Thursday, 28 November 2024

आजमगढ़ मेंहनगर मौत नहीं, की गई विवाहिता की हत्या परिजनो ने लगाया आरोप, कहा 2 साल पूर्व हुआ था प्रेम विवाह


 आजमगढ़ मेंहनगर मौत नहीं, की गई विवाहिता की हत्या


परिजनो ने लगाया आरोप, कहा 2 साल पूर्व हुआ था प्रेम विवाह



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ मे मेंहनगर थाना क्षेत्र के बाबू की खजूरी गांव में विवाहिता की मौत के मामले में मोर्चरी हाउस पर पहुंचे विवाहिता की मां और बहन ने हत्या का आरोप लगाया है। विवाहिता ने दो साल पूर्व पैतृक गांव में प्रेम विवाह किया था। सोमवार की शाम में विवाहिता घर के भीतर फंदे से लटकी मिली थी।


मेंहनगर थाना क्षेत्र के बाबू की खजूरी गांव निवासी विनय कुमार सिंह परिवार सहित मुंबई में रहते हैं। परिवार के लोगों का छुट्टियों में आना जाना रहता है। दो साल पूर्व इनकी बेटी इशिता ने गांव के ही आलोक पांडेय के साथ प्रेम हो गया था। दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया था, पति आलोक पांडेय गांव और आसपास पूजा पाठ कराते हैं। सोमवार की सुबह पति किसी काम से शहर गए थे। उस समय इशिता घर पर परिवार संग अपने दो माह की बच्ची के साथ थी। शाम को घर के भीतर साड़ी के फंदे से छत के चुल्ला से वह लटकी मिली थी। स्वजन आनन फानन में उसे अस्पताल ले गए, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।


 जानकारी होने पर मुंबई से मोर्चरी हाउस पर इशिता की मां राधिका सिंह, बहन और पिता पहुंचे। मां ने आरोप लगाया कि घटना के दिन भी बेटी से वीडियो काल पर बात हुई थी। उसे परिवार के लोगों ने मारापीटा था। उसने वीडियो काल में चोट के निशान दिखाए, उसके चेहरे में भी चोट के निशान थे। इशिता ने हत्या की आशंका अपनी मां से जताई थी। विवाहिता की मां ने उसके पति और उसके परिवार के लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। बहन ने भी आरोप लगाया कि घटना होने की सूचना पुलिस और गांव के लोगों से मिली बहन के ससुराल से किसी ने फोन करके इसकी जानकारी हम लोगों को नहीं दी थी।

Wednesday, 27 November 2024

आजमगढ़ गंभीरपुर महिला ने पुलिस की मौजूदगी में दीवार गिराये जाने का लगाया आरोप पीड़िता ने थाने पर दी तहरीर, थानाध्यक्ष ने मामले की जांच कर कार्रवाई का दिया आश्वासन


 आजमगढ़ गंभीरपुर महिला ने पुलिस की मौजूदगी में दीवार गिराये जाने का लगाया आरोप


पीड़िता ने थाने पर दी तहरीर, थानाध्यक्ष ने मामले की जांच कर कार्रवाई का दिया आश्वासन



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के गंभीरपुर थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव निवासी नाजमा बानो पत्नी शाह आलम ने बुधवार को गंभीरपुर थाने में तहरीर देकर अपने पड़ोसी सूबेदार पुत्र अलाउद्दीन के ऊपर पुलिस के साथ मिलकर जबरदस्ती दीवार गिराने का आरोप लगाया। 


जानकारी के मुताबिक गंभीरपुर थाना क्षेत्र के जमालपुर गांव निवासी नाजमा बानो पत्नी शाह आलम ने बुधवार को गंभीरपुर थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि मेरा प्रथम तल का मकान बन गया है और द्वितीय तल पर मकान का निर्माण हो रहा है और जिस पर मैं चकरोड की तरफ रोशनदान निकाल रही हूं जिस पर मेरे पड़ोसी सूबेदार पुत्र अलाउद्दीन द्वारा विरोध किया जा रहा था। बुधवार की सुबह मैं अपने बीमार पति के लिए बाजार में दवा लेने आई थी पड़ोसी सूबेदार पुत्र अलाउद्दीन द्वारा गंभीरपुर थाने की पुलिस के साथ मिलकर मेरे घर के रास्ते छत पर चढ़कर दीवार गिरा दिए और जब हम घर पहुंच कर विरोध किया तो हमें भी मारपीट दिए।


 इस बावत जब गंभीरपुर थाना प्रभारी बसन्त लाल ने बताया कि दीवार महिला के यहां काम कर रहे मजदूरों द्वारा ही गिराई गई है जिसका वीडियो भी सामने आया है, चूंकि वहां पर पड़ोसी द्वारा खिड़की लगाये जाने का विरोध किया जा रहा है, जिसकी जांच पुलिस द्वारा की जा रही है बाकी पुलिस पर आरोप निराधार है। इस मामले मेें महिला को भड़काया जा रहा है पुलिस उन अराजकतत्वों के खिलाफ भी जांच के बाद कार्यवाही करेगी। महिला को निर्माण कार्य कराये जाने के लिए कह दिया गया है।

अंबेडकर नगर राजेसुल्तानपुर/आजमगढ़ अतरौलिया मारपीट में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान हुई मौत भाजपा नेता रमाकान्त मिश्रा ने डाक्टर पर लगाया गंभीर आरोप कहा-सरकारी डाक्टर होने के बावजूद फर्जी तरीके से नर्सिंग होम चला रहे हैं डाक्टर


 अंबेडकर नगर राजेसुल्तानपुर/आजमगढ़ अतरौलिया मारपीट में गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान हुई मौत



भाजपा नेता रमाकान्त मिश्रा ने डाक्टर पर लगाया गंभीर आरोप

कहा-सरकारी डाक्टर होने के बावजूद फर्जी तरीके से नर्सिंग होम चला रहे हैं डाक्टर



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ अतरौलिया क्षेत्र के परमेश्वरपुर में स्थित एक प्राइवेट नर्सिंग होम में ग्राम देवरिया बुजुर्ग थाना राजेसुल्तानपुर, जनपद अंबेडकर नगर निवासी बंसराज पुत्र कवलू उम्र 68 वर्ष जो बुधवार को मारपीट की घटना में घायल हो गया था तथा कोमा अवस्था में अतरौलिया स्थित एक प्राइवेट आरव नर्सिंग होम में भर्ती किया गया था, जहां इलाज के दौरान आज बुधवार को उसकी मौत हो गई। तत्पश्चात थाना राजेसुल्तानपुर पुलिस ने मृतक वंशराज के शव को अपने कब्जे में ले लिया। घायल बुजुर्ग के पुत्र रामसकल द्वारा राजेसुल्तानपुर थाने में दो लोगों के खिलाफ मारपीट की तहरीर दी गयी है तथा अस्पताल पर लापरवाही पूर्ण इलाज का भी आरोप लगाया।


भाजपा नेता क्षेत्रीय संयोजक रमाकांत मिश्रा ने कहा कि क्षेत्र में एक आरव प्राइवेट नर्सिंग होम संचालित हो रहा है जिसके डॉक्टर रानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात रहते हुए अपना निजी प्राइवेट अस्पताल संचालित कर रहे हैं। इस प्राइवेट अस्पताल में गरीब मरीजों का शोषण किया जा रहा है। लापरवाही पूर्ण इलाज के चलते बंसराज की मौत हो गयी। इस अस्पताल में भर्ती मरीजों से जबरदस्ती वसूली कराई जाती है। भाजपा नेता ने बताया कि अस्पताल का न तो कोई रजिस्ट्रेशन है और न ही सरकारी डॉक्टर को प्राइवेट नर्सिंग होम चलाने की कोई अनुमति है। सरकारी लाभ के पद पर होते हुए प्राइवेट नर्सिंग होम संचालित करना कानूनी अपराध है। इस संदर्भ में रमाकांत मिश्रा ने स्वास्थ्य विभाग के उच्च अधिकारियों को मामले से अवगत कराया है तथा अवैध रूप से संचालित हो रहे इस अस्पताल की जांच की मांग की है।

Tuesday, 26 November 2024

आजमगढ़ 190 करोड़ के साइबर क्राइम मामले में 11 गिरफ्तार गेम्स के जरिए करते थे ठगी, 169 बैंक खातों के 2 करोड़ फ्रीज 13.40 लाख रुपये नगद, 51 मोबाइल फोन, 6 लैपटॉप, 61 एटीएम कार्ड, 56 बैंक पासबुक, 19 सिम कार्ड, 7 चेकबुक, 3 आधार कार्ड और एक जियो फाइबर राउटर बरामद


 आजमगढ़ 190 करोड़ के साइबर क्राइम मामले में 11 गिरफ्तार



गेम्स के जरिए करते थे ठगी, 169 बैंक खातों के 2 करोड़ फ्रीज


13.40 लाख रुपये नगद, 51 मोबाइल फोन, 6 लैपटॉप, 61 एटीएम कार्ड, 56 बैंक पासबुक, 19 सिम कार्ड, 7 चेकबुक, 3 आधार कार्ड और एक जियो फाइबर राउटर बरामद




उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले मे पुलिस ने साइबर क्राइम के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 190 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले एक अंतरराष्ट्रीय संगठित गैंग का पर्दाफाश किया है। इस मामले में कुल 169 बैंक खातों में लगभग 2 करोड़ रुपये फ्रीज किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 13.40 लाख रुपये नगद, 51 मोबाइल फोन, 6 लैपटॉप, 61 एटीएम कार्ड, 56 बैंक पासबुक, 19 सिम कार्ड, 7 चेकबुक, 3 आधार कार्ड, और एक जियो फाइबर राउटर भी बरामद किए हैं।


पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना के निर्देशन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत, 25 नवंबर 2024 को थाना साइबर क्राइम की पुलिस टीम ने रेड्डी अन्ना, लोटस और महादेव जैसे प्रतिबंधित ऑनलाइन एप के जरिए ठगी करने वाले इस गैंग का पर्दाफाश किया। गैंग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे इंस्टाग्राम, व्हाट्सएप, मेटा और टेलीग्राम पर विज्ञापन देकर लोगों को फंसाता था।


एसपी हेमराज मीना ने बताया कि गैंग पीड़ितों को पैसे दोगुने या तिगुने करने का लालच देकर उनकी लॉगिन आईडी बनाता और ऑनलाइन गेम्स के जरिए उनके खातों से पैसे निकालकर फर्जी खातों में ट्रांसफर करता था। पीड़ितों की आईडी ब्लॉक कर दी जाती थी।


इस संगठित गैंग में भारत के अलावा श्रीलंका और यूएई के सदस्य भी शामिल थे। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में उत्तर प्रदेश से 6, बिहार से 2, उड़ीसा से 2 और मध्य प्रदेश का एक अभियुक्त शामिल है। इन अभियुक्तों के खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों में 70 साइबर ठगी के मामले दर्ज हैं। इनकी गिरफ्तारी 25 नवंबर 2024 को नगर कोतवाली के रैदोपुर क्षेत्र में स्मार्ट मॉल के सामने स्थित एक मकान से की गई। थाना साइबर क्राइम प्रभारी और उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर 11 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।


एसपी के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि वे आजमगढ़ में दो यूनिट चला रहे थे, जिनमें कुल 11 सदस्य सक्रिय रूप से कार्यरत थे। ये लोग सरकार द्वारा प्रतिबंधित एप का उपयोग कर ठगी करते थे। व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए पीड़ितों से संपर्क किया जाता था। गैंग द्वारा अर्जित धनराशि को फर्जी खातों और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साझेदारों के साथ बांटा जाता था।

कानपुर जयमाल बाद लड़की के साथ पैग लड़ाता मिला दूल्हा, दुल्हन ने तोड़ी शादी चला मान-मनौव्वल का दौर, फिर पुलिस की एंट्री


 कानपुर जयमाल बाद लड़की के साथ पैग लड़ाता मिला दूल्हा, दुल्हन ने तोड़ी शादी



चला मान-मनौव्वल का दौर, फिर पुलिस की एंट्री



उत्तर प्रदेश के कानपुर में बर्रा क्षेत्र स्थित एक गेस्टहाउस में रविवार रात धूमधाम से बारात की अगवानी के बाद जयमाल हुआ। सात फेरों की तैयारी होने लगी। इसी दौरान दुल्हन के भाई ने होने वाले जीजा को एक लड़की संग जाम लड़ाते हुए देख लिया। यह बात लड़की पक्ष से होते हुए दुल्हन को पता चली तो उसने शादी से इनकार कर दिया,तो हंगामा मच गया। दोनों पक्षों में नोकझोंक के बाद घंटों मान मनौव्वल का दौर चला। किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। सुबह दोनों पक्ष थाने पहुंचे और एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाते रहे। लड़के पक्ष ने आरोप लगाया कि चढ़ावे के लाखों के गहने लड़की पक्ष ने हड़प लिए। उधर बारात बिना दुल्हन के लौट गई।


मंधना निवासी दुल्हन के पिता ने बताया कि उन्होंने बेटी की शादी बर्रा विश्वबैंक निवासी गाड़ियों का काम करने वाले पिता के बेटे से तय की थी। लड़के पक्ष ने शर्त रख दी कि बारात लेकर नहीं आएंगे। शादी घर के पास से ही करेंगे। बर्रा जरौली स्थित वैष्णवी गेस्ट हाउस बुक किया। रविवार को अगवानी के बाद जयमाल हुआ। अंदर चढ़ावे की रश्म चल रही थी। दूल्हा गेस्टहाउस के बाहर कार में जाकर बैठ गया। बेटा बाहर गया तो देखा कि लड़की के साथ शराब पी रहा। बेटे ने ये बात बेटी व अन्य रिश्तेदारों को बताई। बेटी ने शादी से इनकार कर दिया।


 परिजनों के मुताबिक, पता चला लड़का शराबी प्रवृत्ति का है और कई लड़कियों से संबंध हैं। लड़के के पिता ने आरोप लगाया कि उन्होंने हार, झुमकी, मांग बेंदी, कमर पेटी, पायल और कपड़े चढ़ावे में दिए हैं। लड़की पक्ष झूठे आरोप लगाकर गहने वापस नहीं करना चाहता है। वहीं मामले में बर्रा थाना प्रभारी राजेश शर्मा ने बताया कि कोई तहरीर नहीं मिली है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया था। अब दोनों पक्षों ने शादी से इंकार कर दिया है। समझौते के प्रयास जारी हैं। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।


 दोनों पक्षों के बीच जमकर हंगामा होने लगा। लड़की पक्ष दुल्हे की सच्चाई छिपाने का आरोप लगाने लगे, जबकि वर पक्ष ने गहने हड़पने का आरोप लगा हंगामा कर दिया। इसपर बारात में शामिल कुछ बुजुर्गों ने उस लड़की को सामने बुलाया, जो दुल्हे के साथ कार में बैठी थी, उसने बताया कि वह निमंत्रण पर आई थी, गर्लफ्रेंड होने की बात गलत है। हालांकि लड़की पक्ष नहीं माना। सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया। समझौता न हो पाने पर सुबह थाने बुलाया गया।

गोरखपुर मंदिर परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में पुजारी की जलकर मौत बरामद कंकाल के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं होने के कारण पुलिस अब डीएनए टेस्ट कराने की तैयारी में


 गोरखपुर मंदिर परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में पुजारी की जलकर मौत



बरामद कंकाल के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं होने के कारण पुलिस अब डीएनए टेस्ट कराने की तैयारी में




उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मे गुलरिहा इलाके के बांसस्थान में स्थित बामंत माता मंदिर के पुजारी गूंगा दास (90) की रविवार रात मंदिर परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में जलकर मौत हो गई। सोमवार सुबह लोगों ने देखा तो सिर्फ सिर का कुछ हिस्सा ही शेष बचा था। पुलिस को आशंका है कि अलाव की आग से जलकर उनकी मौत हुई होगी। उधर, गांव में हत्या कर जलाने की चर्चा है। बरामद कंकाल के पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं होने के कारण पुलिस अब डीएनए टेस्ट कराने की तैयारी में है।


 बताया जा रहा है कि पुजारी सुन और बोल नहीं सकते थे। ऐसे में माना जा रहा है कि जिस वक्त वह जले होंगे, शोर नहीं मचा पाए होंगे। इससे किसी को कुछ पता नहीं चल सका। चर्चा है कि बांसस्थान के बामंत माता मंदिर को लेकर एक व्यक्ति और ग्रामीणों के बीच पहले से विवाद चला आ रहा है। ग्रामीणों ने इसी विवाद में हत्या कर जलाने की आशंका जाहिर की है। पुलिस का कहना है कि पुजारी ठंड से बचने के लिए आग जलाकर सो गए थे, जिसकी चिंगारी से जलकर उनकी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक, पुजारी गूंगा दास जंगल डुमरी नंबर दो के पूर्व प्रधान दिवंगत गोपाल जायसवाल के चाचा थे। वह कई साल पहले ही परिवार से अलग होकर बामंत माता मंदिर चले गए थे। वह मंदिर पर ही रहते थे।


 ग्रामीणों के मुताबिक, उन्होंने अपनी संपत्ति भी परिवार के अन्य लोगों को वरासत कर दी थी। ऐसे में ग्रामीणों का कहना है कि परिवार में तो किसी तरह का विवाद नहीं था। कुछ दिनों पहले मंदिर की एक जमीन को लेकर एक व्यक्ति और ग्रामीणों के बीच विवाद जरूर हुआ था। इसी बीच उनकी रहस्यमय हाल में मौत हो गई, जिससे तरह-तरह के सवाल उठने लगे हैं। एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि पुजारी की मौत जलने से हुई है। मौके पर जाकर जांच की गई है। पता चला है कि रात में अलाव जलाए थे। इससे आग लगी और मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

आजमगढ़/गाजीपुर स्टेज पर चढ़ने को लेकर मारपीट, दुल्हन ने किया शादी से इन्कार दिन भर चली पंचायत, बिना विवाह दूल्हे को लौटना पड़ा वापस


 आजमगढ़/गाजीपुर स्टेज पर चढ़ने को लेकर मारपीट, दुल्हन ने किया शादी से इन्कार



दिन भर चली पंचायत, बिना विवाह दूल्हे को लौटना पड़ा वापस


उत्तर प्रदेश के आजमगढ़/गाजीपुर जिले के शादियाबाद के एक गांव में रविवार को आजमगढ़ से आई बरात में स्टेज पर चढ़ने को लेकर घराती और बराती पक्ष में मारपीट हो गई। इसके बाद दुल्हन ने शादी से इन्कार कर दिया। सोमवार सुबह तक चली पंचायत में वर और वधू पक्ष ने कानूनी कार्रवाई से इन्कार कर दिया। इसके बाद दूल्हे को बिना विवाह के लौटना पड़ा।


 मिली जानकारी के अनुसार आजमगढ़ के जहानागंज से बरात शादियाबाद के गांव पहुंची थी। द्वार पूजा के बाद सभी ने जलपान उसके बाद भोजन किया। जयमाल का कार्यक्रम चल रहा था। आरोप है कि आशीर्वाद देने के लिए घराती पक्ष की महिला स्टेज पर चढ़ गई। इसी बीच नशे में घुत बराती ने हंगामा शुरू कर दिया। इस पर दोनों पक्षों में कहासुनी व गाली-गलौज के बाद मारपीट होने लगी। दूल्हे और उसके परिवार के लोग बरातियों को समझाने के बजाय खुद मारपीट करने लगे। यह बात दुल्हन को खराब लगी। दुल्हन ने शादी से इन्कार कर दिया। दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे और उसके बड़े भाई को रोक लिया। दूसरे दिन सुबह तक पंचायत चलती रही। दूल्हा और दुल्हन के घरवालों ने किसी तरह की कानूनी कार्रवाई से इन्कार कर दिया। ऐसे में बरात बैरंग लौट गई।