Friday, 31 January 2025

जौनपुर चंदवक कालेज के गेट पर 11वीं के छात्र को मारी गोली परीक्षा देकर स्कूल के बाहर निकलते ही घटना को दिया अंजाम


 जौनपुर चंदवक कालेज के गेट पर 11वीं के छात्र को मारी गोली



परीक्षा देकर स्कूल के बाहर निकलते ही घटना को दिया अंजाम



उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के चंदवक थाना क्षेत्र के श्री गणेश राय इंटर कॉलेज के गेट पर 11वीं के छात्र को गोली मारी गई है। छात्र के गले मे दाहिनी तरफ गोली लगी है। स्थिति गंभीर होने के कारण उसे ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया है। 11वीं की अर्धवार्षिक परीक्षा देकर छात्र आदर्श कुमार सिंह बाहर निकला था। इसी दौरान वारदात को अंजाम दिया गया।


बोड़सर गांव निवासी देवेंद्र सिंह का 17 वर्षीय पुत्र आदर्श सिंह (विक्की) श्री गणेश राय इंटर कॉलेज में 11वीं का छात्र है। वह शुक्रवार को परीक्षा देकर स्कूल से बाहर निकला ही था कि पैदल आए दो बदमाशों ने उसे लक्ष्य कर गोली चला दी। गोली उसके गर्दन में लगी। जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा।


 आसपास मौजूद छात्र कुछ समझ पाते कि तब तक बदमाश मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची चंदवक पुलिस व अध्यापक छात्र को सीएचसी बीरीबारी ले गए। जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। उधर, पुलिस बदमाशों की तलाश में छापेमारी कर रही है। कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है। चर्चा है कि घटना में शामिल एक युवक क्षेत्र का रहने वाला है। इस संबंध में थानाध्यक्ष ने कहा कि अभी तहरीर नहीं मिली है। बदमाशों की तलाश में कई जगह दबिश दी जा रही है।

आजमगढ़ गंभीरपुर मार्ग दुर्घटना में पति की मौत, पत्नी की हालत गंभीर बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराने पर हुआ हादसा


 आजमगढ़ गंभीरपुर मार्ग दुर्घटना में पति की मौत, पत्नी की हालत गंभीर



बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकराने पर हुआ हादसा



उत्तर प्रदेश, आजमगढ़ वाराणसी मार्ग पर गंभीरपुर थाना क्षेत्र रानीपुर रजमो गांव के पास एक बाइक सवार की बाइक अनियंत्रित होकर पुलिया से टकरा गई, जिसमें नसीम 50 वर्ष पुत्र निजामुद्दीन निवासी नरवल केराकत जौनपुर व रूबी 45 वर्ष पत्नी नसीम गंभीर रूप से घायल हो गए ,सूचना पर पहुंची गंभीरपुर पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ केन्द्र मुहम्मदपुर ले गई ,जहां डॉक्टरों ने नसीम को मृत घोषित कर दिया और रुबी की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।


जानकारी के मुताबिक जौनपुर जिले के नरवल केराकत गांव निवासी नसीम 50 वर्ष पुत्र निजामुद्दीन अपनी पत्नी रूबी 45 वर्ष के साथ केराकत से आजमगढ़ आवश्यक कार्य से जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक आजमगढ़ वाराणसी मार्ग पर गंभीरपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर रजमो के पास पहुंचे थे, कि उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई जिससे बाइक सवार नसीम पुलिया से टकरा गए और पति-पत्नी दोनों रोड पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।


 दोनों घायलों को प्राथमिक स्वास्थ् केन्द्र मुहम्मदपुर ले गए, जहां पर डॉक्टरों ने नसीम को मृत घोषित कर दिया और रूबी की गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। मृतक नसीम के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया।

आजमगढ़ एक हत्यारोपी को कोर्ट ने सुनाई आजीवन कारावास की सजा बाइक चलाने के विवाद में मारी थी गोली


 आजमगढ़ एक हत्यारोपी को कोर्ट ने सुनाई आजीवन कारावास की सजा


बाइक चलाने के विवाद में मारी थी गोली



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद मे हत्या के मुकदमे में सुनवाई पूरी करने के बाद अदालत ने एक आरोपी को आजीवन कारावास तथा पचास हजार रुपए अर्थ दंड की सजा सुनाई। यह फैसला अपर सत्र न्यायाधीश कोर्ट नंबर 6 संतोष कुमार यादव की अदालत ने शुक्रवार को सुनाया। 


अभियोजन पक्ष के अनुसार आरोपी सुनील कुमार यादव उर्फ कूंटू पुत्र दूधनाथ निवासी एनपुर थाना जीयनपुर जनपद आजमगढ़ अपने मौसेरे भाई कमलेश यादव पुत्र सुरेश निवासी केशवपुर थाना जीयनपुर जनपद आजमगढ़ 7 अप्रैल 2017 की भोर में चार बजे शहर कोतवाली क्षेत्र के हाफिजपुर स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल लेने पहुंचा। पेट्रोल लेने के बाद बाइक कौन चलाएगा इस बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया।


 इसी विवाद में सुनील उर्फ कूंटू ने कमलेश को कट्टे से गोली मार दी। जिससे मौके पर ही कमलेश की मौत हो गई। पुलिस ने जांच पूरी करने के बाद आरोपी सुनील के विरुद्ध चार्जशीट न्यायालय में प्रेषित कर दिया। अभियोजन पक्ष की तरफ से सहायक शासकीय अधिवक्ता आनंद सिंह तथा अश्विनी राय ने वादी मुकदमा समेत कुल नौ गवाहों को न्यायालय में परीक्षित कराया।दोनों पक्षों की दलीलों को सुनने के बाद अदालत ने आरोपी सुनील उर्फ कुंटू को आजीवन कारावास तथा पचास हजार रुपए अर्थदंड की सजा सुनाई।

Thursday, 30 January 2025

आजमगढ़ डीआईजी ने अतरौलिया थाना प्रभारी के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही करने का दिया निर्देश साथ ही एक हेड कांस्टेबल को भी निलम्बित करने का दिया निर्देश। डीआईजी ने 3 हेड कांस्टेबल को वार कक्ष में हाजिर होने का दिया निर्देश मण्डलायुक्त व डीआईजी ने किया अतरौलिया में 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय एवं थाना का निरीक्षण


 आजमगढ़ डीआईजी ने अतरौलिया थाना प्रभारी के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही करने का दिया निर्देश


 साथ ही एक हेड कांस्टेबल को भी निलम्बित करने का दिया निर्देश।


डीआईजी ने 3 हेड कांस्टेबल को वार कक्ष में हाजिर होने का दिया निर्देश


मण्डलायुक्त व डीआईजी ने किया अतरौलिया में 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय एवं थाना का निरीक्षण


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद मे 30 जनवरी को मण्डलायुक्त विवेक व डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने अपने निरीक्षण के क्रम में वृहस्पतिवार को देर सायं 100 शैय्या संयुक्त जिला चिकित्सालय अतरौलिया तथा थाना अतरौलिया का औचक निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों द्वारा किए गये निरीक्षण के दौरान 100 शैय्या संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती मरीजों से बातचीत के दौरान बताया गया कि दवायें मिल रही हैं परन्तु कुछ दवायें अस्पताल में उपलब्ध नहीं होने के कारण बाहर से लानी पड़ती हैं। मण्डलायुक्त विवेक इस पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुए सीएमएस डा. एसके ध्रुव को निर्देश दिया कि जो दवायें उपलब्ध नहीं हैं उसकी तत्काल आपूर्ति कराई जाय, किसी भी दशा में अस्पताल से बाहर की दवायें नहीं आनी चाहिए।


 सर्जिकल वार्ड के निरीक्षण के दौरान मरीजों द्वारा व्यवस्था को ठीक बताया गया। अस्पताल में भोजन व्यवस्था के सम्बन्ध में पूछे जाने पर सीएमएम द्वारा अवगत कराया गया कि वर्ष 2023 से टेण्डर प्रक्रिया नहीं होने के कारण मरीजो को भोजन नहीं दिया जा रहा है, केवल नाश्ते में दूध और बिस्कुट दिया जा रहा है। मण्डलायुक्त ने इस पर नाराजगी व्यक्त किया तथा सीएमएस को सख्त हिदायत दी कि तत्काल जिलाधिकारी से सम्पर्क कर टेण्डर प्रक्रिया आदि को एक माह के अन्दर पूर्ण कराते हुए मरीजों को भोजन की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाय। 


महिला वार्ड के निरीक्षण के दौरान सीएमएस द्वारा अवगत कराया गया कि अस्पताल में महिला डाक्टर की तैनाती नहीं है, जिससे महिला मरीजो को असुविधा होती है। इस पर मण्डलायुक्त विवेद ने निर्देश दिया कि तत्काल जिलाधिकारी से सम्पर्क करें तथा महिला चकित्सक की शीघ्र तैनाती हेतु शासन को पत्र भेजें। अवगत कराया गया कि अस्पताल में महिलाओं की जॉंच हेतु अल्ट्रासाउण्ड मशीन, बीपी जॉंच हेतु डिजिटल मशीन आदि सुविधायें उपलब्ध हैं, आयुष्मान कार्ड सक्रिय है, जिसपर मण्डलायुक्त व डीआईजी द्वारा सन्तोष व्यक्त किया गया।


अस्पताल के निरीक्षण के बाद दोनों अधिकारियों द्वारा थाना अतरौलिया का भी निरीक्षण किया गया। मण्डलायुक्त विवेक व डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने निरीक्षण के दौरान थाने में स्थापित महिला हेल्प डेस्क की जॉंच किया जिसमें पाया कि एक पीड़ित महिला के प्रकरण की जॉंच हेड कान्सटेबल मनोज यादव द्वारा की गयी है, जिसमें हेड कांस्टेबल द्वारा समझौता करा दिये जाने की रिपोर्ट लगाई गयी है, जबकि पीड़ित महिला से अधिकारियों द्वारा बातचीत की गयी तो पीड़ित महिला द्वारा समझौते और प्रकरण का निस्तारण हो जाने से साफ इन्कार किया गया। इस पर नाराजगी व्यक्त करते हुए डीआईजी श्री सिंह ने उक्त हेड कांस्टेबल को निलम्बित करने का निर्देश दिया। 


इसी प्रकार एक शिकायत के सम्बन्ध में पूछे जाने पर हेड कांस्टेबल सीताराम यादव द्वारा गलत जानकारी दी गयी, जिसे उच्च अधिकारियों को गुमराह करने का प्रयास किए जाने का दोषी मानते हुए उक्त हेड कांस्टेबल को तथा दो अन्य हेड कांस्टेबल चन्दना दीक्षित व रविशंकर भारती द्वारा पत्रावलियों का रखरखाव सही ढंग से नहीं किए जाने, पत्रावलियों में अंकन नहीं किए जाने आदि अनियमिततओं के कारण दोनों कांस्टेबल को वार कक्ष में उपस्थित होने हेतु निर्देशित किया।


 तहसील दिवस की पंजिका के अवलोकन में पाया गया कि थाना प्रभारी वीरेन्द्र कुमार सिंह द्वारा शिकायतों का सही अंकन नहीं किया जा रहा है। इसके अलावा सम्पूर्ण समाधान दिवस, थाना दिवस, जन सुनवाई प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण भी नहीं किया जा रहा है। इस स्थिति पर सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए डीआईजी सुनील कुमार सिंह ने पुलिस अधीक्षक को इस सम्बन्ध में जॉंच कर थाना प्रभारी के विरुद्ध विभागीय कार्यवाही करने का निर्देश दिया।

आजमगढ़ पवई लिपिक अजय कुमार सिंह की हत्या मामले में प्रधान पुत्र सहित 5 नामजद मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा


 आजमगढ़ पवई लिपिक अजय कुमार सिंह की हत्या मामले में प्रधान पुत्र सहित 5 नामजद



मृतक की पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के पवई थाना अंतर्गत सलारपुर गांव निवासी की 29 जनवरी की रात गोली लगने से मौत हो गई। मृतका की पत्नी द्वारा पवई थाना में तहरीर दी गई है कि मेरे पति अजय कुमार सिंह 29 जनवरी 2025 की रात सात बजे अपने बाइक से घर से बाजार के लिए निकले और जब देर रात तक घर नहीं लौटे तब मैं उनके मोबाइल पर फोन लगाने लगी तो घंटी तो बजती थीं फोन नहीं उठ रहा था, तब मैं अपने लड़के शिवा और भतीजा अंकित को खोजने के लिए भेजी ये सब खोजते हुए रात लगभग 09 बजे गांव के पश्चिम शिवान में मंदिर पर पहुंचे तो देखा कि मंदिर के पास एक सीमेंट के बेंच पर शव पड़ा मिला, शरीर से खून बह रहा था और जमीन पर फैला था।


 मेरे पति का पहले से राम नगर के शिवम सिंह पुत्र अजीत सिंह, वर्तमान प्रधान सलारपुर के बेटे गिरजा राजभर, गांव के देवेंद्र सिंह उर्फ संजय सिंह पुत्र रामसूरत सिंह, राजेश धुरिया एवं रमन आदि से विवाद चल रहा था। इसी को लेकर इनके द्वारा मेरे पति की हत्या कर दी गई है।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ हेमराज मीना ने बताया कि पवई थाना क्षेत्र में लिपिक अजय कुमार सिंह की गोली लगने से मौत का मामला सामने आया है। गोली उनके सिर में मारी गयी है, मौके से तमंचा भी बरामद किया गया है। पुलिस टीम द्वारा मौके का निरीक्षण किया गया है। परिजनों की तहरीर पर पांच नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, आगे जांच में जो भी तथ्य सामने आयेंगे उसके हिसाब से कार्रवाई की जायेगी।


https://www.news9up.com/2025/01/500.html

आजमगढ़ सरायमीर माँ को भीड़ में तलाशती रही बेटी, मिली लाश महाकुंभ में भगदड़ के दौरान अधेड़ महिला की हुई मौत


 आजमगढ़ सरायमीर माँ को भीड़ में तलाशती रही बेटी, मिली लाश



महाकुंभ में भगदड़ के दौरान अधेड़ महिला की हुई मौत



उत्तर प्रदेश, आजमगढ़ महाकुंभ में भगदड़ के दौरान आजमगढ़ जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र के रसूलपुर बरवा गांव निवासी अधेड़ महिला की मौत हो गई। हादसे के बाद उसकी बेटी अपनी छह माह की बच्ची और भाभी को साथ में लेकर अपनी मां को ढूंढती रही। घंटों बाद शव मिला तो बिलखने लगी। जानकारी होने पर पहुंचे परिजन वहां से शव लेकर घर के लिए रवाना हुए। बुधवार की रात करीब 11 बजे अधेड़ महिला का शव उसके घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी होते ही रिश्तेदार व आसपास के लोग भी घर पहुंचने लगे।


 सरायमीर थाना क्षेत्र के रसूलपुर बरवा गांव निवासी कमलावती चौहान (53) पत्नी बृजलाल चौहान 28 जनवरी 2025 को अपनी बेटी व उसकी छह माह की बच्ची और बहू के साथ प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में गई थी। देर रात भगदड़ मची तो कमलावती चौहान का हाथ उनकी बेटी से छूट गया। इससे दोनों अलग-अलग हो गए। भगदड़ में किसी तरह बेटी ने अपनी छह माह की बच्ची को तो बचाते हुए भाभी को ढूंढ लिया लेकिन मां को नहीं बचा सकी। हादसे में कमलावती चौहान की मौत हो गई। 


इधर, देर रात कमलावती चौहान का शव घर पहुंचा तो परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के लोगों ने परिजनों को ढांढस बंधाया। मृतका के घर आसपास के लोगों एवं शुभचिंतकों की आवा जाही होने लगी है। घटना की खबर लगते ही गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

आजमगढ़ पवई सलारपुर गाँव निवासी अजय कुमार सिंह की गोली मार कर हत्या घर से लगभग 500 मीटर दूर मंदिर के पास हुई घटना, तमंचा बरामद


 आजमगढ़ पवई सलारपुर गाँव निवासी अजय कुमार सिंह की गोली मार कर हत्या


घर से लगभग 500 मीटर दूर मंदिर के पास हुई घटना, तमंचा बरामद




उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के पवई थाना क्षेत्र के सलारपुर गाँव निवासी अजय कुमार सिंह (51) पुत्र स्वर्गीय काशी प्रसाद सिंह की बदमाशों ने रात लगभग 9:30 बजे गोली मारकर हत्या कर दी। घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मिली जानकारी के मुताबिक अजय किसी काम से गांव से लगभग 500 मीटर दूर बाग में मंदिर पर गए हुए थे। जहां अज्ञात बदमाशों द्वारा उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी शव के पास मिला।



 उनसे एक पुत्र व एक पुत्री हैं। पत्नी सुनीता का रो-रोकर बुरा हाल है। थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह का कहना है कि सिर में गोली लगी है। घटना का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है। मामले की जांच की जा रही है। जल्दी ही घटना का खुलासा किया जाएगा।


https://www.news9up.com/2025/01/5_30.html