उत्तर प्रदेश 11 जिलों के कप्तान सहित 24 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले
मुख्यालय से लेकर जिलों तक बदली जिम्मेदारियां, अनुभवी और सख्त छवि वाले अफसरों को फ्रंटलाइन में उतारने की रणनीति
लखनऊ, उत्तर प्रदेश सरकार ने बुधवार देर रात पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 24 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर जारी इस सूची में मुख्यालय स्तर के कई अहम पदों के साथ-साथ अयोध्या रेंज के डीआईजी और 11 जिलों के पुलिस कप्तानों (SP/SSP) की जिम्मेदारियां बदली गई हैं। इस कदम को कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है। तबादलों के तहत वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी सुजीत पांडे को महानिदेशक (डीजी) फायर सर्विसेज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रवीण कुमार को लखनऊ जोन का नया अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) बनाया गया है, जबकि के. एस. इमानुएल को डीजीपी का जीएसओ नियुक्त किया गया है। वहीं, संवेदनशील माने जाने वाले अयोध्या रेंज की कमान अब सोमेन बर्मा को डीआईजी के रूप में सौंपी गई है।मुख्यालय स्तर पर विनोद कुमार सिंह को आईजी डॉ. अंबेडकर पुलिस अकादमी मुरादाबाद, अभिषेक यादव को डीआईजी एटीएस लखनऊ, आशीष तिवारी को डीआईजी टेक्निकल सर्विसेज और प्रताप गोपेंद्र यादव को डीआईजी यूपी पुलिस मुख्यालय लखनऊ बनाया गया है।
जिलों में हुए फेरबदल के तहत अविनाश पांडे को मेरठ का एसएसपी, डॉ. कौस्तुभ को गोरखपुर का एसएसपी और अभिनंदन को सहारनपुर का एसएसपी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा कुंवर अनुपम सिंह को जौनपुर, डॉ. ख्याति गर्ग को लखीमपुर खीरी और यशवीर सिंह को बस्ती का एसपी बनाया गया है।
महिला अधिकारियों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। चारू निगम को सुल्तानपुर और अपर्णा रजत कौशिक को मिर्जापुर का पुलिस कप्तान नियुक्त किया गया है, जबकि रवि कुमार को रायबरेली का एसपी बनाया गया है। कमिश्नरेट प्रणाली में भी बदलाव किया गया है। आलोक प्रियदर्शी को वाराणसी और राजकरण नैय्यर को गाजियाबाद कमिश्नरेट में अपर पुलिस आयुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं, कानपुर कमिश्नरेट में विपिन टाडा और संकल्प शर्मा को संयुक्त पुलिस आयुक्त की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस व्यापक प्रशासनिक सर्जरी से स्पष्ट है कि प्रदेश सरकार अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को लेकर पूरी तरह सक्रिय है और अनुभवी व सख्त छवि वाले अधिकारियों को अहम मोर्चों पर तैनात कर रही है।

No comments:
Post a Comment