसजीत कौर, पुलिस अधीक्षक और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि गोली चलने के बाद कमरा अंदर से बंद था, जिसे तोड़कर राजकुमार को बाहर निकाला गया। पुलिस ने मौके से लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद कर लिया है और मोबाइल फोन सहित अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।

आजमगढ़ रानी की सराय शर्ट के सहारे पेड़ से लटका मिला युवक का शव सोमवार को दिन में घर से हुआ था लापता, पुलिस जांच में जुटी


 आजमगढ़ रानी की सराय शर्ट के सहारे पेड़ से लटका मिला युवक का शव




सोमवार को दिन में घर से हुआ था लापता, पुलिस जांच में जुटी




आजमगढ़। जनपद के रानी की सराय थाना क्षेत्र के बेहटा गांव के बाहरी हिस्से में स्थित घने जंगल में बुधवार को एक युवक का शव पेड़ की डाल पर शर्ट के सहारे फंदे से लटकता हुआ पाया गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मृतक की पहचान खैरा गांव निवासी 20 वर्षीय विकास कुमार, पुत्र शिवनारायण के रूप में हुई, जो शटरिंग का काम करता था। 


विकास कुमार सोमवार को दिन में घर से निकला था और उसके बाद वापस नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार को ग्रामीणों ने जंगल में शव देखकर पुलिस को सूचित किया। मृतक अविवाहित था और तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसके पिता खेतीबाड़ी करते हैं। प्रभारी निरीक्षक सुनील सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का खुलासा होगा। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।