Thursday, 4 April 2024

आजमगढ़ अहरौला 2 पक्षों में मारपीट का वीडियो वायरल ग्राम प्रधान समेत 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज


 आजमगढ़ अहरौला 2 पक्षों में मारपीट का वीडियो वायरल


ग्राम प्रधान समेत 6 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ अहरौला थाना क्षेत्र के अरूषा गांव में हुई मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर बुधवार को वायरल हो गया। जानकारी होने के बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं घायलों का मेडिकल कराकर मुकदमे की धारा में बढ़ोत्तरी की कार्रवाई की तैयारी है।


 अरूषा गांव की वायरल वीडियो में एक मिक्सिंग मशीन चल रहा है। उसी के बगल में ही एक व्यक्ति द्वारा फावडे व बांस से किए दए घेराबंदी को तोड़ा जा रहा है। उसके द्वारा जमीन में गड़े बांस को उखाड़ा जा रहा है। वहीं दूसरी वीडियो में एक व्यक्ति वहां पहुंचता है, जिससे गाली-गलौज होती है। इसके बाद मारपीट हो जाती है। मारपीट की घटना में कई लोग घायल हुए हैं। इस घटना के बाद एक पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने ग्राम प्रधान सहित छह लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है।


 एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने कहा कि मुकदमा दर्ज हो गया है। घायलों का मेडिकल मुआयना कराया जा रहा है। अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। मेडिकल के बाद धारा में वृद्धि कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़ मुबारकपुर प्यार में मिला धोखा, प्रेमी निकला दगाबाज न्याय की आस में एसपी दरबार पहुंची गर्भवती युवती


 आजमगढ़ मुबारकपुर प्यार में मिला धोखा, प्रेमी निकला दगाबाज


न्याय की आस में एसपी दरबार पहुंची गर्भवती युवती


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ मुंबई में मुहब्बत परवान चढ़ी और प्यार में पागल हुई गोरखपुर जिले की रहने वाली युवती घर से जेवर आदि समेट कर प्रेमी के साथ उसके घर आ गई। प्रेमी के साथ दो साल तक पत्नी की तरह रहते हुए जब प्रेमी का दिल उससे भर गया तो उसे गर्भवती हालत में दगाबाज ने उसे मारपीट कर घर से भगा दिया। आठ माह की गर्भवती युवती इसकी शिकायत करने मुबारकपुर थाने पहुंची तो वहां भी उसे दुत्कार मिली। न्याय की आस में पीड़ित युवती एसपी दरबार पहुंची और गुहार लगाई। अब देखना यह है कि क्या अपने हाल पर बिलख रही गर्भवती युवती को कब तक न्याय मिल पाता है।


 कमाने की गरज से मुंबई गए मुबारकपुर क्षेत्र के बलुआ कटरा निवासी युवक की गोरखपुर निवासी युवती से घनिष्ठता बढ़ी और दोनों एक दूसरे को प्यार करने लगे। प्यार में अंधी हुई युवती करीब दो साल पहले प्रेमी की बातों में आकर घर से नकदी और जेवरात समेट कर उसके घर आ गई। यहां दोनों पति-पत्नी की तरह रहने लगे। युवती का आरोप है कि यहां कारोबार के नाम पर प्रेमी युवक अजय ने युवती के रुपए और जेवर सबकुछ ले लिया। इधर जब युवती गर्भवती हो गई तो उसके प्रति प्रेमी अजय का व्यवहार बदल गया और उसके साथ अक्सर मारपीट की जाने लगी। रोज की प्रताड़ना से आजिज आकर युवती ने जब विरोध किया तो आठ माह की गर्भवती युवती को दगाबाज प्रेमी ने मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता के अनुसार वह घटना की शिकायत करने मुबारकपुर थाने पर गई लेकिन पुलिस ने आरोपी के प्रभाव में कोई कार्रवाई नहीं की। मजबूर होकर पीड़िता ने एसपी को दिए गए प्रार्थना पत्र में मांग किया है कि उसे और उसके होने वाले बच्चे को उसका प्रेमी अपनाए, जिससे उसकी जिंदगी खुशहाल रहे।

आजमगढ़ नरौली शार्ट सर्किट से दुकान में लगी आग, लाखों का सामान खाक


 आजमगढ़ नरौली शार्ट सर्किट से दुकान में लगी आग, लाखों का सामान खाक



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ शहर के नरौली स्थित एचबी इंटर प्राइजेज में देररात शार्ट सर्किट से आग लग गई। दुकान से धुंआ निकलता देख किसी राहगीर ने मालिक के फोन पर इस घटना की सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे दुकानदार ने जब दुकान का शटर खोला तो अवाक रहा गया। उन्होंने तत्काल अग्निशमन विभाग को फोन किया। मौके पर दमकल की गाड़ी जब तक आग पर काबू पाती तब तक दुकान में रखे लाखों रूपए का सामान जल कर खाक हो चुका था। पीड़ित दुकानदार ने सिधारी थाने में तहरीर देकर उचित कार्यवाही करने की मांग की।


 दरअसल, सिधारी थाना क्षेत्र के मुसेपुर निवासी बिजेन्द्र कुमार यादव पुत्र ओमप्रकाश यादव कि नरौली में एचबी इंटर र्प्राइजेज नाम से दुकान है। जिसमें बैटरी, इन्वर्टर, लाइट, पंखा, गीजर, एक्वागार्ड, आरओ आदि का थोक व फुटकर बेचने का काम होता है। दुकान मालिक ने बताया कि मंगलवार की रात करीब आठ बजे दुकान बंद कर घर चला गया था। बुधवार की सुबह करीब तीन बजे किसी राहगीर ने फोन द्वारा सूचना दिया कि आपकी दुकान से धुंआ निकल रहा है।


 सूचना पाकर तत्काल दुकान पर पहुंचा तो आग देखकर घबरा गया। किसी तरह से शटर खोला तो दुकान के अंदर से आग और धुंआ निकल रहा था। दुकान में रखा करीब 25 लाख रूपए का सामान जलकर खाक हो गया। मौके पर दमकल की गाड़ी ने किसी तरह से आग पर काबू पा लिया। दुकान में रखे लैपटाप, प्रिंटर, टीवी, सीसीटीवी कैमरा भी पानी से खराब हो गया है। इसके साथ ही काउन्टर व गेट का सीसा भी टूट चुका है।

आजमगढ़ दीदारगंज के युवक की जौनपुर में मिली लाश फुटबॉल खेलने के लिए घर से निकला था युवक


 आजमगढ़ दीदारगंज के युवक की जौनपुर में मिली लाश


फुटबॉल खेलने के लिए घर से निकला था युवक



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ दीदारगंज थाना क्षेत्र के सुधरपुर गांव निवासी युवक का शव बीती रात जौनपुर जिले के खेतासराय थाना अंतर्गत भदेला गांव में आम के पेड़ पर लटकता मिला। सूचना पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शाम में युवक घर से फुटबाल खेलने जाने की बात कह कर निकला था। सुधरपुर गांव निवासी रामसुंदर बिंद (18) मंगलवार को अपने खेत में गेहूं की कटाई कर रहा था। शाम चार बजे के लगभग वह परिजनों से फुटबॉल खेलने जाने की बात कह कर निकला। इसके बाद देर रात तक घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई और वे रामसुंदर की खोजबीन में जुट गए। 


रात लगभग नौ बजे रामसुंदर का शव परिजनों ने जौनपुर जिले के खेतासराय थाना अंतर्गत भदेला गांव के सिवान में आम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटकता हुआ पाया। परिजन आनन-फानन में उसे पेड़ से उतार कर फुलेश बाजार स्थित प्राइवेट अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों की सूचना पर दीदारगंज थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक तीन भाई व तीन बहनों में पांचवें नंबर पर और आईटीआई का छात्र था।

Tuesday, 2 April 2024

आजमगढ़ पूर्व सपा विधायक आदिल शेख प्रदेश सचिव किये गये नामित


 आजमगढ़ पूर्व सपा विधायक आदिल शेख प्रदेश सचिव किये गये नामित



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की स्वीकृति के बाद समाजवादी पार्टी आजमगढ़ के दीदारगंज विधानसभा के पूर्व विधायक आदिल शेख को समाजवादी पार्टी उ0प्र0 की राज्य कार्यकारिणी का प्रदेश सचिव नामित किया गया है। 


आदिल शेख 2012 में समाजवादी पार्टी के टिकट से दीदारगंज विधानसभा सीट से विधायक चुने गये थे। 2017 के चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। 2022 में समाजवादी पार्टी द्वारा उन्हें टिकट न देकर पूर्व वरिष्ठ नेता सुखदेव राजभर के लड़के कमलाकान्त राजभर को टिकट दिया गया और वे विधायक चुने गये। इस दौरान समाजवादी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा आदिल शेख को प्रदेश सचिव नामित किये जाने पर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं सहित समर्थकों में काफी हर्ष व्याप्त है।


 प्रदेश सचिव नामित किये जाने के बावत पूर्व विधायक आदिल शेख ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि पार्टी हाईकमान द्वारा मेरे ऊपर विश्वास करते हुए जो जिम्मेदारी सौंपी गयी है उस पर खरा उतरने की पूरी कोशिश करूंगा।

आजमगढ़ होटल के बाहर ट्रांसफार्मर में हुआ विस्फोट आग लगने से मची अफरा तफरी


 आजमगढ़ होटल के बाहर ट्रांसफार्मर में हुआ विस्फोट



आग लगने से मची अफरा तफरी




उत्तर प्रदेश आजमगढ़ शहर के मड़या स्थित एक होटल के बाहर लगे ट्रांसफार्मर में मंगलवार की दोपहर में आग लग गई । आग लगने से कुछ देर के लिए अफरा तफरी मच गई। स्पार्किंग व अचानक रुक रुक कर तेज विस्फोट की आवाज से हर कोई सहम उठा। बिजली के ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी बगल में खड़े एक ठेले के ऊपर जाकर गिर गई, जिससे ठेले में आग लग गई।


 ट्रांसफार्मर में हुए तेज धमाके की आवाज सुनकर होटल में मौजूद लोग भी इधर-उधर भागने लगे। होटल मालिक ने इसकी सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी । साथ ही होटल में लगे सेफ्टी उपकरणों के साथ आग पर काबू पाने की कोशिश की। फायर ब्रिगेड के जवानों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। इसके बाद बिजली विभाग के अधिकारियों को काल किया गया और विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई। जिसके बाद स्पार्किंग व तेज धमाके की आवाज बंद हुई।

गाजीपुर 25 हजार घूस लेते दारोगा गिरफ्तार आजमगढ़ जनपद के मुबारकपुर क्षेत्र के गजहड़ा निवासी युवक के शिकायत पर हुई कार्रवाई


 गाजीपुर 25 हजार घूस लेते दारोगा गिरफ्तार



आजमगढ़ जनपद के मुबारकपुर क्षेत्र के गजहड़ा निवासी युवक के  शिकायत पर हुई कार्रवाई



उत्तर प्रदेश गाजीपुर एंटी करप्शन वाराणसी की टीम ने मंगलवार को सादात थाने के नायब दारोगा आफताब आलम को 25 हजार रुपये घूस लेते हुए सादात थाना परिसर से गिरफ्तार किया। टीम के प्रभारी नीरज सिंह ने बहरियाबाद थाने में मुकदमा दर्ज कराया। आजमगढ़ जनपद के मुबारकपुर क्षेत्र के गजहड़ा निवासी संजय यादव की शिकायत पर टीम ने यह कार्रवाई की। आरोप है कि संजय यादव की स्विफ्ट कार 23 फरवरी को लावारिश में सादात थाने में दाखिल थी। 


संजय यादव से एसडीएम के यहाँ रिपोर्ट लगाने के लिए अपने व थानाध्यक्ष के नाम पर दारोगा ने यह पैसे की मांग की। एंटी करप्शन ने दारोगा आफताब अहमद निवासी सरैया सिकंदरपुर चुनार मीरजापुर को गिरफ्तार कर लिया। वहीं थाना प्रभारी आलोक त्रिपाठी के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। गिरफ्तार एस.आई. आफताब आलम सादात थाने पर पिछले तीन वर्षों से हेड मुहर्रिर के पद पर तैनात थे। एक माह पूर्व इनका स्थानांतरण करंडा थाना पर पदोन्नति होकर एस. आई. पद पर हो गया था। वहां पर यह कुछ दिनों पहले चार्ज भी ले लिया था। यहां सादात थाने पर चार्ज देने के लिए एक दो दिन पहले ही आये थे। 4-5 वर्ष पूर्व में वह बहरियाबाद थाने पर भी हेड मोहर्रिर के पद पर तैनात थे।


 एंटी करप्सन टीम प्रभारी नीरज कुमार सिंह ने बताया कि शिकायतकर्त्ता संजय यादव ने बीते 18 मार्च को स्विफ्ट कार को रिलीज कराने के लिए एसडीएम के यहाँ एप्लिकेशन दिया था। रिपोर्ट लगाकर एसडीएम के यहाँ भेंजने के लिए थाना प्रभारी आलोक त्रिपाठी ने संजय से एस.आई. आफताब आलम से मिलने के लिए बोला। संजय यादव ने थाना परिसर में जैसे ही 25 हजार रुपये दिए,वहीं रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आफताब आलम व आलोक त्रिपाठी के खिलाफ बहरियाबाद थाने में अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।