Wednesday, 21 May 2025

लखनऊ बाइक पर बैठी लड़की ने युवक को 20 सेकंड में मारे 14 चप्पल चुपचाप गाड़ी चलाता रहा लड़का, वीडियो वायरल


 लखनऊ बाइक पर बैठी लड़की ने युवक को 20 सेकंड में मारे 14 चप्पल



चुपचाप गाड़ी चलाता रहा लड़का, वीडियो वायरल



उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार को एक हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में एक युवती बाइक पर पीछे बैठकर अपने साथी को चप्पल से पीटती नजर आ रही है, जबकि युवक बाइक चला रहा है। यह घटना खुर्रमनगर क्षेत्र की बताई जा रही है।20 सेकंड के इस वायरल वीडियो में युवती ने युवक को करीब 14 बार चप्पल से मारा। वीडियो में बाइक का नंबर स्पष्ट नहीं है, और अभी तक इस मामले में पुलिस को कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। वीडियो में युवती युवक को बाइक रोकने का इशारा करती दिख रही है, लेकिन युवक मार खाते हुए भी बाइक चलाता रहा।युवक और युवती की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।


 सोशल मीडिया पर वीडियो के वायरल होने के बाद यूजर्स तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, "युवक ने जरूर कुछ गलत किया होगा, तभी वह चुपचाप मार खा रहा है।" वहीं, एक अन्य यूजर ने टिप्पणी की, "जब तक रिश्तों में एक-दूसरे के प्रति सम्मान नहीं होगा, रिश्ते टिक नहीं सकते। लड़कों को अपना आत्मसम्मान बनाए रखना चाहिए।"

आजमगढ़ सरायमीर दर्दनाक हादसे में 2 युवकों की मौत, एक गंभीर शादी के लिए मुंबई से गांव आया था युवक


 आजमगढ़ सरायमीर दर्दनाक हादसे में 2 युवकों की मौत, एक गंभीर



शादी के लिए मुंबई से गांव आया था युवक



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के सरायमीर थाना क्षेत्र के खानपुर में मंगलवार रात करीब नौ बजे दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को फूलपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरे को गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


पुलिस के अनुसार, पवई लाडपुर निवासी मनीष प्रजापति उर्फ संटी (24) मुंबई में रहता था और वह अपनी बुआ के लड़के के शादी मे शामिल होने के लिए गांव आया था। मंगलवार रात वह फरिहा से एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहा था। खानपुर के पास उसकी बाइक की टक्कर अबू सैदपुर, हुब्बीगंज (थाना दीदारगंज) निवासी अतुल यादव (25) और खरसहन निवासी अमित यादव उर्फ छोटू (18) की बाइक से हो गई, जो विपरीत दिशा से आ रहे थे।


हादसे में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उन्हें फूलपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां मनीष प्रजापति और अतुल यादव ने दम तोड़ दिया। अमित यादव को प्राथमिक उपचार के बाद निजी अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

मनीष अपने परिवार में दो भाइयों और दो बहनों में चौथे नंबर पर था। वहीं, अतुल यादव ट्रक ड्राइवर था और अपने परिवार में दो भाइयों व एक बहन में दूसरे नंबर पर था। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे से दोनों परिवारों में शोक की लहर है।

गाजीपुर टेंट में उतरा करंट, सिपाही समेत 4 की मौत मंडप बनाने और झंडा लगाते समय हुई घटना, 3 अन्य गंभीर


 गाजीपुर टेंट में उतरा करंट, सिपाही समेत 4 की मौत



मंडप बनाने और झंडा लगाते समय हुई घटना, 3 अन्य गंभीर



उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के मरदह थाना क्षेत्र के पिपनार गांव में बुधवार सुबह काशीदास बाबा पूजन की तैयारी के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। बांस लगाने के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आने से सात लोग करंट की चपेट में आ गए, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए।


हादसा सुबह करीब 6:30 बजे उस समय हुआ, जब गांव में काशीदास पूजन के लिए मंडप बनाने और झंडा लगाने का कार्य चल रहा था। बांस का ऊपरी हिस्सा हाईटेंशन तार से टकरा गया, जिससे एक के बाद एक लोग करंट की चपेट में आ गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल मऊ जिले के फातिमा अस्पताल ले जाया गया। मृतकों की पहचान रविंद्र यादव (28), अजय यादव, छोटेलाल, और अमन यादव (22) के रूप में हुई है। रविंद्र यादव उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल थे और आंबेडकर नगर जनपद में तैनात थे। घायलों में अमेरिका यादव (16), संतोष यादव (25), और जितेंद्र यादव (16) शामिल हैं, जिनका इलाज फातिमा अस्पताल में चल रहा है। चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीन गंभीर घायलों का उपचार जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। 


एएसपी ग्रामीण अतुल कुमार सोनकर, कासिमाबाद सीओ, थानाध्यक्ष तारामती यादव सहित कई थानों की पुलिस फोर्स ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को अस्पताल भिजवाया। एसडीएम मनोज कुमार पाठक ने भी घटनास्थल का मुआयना किया और लेखपाल को जांच कर शीघ्र रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई और जिला प्रशासन को घायलों के समुचित इलाज के निर्देश दिए। सीएम ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।


हादसे के बाद अस्पताल में मृतकों के परिजनों का जमावड़ा लग गया। महिलाएं बिलख रही थीं और गांव में मातम का माहौल है। इस वार्षिक पूजन में आसपास के जिलों से हजारों लोग शामिल होने वाले थे, लेकिन इस हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच में जुट गए हैं।

आजमगढ़ फूलपुर लूट की 3 घटनाओं का किया खुलासा, अंतरजनपदीय लुटेरा गिरफ्तार कब्जे से लूट के रुपए, एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद


 आजमगढ़ फूलपुर लूट की 3 घटनाओं का किया खुलासा, अंतरजनपदीय लुटेरा गिरफ्तार



कब्जे से लूट के रुपए, एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले मे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना के निर्देशन में अपराध और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना फूलपुर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने मिलकर बड़ी सफलता हासिल की है। बुधवार को लूट की तीन घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए अंतरजनपदीय लुटेरे दीपांकल तिवारी को गिरफ्तार किया गया। अभियुक्त के कब्जे से 40,050 रुपये नगद, एक 315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया।


पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बीते 15 अप्रैल को खानजहांपुर में हुई लूट की घटना में वांछित अभियुक्त दीपांकल तिवारी बिलारमऊ ढाबा के पास मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त दीपांकल तिवारी (उम्र 21 वर्ष, निवासी चौबहा, थाना सरपतहां, जौनपुर) को बिलारमऊ ढाबा के पास से सुबह करीब 2:50 बजे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से लूट की रकम, अवैध हथियार और कारतूस बरामद किए गए।


पुलिस के अनुसार बताते चले कि थाने में तहरीर देते हुए धर्मेंद्र कुमार आर्य ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ पलिया बाजार से 1 लाख रुपये निकालकर स्कूटी से घर जा रहे थे। खानजहांपुर-सैदपुर रोड पर दो अज्ञात व्यक्तियों ने उनकी पत्नी के सिर पर प्रहार कर स्कूटी गिरा दी और सोने की चेन, पर्स (जिसमें 1 लाख रुपये, मोबाइल, पासबुक और स्कूल की चाबी थी) लूट लिया। इस मामले में अभियुक्त सत्यम राजभर को पहले ही 10 मई 2025 को गिरफ्तार किया जा चुका है। दीपांकल तिवारी ने पूछताछ में बताया कि उसने सत्यम के साथ मिलकर यह लूट की थी। लूटे गए 1 लाख रुपये में से 40,000 रुपये सत्यम को दिए, 60,000 रुपये अपने पास रखे और सोने की चेन को 20,000 रुपये में बेच दिया। बरामद 40,050 रुपये में से 27,150 रुपये इस घटना से संबंधित हैं।


दीपांकल ने बताया कि उसने सत्यम राजभर के साथ मिलकर नौपेड़वा हाइवे मील मोड़ के पास एक मोटरसाइकिल सवार दंपति से चेन और बैग लूटा था। बैग में 5,000 रुपये नगद थे और चेन को 20,000 रुपये में बेचा गया। इस रकम में से 12,000 रुपये सत्यम को दिए गए और 13,000 रुपये दीपांकल ने रखे। बरामद 40,050 रुपये में से 5,000 रुपये इस घटना से संबंधित हैं।


एक अन्य घटना में दीपांकल ने अपने भाई कुलदीप तिवारी और सत्यम राजभर के साथ मिलकर वाराणसी-लखनऊ हाइवे ओवरब्रिज के पास एक मोटरसाइकिल सवार दंपति से सोने-चांदी के आभूषण और 12,000 रुपये लूटे। आभूषण को 60,000 रुपये में बेचा गया, जिसमें से 21,200 रुपये दीपांकल ने रखे और बाकी रकम सत्यम और कुलदीप को दी। बरामद 40,050 रुपये में से 7,900 रुपये इस घटना से संबंधित हैं।


गिरफ्तार अभियुक्त दीपांकल तिवारी का आपराधिक रिकॉर्ड लंबा है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में कुल 10 मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी, लूट, हत्या का प्रयास और शस्त्र अधिनियम के मामले शामिल हैं। इस मामले में एक अन्य अभियुक्त कुलदीप तिवारी (निवासी चौबहा, थाना सरपतहां, जौनपुर) अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।


गिरफ्तारी और अनावरण में थाना फूलपुर, स्वाट और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक गंगाराम बिंद, उपनिरीक्षक उमाशंकर यादव, अजीज खान, रज्जन द्विवेदी, हेड कांस्टेबल निजामुद्दीन, कांस्टेबल अभिषेक, आदेश यादव, आलोक सिंह, अनुपम सिंह, मनीष पाल, धर्मेंद्र यादव, अरुण पांडेय, अवनीश सिंह, अतुल मिश्र और चंद्रमा मिश्रा शामिल थे।

Tuesday, 20 May 2025

आजमगढ़ जीयनपुर विद्यालय प्रबन्धक के खिलाफ महिला कर्मचारी ने दर्ज कराया मुकदमा छेड़खानी सहित नौकरी से निकालने व बन्दूक दिखाकर मारने की धमकी का आरोप


 आजमगढ़ जीयनपुर विद्यालय प्रबन्धक के खिलाफ महिला कर्मचारी ने दर्ज कराया मुकदमा



छेड़खानी सहित नौकरी से निकालने व बन्दूक दिखाकर मारने की धमकी का आरोप



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के जैश पब्लिक स्कूल अंजान शहीद के डायरेक्टर पर रिशेप्शन ने छेड़खानी करने व बंदुक दिखा कर धमकी देने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है।


 जानकारी के अनुसार आजमगढ़ गोरखपुर मुख्य मार्ग पर जैश पब्लिक स्कूल केशवपुर अंजान शहीद में रिसेप्शनिस्ट के पद पर कार्य कर रही एक युवती ने जीयनपुर कोतवाली पर तहरीर देकर आरोप लगाया कि विद्यालय में वर्ष 2019 से लेकर जुलाई 2024 तक रिशेप्शन के पद पर नौकरी की। इस दौरान विद्यालय के डायरेक्टर मिर्जा असद बेग ने स्टाफ के चले जाने के बाद विद्यालय के कार्य को लेकर रोक लेते और छेड़खानी करते जिसकी शिकायत परिजनों से करने की कोशिश की तो बदनाम करने की धमकी देते हुए विद्यालय से निकाल दिया। वहीं मऊ में आके मुझे बंदूक दिखाकर मारने की धमकी दिए हैं। जीयनपुर पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा अपराध संख्या 178/2025 अंतर्गत धारा 75,351(2), भारतीय न्याय सहिंता (BNS) 2023 पंजीकृत कर जांच कर रही हैं।

गोंडा मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी ढेर एसओ को लगी गोली...बुलेट-प्रूफ जैकेट ने बचाई जान, बदमाश पर 48 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।


 गोंडा मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी ढेर


एसओ को लगी गोली...बुलेट-प्रूफ जैकेट ने बचाई जान, बदमाश पर 48 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।


उत्तर प्रदेश के गोंडा में सोमवार की आधी रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इसमें पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से एक बदमाश ढेर हो गया। उसकी पहचान सोनू उर्फ भुर्रे निवासी कादीपुर, करनैलगंज के रूप में हुई। इस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था। मुठभेड़ उमरी बेगमगंज क्षेत्र के सोनौली गांव के पास हुई। 


एसपी विनीत जायसवाल ने बताया कि 24 अप्रैल 2025 को उमरी के डिक्सिर गांव में चोरी के दौरान हत्या के मामले में पुलिस को सोनू की तलाश थी। सोमवार की रात उसके सोनौली गांव के पास होने की सूचना मिली। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर ली। पुलिस को देखकर बदमाश ने फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक गोली एसओ की बुलेट-प्रूफ जैकेट में लगी। इससे वह बाल-बाल बच गए। जवाबी कार्रवाई में सोनू को गोली लगी। उसे अस्पताल ले जाया गया। वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सोनू के खिलाफ 48 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह एक लाख रुपये का इनामी था।

Monday, 19 May 2025

आजमगढ़ थाना कोतवाली सुजीत सिंह उर्फ भकौले पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित 50 हजार रुपये की रंगदारी और लड़कियों को उठा ले जाने की धमकी का मामला


 आजमगढ़ थाना कोतवाली सुजीत सिंह उर्फ भकौले पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित



50 हजार रुपये की रंगदारी और लड़कियों को उठा ले जाने की धमकी का मामला



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) हेमराज मीना ने थाना कोतवाली क्षेत्र में रंगदारी मांगने के मामले में वांछित और फरार अभियुक्त सुजीत सिंह उर्फ भकोले पर 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार घोषित किया है। अभियुक्त भकौले सिंह (43 वर्ष), पुत्र भगवान सिंह, ग्राम उकरौड़ा, थाना कोतवाली, जनपद आजमगढ़ का निवासी है।


बीते 27 मार्च 2025 को कोतवाली थाने में एक पीड़ित ने लिखित शिकायत दर्ज कराया था। शिकायत के अनुसार, सुजीत सिंह उर्फ भकौले, प्रदीप सिंह और अजीत सिंह, पुत्रगण भगवान सिंह, निवासी ग्राम उकरौड़ा, थाना कोतवाली, जनपद आजमगढ़ गुंडा प्रवृत्ति के व्यक्ति हैं। इन लोगों ने पीड़ित से 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी और उसकी जवान लड़कियों को उठा ले जाने की धमकी दी। शिकायत में बताया गया कि 26 मार्च 2025 की रात करीब 12 बजे सुजीत सिंह उर्फ भकौले सिंह अपने भाइयों के साथ पीड़ित के घर पहुंचा। उन्होंने तमंचा दिखाकर दरवाजा खुलवाया और 50 हजार रुपये की रंगदारी मांगी। पीड़ित के बच्चों द्वारा शोर मचाने पर पड़ोसियों की आवाज सुनकर अभियुक्त गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। इस शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 155/2025 अंतर्गत धारा 308(5),352,351(3),333, भारतीय न्याय सहिंता (BNS) 2023 दर्ज किया गया।


 विवेचना के दौरान अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई कदम उठाए। 3 अप्रैल 2025 को न्यायालय से गैर-जमानती वारंट और 11 अप्रैल 2025 को धारा 84 बीएनएसएस के तहत उद्घोषणा प्राप्त की गई, जिसे नियमानुसार तामील कराया गया। इसके बावजूद अभियुक्त फरार रहा। लंबे समय से फरार सुजीत सिंह उर्फ भकौले की गिरफ्तारी के लिए एसएसपी हेमराज मीना ने आज 19 मई 2025 को जनपद स्तर पर 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की। पुलिस ने अभियुक्त की तलाश तेज कर दी है और जनता से अपील की है कि उसके बारे में कोई भी जानकारी होने पर नजदीकी पुलिस स्टेशन या संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें।