Friday, 2 May 2025

मऊ युवती को पहले दाैड़ाया, फिर शरीर पर उड़ेल दी तेजाब घटना के बाद 100 मी. भागी लड़की, 27 मई को होनी है शादी, रेफर


 मऊ युवती को पहले दाैड़ाया, फिर शरीर पर उड़ेल दी तेजाब



घटना के बाद 100 मी. भागी लड़की, 27 मई को होनी है शादी, रेफर



उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के घोसी कोतवाली क्षेत्र के कटिहारी गांव में गुरुवार दोपहर एक युवती पर दो नकाबपोश बाइक सवारों ने तेजाब फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने युवती को अस्पताल में भर्ती कराया और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।


जानकारी के अनुसार, कटिहारी गांव निवासी युवती की 27 मई को शादी होने वाली है। पिता की मृत्यु और भाई के छोटे होने के कारण वह खुद शादी की तैयारियों में जुटी थी। गुरुवार को वह आंखेपुर स्थित बैंक से 20,000 रुपये निकालकर दोपहर करीब 2 बजे घर लौट रही थी। गांव के मुख्य मार्ग पर सिवान के पास एक बाइक सवार ने उसे रोका और तेजाब की बोतल निकाली। युवती ने भागने की कोशिश की, लेकिन तेजाब उसकी पीठ पर गिरा।


घटना के बाद युवती ने करीब 100 मीटर तक भागकर शोर मचाया और लोगों को इकट्ठा करने की कोशिश की, जिससे डरकर आरोपी भाग गए। सूचना पर पहुंची घोसी पुलिस ने युवती को बड़राव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत के कारण उसे आजमगढ़ के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया।

एसपी इलामारन जी. ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में जमीन विवाद को लेकर घटना की आशंका जताई जा रही है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

गाजीपुर 2 छात्राओं ने नदी में लगाई छलांग, एक की मौत, दूसरी की हालत गंभीर घर से पढ़ाई के लिए कॉलेज जाने की बात कहकर निकली थीं, पुलिस जांच में जुटी


 गाजीपुर 2 छात्राओं ने नदी में लगाई छलांग, एक की मौत, दूसरी की हालत गंभीर


घर से पढ़ाई के लिए कॉलेज जाने की बात कहकर निकली थीं, पुलिस जांच में जुटी



उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के सैदपुर नगर क्षेत्र में शुक्रवार को एक दुखद घटना सामने आई, जब रामकरण सेतु पर बने पक्के पुल से दो चचेरी बहनों, जो बीए प्रथम वर्ष की छात्राएं थीं, ने गंगा नदी में छलांग लगा दी। इस घटना में एक छात्रा सनी यादव (18) की डूबने से मौत हो गई, जबकि दूसरी छात्रा चंचला यादव को स्थानीय पुलिस की तत्परता से बचा लिया गया। चंचला का प्राथमिक उपचार वर्तमान में सैदपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में चल रहा है। दोनों छात्राएं मूल रूप से बलुआ, चंदौली जिले के मोलना गांव की निवासी बताई जा रही हैं।


पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार की सुबह सनी यादव और चंचला यादव अपने घर से पढ़ाई के लिए कॉलेज जाने की बात कहकर निकली थीं। दोनों सैदपुर क्षेत्र के एक कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रही थीं। दोपहर के समय दोनों रामकरण सेतु पर पहुंचीं, जहां अचानक उन्होंने गंगा नदी में छलांग लगा दी। इस घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया, और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही सैदपुर थाने के सब-इंस्पेक्टर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया गया। इस दौरान चंचला यादव को नदी से सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन सनी यादव को बचाने के प्रयास विफल रहे। काफी खोजबीन के बाद सनी का शव नदी से बरामद किया गया।


 स्थानीय सब-इंस्पेक्टर ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंचला यादव को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सैदपुर पहुंचाया, जहां उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। चिकित्सकों के अनुसार, चंचला को प्राथमिक उपचार दिया गया है, और उनकी मनोदशा को देखते हुए मनोवैज्ञानिक परामर्श की भी आवश्यकता हो सकती है।सैदपुर थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की सूचना दोनों छात्राओं के परिजनों को दे दी गई है। सनी यादव के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है, और मामले की गहन जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि दोनों छात्राओं ने इतना बड़ा कदम क्यों उठाया।

आजमगढ़ फूलपुर कुत्ते को बचाने के चक्कर में युवक को गवानी पड़ी अपनी जान मोटर साईकिल चला रहा ममेरा भाई गंभीर रूप से हुआ घायल


 आजमगढ़ फूलपुर कुत्ते को बचाने के चक्कर में युवक को गवानी पड़ी अपनी जान




मोटर साईकिल चला रहा ममेरा भाई गंभीर रूप से हुआ घायल




उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के फूलपुर कोतवाली के दखिनगांवा गांव के समीप शुक्रवार सुबह कुत्ते को बचाने के चक्कर में बाइक दीवार से टकरा गई। जिसमें बाइक पर पीछे बैठे युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उसका ममेरा भाई घायल हो गया। अलसुबह हुई इस घटना से कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची अंबारी चौकी की पुलिस ने घायल को अस्पताल भेजवाने के साथ शव का पंचनामा बनवाकर पोस्टमार्टम हेतु मंडलीय चिकित्सालय भेज दिया।


फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के फत्तेपुर शेर अली गांव निवासी अमन बिंद पुत्र स्वर्गीय जोगेंद्र बिंद उम्र 18 वर्ष बाइक द्वारा माहुल बाजार से दूध खरीद कर घर जा रहा था। बाईक को जौनपुर जिले के शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के सरवन पूरा निवासी उनके मामा का लड़का शनि बिंद चला रहा था। जैसे ही ये दोनों दखिनगांवा गांव के प्राथमिक विद्यालय के पास पहुंचे, सामने से कुत्ता सड़क पार कर रहा था उसे बचाने के चक्कर में गति तीव्र होने के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और सामने स्थित एक घर की दीवार से टकरा गई और पीछे बैठा अमन बिंद बाइक से उछलकर दूर जा गिरा और उसके सिर के परखच्चे उड़ गए। मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। जबकि बाइक चला रहा शनि बिंद घायल हो गया। जैसे ही इसकी सूचना मृतक अमन के परिजनों और गांव वालों को हुई कोहराम मच गया। उसकी मां पिंकी रोते-रोते बदहवास हो गई।


 परिजनों के करुण क्रंदन और चीख पुकार से लोगों की आंखें डबडबा गई। मृतक अमन घर में सबसे छोटा था। घर में दो बहने बड़ी थी जिनका विवाह हो चुका है और उससे बड़े भाई पवन बिंद की शादी अभी नहीं हुई है। बाइक के मकान की दीवार में टकराने से हुई अमन बिंद की दर्दनाक मौत के बाद उमड़ी भीड़ में एक ही बात लोग कह रहे थे कि काश दोनों हेलमेट लगाए होते तो शायद जान बच जाती।

Thursday, 1 May 2025

आजमगढ़ अहरौला बेटे ने पिता को लाठी-डंडों से पीटकर उतारा मौत के घाट 8 दिन पहले हुई थी मृतक की पत्नी की मृत्यु, बेटा हिरासत में


 आजमगढ़ अहरौला बेटे ने पिता को लाठी-डंडों से पीटकर उतारा मौत के घाट



8 दिन पहले हुई थी मृतक की पत्नी की मृत्यु, बेटा हिरासत में



आजमगढ़। जिले के अहरौला थाना क्षेत्र के सारन गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक विवाद में बेटे ने अपने पिता की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान राम लौटन राजभर (60) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी बेटे विजय राजभर (36) को हिरासत में ले लिया है।


जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब पिता-पुत्र के बीच राम लौटन की पत्नी की 13वीं की तैयारी को लेकर चर्चा चल रही थी। मृतक की पत्नी की मृत्यु 8 दिन पहले हो गई थी। इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक विवाद में बदल गई। गुस्से में आए विजय ने लाठी-डंडों से अपने पिता के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल राम लौटन की कुछ ही देर बाद मौके पर मौत हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विजय ने पिता के सिर को कुचला भी।


ग्रामीणों ने तत्काल डायल 112 और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत होता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, विजय नशे का आदी है और अक्सर नशे में रहता था। परिवार की आर्थिक स्थिति भी कमजोर बताई जा रही है।


घटना के बाद मृतक के परिवार के अन्य सदस्य मौके से फरार हो गए हैं। एसपी ग्रामीण ने बताया कि आरोपी विजय के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गई है।

आजमगढ़ नवागत जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की हनक वर्षों से जो नहीं हुआ, एक हफ्ते में हो गया वह काम


 आजमगढ़ नवागत जिलाधिकारी रविंद्र कुमार की हनक




वर्षों से जो नहीं हुआ, एक हफ्ते में हो गया वह काम



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के नवागत जिलाधिकारी रविंद्र कुमार द्वितीय की जनपद में हनक देखने को मिली। 24 अप्रैल 2025 की शाम जिला कोषागार में कार्यभार ग्रहण के बाद 25 अप्रैल 2025 की सुबह जिला कोषागार का निरीक्षण करने के बाद वहां से पैदल ही कलेक्टर ऑफिस तक गए, इस दौरान कोषागार की चहारदीवारी से सटे सड़क के किनारे स्थित बड़ा नाला जो बिना पटिया के वर्षों से खुला हुआ पड़ा था, कुछ दिन पूर्व एक व्यक्ति उसमें गिर भी गया था, संयोग से उसे बचा लिया गया, उधर से गुजरते हुए नवागत जिलाधिकारी की नजर जब उस खुले हुए नाले पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल प्रभाव से उस पर पटिया लगाने के लिए आदेशित किया। आज गुरुवार की सुबह उक्त नाला पटिया से ढका हुआ मिला। स्थानीय लोगों में इस बात की चर्चा जोरों पर है कि कई डीएम आए पर इस नाले पर पटिया नहीं लग पाई। नवागत डीएम रविंद्र कुमार द्वितीय द्वारा दिए गए आदेश के बाद हुई इस त्वरित कारवाई की चर्चा जोरों पर है।


बताते चलें कि जिलाधिकारी रविंद्र कुमार द्वितीय ने कार्यभार संभालते ही सबसे पहले उन्होंने जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का आकलन किया। इसके बाद गौशालाओं का दौरा कर वहां की व्यवस्था को बेहतर करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, स्कूलों में शिक्षण व्यवस्था और शिक्षकों की उपस्थिति को लेकर भी उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी किया। उन्होंने जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किए जाने को लेकर सख्त निर्देश जारी किए।

Wednesday, 30 April 2025

हरदोई विवाह की जिद पर अड़ी हिंदू-मुस्लिम युवतियां परिजनों के विरोध के बाद कोतवाली पहुंच मांगी सुरक्षा


 हरदोई विवाह की जिद पर अड़ी हिंदू-मुस्लिम युवतियां



परिजनों के विरोध के बाद कोतवाली पहुंच मांगी सुरक्षा



उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के शाहबाद कोतवाली क्षेत्र से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां दो युवतियों के बीच प्रेम की कहानी चर्चा का विषय बन गई है। एक हिंदू और दूसरी मुस्लिम युवती को एक-दूसरे से प्यार हो गया और दोनों ने साथ रहने का फैसला किया। हालांकि, परिजनों के विरोध के बाद दोनों ने थाने पहुंचकर समलैंगिक विवाह की इच्छा जताई और पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई।


जानकारी के अनुसार, दोनों युवतियों का प्यार धीरे-धीरे परवान चढ़ा और उन्होंने साथ रहना शुरू कर दिया। जब इसकी भनक उनके परिजनों को लगी, तो उन्होंने इसका कड़ा विरोध किया। परिजनों की नाराजगी और दबाव से परेशान दोनों युवतियां शाहबाद कोतवाली पहुंचीं। पुलिस के सामने दोनों ने न केवल अपने रिश्ते को खुलकर स्वीकार किया, बल्कि समलैंगिक विवाह करने की इच्छा भी जाहिर की। उन्होंने बताया कि परिजन उनकी शादी के खिलाफ हैं और उन्हें परेशान किया जा रहा है।


पुलिस ने दोनों युवतियों की काउंसलिंग की और मामले की गंभीरता को देखते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। यह मामला जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है, क्योंकि यह सामाजिक और धार्मिक मान्यताओं के बीच प्रेम और व्यक्तिगत स्वतंत्रता की एक अनोखी मिसाल पेश करता है।


पुलिस का कहना है कि दोनों युवतियों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और परिजनों से भी बातचीत की जा रही है। इस मामले ने समाज में समलैंगिक रिश्तों और उनके स्वीकार्यता को लेकर एक नई बहस छेड़ दी है।

Tuesday, 29 April 2025

आजमगढ़ देवगांव मच्छरदानी में सो रहे व्यक्ति की जलकर मौत परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस कर रही जांच, 2 को लिया हिरासत में


 आजमगढ़ देवगांव मच्छरदानी में सो रहे व्यक्ति की जलकर मौत



परिजनों ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस कर रही जांच, 2 को लिया हिरासत में



उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जनपद के देवगांव कोतवाली क्षेत्र के श्रीकांतपुर गांव में मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में एक व्यक्ति की आग में झुलसने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मच्छरदानी में आग कैसे लगी यह स्पष्ट नहीं हो सका है। हालांकि परिजन हत्या की आशंका जताते हुए गांव के दो लोगों पर आशंका जताई है। पुलिस दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।


जानकारी के मुताबिक देवगांव कोतवाली क्षेत्र के श्रीकांतपुर गांव निवासी रामकरन विश्वकर्मा (60) चारपाई बुनने का काम करके अपना गुजर-बसर करते थे। उनके तीन बेटे थे जो मुंबई में रहते हैं। वहीं, दो बेटियों की शादी हो चुकी है। इसी वजह से रामकरन गांव में अकेले रहकर अपना जीवन यापन करते थे। रामकरन सोमवार रात खाना खाकर अपने घर के बाहर बरामदे में चारपाई पर मच्छरदानी लगाकर सो गए थे। मंगलवार सुबह करीब चार बजे अज्ञात कारणों से उनकी चारपाई और मच्छरदानी में आग लग गई, जिससे वह बुरी तरह झुलस गए।


 हादसे की सूचना पर कोतवाल विमल प्रकाश राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल रामकरन को तत्काल लालगंज सौ सैया चिकित्सालय ले गए। वहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सक ने उन्हें जौनपुर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए थाने में तहरीर दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने गांव के दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि घटना की जानकारी हुई है। परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं, पुलिस घटना की जांच कर रही है।


एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि मच्छरदानी में आग कैसे लगी इसकी जानकारी किसी को नहीं है। इस मामले में तहरीर प्राप्त कर एफआईआर दर्ज किया गया है। घटना की जांच फायर सर्विस के आफिसर करेंगे। जांच होने पर पता चलेगा कि कैसे आग लगी है।