आजमगढ़ अहरौला 2 बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में युवक की मौत, 4 घायल
अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल-फुलवरिया मार्ग पर हुआ भीषण हादसा
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के अहरौला थाना क्षेत्र के माहुल-फुलवरिया मार्ग पर गौसपुर गांव के मोड़ के पास शनिवार को दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत में 22 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अहरौला थाना क्षेत्र के कंदरा गांव निवासी बृजमोल यादव अपने मौसा के पुत्र रामप्रवेश (20), निवासी भरमा गांव, थाना पवई के साथ बाइक से दवा लेने माहुल बाजार जा रहा था। बाइक बृजमोल चला रहा था। जैसे ही दोनों माहुल-फुलवरिया मार्ग पर गौसपुर गांव के मोड़ से आगे बढ़े, पीछे से तेज रफ्तार से आ रही दूसरी बाइक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दूसरी बाइक पर तीन लोग सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों पर सवार सभी लोग सड़क पर दूर-दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में बृजमोल यादव के सिर में गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई, जबकि पीछे बैठे रामप्रवेश तथा दूसरी बाइक पर सवार बरामदपुर गांव निवासी आसिफ (20), आफताब (21) और शारिक (19) गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और माहुल चौकी प्रभारी यश सिंह पटेल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। सभी घायलों को माहुल स्थित अवध चिकित्सालय में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने रामप्रवेश की हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु मंडलीय चिकित्सालय की मोर्चरी में भेज दिया। बताया गया कि मृतक बृजमोल यादव दो भाइयों और तीन बहनों में चौथे नंबर पर था। युवक की असामयिक मौत से गांव में शोक की लहर है।

No comments:
Post a Comment