Friday, 21 July 2023

आजमगढ़ साप्ताहिक परेड में दौड़े पुलिस अधिकारी व कर्मचारी एसपी ने परखा भोजन की गुणवत्ता


 आजमगढ़ साप्ताहिक परेड में दौड़े पुलिस अधिकारी व कर्मचारी


एसपी ने परखा भोजन की गुणवत्ता


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जिला मुख्यालय पर स्थित पुलिस लाइन परिसर में शुक्रवार को होने वाली साप्ताहिक परेड में उपस्थित पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने साप्ताहिक परेड की सलामी लेते हुए परेड का किया निरीक्षण।


इस मौके पर शारीरिक व मानसिक रूप से फिट रहने के लिए परेड में शामिल पुलिस अधिकारी व कर्मचारियों ने पुलिस लाइन मैदान में दौड़ लगा कर खुद को चुस्त-दुरुस्त होने का प्रदर्शन किया। इस दौरान अनुशासन व एकरूपता बनाए रखने के लिए टोलीवार ड्रिल कराई गई। एसपी ने पुलिस लाईन परिसर में हो रहे नवीनीकरण कार्याे की गुणवत्ता को भी परखा। उन्होंने पुलिस लाईन के भोजनालय में भोजन की क्वालिटी एवं साफ- सफाई पर नजर दौड़ाते हुए पुलिस कर्मियों को सेहतमंद भोजन परोसने के लिए संबंधित को निर्देशित किया। 


तत्पश्चात एसपी और उनके साथ रहे अन्य अधिकारियों ने पुलिस लाईन में हो रहे निर्माण व मरम्मत कार्याे का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों के आवासीय परिसर, पुलिसकर्मियों के बैरेक, पेयजल व्यवस्था, चिकित्सालय, डॉग स्क्वाड के रहने की व्यवस्था इत्यादि का निरीक्षण कर साफ-सफाई आदि के संबंध में क्षेत्राधिकारी लाइन एवं प्रतिसार निरीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस मौके पर आईपीएस अमरिंदर सिंह, सीओ लाइन गौरव शर्मा सहित अन्य विभागीय लोग उपस्थित रहे।

Thursday, 20 July 2023

बेजुबान पशु पक्षियों की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी - एनिमल लवर नीतू शर्मा ग्रेटर नोएडा


 बेजुबान पशु पक्षियों की सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी - एनिमल लवर नीतू शर्मा ग्रेटर नोएडा


 ग्रेटर नोएडा , जानवर भी हमारे समाज का एक अहम हिस्सा है यह हमारे पर्यावरण को भी संतुलित बनाए रखने में सहायक होते हैं जानवर मनसे सच्चे होते हैं उनमें भी भावनाएं होती हैं। जानवरों को प्रेम और स्नेह चाहिए क्योंकि यह बहुत ही कोमल व संबंधित सीन होते हैं इंसान लालच में इतना अंधा हो गया है कि उसे अपने फायदे के आगे और कुछ भी नहीं दिखता  बेजुबान जानवर और इंसान के बीच का रिश्ता बहुत खास होता है हम इंसान जानवरों को प्यार देते हैं इसके बदले वफादारी के साथ हमारी सुरक्षा करते हैं पर यह बातें सिर्फ वही लोग समझ सकते हैं जिन्हें उसमें लगाव और प्यार होता है कई मौके ऐसे आए जब इंसान के प्यार ने बेजुबान पशुओं की जान बचा कर मानवता का धर्म निभाया पर्यावरण को संतुलित रखने मे पेड़ पौधे के साथ ही पशु पक्षियों की भूमिका भी अहम है मनुष्य के अत्यधिक हस्तक्षेप के कारण इनकी संख्या बहुत कम होती जा रही हैं यदि हम जल्दी नहीं सुधरे तो स्थिति और भयानक हो को सकती है।


 कीटनाशकों के बढ़ते प्रयोग से जहां पशु पक्षियों की संख्या कम होती जा रही है वहीं कुछ प्रजातियां तो विलुप्त के कगार पर पहुंच चुकी है गर्मी का मौसम विशेषकर पक्षियों के लिए बहुत ही कष्ट प्रीत होता है उन्हें बचाने के लिए सभी को प्रयास करना चाहिए कम से कम एक सकोरा पानी का भरकर छायादार स्थान पर रख दें तो बहुत से पक्षियों की जान हम बचा सकते हैं मनुष्य अपने स्वार्थ के लिए प्रगति के साथ लगातार छेड़छाड़ करता जा रहा है इसके दुष्परिणाम भी दिखाई देने लगे हैं युगो से इंसान पशु पक्षियों से प्यार करता आ रहा है दुनिया में कई सारे ऐसे लोग हैं जो पक्षियों और जानवरों से बेहद प्यार करते हैं कई लोगों ने कुत्ता बिल्ली जैसे जानवरों को ऐसे अपना लिया है कि वे उन्हें अपने परिवार का बेहद अहम हिस्सा मानते हैं कई लोग ऐसे भी हैं जो जानवरों को अपने बच्चे मानते हैं और भी उनका पालन पोषण करते हैं जैसे कि इंसानी बच्चों का किया जाता है बेजुबान मासूम जानवरों को सड़कों पर वाहन से कुचल आगे बढ़ जाना या फिर उन्हें तड़पते हुए देख कर अनदेखा कर देना आजकल लोगों की फितरत बन चुकी है लेकिन अपने इस रवैया के कारण हम यह सब भूल जाते हैं कि हमारे बीच रहने वाले पशु पक्षियों को केवल हमारा ही सहारा है भले ही जानवर अपना दर्द बयां ना कर सकते हो लेकिन इंसान के प्रति प्यार और लगाव बेखुदी बयां करते हैं दो वक्त की रोटी और कुछ पल कि प्यार व सहानुभूति के बदले यह अपना पूरा जीवन इंसानों की वफादारी करने में बिता देते हैं जानवरों के प्रति हमारा व्यवहार बहुत प्यार भावना वाला होना चाहिए बेशक जानवर बोल नहीं सकते लेकिन उनमें भी मन की तरह दर्द भावनाएं प्यार होता है जानवर भी खुशी और दुखी होते हैं जानवर भी हर बात को समझते हैं और महसूस करते हैं जानवरों का भी अपना परिवार होता है।


दिल्ली के नजदीक ग्रेटर नोएडा मशहूर एनिमल लवर नीतू शर्मा  ने यह बीड़ा उठाई है इस समाज में होने वाले बेजुबान जानवरों को हम अपने बच्चों की तरह माने और उनको प्यार दें उनका भी एक परिवार होता है आए दिन बेजुबान जानवर की हत्याएं दिन पर दिन होती जा रही हैं इन्हें रोकने के लिए युवाओं को आगे आना चाहिए और इस मुहिम को जगह-जगह फैलाना चाहिए कि बंद करो अत्याचार अब हम नहीं बर्दाश्त करेंगे

आजमगढ़ में 7 दिन के अंदर तीसरी बार धमकी एटीएस मुबारकपुर में कई लोगों से की पूछताछ


 आजमगढ़ में 7 दिन के अंदर तीसरी बार धमकी एटीएस


मुबारकपुर में कई लोगों से की पूछताछ


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जिले के मुबाकरपुर क्षेत्र पर एटीएस की पैनी नजर है। एक सप्ताह के अंदर तीसरी बार एसटीएस की टीम कस्बे में पहुंची और कुछ लोगों से पूछताछ की। सभी को चेतावनी दी गई कि जब भी पूछताछ के लिए बुलाया जाए तो तुरंत चले आएं। नीली बत्ती लगी चारपहिया गाड़ी से एटीएस की टीम शाम में कस्बे में आई।

जिले का मुबारकपुर क्षेत्र सबाउद्दीन की गिरफ्तारी के बाद से चर्चा में है। बुधवार को एटीएस तीसरी बार कस्बे में पहुंची। इसके पहले एटीएस ने कौड़िया गांव से एक पेंटर को उठाया था और पूछताछ कर 12 घंटे बाद उसे छोड़ दिया था। उससे यह भी कहा गया था कि जब भी टीम बुलाएगी तब उसे उपस्थित होना पड़ेगा।


बुधवार शाम एक बार फिर एटीएस टीम के पहुंचने से हड़कंप मच गया। टीम ने कौड़िया गांव निवासी दो लोगों को बुलवाया और फिर यह कह कर जाने दिया कि जब बुलाया जाए आना होगा। बताया जा रहा है कि एटीएस की नजर छह लोगों पर है, जिन्हें कभी भी बुला कर पूछताछ की जा सकती है। टीम ने अमिलो निवासी एक व्यक्ति जो भोपाल में है, के भाई से भी जानकारी ली।

Wednesday, 19 July 2023

आजमगढ़ जीयनपुर संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की हुई मौत मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी


 आजमगढ़ जीयनपुर संदिग्ध परिस्थितियों में महिला की हुई मौत


मायके वालों ने लगाया हत्या का आरोप, पुलिस जांच में जुटी


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ में जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के सुंदर सराय बल्लो गांव में बुधवार की सुबह एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना पाकर पहुंचे मायके वालों ने हत्या की संभावना जताते हुए तहरीर दी। जीयनपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया।


सुंदर सराय बल्लो गांव निवासी जय प्रकाश मौर्य की पत्नी बृजबासी मौर्य 34 की बुधवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मायके वालों और पुलिस को दी गई। मायके पक्ष के लोग और पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतका के शरीर में कहीं भी न तो चोट का निशान पाया और ना ही गले पर कोई निशान मिला।


 मृतका के भाई देवकुमार मौर्य ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर देकर बहन के शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की। परिजनों व ग्रामीणों के अनुसार मृतका दमा की मरीज थी उसका इलाज चल रहा था। जिसके इलाज का पर्चा भी मौजूद है। मायके वालों की तहरीर पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई। मृतका के एक पुत्र व दो पुत्रियां हैं।

आजमगढ़ फूलपुर ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात युवक की हुई मौत


 आजमगढ़ फूलपुर ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात युवक की हुई मौत



उत्तर प्रदेश आजमगढ़ फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के खानजहांपुर हरिजन बस्ती के पास मंगलवार की रात ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गयी। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।


खानजहांपुर हरिजन बस्ती के पास बीती रात शाहगंज की ओर से जा रही उत्सर्ग एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से 30 वर्षीय अज्ञात युवक की मौत हो गयी।


 सूचना पर पहुची पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास किया लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पायी। इस सम्बन्ध में ट्रेन चालक ने बताया कि युवक रेल पटरी पर पहले से ही खड़ा था जैसे ही ट्रेन नजदीक आई वह पटरी पर लेट गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

आजमगढ़ जहानागंज कट्टा-कारतूस के साथ 2 अपराधी गिरफ्तार


 आजमगढ़ जहानागंज कट्टा-कारतूस के साथ 2 अपराधी गिरफ्तार


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जहानागंज थाने की पुलिस ने अपराधी प्रवृत्ति दो युवकों को अवैध असलहों के साथ गिरफ्तार किया है।

जहानागंज थाने पर तैनात उपनिरीक्षक सतीश यादव को बुधवार की सुबह सूचना मिली कि क्षेत्र के मोलनापुर नहर पुलिया के समीप एक व्यक्ति अवैध असलहे के साथ मौजूद है। पुलिस तत्काल सक्रिय हुई और बताए गए स्थान पर दबिश देकर वहां मौजूद युवक को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पुलिस ने 315 बोर तमंचा मय कारतूस बरामद किया। गिरफ्तार किया गया मोनू यादव क्षेत्र के सलेमपुर (खुद्दादासपुर) गांव का निवासी बताया गया है। 


इसी थाने पर तैनात उपनिरीक्षक ओमप्रकाश यादव ने अपने सहयोगियों के साथ क्षेत्र भ्रमण के दौरान सुहवल बाजार से आगे स्थित बैरियर के समीप पैदल जा रहे युवक की गतिविधि संदिग्ध देख रोका और तलाशी ली गई। युवक के कब्जे से पुलिस ने 315 बोर तमंचा व कारतूस बरामद किया। पकड़ा गया गोलू यादव मऊ जिले के चिरैयाकोट थाना अंतर्गत मठिया गांव का निवासी बताया गया है। दोनों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

आजमगढ़ ऊंचा और चौड़ा होगा महुला गढ़वल बांध जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने शासन को भेजा प्रस्ताव डीएम और एसपी ने देवारा क्षेत्र हाजीपुर में राहत चौपाल का किया आयोजन


 आजमगढ़ ऊंचा और चौड़ा होगा महुला गढ़वल बांध


जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने शासन को भेजा प्रस्ताव

डीएम और एसपी ने देवारा क्षेत्र हाजीपुर में राहत चौपाल का किया आयोजन


उत्तर प्रदेश आजमगढ़ जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य की अध्यक्षता में बाढ़ प्रभावित तहसील सगड़ी के अन्तर्गत देवारा क्षेत्र हाजीपुर में आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा राहत चौपाल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि हमारी प्राथमिकता जीवन बचाने की है। सरकारी योजनाओं के साथ ही बाढ़ से पूर्व गांव में सोलर लाइट लगा दी जाएगी। उन्होने कहा कि मानसून को देखते हुए बचाव व राहत की तैयारी पूरी कर ली गई है। उन्होने कहा कि महुला गढ़वल बांध को ऊंचा और चौड़ा करने का प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है, काम जल्दी शुरु हो जाएगा। उन्होने बताया कि बाढ़ में पीएसी, एनडीआरएफ, गोताखोर व नाविकों को बचाव के सम्बन्ध में प्रशिक्षण दिया गया है। उन्होने कहा कि बाढ़ के समय आने वाली बीमारियों से निपटने के लिए स्वास्थ विभाग व पशु विभाग को एलर्ट मूड पर रखा गया है।


जिलाधिकारी ने कहा कि यहां की जनता से फीडबैक लिया गया है, जिस पर आमजन द्वारा अवगत कराया गया है कि निर्माणाधीन पुल जिसके कारण जल बहाव की समस्या होती है, तथा बाढ़ के समय विद्युत कटौती ज्यादा होती है। जिस पर जिलाधिकारी द्वारा अवगत कर गया कि जो भी विभागीय योजनाएं हैं, उसे उपलब्ध कराया जायेगा एवं जो भी समस्याएं हैं, उसका निस्तारण कराया जायेगा। उन्होने कहा कि इस वर्ष मौसम/बारिश के दृष्टिगत रखते हुए हम लोगों के द्वारा बहुत समय पूर्व से जो भी तैयारियां बाढ़ से बचाव से संबंधित होनी थी, वो पूरी कर ली गई हैं, यदि कहीं पर कोई कमी रह गई होगी, तो उसे भी तत्काल पूरा कर लिया जाएगा। 


उन्होने कहा कि बाढ़ के दौरान या किसी भी आपदा के दौरान जो सबसे पहला बचाव है, वो वहां की स्थानीय जनता करती है, आप से बेहतर बाढ़ को कोई और नहीं समझ सकता। हम लोगों ने यह प्रयास किया है कि युवक मंगल दल, एनसीसी/एनएसएस के छात्र/छात्राओं को आपदा से निपटने के लिए तैयार करें। भारत सरकार द्वारा जारी दामिनी ऐप, आपदा प्रभारी एवं सचेत ऐप को डाउनलोड करें तथा उससे से जो सूचना मिलती है, उसका प्रचार प्रसार करें। उन्होंने ग्राम प्रधानों से अपील किया कि ग्राम सभा की बैठक करके, बाढ़, वज्रपात आदि आपदाओं से बचाव के लिए जो सुझाव राहत आयुक्त कार्यालय ने दिए हैं, उसके बारे में ग्राम वासियों को अवगत कराएं। विशेष रुप से बाढ़ के दौरान मनुष्य एवं पशुओं में बीमारियों के फैलने का बहुत खतरा रहता है, इसके संबंध में बचाव हेतु आशा बहुएं, आंगनवाड़ी कार्यकत्री एवं एएनम कार्यकत्रियों द्वारा जो भी सावधानियां बताई जाएंगी, उसका समस्त ग्रामवासी अवश्य पालन करें, जिससे संचारी रोगों से बचा जा सकता है। इसी के साथ ही पशु चिकित्सक द्वारा जो भी सुझाव दिए गए हैं, उसका भी अपने पशुओं के संबंध में पालन अवश्य करें।


 उन्होंने कहा कि हमारा प्राथमिक प्रयास यही रहेगा कि किसी भी आपदा से कोई जनहानि या पशु हानि न हो, यदि इसके बाद भी कोई हानि होती है तो उसको राजस्व विभाग शीघ्र अति शीघ्र जो अनुकंपा राहत है, वह देने के लिए विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जिलाधिकारी ने सभी को आश्वस्त किया कि जितने भी संबंधित विभाग हैं, वह आने वाले बाढ़ से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं तथा जो भी समस्या आएगी, उसे आप लोगों के सहयोग से निपटेंगे।


पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बाढ़ के समय किसी प्रकार की आपदा जैसे पानी, आग, आकाशीय बिजली, जो भी हो तत्काल 112 नंबर पर डायल करें। स्थानीय पुलिस को सूचना देने के 10 मिनट में ही सहायता के लिए पुलिस उपलब्ध होगी। बाढ़ राहत चौपाल में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ0 आईएन तिवारी ने कहा कि पानी उबालकर पिएं, प्रभावित क्षेत्र में क्लोरिन की गोलियों का वितरण कराया जा रहा है, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव किया जा रहा है तथा संबंधित सभी दवाएं राहत कैम्पों उपलब्ध हैं। पशु चिकित्सा अधिकारी ने कहा कि वर्षा रितु में होने वाली बिमारी, जैसे गला घोंटू का टीकाकरण करा दिया गया है और बाढ़ चौकियों पर सभी दवाएं उपलब्ध है। अपर जिलाधिकारी वि0/रा0 आजाद भगत सिंह ने आपदा के समय आकाशीय बिजली से कैसे बचा जाए, उसके क्या लक्षण हैं, इसके बारे में विस्तृत जानकारी दिया।


 उप जिलाधिकारी सगड़ी अतुल गुप्ता द्वारा बाढ से संबंधित जानकारी, बाढ़ स्थल और नाव व नाविको के बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत कराया गया। इस अवसर पर विधायक सगड़ी हृदय नारायण पटेल सहित समस्त संबंधित विभागों के अधिकारीगण एवं आम जनता उपस्थित रहे।